मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
मुगल साम्राज्य के शासक और उनकी उपलब्धियाँ मुगल साम्राज्य का परिचय मुगल साम्राज्य (1526–1857 ई.) […]

मुगल साम्राज्य के शासक और उनकी उपलब्धियाँ

Table of Contents

मुगल साम्राज्य का परिचय

मुगल साम्राज्य (1526–1857 ई.) भारतीय इतिहास के सबसे महत्त्वपूर्ण साम्राज्यों में से एक था। इसकी स्थापना 1526 ई. में मध्य एशिया के तुर्क-मंगोल मूल के शासक ज़हीरुद्दीन मुहम्मद बाबर ने पानीपत के प्रथम युद्ध में दिल्ली सल्तनत के अंतिम सुल्तान इब्राहिम लोदी को पराजित करके की थी। मुगल शासकों का संबंध मध्य एशिया के तैमूरी और चगताई वंशों से था तथा उन्होंने लगभग तीन शताब्दियों तक भारतीय उपमहाद्वीप के विशाल भूभाग पर शासन किया। इस साम्राज्य के प्रमुख शासकों में बाबर, हुमायूँ, अकबर, जहाँगीर, शाहजहाँ और औरंगजेब शामिल थे। अकबर, के शासनकाल में साम्राज्य का राजनीतिक एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण हुआ, शाहजहाँ के समय स्थापत्य कला ने उल्लेखनीय उन्नति की और औरंगजेब के शासनकाल में मुगल साम्राज्य का क्षेत्रीय विस्तार अपने चरम पर पहुँचा। यद्यपि 1707 ई. में औरंगजेब की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार संबंधी संघर्षों, प्रशासनिक दुर्बलता, प्रांतीय शक्तियों के उदय, मराठों के बढ़ते प्रभाव और विदेशी आक्रमणों के कारण साम्राज्य का पतन आरंभ हो गया। अंततः 1857 ई. के विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने अंतिम मुगल सम्राट बहादुर शाह द्वितीय (बहादुर शाह जफर) को पदच्युत करके रंगून निर्वासित कर दिया, जिसके साथ ही मुगल साम्राज्य का औपचारिक अंत हो गया। मुगल शासन ने भारतीय उपमहाद्वीप के राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को गहराई से प्रभावित किया तथा प्रशासन, भू-राजस्व व्यवस्था, कला, साहित्य और स्थापत्य के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।

मुगल साम्राज्य की प्रमुख विशेषताएँ

मुगल साम्राज्य भारतीय उपमहाद्वीप की एक विशाल एवं शक्तिशाली राजनीतिक इकाई था, जिसकी प्रमुख विशेषताएँ केंद्रीकृत प्रशासनिक व्यवस्था, संगठित एवं विशाल सेना, विकसित भू-राजस्व प्रणाली, प्रभावशाली न्यायिक व्यवस्था तथा कला, स्थापत्य, चित्रकला और साहित्य का संरक्षण थीं। मुगल शासकों ने एक विस्तृत प्रशासनिक ढाँचे के माध्यम से अपने विशाल साम्राज्य पर नियंत्रण स्थापित किया। इस साम्राज्य में विभिन्न धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और जातीय समूहों के लोग एक ही केंद्रीय सत्ता के अधीन रहते थे। विशेष रूप से अकबर के शासनकाल में साम्राज्य को सुदृढ़ राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्वरूप प्राप्त हुआ तथा सांस्कृतिक समन्वय की नीति को प्रोत्साहन मिला। जहाँगीर और शाहजहाँ के शासनकाल में चित्रकला, साहित्य तथा स्थापत्य कला का उल्लेखनीय विकास हुआ, जबकि औरंगजेब के समय मुगल साम्राज्य का क्षेत्रीय विस्तार अपने चरम पर पहुँच गया। इस विशाल साम्राज्य की सुरक्षा, सीमाओं के विस्तार और आंतरिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक संगठित सेना तथा अधिकारियों का विस्तृत प्रशासनिक तंत्र कार्यरत था। इसके अतिरिक्त, कृषि से प्राप्त भू-राजस्व साम्राज्य की आय का प्रमुख स्रोत था। व्यापार एवं आवागमन को प्रोत्साहित करने के लिए सड़कों, राजमार्गों और संचार साधनों का विकास किया गया तथा मुद्रा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप प्रदान किया गया।

मुगल साम्राज्य 1526 ई. से 1857 ई. तक अस्तित्व में रहा, किंतु अठारहवीं शताब्दी के मध्य तक उसकी वास्तविक राजनीतिक एवं सैन्य शक्ति काफी हद तक समाप्त हो चुकी थी। औरंगजेब की मृत्यु (1707 ई.) के बाद उत्तराधिकार संबंधी संघर्षों, प्रांतीय शासकों की बढ़ती स्वायत्तता, मराठों के विस्तार, आर्थिक संकट तथा निरंतर युद्धों ने साम्राज्य को कमजोर कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप मुगल सम्राटों की सत्ता धीरे-धीरे दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों तक सीमित होती चली गई। अंततः 1857 ई. के विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने अंतिम मुगल सम्राट बहादुर शाह द्वितीय (बहादुर शाह ‘जफर’) को पदच्युत करके रंगून निर्वासित कर दिया और इसके साथ ही भारत में मुगल साम्राज्य का औपचारिक अंत हो गया।

मुगल साम्राज्य की स्थापना की पृष्ठभूमि

भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना 1526 ई. में मध्य एशिया के तैमूरी शासक ज़हीरुद्दीन मुहम्मद बाबर ने पानीपत के प्रथम युद्ध में दिल्ली सल्तनत के अंतिम सुल्तान इब्राहिम लोदी (1517-1526 ई.)  को पराजित करके की थी।

मुगल साम्राज्य की स्थापना की पृष्ठभूमि मध्य एशिया की राजनीतिक परिस्थितियों तथा भारत में दिल्ली सल्तनत की कमजोर होती केंद्रीय सत्ता से जुड़ी हुई थी। ‘मुगल’ शब्द फ़ारसी भाषा के ‘मुग़ल’ शब्द से बना है, जिसका संबंध ‘मंगोल’ से है। बाबर पितृपक्ष की ओर से मध्य एशिया के महान विजेता तैमूर का वंशज तथा मातृपक्ष की ओर से चंगेज़ ख़ाँ का वंशज था। यद्यपि बाबर और उसके उत्तराधिकारी अपनी पहचान मुख्यतः तैमूरी परंपरा से जोड़ते थे, किंतु भारतीय इतिहास में यह राजवंश मुगल वंश के नाम से प्रसिद्ध है।

बाबर ने 1494 ई. में अपने पिता उमर शेख मिर्जा की मृत्यु के बाद मात्र 11 वर्ष की आयु में मध्य एशिया की फरगना रियासत का शासन सँभाला। मध्य एशिया में उज़बेकों के बढ़ते प्रभाव और निरंतर राजनीतिक संघर्षों के कारण उसे अपनी पैतृक सत्ता बनाए रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अंततः उसने काबुल पर अधिकार स्थापित किया और वहाँ अपनी शक्ति को संगठित करने के बाद भारत की ओर ध्यान केंद्रित किया। बाबर के आक्रमण के समय भारत में दिल्ली सल्तनत पर लोदी वंश का शासन था। सुल्तान इब्राहिम लोदी के शासनकाल में अफगान सरदारों और शक्तिशाली अमीरों के साथ उसके संबंध तनावपूर्ण थे। पंजाब के सूबेदार दौलत खाँ लोदी और इब्राहिम लोदी के चाचा आलम खाँ ने बाबर को भारत पर आक्रमण करने के लिए आमंत्रित किया। भारत की इसी राजनीतिक अस्थिरता और दिल्ली सल्तनत की आंतरिक कमजोरियों का लाभ उठाकर बाबर ने 1526 ई. में भारत पर आक्रमण किया और  21 अप्रैल 1526 ई. को पानीपत के मैदान में अपनी कुशल सैन्य रणनीति, घुड़सवार सेना तथा आधुनिक तोपखाने का प्रभावी उपयोग करते हुए इब्राहिम लोदी की विशाल सेना को पराजित कर दिया। इब्राहिम लोदी की मृत्यु के साथ ही दिल्ली सल्तनत के लोदी वंश का अंत हो गया और भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। बाबर की विजय को मध्यकालीन भारतीय इतिहास में सैन्य तकनीक और युद्ध-पद्धति की दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण माना जाता है। इतिहासकार मुगल साम्राज्य को उस्मानी (ऑटोमन) और सफ़वी साम्राज्यों के साथ प्रायः बारूद साम्राज्यों की श्रेणी में रखते हैं, क्योंकि इन साम्राज्यों ने आग्नेयास्त्रों, तोपखाने और संगठित सैन्य शक्ति के माध्यम से अपनी राजनीतिक एवं क्षेत्रीय सत्ता का विस्तार किया था।

बाबर (1526–1530 ई.)

मुख्य लेख : बाबर

मुगल साम्राज्य का संस्थापक ज़हीरुद्दीन मुहम्मद बाबर था। उसका जन्म 14 फरवरी 1483 ई. को मध्य एशिया के फ़रगना क्षेत्र के अंदिजान नगर में हुआ था। वह फ़रगना के शासक उमर शेख मिर्जा का पुत्र था। बाबर के पिता तैमूर के वंशज थे, जबकि उसकी माता की ओर से उसका संबंध मंगोल शासक चंगेज़ ख़ाँ के वंश से संबंधित था। इस प्रकार बाबर तैमूरी और चगताई-मंगोल वंश परंपराओं से जुड़ा हुआ था। बचपन से ही उसे राजनीतिक एवं सैन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 1494 ई. में उसके पिता उमर शेख मिर्जा की आकस्मिक मृत्यु के बाद मात्र 11 वर्ष की आयु में बाबर को फ़रगना की गद्दी सँभालनी पड़ी। कम आयु में शासन की जिम्मेदारी मिलने के कारण उसे प्रारंभ से ही अपने राज्य की सुरक्षा और राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा।

फ़रगना का शासक बनने के बाद बाबर ने अपने पूर्वजों की राजधानी समरकंद पर अधिकार करने के लिए कई अभियान किए। उसने 1497 ई. में पहली बार समरकंद पर अधिकार प्राप्त किया, किंतु कुछ समय बाद उसे यह नगर छोड़ना पड़ा। इसके बाद भी उसने समरकंद पर अधिकार स्थापित करने का प्रयास जारी रखा। इस दौरान मध्य एशिया में उज़बेकों का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा था। उज़बेक शासक मुहम्मद शैबानी ख़ाँ की बढ़ती शक्ति ने बाबर की राजनीतिक स्थिति को अत्यंत कमजोर कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप बाबर को फ़रगना और समरकंद दोनों क्षेत्रों से अपना नियंत्रण खोना पड़ा। उसने अनेक कठिनाइयों और सैन्य संघर्षों के बावजूद मध्य एशिया में अपने पैतृक राज्य को पुनः प्राप्त करने का प्रयास किया, किंतु उसे स्थायी सफलता नहीं मिली। अंततः उसने मध्य एशिया में सत्ता स्थापित करने की अपनी योजना छोड़कर नए क्षेत्रों में साम्राज्य विस्तार की संभावनाएँ तलाशनी शुरू कर दीं।

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
मुगल साम्राज्य का संस्थापक बाबर

मध्य एशिया में असफलताओं के बाद बाबर ने काबुल की ओर अपना ध्यान केंद्रित किया। उसने 1504 ई. में काबुल पर अधिकार कर लिया। काबुल पर अधिकार प्राप्त करने से उसे एक सुरक्षित आधार मिल गया, जहाँ से वह अपनी सैन्य शक्ति को संगठित कर सकता था तथा भारत और मध्य एशिया की ओर अभियान चला सकता था। इसके बाद बाबर ने भारत की राजनीतिक परिस्थितियों का अध्ययन करना शुरू किया। उस समय दिल्ली सल्तनत पर लोदी वंश का शासन था और सुल्तान इब्राहिम लोदी के विरुद्ध अनेक अफगान सरदार तथा अमीर असंतुष्ट थे। दिल्ली सल्तनत की आंतरिक कलह और राजनीतिक अस्थिरता ने बाबर के लिए भारत में सत्ता स्थापित करने की संभावनाएँ उत्पन्न कर दीं।

भारत पर बाबर के प्रारंभिक आक्रमण

1519 ई. से 1524 ई. के बीच बाबर ने भारत पर कई अभियान किए। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य पंजाब के क्षेत्रों पर अधिकार स्थापित करना तथा भारत में भावी साम्राज्य विस्तार के लिए आधार तैयार करना था। उसने भेरा, सियालकोट और लाहौर सहित पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों पर आक्रमण करके अपनी सैन्य एवं राजनीतिक स्थिति को सुदृढ़ किया। इस दौरान पंजाब के सूबेदार दौलत ख़ाँ लोदी, इब्राहिम लोदी के चाचा आलम ख़ाँ तथा दिल्ली सल्तनत के कुछ असंतुष्ट अमीरों ने इब्राहिम लोदी को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से बाबर को भारत पर आक्रमण करने के लिए आमंत्रित किया। संभवतः मेवाड़ के शासक राणा सांगा ने भी बाबर से राजनीतिक संपर्क कर इब्राहिम लोदी के विरुद्ध सहयोग की संभावनाएँ तलाशी थी। दिल्ली सल्तनत में व्याप्त आंतरिक कलह और राजनीतिक अस्थिरता का लाभ उठाते हुए बाबर ने भारत पर निर्णायक आक्रमण करने की योजना बनाई। अंततः 1526 ई. में उसने एक विशाल सैन्य अभियान के साथ भारत पर आक्रमण किया, जिसके परिणामस्वरूप पानीपत का प्रथम युद्ध हुआ।

पानीपत का प्रथम युद्ध (21 अप्रैल 1526 ई.)

21 अप्रैल 1526 ई. को हरियाणा के पानीपत के मैदान में मुगल शासक बाबर और दिल्ली सल्तनत के सुल्तान इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत का प्रथम युद्ध हुआ। इस युद्ध में बाबर ने अपनी कुशल सैन्य रणनीति, संगठित घुड़सवार सेना तथा आधुनिक तोपखाने और आग्नेयास्त्रों का प्रभावशाली उपयोग किया। उसने युद्ध में तुलुगमा युद्ध-पद्धति अपनाई, जिसके अंतर्गत सेना के विभिन्न दलों को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाता था कि शत्रु सेना को चारों ओर से घेरकर उस पर आक्रमण किया जा सके। इसके अतिरिक्त, बाबरर ने तोपों को व्यवस्थित करने की उस्मानी पद्धति का उपयोग किया तथा अरबा (बैलगाड़ियों) को रस्सियों से बाँधकर उनके पीछे तोपें और बंदूकधारी सैनिक तैनात किए। इस रक्षात्मक व्यवस्था ने बाबर की सेना को शत्रु के आक्रमण से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ प्रभावी ढंग से जवाबी हमला करने में सहायता की। बाबर के तोपखाने और युद्ध-कौशल के सामने इब्राहिम लोदी की विशाल सेना टिक नहीं सकी। युद्ध के दौरान इब्राहिम लोदी मारा गया और उसकी सेना पराजित हो गई। इस निर्णायक विजय के परिणामस्वरूप बाबर ने दिल्ली और आगरा पर अधिकार स्थापित कर लिया, लोदी वंश का अंत हो गया तथा भारत में मुगल साम्राज्य की नींव पड़ी।

खानवा का युद्ध (1527 ई.)

खानवा का युद्ध 17 मार्च 1527 ई. को मुगल शासक बाबर और मेवाड़ के शासक राणा सांगा के नेतृत्व वाली राजपूत-अफगान संयुक्त सेना के बीच लड़ा गया था। यह युद्ध वर्तमान राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित खानवा नामक स्थान पर हुआ था। पानीपत के प्रथम युद्ध (1526 ई.) में विजय प्राप्त करने के बाद बाबर ने दिल्ली और आगरा पर अपना अधिकार स्थापित कर लिया था, किंतु उत्तर भारत में अपनी सत्ता को स्थायी बनाने के लिए उसे मेवाड़ के शासक राणा सांगा के नेतृत्व में संगठित राजपूत शक्ति की चुनौती का सामना करना पड़ा। राणा सांगा की सेना में अनेक राजपूत शासकों और अफगान सरदारों ने भाग लिया था। इनमें मेवाती शासक हसन खाँ मेवाती, चंदेरी के शासक मेदिनी राय तथा इब्राहिम लोदी के भाई महमूद लोदी प्रमुख थे। इस प्रकार बाबर की सेना का सामना एक शक्तिशाली राजपूत-अफगान गठबंधन से हुआ। युद्ध से पहले अपनी सेना का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से बाबर ने इसे धार्मिक महत्त्व प्रदान करते हुए ‘जिहाद’ घोषित किया तथा शराब के पात्रों को तुड़वाकर भविष्य में मदिरापान न करने की शपथ ली। 17 मार्च 1527 ई. को दोनों सेनाओं के बीच भीषण युद्ध हुआ। इस युद्ध में बाबर ने अपनी कुशल सैन्य रणनीति, आधुनिक तोपखाने, बारूद और तुलुगमा युद्ध-पद्धति का प्रभावी उपयोग किया। उसकी सैन्य व्यवस्था और युद्ध-कौशल के सामने राणा सांगा की संयुक्त सेना को पराजय का सामना करना पड़ा। इस विजय के बाद बाबर ने ‘गाजी’ की उपाधि धारण की। खानवा के युद्ध में विजय प्राप्त करने के बाद बाबर की राजनीतिक एवं सैन्य स्थिति उत्तर भारत में और अधिक सुदृढ़ हो गई तथा भारत में मुगल सत्ता की स्थापना और विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ।

चंदेरी का युद्ध (1528 ई.)

चंदेरी का युद्ध 29 जनवरी 1528 ई. को मुगल शासक बाबर और चंदेरी के राजपूत शासक मेदिनी राय के बीच वर्तमान मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित चंदेरी के दुर्ग के निकट लड़ा गया था। मेदिनी राय ने खानवा के युद्ध (1527 ई.) में मेवाड़ के शासक राणा सांगा का साथ दिया था। खानवा के युद्ध में विजय प्राप्त करने के बाद बाबर ने मध्य भारत में अपनी सत्ता को सुदृढ़ करने तथा राजपूत शक्ति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से चंदेरी पर अधिकार करने की योजना बनाई। उसने मेदिनी राय को चंदेरी का दुर्ग सौंपने के बदले शमशाबाद की जागीर देने का प्रस्ताव दिया, किंतु मेदिनी राय ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके परिणामस्वरूप बाबर ने 1528 ई. में चंदेरी पर आक्रमण कर दिया। इस युद्ध में एक ओर बाबर के नेतृत्व में मुगल सेना थी, तो दूसरी ओर मेदिनी राय के नेतृत्व में राजपूत सेना ने दुर्ग की रक्षा के लिए संघर्ष किया। बाबर ने अपनी सैन्य रणनीति और तोपखाने का उपयोग करते हुए चंदेरी के दुर्ग पर आक्रमण किया। मुगल सेना के भीषण आक्रमण के बावजूद राजपूत सैनिकों ने उसका कड़ा प्रतिरोध किया, किंतु अंततः उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा और चंदेरी के दुर्ग पर बाबर का अधिकार हो गया। पराजय निश्चित देखकर दुर्ग की राजपूत महिलाओं ने जौहर किया, जबकि मेदिनी राय और उनके सैनिकों ने युद्धभूमि में लड़ते हुए वीरगति प्राप्त की। इस प्रकार चंदेरी के युद्ध में बाबर की विजय हुई और मध्य भारत में उसकी राजनीतिक एवं सैन्य स्थिति और अधिक सुदृढ़ हो गई। इस विजय से उत्तर भारत तथा मध्य भारत में मुगल सत्ता के विस्तार का रास्ता खुल गया।

घाघरा का युद्ध (1529 ई.)

घाघरा का युद्ध 6 मई 1529 ई. को मुगल शासक बाबर और बिहार तथा पूर्वी भारत के अफगान सरदारों की संयुक्त सेना के बीच घाघरा नदी के निकट लड़ा गया था। इस युद्ध में अफगान सेना का नेतृत्व महमूद लोदी ने किया था, जबकि बंगाल के सुल्तान नुसरत शाह का भी अफगान पक्ष को समर्थन प्राप्त था। पानीपत के प्रथम युद्ध (1526 ई.), खानवा के युद्ध (1527 ई.) और चंदेरी के युद्ध (1528 ई.) में विजय प्राप्त करने के बाद भी बाबर के सामने पूर्वी भारत में अफगान सरदारों की चुनौती बनी हुई थी। अफगान सरदार मुगल सत्ता का विरोध कर रहे थे और बिहार में अपनी राजनीतिक शक्ति बनाए रखने के प्रयास में जुटे थे। इसी चुनौती का सामना करने के लिए बाबर ने पूर्वी भारत की ओर अभियान किया। 6 मई 1529 ई. को घाघरा नदी के तट पर दोनों सेनाओं के बीच भीषण युद्ध हुआ। इस युद्ध में बाबर ने अपनी सैन्य रणनीति, तोपखाने तथा जल और थल दोनों मार्गों से आक्रमण करने की योजना का प्रभावी उपयोग किया। घाघरा का युद्ध मध्यकालीन भारतीय इतिहास के उन महत्त्वपूर्ण युद्धों में शामिल है, जिनमें नदी और स्थल दोनों क्षेत्रों में सैन्य कार्रवाई की गई थी। इस संघर्ष में बाबर को विजय प्राप्त हुई और संयुक्त अफगान सेना पराजित हो गई। इस विजय के परिणामस्वरूप बिहार में मुगल सत्ता की स्थिति मजबूत हुई तथा पूर्वी भारत में अफगान प्रतिरोध को बड़ा आघात पहुँचा। घाघरा का युद्ध बाबर के भारतीय अभियानों का अंतिम प्रमुख युद्ध माना जाता है। पानीपत, खानवा और चंदेरी की विजयों के बाद इस युद्ध ने उत्तर एवं पूर्वी भारत में मुगल साम्राज्य की राजनीतिक स्थिति को और अधिक सुदृढ़ किया।

बाबर की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ

बाबर का शासनकाल छोटा था, किंतु साहित्य, कला, उद्यान-निर्माण और स्थापत्य के क्षेत्र में उसका योगदान महत्त्वपूर्ण रहा। वह स्वयं विद्वान, कवि और कुशल लेखक था। उसने भारत में फ़ारसी और मध्य एशियाई उद्यान-परंपरा को बढ़ावा दिया और सममित योजना, जलधाराओं तथा नहरों वाले चारबाग़ शैली के उद्यान बनवाए। आगरा का आराम बाग़ (पूर्व नाम नूर अफ़शाँ) इसका प्रमुख उदाहरण है, जिसे भारत में मुग़ल उद्यान-परंपरा का आरंभिक रूप माना जाता है। काबुल का बाग़-ए-बाबर और बाग़-ए-वफ़ा भी उसकी उद्यान-रुचि के प्रमाण हैं।

बाबर ने अपनी आत्मकथा ‘बाबरनामा’ (तुज़ुक-ए-बाबरी) अपनी मातृभाषा चग़ताई तुर्की में लिखी। इसमें उसने अपने प्रारंभिक जीवन, फ़रग़ना की गद्दी, मध्य एशिया में सत्ता के संघर्ष, काबुल विजय और भारत पर आक्रमणों का वर्णन किया है। इसमें पानीपत (1526 ई.) और खानवा (1527 ई.) के युद्धों के साथ भारत की भौगोलिक स्थिति, नदियों, जलवायु, वनस्पतियों, जीव-जंतुओं और समाज का भी जीवंत चित्रण मिलता है। बाबर ने हिंदुस्तान की विशालता और धन-संपदा की प्रशंसा की, पर यहाँ के अच्छे फलों, बर्फ़, स्नानघरों और घोड़ों के अभाव की शिकायत भी की।

इसकी विशेषता इसकी आत्मकथात्मक शैली, प्रत्यक्ष अनुभवों पर आधारित विवरण और तत्कालीन परिस्थितियों का सूक्ष्म चित्रण है। यह मध्यकालीन भारत और मध्य एशिया के अध्ययन का अत्यंत महत्त्वपूर्ण प्राथमिक स्रोत है।

अकबर के काल में लगभग 1589–90 ई. में अब्दुर्रहीम ख़ान-ए-ख़ाना ने इसका फ़ारसी अनुवाद किया। इसकी सचित्र प्रतियाँ भी तैयार हुईं। आधुनिक काल में इसके अंग्रेज़ी अनुवाद हुए, जिनमें जॉन लेडेन और विलियम अर्स्किन (1826) तथा अनेट बेवरिज (1921) के अनुवाद प्रसिद्ध हैं। ग्रंथ का कुछ अंश उपलब्ध नहीं है, इसलिए 1508 से 1519 ई. के बीच की अवधि के विवरण में रिक्तता दिखती है।

बाबर कुशल सुलेखक था। उसके नाम से ‘ख़त-ए-बाबरी’ लिपि जुड़ी है, जिसे उसने लगभग 1504 ई. में विकसित किया माना जाता है। काव्य में उसने तुर्की में दीवान की रचना की, ‘मुबैयन’ नामक पद्य शैली अपनाई और छंदशास्त्र पर ‘रिसाला-ए-अरूज़’ लिखा। उसने तुर्की और फ़ारसी साहित्य को संरक्षण भी दिया।

स्थापत्य में बाबर ने आगरा, सीकरी, बयाना, धौलपुर और ग्वालियर जैसे स्थानों पर बड़ी संख्या में कारीगरों और पत्थर-तराशों से निर्माण कराया। उसके काल की मस्जिदों में पानीपत की काबुली बाग़ मस्जिद (1527 ई.) और संभल की जामा मस्जिद (1526 ई.) प्रमुख हैं। फ़ारसी, मध्य एशियाई और भारतीय कला-परंपराओं के समन्वय को प्रोत्साहन देकर उसने आगे चलकर मुग़ल कला और स्थापत्य के विकास की भूमिका तैयार की।

मुग़ल साम्राज्य के संस्थापक ज़हीरुद्दीन मुहम्मद बाबर के जीवन के अंतिम वर्ष (1526–1530 ई.) अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहे। 1526 ई. में पानीपत के प्रथम युद्ध में इब्राहीम लोदी को पराजित कर उसने भारत में मुग़ल सत्ता की नींव रखी। इसके बाद 1527 ई. में खानवा के युद्ध में राणा सांगा को, 1528 ई. में चंदेरी के युद्ध में मेदिनी राय को और 1529 ई. में घाघरा के युद्ध में अफ़ग़ानों को हराकर उसने अपनी स्थिति सुदृढ़ की। इन्हीं वर्षों में वह अपनी प्रसिद्ध आत्मकथा ‘बाबरनामा’ में अपने जीवन, युद्धों तथा भारत की प्रकृति, संस्कृति और राजनीतिक परिस्थितियों का वर्णन किया।

बाबर की मृत्यु (1530 ई.)

बाबर की मृत्यु 26 दिसंबर 1530 ई. को आगरा में हुई। उस समय उसकी आयु लगभग 47 वर्ष थी। कहा जाता है कि उसकी इच्छा के अनुसार उसका शव पहले आगरा में दफ़नाया गया और बाद में काबुल ले जाकर बाग़-ए-बाबर में पुनः दफ़नाया गया।

इतिहासकारों के अनुसार उसकी मृत्यु बीमारी के कारण हुई; 1530 ई. में वह गंभीर रूप से अस्वस्थ हो गया था। एक प्रसिद्ध किंवदंती के अनुसार जब पुत्र हुमायूँ गंभीर रूप से बीमार पड़ा, तब बाबर ने ईश्वर से प्रार्थना की कि हुमायूँ का रोग उसे मिल जाए और बदले में उसके अपने प्राण ले लिए जाएँ। कथा के अनुसार इसके बाद हुमायूँ स्वस्थ होने लगा और बाबर की तबीयत बिगड़ती गई। किंतु यह ऐतिहासिक रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं, केवल किंवदंती मानी जाती है। इसी प्रकार विष दिए जाने या अत्यधिक शराब-सेवन को मृत्यु का कारण बताने वाली कथाओं का भी कोई ठोस ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है।

इस प्रकार अपने साहस, सैन्य कौशल और राजनीतिक सूझबूझ से बाबर ने भारत में मुग़ल साम्राज्य की नींव रखी। उसकी मृत्यु के बाद उसका पुत्र हुमायूँ उसका उत्तराधिकारी बना।

हुमायूँ (1530–1540 ई. तथा 1555–1556 ई.)

मुख्य लेख : हुमायूँ

नसीरुद्दीन मुहम्मद हुमायूँ मुगल साम्राज्य का दूसरा शासक तथा बाबर का ज्येष्ठ पुत्र था। उसने दो अलग-अलग अवधियों में शासन किया : पहली बार 1530 ई. से 1540 ई. तक और दूसरी बार 1555 ई. से 1556 ई. तक। उसे ऐसा साम्राज्य विरासत में मिला था जिसकी स्थापना तो हो चुकी थी, किंतु उसकी प्रशासनिक और राजनीतिक नींव अभी पूरी तरह सुदृढ़ नहीं हुई थी। अफगान सरदार, राजपूत शासक तथा गुजरात के शासक मुगल सत्ता के लिए निरंतर चुनौती बने हुए थे।

बाबर की मृत्यु के बाद 1530 ई. में हुमायूँ मुगल सिंहासन पर बैठा, किंतु उसके शासनकाल में अफगान शासक शेरशाह सूरी ने उसके सामने गंभीर चुनौती प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त, उसके भाइयों कामरान, अस्करी और हिंदाल ने भी उसकी स्थिति को कमजोर किया। इस प्रकार हुमायूँ को बाहरी शत्रुओं के साथ-साथ पारिवारिक प्रतिद्वंद्विता का भी सामना करना पड़ा। 26 जून 1539 ई. को चौसा के युद्ध में शेरशाह सूरी ने उसे पराजित किया। इसके बाद 17 मई 1540 ई. को कन्नौज (बिलग्राम) के युद्ध में पुनः पराजित होने के कारण उसे भारत छोड़कर निर्वासन में जाना पड़ा। उसने लगभग 15 वर्ष निर्वासित जीवन व्यतीत किया। इस दौरान उसे फारस के सफ़वी शासक शाह तहमास्प से सहायता प्राप्त हुई। अंततः 22 जून 1555 ई. को सरहिंद के युद्ध में अफगान सेना को पराजित करके उसने दिल्ली और आगरा पर पुनः अधिकार स्थापित किया। इस विजय के साथ ही भारत में मुगल सत्ता की पुनर्स्थापना हुई। यद्यपि  उसका दूसरा शासनकाल अधिक समय तक नहीं चल सका। 27 जनवरी 1556 ई. को दिल्ली के पुराने किले में स्थित शेरमंडल भवन की सीढ़ियों से गिरने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। हुमायूँ के जीवन और शासनकाल से संबंधित महत्त्वपूर्ण विवरण उसकी बहन गुलबदन बेगम द्वारा रचित ऐतिहासिक ग्रंथ ‘हुमायूँनामा’ में मिलता है।

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
हुमायूँ

गुजरात के बहादुरशाह से संघर्ष

गुजरात के शासक बहादुरशाह ने मालवा और राजस्थान की ओर अपनी शक्ति का विस्तार किया तथा मुगल सत्ता को चुनौती दी। हुमायूँ ने 1535 ई. में गुजरात पर अधिकार कर लिया, किंतु वह इस विजय को स्थायी नहीं बना सका। पूर्वी भारत में शेरख़ाँ (शेरशाह सूरी) के बढ़ते प्रभाव और गुजरात में मुगल प्रशासकों की कमज़ोरी के कारण 1536 ई. तक गुजरात पर मुगल नियंत्रण समाप्त हो गया।

मुगल सम्राट हुमायूँ और गुजरात के सुल्तान बहादुरशाह के बीच संघर्ष मुख्य रूप से 1535-1536 ई. के दौरान हुआ। इस संघर्ष का प्रमुख कारण बहादुरशाह की बढ़ती सैन्य शक्ति और राजनीतिक महत्त्वाकांक्षाएँ थीं। बहादुरशाह ने बाबर की पुत्री के पौत्र तथा हुमायूँ के विरोधी सुल्तान मुहम्मद ज़मान मिर्ज़ा को अपने यहाँ शरण दी थी, जिससे हुमायूँ उससे नाराज़ था। इसके अतिरिक्त, बहादुरशाह ने मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ पर आक्रमण किया था। चित्तौड़ की महारानी कर्णावती ने भी हुमायूँ से सहायता की माँग की थी। बहादुरशाह ने 1531 ई. में मालवा पर अधिकार कर लिया तथा 1532 ई. में रायसीन के किले पर भी विजय प्राप्त की । रूमी ख़ाँ नामक तुर्की तोपची की सहायता से उसने एक शक्तिशाली तोपखाने का निर्माण किया, जिससे उसकी सैन्य शक्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

हुमायूँ ने 1535 ई. में बहादुरशाह के विरुद्ध एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। उसने राजस्थान के मार्ग से आगे बढ़ते हुए मंदसौर की ओर कूच किया और बहादुरशाह को पराजित कर दिया। पराजित होने के बाद बहादुरशाह ने मांडू और चंपानेर की ओर शरण ली तथा अंततः गुजरात के तटीय क्षेत्र की ओर भाग गया। इस प्रकार हुमायूँ ने मालवा और गुजरात के महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों पर अपना अधिकार स्थापित कर लिया।

हुमायूँ ने मांडू और चम्पानेर के किलों पर भी अधिकार कर लिया, किंतु वह लंबे समय तक गुजरात पर अपना नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहा। पूर्वी भारत में शेरख़ाँ के बढ़ते प्रभाव और साम्राज्य की अन्य राजनीतिक समस्याओं के कारण हुमायूँ को गुजरात से वापस लौटना पड़ा। उसकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर बहादुरशाह ने पुनः गुजरात पर अधिकार कर लिया। इस प्रकार हुमायूँ की गुजरात विजय अस्थायी सिद्ध हुई और मुगल साम्राज्य गुजरात में अपनी सत्ता स्थापित करने में असफल रहा।

शेरशाह सूरी से संघर्ष

मुगल सम्राट हुमायूँ और अफगान शासक शेरशाह सूरी (शेरख़ाँ) के बीच संघर्ष सोलहवीं शताब्दी के चौथे दशक में उत्तर भारत की सत्ता पर अधिकार स्थापित करने के लिए हुआ। हुमायूँ के शासनकाल में बिहार और बंगाल में अफगान सरदार शेरख़ाँ की शक्ति निरंतर बढ़ रही थी। शेरख़ाँ पूर्वी भारत में अफगानों की खोई हुई राजनीतिक और सैन्य शक्ति को पुनः स्थापित करना चाहता था। हुमायूँ ने प्रारंभ में उसकी बढ़ती शक्ति और कूटनीतिक क्षमता को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका उसे बाद में भारी नुकसान उठाना पड़ा।

1538 ई. में हुमायूँ ने शेरख़ाँ की बढ़ती शक्ति को रोकने के उद्देश्य से चुनार के किले की घेराबंदी की और उस पर अधिकार कर लिया। इसके बाद शेरख़ाँ ने बंगाल की ओर रुख किया और गौड़ पर अधिकार कर लिया। इस बीच हुमायूँ भी बंगाल पहुँचा, किंतु वहाँ अधिक समय बिताने के कारण उसकी स्थिति कमजोर हो गई। जब वह बंगाल से वापस लौट रहा था, तब शेरख़ाँ ने उसकी सेना का मार्ग रोक लिया और बिहार में गंगा नदी के निकट चौसा नामक स्थान पर उसे घेर लिया।

26 जून 1539 ई. को चौसा के युद्ध में शेरख़ाँ ने हुमायूँ की सेना को बुरी तरह पराजित किया। इस युद्ध में हुमायूँ को अपनी जान बचाने के लिए गंगा नदी में कूदना पड़ा। एक भिश्ती (निज़ाम) की सहायता से वह नदी पार कर सुरक्षित बच निकला। इस विजय के बाद शेरख़ाँ ने शेरशाह की उपाधि धारण की और अपने नाम से सिक्के जारी करवाए।

चौसा की पराजय के बाद हुमायूँ ने अपने भाइयों कामरान, अस्करी और हिंदाल से सहायता माँगी, किंतु उनके बीच आपसी मतभेद और सहयोग की कमी के कारण वह अपनी सैन्य शक्ति को संगठित नहीं कर सका। इसका लाभ उठाकर शेरशाह ने हुमायूँ के विरुद्ध पुनः अभियान चलाया। 17 मई 1540 ई. को कन्नौज (बिलग्राम, उत्तर प्रदेश) के युद्ध में शेरशाह ने हुमायूँ को निर्णायक रूप से पराजित कर दिया। इस पराजय के परिणामस्वरूप हुमायूँ को भारत छोड़कर फारस (ईरान) की ओर पलायन करना पड़ा। शेरशाह ने दिल्ली और आगरा पर अधिकार कर लिया तथा भारत में सूर वंश की स्थापना की।

इस प्रकार हुमायूँ और शेरशाह सूरी के बीच संघर्ष में हुमायूँ की सैन्य एवं प्रशासनिक कमजोरियों, उसके भाइयों के आपसी मतभेदों और शेरशाह की कुशल सैन्य रणनीति एवं कूटनीति ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। शेरशाह ने पूर्वी भारत में अपनी शक्ति को संगठित करके मुगल सत्ता को समाप्त कर दिया और उत्तर भारत में अफगान शासन की पुनर्स्थापना की।

हुमायूँ का निर्वासन (1540-1555 ई.)

कन्नौज (बिलग्राम) के युद्ध (1540 ई.) में शेरशाह सूरी (शेरख़ाँ) से पराजित होने के बाद हुमायूँ को भारत छोड़कर पलायन करना पड़ा। इसके परिणामस्वरूप शेरशाह ने दिल्ली और आगरा पर अधिकार कर उत्तर भारत में सूर वंश की सत्ता स्थापित की। हुमायूँ ने लगभग 15 वर्ष (1540 से 1555 ई. तक) निर्वासन में बिताए।

भारत से निष्कासित होने के बाद हुमायूँ ने सबसे पहले सिंध की ओर रुख किया और बाद में अमरकोट पहुँचा। वहाँ के शासक राणा वीरसाल ने उसे शरण दी। अमरकोट में ही 1541 ई. में हुमायूँ का विवाह हमीदा बानो बेगम से हुआ। इसी स्थान पर 15 अक्टूबर 1542 ई. को अकबर का जन्म हुआ।

इसके बाद हुमायूँ ने अपनी स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से फारस (ईरान) की ओर प्रस्थान किया। 1544 ई. में वह सफ़वी वंश के शासक शाह तहमास्प प्रथम के दरबार में पहुँचा। शाह तहमास्प प्रथम ने हुमायूँ को सैन्य सहायता प्रदान की, जिसके फलस्वरूप हुमायूँ ने 1545 ई. में कंधार और काबुल पर पुनः अधिकार कर लिया। यद्यपि इस दौरान उसे अपने भाई कामरान मिर्ज़ा के विरोध और संघर्ष का सामना करना पड़ा। काबुल पर अधिकार स्थापित करने के बाद हुमायूँ ने अफगानिस्तान में अपनी स्थिति मजबूत की और भारत पर पुनः अधिकार करने की योजना बनाने लगा। इस प्रकार लगभग 15 वर्षों के निर्वासन के बाद हुमायूँ ने अपनी राजनीतिक और सैन्य शक्ति को पुनर्गठित किया तथा भारत में मुगल सत्ता की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।

भारत वापसी और सत्ता की पुनर्प्राप्ति

मुगल सम्राट हुमायूँ द्वारा भारत में मुगल सत्ता की पुनर्स्थापना 1555 ई. की महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं का परिणाम थी। फारस (ईरान) के सफ़वी शासक शाह तहमास्प प्रथम की सहायता से हुमायूँ ने 1545 ई. में कंधार और काबुल पर पुनः अधिकार कर लिया था। इसके बाद उसने अपने भाइयों मिर्ज़ा कामरान और अस्करी के विरोध को समाप्त कर अपनी स्थिति मजबूत की।

1545 ई. में शेरशाह सूरी की मृत्यु के बाद सूर साम्राज्य में उत्तराधिकार को लेकर संघर्ष शुरू हो गया। शेरशाह के उत्तराधिकारियों के बीच आपसी मतभेद, सत्ता संघर्ष और प्रशासनिक दुर्बलता के कारण सूर साम्राज्य कमजोर होने लगा। इस स्थिति का लाभ उठाकर हुमायूँ ने भारत पर पुनः अधिकार करने की योजना बनाई। उसने अपने विश्वसनीय सेनापति बैरम ख़ाँ के नेतृत्व में मुगल सेना को भारत की ओर भेजा। फरवरी 1555 ई. में मुगल सेना ने लाहौर पर अधिकार कर लिया।

इसके बाद हुमायूँ ने स्वयं भारत की ओर अभियान चलाया और पंजाब में मुगल सत्ता स्थापित करने का प्रयास किया। 22 जून 1555 ई. को सरहिंद के युद्ध में हुमायूँ की सेना ने अफगान शासक सिकंदर सूर की सेना को पराजित कर दिया। इस विजय के बाद मुगलों के लिए दिल्ली और आगरा पर पुनः अधिकार करने का मार्ग प्रशस्त हो गया।

सरहिंद की विजय के बाद जुलाई 1555 ई. में हुमायूँ ने दिल्ली और आगरा पर पुनः अधिकार कर लिया तथा लगभग 15 वर्षों के निर्वासन के बाद भारत में मुगल सत्ता की पुनर्स्थापना की। इस प्रकार हुमायूँ ने सूर साम्राज्य की आंतरिक कमजोरियों का लाभ उठाकर अपना खोया हुआ साम्राज्य पुनः प्राप्त कर लिया।

हुमायूँ की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ

मुग़ल बादशाह हुमायूँ का राजनीतिक जीवन संघर्षों और अस्थिरता से भरा रहा, फिर भी कला, स्थापत्य, साहित्य और ज्ञान-विज्ञान के विकास में उसका योगदान महत्त्वपूर्ण है। उसकी सांस्कृतिक रुचियों ने आगे चलकर अकबर के काल में मुग़ल संस्कृति के विकास का मार्ग प्रशस्त किया।

हुमायूँ को मुग़ल चित्रकला का अग्रदूत माना जाता है। निर्वासन के दौरान वह फ़ारस के शासक शाह तहमास्प के दरबार में रहा और फ़ारसी चित्रकला से बहुत प्रभावित हुआ। भारत लौटते समय वह दो प्रसिद्ध फ़ारसी चित्रकारों, मीर सैयद अली और ख़्वाजा अब्दुस-समद, को साथ लाया। उसी के संरक्षण में “दास्तान-ए-अमीर हम्ज़ा” (हम्ज़ानामा) के चित्रांकन का कार्य आरंभ हुआ, जो अकबर के समय पूरा हुआ। इन कलाकारों के माध्यम से फ़ारसी चित्रकला की परंपरा भारत में फैली और मुग़ल चित्रकला समृद्ध हुई।

भवन और नगर निर्माण में भी उसकी विशेष रुचि थी। उसने 1533 ई. में दिल्ली में यमुना के किनारे “दीनपनाह” नगर की नींव रखी, जिसके कुछ अवशेष आज पुराने क़िले के परिसर में देखे जा सकते हैं। उसने आगरा और फ़तेहाबाद में मस्जिदें भी बनवाईं। उसके समय में भारतीय स्थापत्य पर फ़ारसी शैली का प्रभाव बढ़ा।

हुमायूँ स्वयं विद्वान, साहित्य-प्रेमी और बहुभाषाविद था तथा उसे तुर्की, फ़ारसी और अरबी का अच्छा ज्ञान था। पुस्तकों से उसे विशेष लगाव था। उसने पुराने क़िले में शेर मंडल नामक भवन बनवाया, जिसका उपयोग पुस्तकालय के रूप में होता था। उसके दरबार में अनेक कवियों, इतिहासकारों और विद्वानों को संरक्षण मिला। उसकी बहन गुलबदन बेगम ने “हुमायूँनामा” की रचना की और इतिहासकार ख़ोंदमीर ने उसके काल में “क़ानून-ए-हुमायूँनी” लिखा।

उसे खगोल विज्ञान और ज्योतिष में भी गहरी रुचि थी। कहा जाता है कि वह सप्ताह के अलग-अलग दिन ग्रहों से जुड़े अलग-अलग रंगों के वस्त्र पहनता था और दरबार की व्यवस्था में भी ज्योतिषीय मान्यताओं को महत्त्व देता था। उसकी सबसे बड़ी सांस्कृतिक देन भारतीय और फ़ारसी परंपराओं के समन्वय की नींव रखना थी। फ़ारस से लाए गए कलाकारों के संरक्षण में दोनों कला-परंपराओं के मेल से एक नई सांस्कृतिक धारा विकसित हुई, जिसने अकबर के शासन में मुग़ल कला और संस्कृति के उत्कर्ष में बड़ी भूमिका निभाई।

दिल्ली की गद्दी पाने के लगभग छह महीने बाद ही एक आकस्मिक दुर्घटना में हुमायूँ की मृत्यु हो गई। प्रचलित विवरणों के अनुसार 24 जनवरी 1556 ई. की शाम वह शेर मंडल पुस्तकालय की सीढ़ियों से उतर रहा था और उसके हाथ में कुछ पुस्तकें थीं। उसी समय मस्जिद से अज़ान की आवाज़ आई। अज़ान सुनकर उसने आदर में घुटने टेकने का प्रयास किया, पर उसका पैर लंबे वस्त्र में उलझ गया और संतुलन बिगड़ गया। वह सीढ़ियों से गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। तीन दिन बाद, 27 जनवरी 1556 ई. को उसका निधन हो गया। उस समय उसकी आयु लगभग 47 वर्ष थी।

हुमायूँ को आरंभ में दिल्ली के पुराने क़िले के परिसर में दफ़नाया गया था। हेमू के आक्रमण की आशंका से उसके अवशेष सुरक्षा के लिए पंजाब (सरहिंद) ले जाए गए। पानीपत के दूसरे युद्ध (1556 ई.) में हेमू के पराजित होने के बाद उन्हें दिल्ली लाकर मक़बरे में दफ़नाया गया। दिल्ली के निज़ामुद्दीन क्षेत्र में यमुना नदी के निकट स्थित यह भव्य मक़बरा अकबर के शासनकाल में 1565 से 1572 ई. के बीच बना। इसे हुमायूँ की प्रमुख पत्नी हाजी बेगम (बेगा बेगम) ने बनवाया था। इसके मुख्य फ़ारसी वास्तुकार मीरक मिर्ज़ा ग़ियास थे। यह मुग़ल स्थापत्य का एक महत्त्वपूर्ण प्रारंभिक उदाहरण है और चारबाग़ शैली में बना भारत का पहला भव्य मुग़ल उद्यान-मक़बरा माना जाता है। इसकी शैली ने बाद के मुग़ल स्मारकों, विशेषकर ताजमहल, को प्रभावित किया, इसीलिए इसे कभी-कभी ‘ताजमहल का अग्रगामी’ कहा जाता है। 1993 ई. में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल घोषित किया।

हुमायूँ का जीवन उतार-चढ़ाव, पराजयों और सफलताओं से भरा रहा। उसने कई बार सत्ता खोई, पर अंततः साम्राज्य वापस पा लिया। इतिहासकार स्टैनली लेनपूल ने उसके बारे में टिप्पणी की कि “वह जीवन भर ठोकरें खाता रहा और ठोकर खाकर ही मर गया।” यह कथन उसके संघर्षपूर्ण जीवन का प्रतीक माना जाता है। किंतु राजनीतिक अस्थिरता के बीच मुग़ल सत्ता की पुनर्स्थापना उसकी बड़ी उपलब्धि थी। साथ ही चित्रकला, स्थापत्य, साहित्य और भारतीय-फ़ारसी समन्वय में उसके योगदान ने मुग़ल सांस्कृतिक परंपरा की आधारशिला रखी, जिस पर अकबर ने साम्राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

अकबर (1556–1605 ई.)

मुख्य लेख : अकबर

अबू-फतह जलालुद्दीन मुहम्मद अकबर मुगल वंश का तीसरा सम्राट था। अपनी प्रशासनिक कुशलता, धार्मिक सहिष्णुता और साम्राज्य-विस्तार की नीतियों के कारण उसे मुगल वंश का सबसे महान शासक माना जाता है। उसने 1556 से 1605 ई. तक लगभग 49 वर्षों तक शासन किया।

अकबर का जन्म 15 अक्टूबर 1542 ई. को सिंध के अमरकोट (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ था। उसके पिता मुगल बादशाह हुमायूँ और माता हमीदा बानो बेगम थी। उस समय हुमायूँ शेरशाह सूरी से पराजित होकर निर्वासन में भटक रहा था, इसलिए अकबर का आरंभिक जीवन कठिनाइयों में व्यतीत हुआ।

1556 ई. में हुमायूँ की मृत्यु के समय अकबर की आयु लगभग 13 वर्ष 4 माह थी। उस समय वह  पंजाब में सिकंदर सूर के विरुद्ध अभियान पर था। उसका राज्याभिषेक 14 फरवरी 1556 ई. को पंजाब के कलानौर में हुआ। शासन के प्रारंभिक वर्षों (1556–1560 ई.) में बैरम खाँ उसका संरक्षक (वकील) और प्रधानमंत्री रहा। 1560 ई. में अकबर ने शासन की बागडोर स्वयं संभाल ली और बैरम खाँ को हज यात्रा पर भेज दिया। अकबर ने मनसबदारी प्रथा लागू की। राजस्व व्यवस्था में राजा टोडरमल का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी “दहसाला” (ज़ब्ती) प्रणाली प्रसिद्ध है। उसके दरबार में ‘नवरत्न’ थे, जिनमें बीरबल, तानसेन, अबुल फज़ल, फैज़ी, टोडरमल, राजा मानसिंह, अब्दुर्रहीम खानखाना, मुल्ला दो प्याज़ा और फकीर अज़ियाओं-दीन (हकीम हुमाम) गिने जाते हैं। उसके काल में साहित्य, चित्रकला और स्थापत्य का भी बहुत विकास हुआ; अबुल फज़ल ने ‘अकबरनामा’ और ‘आइन-ए-अकबरी’ की रचना की।

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
मुगल बादशाह अकबर

अकबर के विजय अभियान और साम्राज्य-विस्तार (1556–1605 ई.)

अकबर का शासनकाल सैन्य अभियानों, विजयों और साम्राज्य-विस्तार के कारण भारतीय इतिहास में विशेष महत्त्वपूर्ण है। मात्र 13 वर्ष की अल्पायु में गद्दी सँभालने के बाद उसने सैन्य शक्ति और कूटनीति, दोनों का उपयोग किया। राजपूतों से वैवाहिक संबंध इस कूटनीति का प्रमुख उदाहरण हैं। इन्हीं नीतियों के बल पर उसने एक विशाल साम्राज्य की नींव रखी।

आरंभिक वर्षों में शासन की वास्तविक बागडोर संरक्षक बैरम खाँ के हाथ में थी। हुमायूँ की मृत्यु के बाद हेमू (हेमचंद्र विक्रमादित्य) ने दिल्ली पर अधिकार कर स्वयं को राजा घोषित कर दिया, इसलिए अकबर के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली को पुनः प्राप्त करना थी। 5 नवंबर 1556 ई. को पानीपत के द्वितीय युद्ध में बैरम खाँ के नेतृत्व में मुग़ल सेना ने हेमू को पराजित किया। इस विजय से दिल्ली और आगरा पर मुग़ल अधिकार सुरक्षित हो गया और उत्तर भारत में मुग़ल सत्ता की पुनर्स्थापना हुई। इसके बाद ग्वालियर (1559 ई.) और जौनपुर (1560 ई.) मुग़लों के अधिकार में आए।

बैरम खाँ ने प्रारंभिक वर्षों में अकबर की ओर से शासन का संचालन किया, किंतु अकबर धीरे-धीरे शासन की बागडोर स्वयं सँभालना चाहता था। 1560 ई. में उसने बैरम खाँ को पद से हटा दिया और इसके बाद स्वतंत्र रूप से शासन करना आरंभ किया। चुनार का किला 1561 ई. में जीता गया, जब अकबर ने स्वयं शासन सँभाल लिया था।

1561 ई. में अधम खाँ और पीर मुहम्मद खाँ के नेतृत्व में मुग़ल सेना ने मालवा के शासक बाज बहादुर को पराजित कर सारंगपुर पर अधिकार किया। 1564 ई. में आसफ़ खाँ ने गोंडवाना पर आक्रमण किया। वहाँ की शासिका वीरांगना रानी दुर्गावती ने वीरतापूर्वक युद्ध किया, परंतु पराजय निश्चित जानकर उसने वीरगति को चुना। इसके बाद गोंडवाना मुग़ल साम्राज्य में मिला लिया गया।

अकबर की राजपूत नीति में वैवाहिक संबंधों और मैत्री का विशेष स्थान था। उसने आमेर के राजा भारमल की पुत्री हरखा बाई, जो प्रचलित रूप से जोधाबाई कही जाती हैं, से विवाह किया, जिससे अनेक राजपूत राजा मुग़लों के अधीन या सहयोगी बन गए। 1567–68 ई. में चित्तौड़ और 1569 ई. में रणथंभौर पर मुग़लों का अधिकार हुआ।

मेवाड़ के महाराणा प्रताप ने अकबर की अधीनता स्वीकार नहीं की, इसलिए 18 जून 1576 ई. को हल्दीघाटी का युद्ध हुआ, जिसमें मुग़ल सेना का नेतृत्व आमेर के राजा मानसिंह ने किया। इस युद्ध में मुग़ल पक्ष को सामरिक सफलता मिली, किंतु महाराणा प्रताप को न पराजित किया जा सका।

1572–73 ई. में अकबर ने गुजरात पर विजय प्राप्त की। इससे सूरत, अहमदाबाद और खंभात (कैम्बे) जैसे समुद्र-तटीय और व्यापारिक केंद्र मुग़लों के अधिकार में आ गए। इसी विजय की स्मृति में उसने फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाज़ा बनवाया। पूर्व में बंगाल और बिहार पर अफ़गान शासक दाऊद खाँ कर्रानी का शासन था। मार्च 1575 ई. में तुकरोई (तुकराई) के युद्ध में वह पराजित हुआ और 1576 ई. में राजमहल के युद्ध में मारा गया, जिसके बाद बंगाल-बिहार पर मुग़ल अधिकार सुदृढ़ हो गया।

उत्तर-पश्चिमी सीमा को सुरक्षित करने और साम्राज्य बढ़ाने के लिए अकबर ने अनेक अभियान किए। 1581 ई. में उसने अपने सौतेले भाई मिर्ज़ा हकीम के विरुद्ध अभियान कर काबुल पर नियंत्रण किया। 1585 ई. में मिर्ज़ा हकीम की मृत्यु के बाद काबुल पूरी तरह मुग़ल साम्राज्य में मिल गया। 1586 ई. में कश्मीर, 1591 ई. में सिंध और 1592 ई. में उड़ीसा मुग़ल साम्राज्य में सम्मिलित हुए। 1595 ई. में बलूचिस्तान और कंधार पर भी मुग़लों का अधिकार हो गया।

1591 ई. में अकबर ने खानदेश, अहमदनगर, बीजापुर और गोलकुंडा में कूटनीतिक दूत भेजकर उन्हें अधीनता स्वीकार करने का आह्वान किया। खानदेश ने अधीनता मान ली, किंतु अन्य रियासतों से अपेक्षित सफलता नहीं मिली, इसलिए सैन्य अभियान करने पड़े। 1600 ई. में अहमदनगर का किला जीता गया, जहाँ चाँदबीबी ने मुग़लों का वीरतापूर्वक प्रतिरोध किया था। 1601-02 ई. में असीरगढ़ के किले पर अधिकार हुआ, जिसे अकबर की अंतिम विजय माना जाता है। इन विजयों के फलस्वरूप अकबर के शासनकाल के अंत तक मुग़ल साम्राज्य उत्तर में कश्मीर से दक्षिण में खानदेश-अहमदनगर तक और पश्चिम में कंधार से पूर्व में बंगाल तक फैल चुका था।

अकबर की राजपूत नीति

मुख्य लेख : अकबर की राजपूत नीति

राजपूत नीति अकबर की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक थी और साम्राज्य के विस्तार, सुदृढ़ीकरण तथा स्थिरता का प्रमुख आधार बनी। अकबर ने समझ लिया था कि भारत में विशाल और स्थायी साम्राज्य बनाने के लिए राजपूतों का सहयोग आवश्यक है। इसलिए उसने राजपूत शासकों के प्रति मित्रता, वैवाहिक संबंध, धार्मिक सहिष्णुता और राजनीतिक सहयोग की नीति अपनाई, जबकि विरोध करने वालों के विरुद्ध सैन्य शक्ति का भी प्रयोग किया।

अकबर ने राजपूतों से मैत्री के लिए वैवाहिक संबंधों का सहारा लिया। 1562 ई. में आमेर के राजा भारमल ने अकबर की अधीनता स्वीकार की और अपनी पुत्री का विवाह उससे किया, जिससे मुग़लों और कछवाहा राजपूतों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बन गए। इसके बाद अनेक राजपूत शासकों ने मुग़ल सत्ता से मैत्री स्थापित की। अकबर ने राजपूतों को प्रशासन और सेना में ऊँचे पद दिए। राजा भगवानदास, राजा मानसिंह और राजा टोडरमल ने साम्राज्य की सेवा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

धार्मिक सहिष्णुता की दिशा में अकबरने 1563 ई. में तीर्थयात्रा कर और 1564 ई. में जज़िया समाप्त कर दिया तथा राजपूतों को अपने धर्म और रीति-रिवाजों के पालन की स्वतंत्रता दी। जिन राजपूत शासकों ने अधीनता स्वीकार की, उन्हें अपने पैतृक राज्यों में शासन करने की अनुमति और आंतरिक प्रशासन में पर्याप्त स्वायत्तता मिली, बशर्ते वे बादशाह की सर्वोच्चता मानें और आवश्यकता पड़ने पर सैनिक सहायता दें। इस प्रकार अकबर ने मित्रता और सैन्य शक्ति दोनों का संतुलित प्रयोग किया। अधीनता स्वीकार करने वालों से मैत्रीपूर्ण व्यवहार हुआ और विरोधियों के विरुद्ध अभियान चलाए गए, जिसका प्रमुख उदाहरण मेवाड़ था।

राजपूत नीति के पहले चरण (लगभग 1562–1569 ई.) में अकबर ने राजपूत शासकों से वैवाहिक और राजनीतिक संबंध बनाने पर ज़ोर दिया। राजा भारमल से संबंध इसकी प्रमुख घटना थी और इसी दौरान कुछ राजपूत राज्यों के विरुद्ध सैन्य अभियान भी चलआए गए। दूसरे चरण  (लगभग 1570–1580 ई.) में राजपूतों को दरबार, प्रशासन और सेना में महत्त्वपूर्ण स्थान मिला। भगवानदास और मानसिंह जैसे सरदार प्रमुख अधिकारी बने और 1576 ई. के हल्दीघाटी युद्ध में मुग़ल सेना का नेतृत्व मानसिंह ने किया। तीसरे चरण (1580 ई. के बाद) में अकबर  की धार्मिक सहिष्णुता और सभी धर्मों के प्रति समान व्यवहार की नीति अधिक स्पष्ट हुई। उसने ‘सुलह-ए-कुल’ की नीति को बढ़ावा दिया और इसी व्यापक दृष्टिकोण में 1582 ई. में ‘दीन-ए-इलाही’ की शुरुआत की।

अधिकांश प्रमुख राजपूत शासकों ने अकबर की अधीनता स्वीकार कर ली, किंतु मेवाड़ के सिसोदिया शासक महाराणा प्रताप ने अधीनता स्वीकार नहीं की। अकबर ने 1567–68 ई. में चित्तौड़गढ़ पर आक्रमण कर उस पर अधिकार कर लिया। 1576 ई. में हल्दीघाटी का युद्ध महाराणा प्रताप और मुग़ल सेना के बीच हुआ, जिसमें मुग़ल सेना का नेतृत्व आमेर के राजा मानसिंह ने किया। इसके बाद भी महाराणा प्रताप ने लंबे समय तक मेवाड़ की स्वतंत्रता के लिए मुग़लों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखा।

राजपूतों के सहयोग से अकबर को गुजरात, बंगाल और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों सहित अनेक भागों में अभियान चलाने में सहायता मिली और राजपूत सेनानायकों ने मुग़ल सेना को मज़बूत किया। टोडरमल जैसे कुशल प्रशासकों और मानसिंह जैसे योग्य सेनानायकों के सहयोग से प्रशासन और सैन्य व्यवस्था अधिक संगठित हुई। राजनीतिक और वैवाहिक संबंधों से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिला, जिसका प्रभाव कला, स्थापत्य, चित्रकला और दरबारी परंपराओं में दिखा।

इस प्रकार अकबर की राजपूत नीति उसकी दूरदर्शी राजनीतिक सोच का परिणाम थी। इसके माध्यम से उसने अनेक राजपूत शासकों का सहयोग पाया और साम्राज्य को अधिक शक्तिशाली तथा स्थिर बनाया। मेवाड़ के विरोध के बावजूद यह नीति मुग़ल साम्राज्य की सफलता के प्रमुख कारणों में एक है।

अकबर की धार्मिक नीति

मुख्य लेख : अकबर की धार्मिक नीति

मुग़ल बादशाह अकबर की धार्मिक नीति उदारता, सहिष्णुता और समन्वय पर आधारित थी, जिसे ‘सुलह-ए-कुल’ कहा जाता है। यह नीति उनकी नीति का मूल सिद्धांत थी। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न धर्मों के लोगों को साथ लेकर साम्राज्य को मज़बूत बनाना और राजनीतिक स्थिरता लाना था। अबुल फ़ज़ल ने अपने लेखन में इस नीति को विशेष रूप से प्रस्तुत किया।

अकबर ने 1562 ई. में युद्धबंदियों को दास बनाने की प्रथा समाप्त की। 1563 ई. में उसने हिंदुओं पर लगने वाला तीर्थयात्रा कर और 1564 ई. में गैर-मुसलमानों पर लगने वाला जज़िया कर समाप्त कर दिया। इससे प्रजा को बड़ी राहत मिली और यह उनकी उदार नीति का महत्त्वपूर्ण क़दम सिद्ध हुआ।

इबादतख़ाना और मज़हर

1575 ई. में अकबर ने फ़तेहपुर सीकरी में इबादतख़ाने की स्थापना की। आरंभ में यहाँ केवल मुस्लिम धर्मगुरुओं के बीच धार्मिक चर्चा होती थी, किंतु 1578 ई. के बाद इसमें हिंदू, जैन, ईसाई और पारसी आदि धर्मों के विद्वानों को भी बुलाया जाने लगा और विभिन्न धर्मों के सिद्धांतों पर विचार-विमर्श होने लगा। 1579 ई. में अकबर ने ‘मज़हर’ जारी किया, जिसके द्वारा इस्लामी विधि से जुड़े विवादित प्रश्नों पर उलेमा में मतभेद होने की स्थिति में उन्हें अंतिम निर्णय का अधिकार मिल गया। इससे धार्मिक मामलों में बादशाह की स्थिति मज़बूत हुई।

दीन-ए-इलाही (लगभग 1582 ई.)

1582 ई. के आसपास अकबर ने ‘तौहीद-ए-इलाही’ (दीन-ए-इलाही) नामक नैतिक और आध्यात्मिक विचारधारा को प्रोत्साहित किया, जो विभिन्न धर्मों की अच्छी बातों पर आधारित एक नैतिक आचार संहिता थी। इसका उद्देश्य विभिन्न धर्मों के श्रेष्ठ नैतिक सिद्धांतों के आधार पर बादशाह के प्रति निष्ठा और सामाजिक समन्वय को बढ़ावा देना था। यह व्यापक जनधर्म नहीं बन सका और इसके अनुयायी सीमित ही रहे। बीरबल को इसके प्रसिद्ध अनुयायियों में गिना जाता है। अकबर ने इसे किसी पर थोपा नहीं, इसलिए इसे धर्म-परिवर्तन का अभियान या आधुनिक अर्थों में धर्मनिरपेक्षता की स्थापना कहना उचित नहीं है।

अकबर ने हिंदुओं को प्रशासन और सेना में महत्त्वपूर्ण पद दिए। राजा मानसिंह, राजा टोडरमल और बीरबल इसके प्रमुख उदाहरण हैं, जिससे प्रशासन में विभिन्न समुदायों की भागीदारी बढ़ी। उसने युद्धबंदियों को जबरन धर्म-परिवर्तन कराने की प्रथा पर रोक लगाई, संस्कृत ग्रंथों के फ़ारसी अनुवाद करवाए, जिनमें महाभारत का ‘रज़्मनामा’ नाम से अनुवाद और रामायण का अनुवाद शामिल है, और विभिन्न धर्मों के त्योहारों तथा परंपराओं के प्रति सम्मान दिखाया।

अकबर की धार्मिक नीति ने धार्मिक भेदभाव को कम करने और हिंदू-मुस्लिम सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया। इस नीति ने मुग़ल साम्राज्य को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से मज़बूत बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अकबर के प्रशासनिक एवं राजस्व सुधार

अकबर की सफलता केवल युद्धों की विजय तक सीमित नहीं थी। उन्होंने विजित प्रदेशों को एक सुगठित शासन-व्यवस्था में बाँधा, जिसकी नींव पर मुग़ल साम्राज्य लंबे समय तक टिका रहा। इस व्यवस्था के तीन प्रमुख स्तंभ थे : मनसबदारी, भूमि-राजस्व प्रणाली और प्रांतीय प्रशासन।

केंद्रीय प्रशासन के अंतर्गत केंद्र में बादशाह सर्वोच्च था और उसकी सहायता के लिए कई उच्च अधिकारी होते थे। वकील (प्रधानमंत्री) के पद की शक्तियाँ बैरम खाँ के पतन के बाद सीमित कर दी गईं। राजस्व विभाग का प्रमुख दीवान-ए-कुल (वज़ीर) था। सैन्य विभाग का प्रमुख मीर बख़्शी था और सदर-उस-सुदूर धार्मिक एवं दान-संबंधी मामलों को देखता था।

मनसबदारी व्यवस्था

मुख्य लेख : मनसबदारी व्यवस्था

अकबर ने मनसबदारी व्यवस्था को सुव्यवस्थित कर लागू किया। ‘मनसब’ का अर्थ पद या श्रेणी है। इसके अंतर्गत अधिकारियों को उनकी योग्यता, पद और सैनिक दायित्व के अनुसार मनसब दिए जाते थे। आरंभ में मनसब एक ही संख्या (ज़ात) से व्यक्त होता था, जो अधिकारी का पद और वेतन निर्धारित करती थी। बाद में, लगभग 1595–96 ई. के आसपास, ज़ात के साथ सवार पद भी जोड़ा गया, जो अधिकारी द्वारा रखे जाने वाले घुड़सवारों की संख्या बताता था। सबसे छोटा मनसब 10 का और अकबर के काल में सामान्यतः सबसे ऊँचा मनसब 5000 का माना जाता है। राजकुमारों के लिए इससे ऊँचे मनसब का प्रावधान था। मनसबदारों को वेतन नकद मिलता था या जागीर के रूप में, यानी किसी क्षेत्र की राजस्व-आय का अधिकार दिया जाता था। जागीरें एक स्थान पर स्थायी नहीं होती थीं, उनका नियमित स्थानांतरण होता था, ताकि मनसबदार किसी क्षेत्र में स्थानीय शक्ति न बन सकें। सैनिकों की संख्या और घोड़ों की गुणवत्ता की जाँच के लिए दाग़ (घोड़ों को दागने) और चेहरा (सैनिकों का हुलिया दर्ज करने) की प्रथाएँ चलाई गईं। इस व्यवस्था में जाति या वंश के बजाय योग्यता को महत्त्व मिला, इसलिए इसमें तुर्क, ईरानी, अफ़गान और राजपूत जैसे विभिन्न समूहों के लोग शामिल हुए।

भूमि-राजस्व व्यवस्था

अकबर ने राजा टोडरमल की सहायता से भूमि-राजस्व व्यवस्था में सुधार किया। इसकी पृष्ठभूमि में शेरशाह सूरी की राजस्व-नीति थी, जिसे अकबर के काल में और विकसित किया गया। आरंभ में कई प्रयोग हुए, जैसे करोड़ी और आइन-ए-दहसाला। अंततः भूमि की माप, उपज और कीमतों के आधार पर राजस्व निर्धारण की जो व्यवस्था विकसित हुई, उसे दहसाला या ज़ब्ती व्यवस्था कहा जाता है। इसमें पिछले दस वर्षों (लगभग 1570–71 से 1579–80 ई.) की औसत उपज और औसत स्थानीय कीमतों के आधार पर राजस्व तय किया गया। भूमि की माप के लिए पहले रस्सी की जगह बाँस के टुकड़ों को लोहे के छल्लों से जोड़ी हुई जरीब का प्रयोग शुरू हुआ और मापन की इकाई ‘बीघा’ (इलाही गज़ पर आधारित) रही। भूमि को उपज की दृष्टि से चार वर्गों में बाँटा गया : पोलज (हर वर्ष जुतने वाली उपजाऊ भूमि), परौती (कुछ समय परती छोड़ी जाने वाली), चाचर (तीन-चार वर्ष परती रहने वाली) और बंजर (पाँच वर्ष या अधिक समय तक बिना जुती)। राज्य का हिस्सा सामान्यतः उपज का लगभग एक-तिहाई माना जाता है, जो नकद रूप में लिया जाता था। किसानों को राजस्व नकद में चुकाना होता था, इसलिए इस प्रणाली ने बाज़ार और मुद्रा-अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया। अकाल या फ़सल-नुक़सान की स्थिति में राजस्व में छूट देने का प्रावधान भी था।

प्रांतीय प्रशासन

अकबर ने साम्राज्य को सूबों में विभाजित किया। आरंभ में 12 सूबे थे, और बाद में दक्कन की विजयों के साथ यह संख्या बढ़कर 15 हो गई। प्रत्येक सूबे में सूबेदार (सिपहसालार या नाज़िम), दीवान और अन्य अधिकारी नियुक्त किए जाते थे। सूबेदार शांति-व्यवस्था और सैन्य मामलों का, दीवान राजस्व का, बख़्शी सैन्य संगठन का, और सदर तथा क़ाज़ी धार्मिक एवं न्यायिक मामलों का दायित्व सँभालते थे। सूबे आगे सरकारों में और सरकारें परगनों में बँटी थीं। इस तंत्र में अधिकारों का विभाजन इस तरह किया गया कि कोई एक अधिकारी अत्यधिक शक्तिशाली न हो सके। इससे प्रशासनिक नियंत्रण सुदृढ़ हुआ और केंद्र तथा प्रांतों के बीच समन्वय स्थापित हुआ।

मनसबदारी ने सैन्य और नागरिक सेवा को एक सूत्र में बाँधा, दहसाला प्रणाली ने राज्य की आय को नियमित और अनुमानित बनाया और सूबा-व्यवस्था ने दूरस्थ प्रदेशों पर केंद्र की पकड़ मज़बूत की। इन तीनों सुधारों ने मिलकर मुग़ल साम्राज्य को स्थायित्व दिया, इसीलिए अकबर को केवल विजेता नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक भी माना जाता है।

अकबर की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ

अकबर का शासनकाल भारतीय इतिहास में कला, साहित्य, धर्म, संगीत और स्थापत्य के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण माना जाता है। उनके समय में भारतीय, फ़ारसी और मध्य एशियाई परंपराओं के समन्वय से एक नई मिश्रित संस्कृति विकसित हुई, जिसकी छाप आगे चलकर शाहजहाँ के काल तक दिखाई देती है।

अकबर स्वयं औपचारिक रूप से पढ़ना-लिखना नहीं जानता था, किंतु साहित्य, कला, संगीत, चित्रकला और स्थापत्य में उसकी गहरी रुचि थी। वह विद्वानों से ग्रंथ पढ़वाकर सुनता था और उसके पुस्तकालय (किताबख़ाने) में हज़ारों हस्तलिखित ग्रंथ संगृहीत थे। उसके दरबार में बीरबल, तानसेन, अबुल फ़ज़ल, फ़ैज़ी, राजा टोडरमल, राजा मानसिंह, अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना, मुल्ला दो प्याज़ा और हकीम हुमाम जैसे प्रतिभाशाली व्यक्ति थे, जिन्हें सामूहिक रूप से नवरत्न कहा जाता है।

स्थापत्य कला

अकबर के काल में मुग़ल स्थापत्य का अभूतपूर्व विकास हुआ, जिसमें भारतीय और फ़ारसी शैलियों का सुंदर समन्वय दिखता है। उसने फ़तेहपुर सीकरी नामक नई राजधानी बसाई, जिसका निर्माण लगभग 1571 ई. में आरंभ हुआ। यहाँ बुलंद दरवाज़ा, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-ख़ास, जोधाबाई का महल, पंचमहल, जामा मस्जिद और शेख़ सलीम चिश्ती की दरगाह प्रमुख इमारतें हैं। शेख़ सलीम चिश्ती के आशीर्वाद से ही पुत्र सलीम का जन्म माना जाता है, इसीलिए इस स्थान को राजधानी के लिए चुना गया। बुलंद दरवाज़ा गुजरात विजय की स्मृति में बनवाया गया था। इसके अतिरिक्त उसने आगरा का क़िला (लाल पत्थर से निर्मित), लाहौर और इलाहाबाद के क़िले बनवाए। दिल्ली में हुमायूँ के मक़बरे का निर्माण भी उसके काल में पूरा हुआ। सिकंदरा में स्थित उसका अपना मक़बरा भी स्थापत्य का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसका निर्माण उसने स्वयं आरंभ करवाया था और जो उसकी मृत्यु के बाद जहाँगीर के समय में पूर्ण हुआ। इन इमारतों में लाल बलुआ पत्थर का व्यापक प्रयोग तथा हिंदू-इस्लामी शैलियों का मेल विशेष रूप से दिखता है।

धार्मिक सहिष्णुता और सुलह-ए-कुल

अकबर ने सभी धर्मों के प्रति समान दृष्टिकोण अपनाते हुए ‘सुलह-ए-कुल’ (सार्वभौमिक शांति) की नीति अपनाई। उन्होंने 1563 ई. में तीर्थयात्रा कर और 1564 ई. में जज़िया समाप्त कर दिया। 1575 ई. में उन्होंने फ़तेहपुर सीकरी में इबादतख़ाना बनवाया, जहाँ आरंभ में मुस्लिम विद्वान और 1578 ई. के बाद हिंदू, जैन, ईसाई और पारसी विद्वान भी धार्मिक विषयों पर चर्चा करते थे। इसी क्रम में पुर्तगाली जेसुइट पादरी भी गोवा से दरबार में आए। लगभग 1582 ई. में उसने विभिन्न धर्मों के नैतिक और आध्यात्मिक विचारों के समन्वय के उद्देश्य से ‘दीन-ए-इलाही’ नामक विचारधारा आरंभ की। यह व्यापक धर्म नहीं बन सका और इसके अनुयायी सीमित रहे।

साहित्य और अनुवाद

अकबर साहित्य के संरक्षक थे और उन्होंने फ़तेहपुर सीकरी में मक्तबख़ाना (अनुवाद विभाग) स्थापित किया। उसके समय में अनेक संस्कृत ग्रंथों का फ़ारसी में अनुवाद हुआ। महाभारत का अनुवाद “रज़्मनामा” नाम से हुआ, और रामायण, अथर्ववेद, लीलावती तथा राजतरंगिणी जैसे ग्रंथों के भी अनुवाद किए गए। “पंचतंत्र” का फ़ारसी रूपांतर “अनवार-ए-सुहैली” (बाद में “आयार-ए-दानिश”) के नाम से प्रसिद्ध हुआ। दरबारी विद्वान अबुल फ़ज़ल ने “अकबरनामा” और “आइन-ए-अकबरी” की रचना की। फ़ैज़ी, बदायूँनी (जिनकी “मुंतख़ब-उत-तवारीख़” प्रसिद्ध है) और निज़ामुद्दीन अहमद जैसे लेखकों ने भी इतिहास और साहित्य को समृद्ध किया। इसी दौर में हिंदी साहित्य भी फला-फूला, जिसमें तुलसीदास (रामचरितमानस), सूरदास और अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना (रहीम) जैसे कवियों का योगदान रहा। तुलसीदास और सूरदास अकबर के दरबारी नहीं थे, किंतु उनकी रचनाएँ इसी युग की हैं।

चित्रकला

अकबर ने चित्रकला को विशेष प्रोत्साहन दिया और दरबार में अलग चित्रशाला (तसवीरख़ाना) स्थापित की। मीर सैयद अली और ख़्वाजा अब्दुस-समद जैसे फ़ारसी चित्रकार हुमायूँ के साथ भारत आए थे और अकबर के दरबार में कार्यरत रहे। इनके साथ दसवंत, बसावन और केसू जैसे भारतीय चित्रकार भी थे। इस काल में “हम्ज़ानामा” और “रज़्मनामा” जैसे ग्रंथों का सचित्र निर्माण हुआ। चित्रकला में फ़ारसी शैली के साथ भारतीय विषयों, रंगों और प्राकृतिक दृश्यों का समावेश हुआ, जिससे मुग़ल चित्रकला की विशिष्ट शैली विकसित हुई।

संगीत और अन्य कलाएँ

अकबर संगीत का महान संरक्षक था और संगीतकारों तथा कलाकारों को दरबार में सम्मान देता था। तानसेन उसके दरबार के सबसे प्रसिद्ध संगीतकार थे, जिसने भारतीय शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया और “मियाँ की मल्हार” तथा “मियाँ की टोड़ी” जैसे रागों को प्रसिद्धि दिलाई। बाबा रामदास जैसे संगीतकारों को भी संरक्षण मिला। आइन-ए-अकबरी में अनेक दरबारी संगीतकारों का उल्लेख मिलता है।

अकबर ने राजपूत शासकों से वैवाहिक और राजनीतिक संबंध बनाए, जिससे मुग़ल और राजपूत संस्कृतियाँ निकट आईं। उसने हिंदू त्योहारों और परंपराओं का सम्मान किया और दरबार में दीपावली, दशहरा जैसे उत्सव भी मनाए जाने लगे। उसकी उदार नीतियों से हिंदू-मुस्लिम सांस्कृतिक समन्वय को बल मिला और भारतीय संस्कृति का समन्वयवादी स्वरूप विकसित हुआ।

इस प्रकार अकबर केवल महान विजेता और कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि कला, साहित्य, संगीत और स्थापत्य के महान संरक्षक भी थे। उनकी धार्मिक सहिष्णुता, सांस्कृतिक उदारता और समन्वयवादी नीतियों ने भारतीय संस्कृति को नई दिशा दी, इसीलिए उनका शासनकाल सांस्कृतिक विकास का महत्त्वपूर्ण काल माना जाता है।

अकबर के अंतिम वर्ष और मृत्यु

मुग़ल बादशाह जलालुद्दीन मुहम्मद अकबर के जीवन के अंतिम वर्ष राजनीतिक तनाव, पारिवारिक कलह और ख़राब स्वास्थ्य से प्रभावित रहे। उनके पुत्र शहज़ादे सलीम (जहाँगीर) ने उसके अंतिम वर्षों में विद्रोह कर दिया था। पिता-पुत्र के मतभेदों के कारण दरबार में उत्तराधिकार को लेकर तनाव पैदा हो गया। सलीम के पुत्र ख़ुसरो को भी उत्तराधिकार की राजनीति में महत्त्वपूर्ण माना जाता था। इसी बीच अकबर के दो पुत्रों- मुराद और दानियाल, की मृत्यु उसके जीवनकाल में ही हो चुकी थी। कहा जाता है कि दोनों की मृत्यु अत्यधिक मद्यपान से उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई और इन घटनाओं से अकबर को गहरा मानसिक आघात पहुँचा। जीवन के अंतिम दिनों में अकबर पेट संबंधी समस्या से गंभीर रूप से बीमार पड़ गया और उपचार के बावजूद उसकी हालत नहीं सुधरी।

अकबर की मृत्यु 27 अक्टूबर 1605 ई. को आगरा में हुई। समय उसकी आयु लगभग 63 वर्ष थी। कुछ स्रोतों में तिथि 25 या 29 अक्टूबर भी मिलती है, किंतु अधिकांश स्रोत 27 अक्टूबर को ही मान्य मानते हैं। मृत्यु से पहले उसने सलीम से सुलह कर ली और उसे अपना उत्तराधिकारी स्वीकार कर लिया। इसके बाद सलीम “जहाँगीर” की उपाधि के साथ मुग़ल बादशाह बना।

अकबर को आगरा के निकट सिकंदरा (उत्तर प्रदेश) में दफ़नाया गया, जहाँ आज भी उसका भव्य मक़बरा स्थित है। इस मक़बरे का निर्माण स्वयं अकबर ने आरंभ करवाया, जो जहाँगीर के शासनकाल में पूर्ण कराया गया।

अकबर के शासनकाल में मुग़ल साम्राज्य एक विशाल, संगठित और शक्तिशाली राजनीतिक व्यवस्था के रूप में विकसित हुआ। उसकी मृत्यु के साथ मुग़ल इतिहास के एक महत्त्वपूर्ण युग का अंत हो गया। उसे प्रशासनिक सुधारों, धार्मिक सहिष्णुता और साम्राज्य-विस्तार के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।

जहाँगीर (1605–1627 ई.)

मुख्य लेख : जहाँगीर

जहाँगीर का जन्म 1569 ई. में फ़तेहपुर सीकरी में हुआ था। उसका बचपन का नाम सलीम था। वह अकबर का पुत्र था और उसकी माता आमेर की राजकुमारी मरियम-उज़-ज़मानी थीं। अकबर की मृत्यु के बाद 24 नवंबर 1605 ई. को आगरा में सलीम का राज्याभिषेक हुआ। उसने “नूरुद्दीन मुहम्मद जहाँगीर” की उपाधि धारण की, जिसका अर्थ “संसार को जीतने वाला” माना जाता है।

जहाँगीर का शासन 1605 से 1627 ई. तक, लगभग 22 वर्ष चला। इस काल में अकबर द्वारा स्थापित प्रशासनिक व्यवस्था और धार्मिक सहिष्णुता की नीति अधिकांशतः जारी रही। जहाँगीर को “न्याय की जंजीर”, मुग़ल चित्रकला के विकास और नूरजहाँ के प्रभाव के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। उसे साहित्य और प्रकृति में गहरी रुचि थी। उसने फ़ारसी भाषा में अपनी आत्मकथा “तुज़ुक-ए-जहाँगीरी” लिखी, जिसमें राजकाज के साथ पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों के बारे में उसकी व्यक्तिगत टिप्पणियाँ भी मिलती हैं। 1611 ई. में उसका मेहरुन्निसा, यानी नूरजहाँ, से विवाह हुआ। इसके बाद दरबार और शासन में नूरजहाँ का प्रभाव लगातार बढ़ता गया।

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
जहाँगीर

राजनीतिक उपलब्धियाँ

जहाँगीर का शासनकाल राजनीतिक दृष्टि से अकबर की नीतियों को आगे बढ़ाने और साम्राज्य की शक्ति व प्रतिष्ठा बनाए रखने का काल था। उसके समय साम्राज्य का विस्तार बहुत अधिक नहीं हुआ, पर मेवाड़, बंगाल और उत्तर-पश्चिमी पहाड़ी क्षेत्रों में मुग़ल सत्ता अधिक सुदृढ़ हुई। दूसरी ओर, शहज़ादों के विद्रोह, दरबारी गुटबंदी और कंधार की हानि जैसी समस्याएँ भी इसी काल में सामने आईं।

जहाँगीर की सबसे महत्त्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि मेवाड़ से संधि (1615 ई.) मानी जाती है। महाराणा प्रताप के पुत्र राणा अमर सिंह और मुग़लों के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा था। यह संघर्ष अकबर के काल से, यानी लगभग आधी शताब्दी से, चला आ रहा था। जहाँगीर के शासन के आरंभ में शहज़ादे परवेज़ और फिर महाबत ख़ान जैसे सेनानायकों को मेवाड़ भेजा गया, पर निर्णायक सफलता नहीं मिली।

अंततः शहज़ादे खुर्रम (बाद में शाहजहाँ) के नेतृत्व में सैन्य दबाव बढ़ाया गया। निरंतर युद्ध से मेवाड़ की आर्थिक और सैनिक स्थिति कमज़ोर हो चुकी थी, इसलिए राणा अमर सिंह ने संधि कर ली। संधि में राणा को व्यक्तिगत रूप से दरबार में उपस्थित होने से छूट मिली। उसके पुत्र कर्ण सिंह ने दरबार में उपस्थित होकर मुग़ल अधीनता स्वीकार की और उसे मनसब दिया गया। चित्तौड़गढ़ का क़िला मेवाड़ को लौटा दिया गया, पर उसकी मरम्मत और किलेबंदी की अनुमति नहीं दी गई। इस संधि से दीर्घकालीन संघर्ष समाप्त हुआ और मेवाड़ तथा मुग़ल साम्राज्य के संबंध सामान्य हो गए। पराजित शत्रु के प्रति जहाँगीर के सम्मानजनक व्यवहार से राजपूताने में मुग़ल प्रतिष्ठा भी बढ़ी।

जहाँगीर ने अकबर की दक्कन नीति को आगे बढ़ाया। इस समय मुग़लों का मुख्य संघर्ष अहमदनगर के शक्तिशाली वज़ीर मलिक अंबर से था। मलिक अंबर अबीसीनियाई मूल का योग्य सेनापति और कुशल प्रशासक था। उसने छापामार युद्ध-पद्धति और मराठा सरदारों के सहयोग से मुग़ल सेनाओं को लंबे समय तक रोके रखा। साथ ही उसने अहमदनगर की राजस्व-व्यवस्था को भी सुधारा।

1616–1617 ई. में खुर्रम के अभियान के बाद मलिक अंबर को मुग़लों से समझौता करना पड़ा। उसे कुछ क्षेत्र लौटाने और भारी नज़राना देने पड़े। इससे प्रसन्न होकर जहाँगीर ने खुर्रम को “शाहजहाँ” की उपाधि दी। किंतु यह सफलता स्थायी नहीं रही। मलिक अंबर ने बाद में फिर मुग़लों के विरुद्ध संघर्ष शुरू कर दिया, इसलिए दक्कन की समस्या जहाँगीर के काल में पूरी तरह हल नहीं हो सकी।

कांगड़ा का क़िला पंजाब की पहाड़ियों का अत्यंत महत्त्वपूर्ण और लगभग अभेद्य माना जाने वाला दुर्ग था। इसे जीतने के प्रयास अकबर के समय भी हुए थे, पर वे सफल नहीं हुए। जहाँगीर के काल में लंबे अभियान और घेरे के बाद 1620 ई. में मुग़लों ने इस पर अधिकार कर लिया। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में मुग़ल सत्ता मज़बूत हुई और आसपास की पहाड़ी रियासतों पर नियंत्रण बढ़ा।

अकबर के समय से बंगाल में अफ़ग़ान सरदार मुग़ल सत्ता का विरोध करते आ रहे थे। जहाँगीर ने इस्लाम ख़ान चिश्ती को वहाँ का सूबेदार बनाया। उसने ढाका को प्रांत की राजधानी बनाया और स्थानीय ज़मींदारों तथा अफ़ग़ान सरदारों के विरुद्ध अभियान चलाए। 1612 ई. में उस्मान ख़ान के नेतृत्व वाले अफ़ग़ान विद्रोह को निर्णायक रूप से परास्त कर दिया गया। इससे बंगाल में मुग़ल सत्ता सुदृढ़ हुई और पूर्वी भारत में अफ़ग़ान चुनौती लगभग समाप्त हो गई।

जहाँगीर को शासनकाल में कई आंतरिक विद्रोहों का सामना करना पड़ा। पहला बड़ा विद्रोह 1606 ई. में उसके पुत्र ख़ुसरो ने किया। ख़ुसरो ने पंजाब की ओर बढ़कर सत्ता के लिए चुनौती दी, पर उसे पराजित करके बंदी बना लिया गया। इसी विद्रोह के संदर्भ में ख़ुसरो की सहायता के आरोप पर सिखों के पाँचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव, को मृत्युदंड दिया गया। इससे मुग़ल-सिख संबंधों में तनाव आया, जिसका वर्णन आगे किया गया है।

दूसरा गंभीर विद्रोह शासन के अंतिम वर्षों में 1622–1625 ई. के बीच खुर्रम ने किया। नूरजहाँ के बढ़ते प्रभाव और उत्तराधिकार की प्रतिस्पर्धा इसके प्रमुख कारण थे। इसे महाबत ख़ान की सहायता से दबाया गया, पर इस विद्रोह ने साम्राज्य को भीतर से कमज़ोर किया। बाद में महाबत ख़ान और नूरजहाँ के बीच भी मतभेद हो गए। 1626 ई. में महाबत ख़ान ने झेलम के पास जहाँगीर को अपने नियंत्रण में ले लिया, पर नूरजहाँ की सूझबूझ से स्थिति सँभल गई।

इस काल में अंग्रेज़ों का व्यापारिक और राजनीतिक प्रभाव बढ़ने लगा। 1608 ई. में कैप्टन विलियम हॉकिन्स जहाँगीर के दरबार में पहुँचा। वह इंग्लैंड के राजा जेम्स प्रथम का पत्र लेकर आया था, पर पुर्तगालियों के विरोध और दरबारी राजनीति के कारण उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली। इसके बाद 1615 ई. में सर थॉमस रो जेम्स प्रथम के राजदूत के रूप में आया। वह कई वर्ष दरबार में रहा और अंग्रेज़ों के लिए व्यापारिक सुविधाएँ प्राप्त करने में सफल हुआ। इनमें सूरत जैसे स्थानों पर व्यापारिक कोठियाँ स्थापित करने की अनुमति प्रमुख थी। इस प्रकार अंग्रेज़ों को व्यापार बढ़ाने के अवसर मिले और भारत में उनके प्रभाव के विस्तार का मार्ग खुला।

जहाँगीर ने न्याय को विशेष महत्त्व दिया। कहा जाता है कि उसने आगरा के क़िले में सोने की “न्याय की जंजीर” लगवाई, जिसे खींचकर कोई भी व्यक्ति सीधे बादशाह तक अपनी शिकायत पहुँचा सकता था। परंपरा के अनुसार इस जंजीर में घंटियाँ भी लगी थीं। इसे बादशाह की न्यायप्रियता का प्रतीक माना गया।

इसके अलावा उसने गद्दी पर बैठते ही प्रजा के हित में 12 आदेश जारी किए, जिन्हें उसके प्रमुख प्रशासनिक सुधारों में गिना जाता है। इनमें कुछ अनुचित करों की समाप्ति, नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक, अंग-भंग जैसे कठोर दंडों पर प्रतिबंध और सरायों, मस्जिदों तथा सड़कों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान शामिल थे।

जहाँगीर के शासन की प्रमुख असफलता कंधार का मुग़लों के हाथ से निकल जाना था। कंधार सामरिक और व्यापारिक दृष्टि से बहुत महत्त्वपूर्ण था, क्योंकि वह भारत को फ़ारस और मध्य एशिया से जोड़ने वाला प्रवेश-द्वार था। 1622 ई. में फ़ारस के शाह अब्बास ने उस पर अधिकार कर लिया। उस समय खुर्रम के विद्रोह के कारण साम्राज्य आंतरिक समस्याओं में उलझा हुआ था, इसलिए मुग़ल कंधार को वापस नहीं ले सके। यह मुग़ल प्रतिष्ठा के लिए बड़ा आघात था।

अकबर के समय तक मुग़लों और सिख गुरुओं के संबंध सामान्यतः मधुर और सौहार्दपूर्ण रहे थे, पर जहाँगीर के काल में इनमें एक महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक मोड़ आया। गुरु अर्जुन देव ने अमृतसर में हरमंदिर साहिब का निर्माण कराया और आदि ग्रंथ का संकलन किया था, जिससे सिख समुदाय का संगठन और प्रभाव बढ़ा था। जहाँगीर के विद्रोही पुत्र ख़ुसरो ने पंजाब से गुज़रते समय गुरु जी से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। जहाँगीर  ने इसे ख़ुसरो का समर्थन माना। इसके अलावा वह सिख धर्म के बढ़ते प्रभाव और गुरु जी की लोकप्रियता से भी चिंतित था, जिसका उल्लेख उसने “तुज़ुक-ए-जहाँगीरी” में किया है। परिणामस्वरूप 1606 ई. में उसके आदेश पर गुरु अर्जुन देव को गिरफ़्तार कर लिया गया और कठोर यातनाओं के कारण वे शहीद हो गए। यह सिख इतिहास की अत्यंत महत्त्वपूर्ण घटना थी, जिससे मुग़लों और सिखों के संबंधों में गहरा तनाव पैदा हुआ।

गुरु अर्जुन देव की शहादत के बाद छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद, ने समुदाय की सुरक्षा के लिए नई नीति अपनाई। उन्होंने सिखों को आत्मरक्षा के लिए शस्त्र धारण करने और सैनिक प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “मीरी” (सांसारिक शक्ति) और “पीरी” (आध्यात्मिक शक्ति) के प्रतीक के रूप में दो तलवारें धारण कीं और अमृतसर में अकाल तख़्त की स्थापना की, जो सिखों की धार्मिक और सांसारिक सत्ता का प्रतीक बना।

गुरु हरगोबिंद द्वारा सिखों को सैन्य रूप से संगठित करने और उनकी बढ़ती शक्ति के कारण जहाँगीर सतर्क हो गया। उसने उन्हें गिरफ़्तार कराकर ग्वालियर के क़िले में क़ैद कर दिया। उनकी क़ैद की अवधि को लेकर इतिहासकारों में मतभेद है। बाद में जहाँगीर के साथ उनके संबंध सुधरे और बादशाह ने उनकी रिहाई का आदेश दिया। परंपरा के अनुसार गुरु जी ने शर्त रखी कि उनके साथ क़ैद 52 राजाओं को भी मुक्त किया जाए, और जहाँगीर ने यह शर्त मान ली। इसी कारण गुरु हरगोबिंद को “बंदी छोड़ दाता” कहा जाता है। इस घटना की स्मृति में सिख समुदाय “बंदी छोड़ दिवस” मनाता है, जो दीपावली के अवसर पर पड़ता है।

जहाँगीर के शासनकाल में मुग़ल-सिख संबंधों में बड़ा परिवर्तन आया। गुरु अर्जुन देव की शहादत के बाद सिख समुदाय में सैन्य संगठन और आत्मरक्षा की भावना विकसित हुई और गुरु हरगोबिंद ने आध्यात्मिक शक्ति के साथ सैन्य शक्ति पर भी बल दिया। फिर भी शासन के अंतिम वर्षों में गुरु हरगोबिंद और बादशाह के संबंधों में सुधार हुआ।

जहाँगीर के शासनकाल में नूरजहाँ का प्रभाव

मुख्य लेख : नूरजहाँ

मुग़ल बादशाह जहाँगीर के शासनकाल में नूरजहाँ (मेहरुन्निसा) का राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव अत्यंत व्यापक था। 25 मई 1611 ई. को जहाँगीर से विवाह के बाद वह उसकी प्रमुख और प्रिय बेगम बन गईं और धीरे-धीरे दरबार तथा प्रशासन में महत्त्वपूर्ण स्थान बना लिया। शासन के उत्तरार्ध में उसकी स्थिति इतनी प्रभावशाली हो गई कि उसे साम्राज्य की सत्ता का प्रमुख केंद्र माना जाने लगा। फिर भी उसे पूर्णतः सर्वशक्तिसंपन्न शासक कहना उचित नहीं है, क्योंकि उसका प्रभाव जहाँगीर की व्यक्तिगत सत्ता के साथ-साथ ही चलता था।

जहाँगीर की विलासितापूर्ण जीवनशैली तथा मदिरा और अफ़ीम के सेवन के कारण प्रशासन में नूरजहाँ का हस्तक्षेप बढ़ता गया। उसने महत्त्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावित किया और सत्ता के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरीं। वह मुग़ल इतिहास की उन विरल महिलाओं में थीं जिनके नाम से सिक्के जारी हुए। कुछ सिक्कों पर जहाँगीर के साथ उसका नाम भी अंकित था, जो उसकी राजनीतिक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उसे शाही फ़रमान जारी करने और प्रशासनिक निर्णयों को प्रभावित करने का अधिकार प्राप्त था, और शाही आदेशों में उसके नाम तथा मुहर का प्रयोग भी होता था। दरबार की परंपराओं में, जैसे झरोखा दर्शन में, भी उसकी विशिष्ट उपस्थिति रही और वह सार्वजनिक रूप से शाही सत्ता का प्रतिनिधित्व करने लगी थी।

मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
नूरजहाँ

सत्ता पर पकड़ बनाए रखने के लिए नूरजहाँ ने परिवार और समर्थकों का एक शक्तिशाली गुट बनाया। इसमें उसके पिता मिर्ज़ा ग़ियास बेग (इतिमादुद्दौला), माता असमत बेगम, भाई आसफ़ ख़ाँ और आरंभ में शहज़ादे ख़ुर्रम (भावी शाहजहाँ) शामिल थे। इस गुट ने दरबार की राजनीति को व्यापक रूप से प्रभावित किया। अपने परिवार के हितों की रक्षा के लिए उसने उत्तराधिकार की राजनीति में भी हस्तक्षेप किया।

पिता की मृत्यु के बाद नूरजहाँ ने आगरा में इतिमादुद्दौला का मक़बरा बनवाया, जो सफ़ेद संगमरमर और रंगीन पत्थरों की जड़ाई (पच्चीकारी) के लिए प्रसिद्ध है और ताजमहल की स्थापत्य परंपरा का महत्त्वपूर्ण पूर्ववर्ती उदाहरण माना जाता है। परंपरा में उसकी माता असमत बेगम का संबंध गुलाब से इत्र बनाने की तकनीक के विकास से जोड़ा जाता है और नूरजहाँ ने भी इत्र तथा सुगंधित पदार्थों को प्रोत्साहन दिया। उसे कविता, संगीत, चित्रकला, वस्त्र-निर्माण और आभूषणों में विशेष रुचि थी, और उसने दरबार की कलात्मक परंपराओं को समृद्ध किया। वह साहसी और कुशल शिकारी भी थी। कहा जाता है कि उसने एक बार हाथी पर बैठकर बाघ का शिकार किया था।

1627 ई. में जहाँगीर की मृत्यु के बाद सत्ता-संघर्ष में नूरजहाँ के गुट की हार हुई और दरबार की राजनीति में उसका प्रभाव समाप्त हो गया। शाहजहाँ के बादशाह बनने पर उसे राजनीति से अलग कर दिया गया और उसके लिए पेंशन तय की गई। उसने शेष जीवन लाहौर में बिताया, जहाँ 17 दिसंबर 1645 ई. को उसका निधन हुआ। उसे जहाँगीर के मक़बरे के निकट दफ़नाया गया।

नूरजहाँ मुग़ल इतिहास की सर्वाधिक प्रभावशाली महिलाओं में से थी। उसने राजनीति और प्रशासन के साथ-साथ कला, संस्कृति और स्थापत्य के विकास में भी योगदान दिया। उसका व्यक्तित्व दिखाता है कि मुग़ल काल में एक महिला भी साम्राज्य की सर्वोच्च सत्ता को प्रभावित करने की क्षमता रखती थी।

जहाँगीर की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ

मुग़ल बादशाह जहाँगीर का शासनकाल भारतीय इतिहास में सांस्कृतिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण माना जाता है। वह स्वयं उच्च शिक्षित, कला-प्रेमी, साहित्य-अनुरागी और प्रकृति-प्रेमी था। उसके काल में चित्रकला, स्थापत्य, उद्यान-निर्माण और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई।

जहाँगीर का काल मुग़ल चित्रकला का स्वर्णकाल माना जाता है। वह स्वयं चित्रकला का अच्छा पारखी था और कलाकारों की प्रतिभा पहचानने की विशेष क्षमता रखता था। इस दौर में पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों, फूलों और प्राकृतिक दृश्यों का यथार्थ और सजीव चित्रण हुआ। उसके दरबार के प्रमुख चित्रकार उस्ताद मंसूर और अबुल हसन थे, जिन्हें क्रमशः “नादिर-उल-असर” और “नादिर-उज़-ज़मान” की उपाधियाँ मिलीं। बादशाहों, दरबारियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों के व्यक्तिचित्र बनाने की परंपरा का भी विशेष विकास हुआ। साथ ही यूरोपीय कला का प्रभाव दिखने लगा, और चित्रों में प्रभामंडल तथा छाया-प्रकाश का प्रयोग बढ़ा।

जहाँगीर ने अकबर और शाहजहाँ की तुलना में कम निर्माण करवाए, पर उसके समय में स्थापत्य की सजावट और तकनीक में महत्त्वपूर्ण परिवर्तन हुए। आगरा में नूरजहाँ ने अपने पिता मिर्ज़ा ग़ियास बेग की स्मृति में इतिमादुद्दौला का मक़बरा बनवाया, जो पूर्णतः सफ़ेद संगमरमर से बनी आरंभिक मुग़ल इमारतों में है और जिसमें पच्चीकारी (पिएत्रा ड्यूरा) का सुंदर प्रयोग हुआ है। सिकंदरा में अकबर का मक़बरा अकबर ने शुरू करवाया था, जिसे जहाँगीर के काल में पूरा किया गया।

जहाँगीर को प्राकृतिक सौंदर्य से विशेष प्रेम था। उसके समय में उद्यान-निर्माण को प्रोत्साहन मिला। उसने कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को विशेष महत्त्व दिया और वहाँ अनेक उद्यान विकसित करवाए। श्रीनगर का शालीमार बाग़ उसके काल में बना, जबकि निशात बाग़ आसफ़ ख़ाँ ने 1633 ई. के आसपास बनवाया था, इसलिए उसे जहाँगीर के काल की उपलब्धि नहीं माना जा सकता। उद्यानों में जलधाराओं, फ़व्वारों, सीढ़ीनुमा बाग़ों और चारबाग़ शैली को प्रोत्साहन मिला।

जहाँगीर स्वयं साहित्य और इतिहास में रुचि रखता था। उसने फ़ारसी में अपनी आत्मकथा “तुज़ुक-ए-जहाँगीरी” लिखी, जिसमें उसके शासन, राजनीतिक घटनाओं, प्रकृति-प्रेम और निजी जीवन का वर्णन है। इसका अंतिम भाग बाद में मुतमिद ख़ाँ ने पूरा किया। उसने अनेक विद्वानों, कवियों और साहित्यकारों को संरक्षण दिया, और फ़ारसी साहित्य के साथ-साथ ब्रज और अवधी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं को भी प्रोत्साहन मिला।

जहाँगीर ने अकबर की धार्मिक सहिष्णुता की नीति को काफ़ी हद तक आगे बढ़ाया। उसके दरबार में हिंदू, मुस्लिम, जैन और ईसाई विद्वानों को स्थान मिला और विभिन्न धर्मों के बीच विचार-विमर्श को प्रोत्साहन दिया गया। कहा जाता है कि उसने न्याय-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आगरा के क़िले में “न्याय की जंजीर” लगवाई, जिससे पीड़ित सीधे बादशाह तक शिकायत पहुँचा सकता था। उसने शराब और नशीले पदार्थों के सेवन तथा बिक्री पर नियंत्रण के आदेश भी जारी किए।

जहाँगीर अपने शासन के अंतिम वर्षों में प्रायः अस्वस्थ रहने लगा था। अफ़ीम और शराब के अत्यधिक सेवन तथा दमे जैसी शारीरिक परेशानियों ने उसके स्वास्थ्य को लगातार कमज़ोर किया। उसकी आत्मकथा “तुज़ुक-ए-जहाँगीरी” में भी उसकी बिगड़ती सेहत और नशे की आदत के संकेत मिलते हैं। स्वास्थ्य में गिरावट का असर राजकाज पर भी पड़ा और शासन की बागडोर धीरे-धीरे नूरजहाँ तथा उसके गुट के हाथों में अधिक आती गई।

स्वास्थ्य-लाभ और जलवायु परिवर्तन की आशा में जहाँगीर कश्मीर गया। कश्मीर उसे अत्यंत प्रिय था और वह वहाँ कई बार जा चुका था। परंतु इस बार वहाँ की अत्यधिक ठंड उसके स्वास्थ्य के अनुकूल सिद्ध नहीं हुई और उसकी हालत और बिगड़ गई। इसलिए वह कश्मीर से लाहौर की ओर वापस लौटने लगा।

लाहौर लौटते समय मार्ग में, पीर पंजाल की तलहटी में राजौरी (भीमवार/चिंगस) के पास, 28 अक्टूबर 1627 ई. को जहाँगीर का निधन हो गया। उस समय उसकी आयु लगभग 58 वर्ष थी और उसने लगभग 22 वर्ष शासन किया था। उसके शव को कश्मीर की ओर से लाहौर लाया गया। यहाँ रावी नदी के किनारे, लाहौर के निकट शाहदरा बाग़ में उसे दफ़नाया गया, जो आज पाकिस्तान में स्थित है। यहाँ उसका मक़बरा बना, जिसे उसके पुत्र शाहजहाँ द्वारा बनवाया गया माना जाता है। कुछ विवरणों के अनुसार इसके निर्माण में नूरजहाँ की भी भूमिका रही। इसके बाद उत्तराधिकार का संघर्ष हुआ और अंततः खुर्रम शाहजहाँ के नाम से बादशाह बना।

इस प्रकार जहाँगीर का शासनकाल मुग़ल सांस्कृतिक इतिहास में विशेष स्थान है। चित्रकला में उसने मुग़ल कला को उत्कृष्टता के शिखर पर पहुँचाया और स्थापत्य, उद्यान-निर्माण, साहित्य तथा धार्मिक सहिष्णुता में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। चित्रकला और प्रकृति के प्रति उसका प्रेम उसे मुग़ल बादशाहों में विशिष्ट बनाता है।

शाहजहाँ (1628–1658 ई.)

मुख्य लेख : शाहजहाँ

शाहजहाँ का वास्तविक नाम शहाबुद्दीन मुहम्मद ख़ुर्रम था। उसका जन्म 5 जनवरी 1592 ई. को लाहौर में हुआ। वह बादशाह जहाँगीर और जगत गोसाईं का पुत्र था। 1627 ई. में जहाँगीर की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार का संघर्ष छिड़ा। इसमें अपने ससुर आसफ़ ख़ाँ के सहयोग से ख़ुर्रम ने प्रतिद्वंद्वियों को हराया और फ़रवरी 1628 ई. में आगरा में गद्दी पर बैठकर “शाहजहाँ” (संसार का राजा) की उपाधि धारण की। उसका शासनकाल मुग़ल साम्राज्य की राजनीतिक शक्ति, आर्थिक समृद्धि और शाही वैभव का महत्त्वपूर्ण काल माना जाता है। स्थापत्य के क्षेत्र में इसे मुग़ल कला का स्वर्ण युग कहा जाता है। उसने अपनी प्रिय पत्नी मुमताज़ महल की स्मृति में आगरा में ताजमहल बनवाया और दिल्ली में नई राजधानी शाहजहानाबाद बसाई। इसी कारण उसे ताजमहल, लाल क़िले और जामा मस्जिद जैसे विश्वप्रसिद्ध स्मारकों के निर्माता के रूप में याद किया जाता है।

 मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
शाहजहाँ

शाहजहाँ की विजयें एवं साम्राज्य-विस्तार

शाहजहाँ का शासनकाल साम्राज्य के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहा। उसने पूर्ववर्तियों की विस्तारवादी नीति को आगे बढ़ाया और साम्राज्य का प्रभाव दक्कन, उत्तर-पश्चिमी सीमांत और पूर्वोत्तर भारत तक फैलाया।

शाहजहाँ ने दक्षिण भारत में मुग़ल प्रभुत्व स्थापित करने के लिए आक्रामक नीति अपनाई। उसकी प्रमुख दक्षिणी उपलब्धि अहमदनगर का विलय (1633–1636 ई.) था। वज़ीर फ़तह ख़ान की सहायता से मुग़लों ने 1633 ई. में दौलताबाद के क़िले पर अधिकार कर लिया और अंतिम निज़ामशाही शासक हुसैन शाह को बंदी बना लिया। 1636 ई. में राज्य का शेष भाग भी मुग़ल साम्राज्य में मिला लिया गया।

अहमदनगर के पतन के बाद गोलकुंडा के सुल्तान अब्दुल्ला क़ुतुबशाह ने 1636 ई. में मुग़ल अधीनता स्वीकार कर ली। उसने शाहजहाँ के नाम का ख़ुतबा पढ़वाया, उसके नाम के सिक्के चलवाए और वार्षिक कर देना स्वीकार किया।

बीजापुर के सुल्तान मुहम्मद आदिलशाह ने आरंभ में विरोध किया, किंतु मुग़ल दबाव के कारण उसे 1636 ई. में संधि करनी पड़ी। उसने मुग़ल सर्वोच्चता स्वीकार की और वार्षिक कर देने पर सहमति दी। उसी वर्ष शाहजहाँ ने औरंगज़ेब को दक्कन का सूबेदार नियुक्त किया, जिससे वहाँ मुग़ल प्रशासन और राजनीतिक प्रभाव को बल मिला।

शाहजहाँ अपने पूर्वजों की पैतृक भूमि समरक़ंद और फ़रग़ना पर अधिकार करना चाहता था। शाहजहाँ ने अपने पुत्रों मुराद और औरंगज़ेब के नेतृत्व में सेनाएँ भेजीं। मुग़लों ने बल्ख़ और बदख़्शाँ पर अधिकार तो कर लिया, पर स्थानीय क़बीलों के विरोध, कठिन भूगोल और भीषण ठंड के कारण वे वहाँ टिक नहीं सके और सेना को लौटना पड़ा। यह अभियान आर्थिक और सैनिक दृष्टि से असफल रहा।

कंधार मुग़लों और फ़ारस के सफ़वियों के बीच विवाद का प्रमुख कारण था। 1638 ई. में वहाँ के शासक अली मर्दान ख़ान ने क़िला स्वेच्छा से मुग़लों को सौंप दिया था, पर 1649 ई. में फ़ारस के शाह अब्बास द्वितीय ने उसे फिर जीत लिया। शाहजहाँ ने उसे वापस पाने के लिए तीन अभियान (1649, 1652 और 1653 ई.) चलाए। इनमें पहले दो का नेतृत्व औरंगज़ेब ने और तीसरे का दारा शिकोह ने किया, पर तीनों असफल रहे। इन अभियानों पर भारी धन ख़र्च हुआ, जिससे मुग़ल राजकोष पर दबाव बढ़ा।

गद्दी पर बैठते ही शाहजहाँ को बुंदेला राजपूत जुझार सिंह के विद्रोह का सामना करना पड़ा। कई अभियानों के बाद इसे दबाया गया और बुंदेलखंड पर मुग़ल प्रभुत्व स्थापित हुआ।

बंगाल के हुगली क्षेत्र में पुर्तगाली अपना प्रभाव जमा चुके थे और उन पर दास-व्यापार, स्थानीय लोगों के अपहरण तथा धार्मिक उत्पीड़न के आरोप थे। शाहजहाँ के आदेश पर बंगाल के सूबेदार क़ासिम ख़ान ने हुगली पर आक्रमण कर उनका प्रभाव समाप्त कर दिया। असम के अहोम शासकों से सीमा-विवाद पर संघर्ष हुआ, जिसका अंत 1639 ई. की असुरार अली की संधि से हुआ और दोनों के बीच सीमा निर्धारित हुई।

शाहजहाँ के काल में मुग़ल साम्राज्य का राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव काफ़ी विस्तृत हुआ। उत्तर में कश्मीर और हिंदूकुश क्षेत्र से दक्षिण में दक्कन तक, तथा पश्चिम में सिंध से पूर्व में बंगाल और असम की सीमा तक मुग़ल प्रभाव फैला हुआ था। मध्य एशिया और कंधार के अभियानों में भारी आर्थिक और सैनिक क्षति हुई, पर दक्कन की सफलताओं और गोलकुंडा तथा बीजापुर से हुई संधियों ने साम्राज्य की स्थिति मज़बूत की। इस प्रकार उसका शासन साम्राज्य के विस्तार और शक्ति-सुदृढ़ीकरण का महत्त्वपूर्ण काल था।

शाहजहाँ ने अपनी राजधानी आगरा से दिल्ली स्थानांतरित की। उसने यमुना के किनारे शाहजहानाबाद नामक नई राजधानी बसाई। वर्तमान पुरानी दिल्ली का एक बड़ा भाग इसी नगर के अंतर्गत आता था। इसकी नींव 1639 ई. में रखी गई और लाल क़िला 1648 ई. में बनकर तैयार हुआ।

शाहजहाँ की नीतियाँ

शाहजहाँ के शासनकाल को मुग़ल स्थापत्य और संस्कृति के विकास का महत्त्वपूर्ण काल माना जाता है। ताजमहल और लाल क़िले जैसी भव्य इमारतों के निर्माण के अतिरिक्त उसने साम्राज्य को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के लिए अनेक नीतियाँ अपनाईं।

शाहजहाँ की धार्मिक नीति अकबर की उदार नीति की तुलना में अधिक रूढ़िवादी थी। उसने अकबर के समय प्रचलित सिजदा (झुककर भूमि चूमना) और पायबोस (पैर चूमना) जैसी प्रथाएँ समाप्त कर दीं और चहार-तस्लीम को प्रोत्साहन दिया। अकबर द्वारा शुरू किए गए इलाही संवत् की जगह हिजरी संवत् चलाया गया। कुछ नए हिंदू मंदिरों के निर्माण और पुराने मंदिरों की मरम्मत पर प्रतिबंध लगाए गए, जबकि जज़िया दोबारा लागू नहीं किया गया और कुछ अवसरों पर हिंदू धार्मिक संस्थाओं को अनुदान भी दिए गए।

शाहजहाँ ने दक्कन में साम्राज्य-विस्तार की नीति अपनाई। 1633 ई. में दौलताबाद पर अधिकार हुआ और 1636 ई. में अहमदनगर मुग़ल साम्राज्य में मिला लिया गया। उसी वर्ष बीजापुर और गोलकुंडा के शासकों को मुग़ल अधीनता और निर्धारित शर्तें स्वीकार करने के लिए बाध्य किया गया। दक्कन में प्रांतीय व्यवस्था का पुनर्गठन हुआ और औरंगज़ेब को वहाँ का सूबेदार नियुक्त किया गया।

शाहजहाँ ने मनसबदारी व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया। मनसबदारों के वेतन-निर्धारण में माहवारी व्यवस्था को महत्त्व मिला, और सेना में घोड़ों को दागने की दाग प्रथा तथा सैनिकों का विवरण रखने की चेहरा प्रथा पर ज़ोर दिया गया। उसके काल में मनसबदारों की संख्या बढ़ी, जिससे जागीरों पर दबाव पड़ने लगा। न्याय-संचालन में क़ाज़ियों और अन्य न्यायिक अधिकारियों की भूमिका महत्त्वपूर्ण बनी रही।

उसने उत्तर-पश्चिमी सीमाओं को सुरक्षित करने और मध्य एशिया में मुग़ल प्रभाव बढ़ाने का प्रयास किया। कंधार को बनाए रखने के लिए फ़ारस के सफ़वी शासकों से संघर्ष हुआ, पर 1649 ई. में वह मुग़लों के हाथ से निकल गया और उसे वापस पाने के प्रयास विफल रहे। बल्ख़ और बदख़्शाँ के अभियान भी कठिन भूगोल, भारी ख़र्च और सैन्य कठिनाइयों के कारण सफल नहीं हो सके।

1632 ई. में बंगाल के सूबेदार क़ासिम ख़ान के नेतृत्व में मुग़ल सेना ने हुगली पर आक्रमण कर पुर्तगालियों की शक्ति को कुचल दिया। इसका उद्देश्य उनकी अनधिकृत गतिविधियों और राजनीतिक प्रभाव को नियंत्रित करना था।

कुल मिलाकर इन नीतियों का उद्देश्य साम्राज्य का विस्तार, प्रशासन का केंद्रीकरण, सैन्य शक्ति का सुदृढ़ीकरण और सीमाओं की सुरक्षा था। दक्कन में मुग़ल प्रभाव बढ़ा, पर कंधार और मध्य एशिया में अपेक्षित सफलता नहीं मिली। विशाल निर्माण-कार्यों तथा सैन्य अभियानों से राजकोष पर भारी दबाव पड़ा।

सांस्कृतिक उपलब्धियाँ

शाहजहाँ का काल मुग़ल स्थापत्य का स्वर्ण युग माना जाता है। इस दौर की इमारतों में सफ़ेद संगमरमर, क़ीमती पत्थरों की जड़ाई, सुंदर नक़्क़ाशी और सममित योजना का प्रयोग हुआ। उसने अपनी प्रिय पत्नी मुमताज़ महल की स्मृति में आगरा में ताजमहल बनवाया, जिसका निर्माण लगभग 1632 ई. में शुरू हुआ और मुख्य मक़बरा लगभग 1648 ई. तक पूरा हुआ। उसने दिल्ली में शाहजहानाबाद नामक नई राजधानी बसाई और वहाँ लाल क़िला (1648 ई.) तथा जामा मस्जिद (1650–1656 ई.) बनवाई। आगरा के क़िले में मोती मस्जिद, दीवान-ए-आम और दीवान-ए-ख़ास का निर्माण हुआ, और लाहौर के शालीमार बाग़ का निर्माण भी उसी के काल में हुआ। उसने अपने लिए तख़्त-ए-ताऊस (मयूर सिंहासन) बनवाया, जिसमें सोना, हीरे, मोती, माणिक, पन्ने और अन्य बहुमूल्य रत्न जड़े थे। यह साम्राज्य की समृद्धि और वैभव का प्रतीक था।

शाहजहाँ के दरबार में अनेक कवियों, इतिहासकारों और विद्वानों को आश्रय मिला। अब्दुल हमीद लाहौरी ने उसके काल का प्रसिद्ध ऐतिहासिक ग्रंथ “पादशाहनामा” लिखा। उसके पुत्र दारा शिकोह ने, जो विद्वान और साहित्य-प्रेमी था, उपनिषदों का फ़ारसी अनुवाद करवाया, जो “सिर्र-ए-अकबर” नाम से प्रसिद्ध है। फ़ारसी और संस्कृत के विद्वानों को संरक्षण मिला, और संस्कृत कवि जगन्नाथ पंडितराज को भी दरबार में सम्मान प्राप्त था।

इस काल में मुग़ल चित्रकला का विकास जारी रहा। चित्रों में राजदरबार, शाही जीवन, प्राकृतिक दृश्य और बादशाह की भव्यता का चित्रण हुआ, और रंगों की बारीकी तथा सुनहरे रंगों के प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। शाहजहाँ स्वयं संगीत-प्रेमी था और उसके दरबार में अनेक प्रसिद्ध गायक-संगीतकार रहते थे। इनमें लाल ख़ान को विशेष सम्मान मिला और उसे “गुणसमुद्र” की उपाधि दी गई।

शाहजहाँ का शासनकाल मुग़ल कला, साहित्य, संगीत और स्थापत्य की उन्नति का महत्त्वपूर्ण काल था। ताजमहल, लाल क़िला और जामा मस्जिद जैसी इमारतें उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियों की अमूल्य धरोहर हैं, और इसी कारण वह एक महान निर्माता तथा कला-संस्कृति के संरक्षक के रूप में प्रसिद्ध है।

उत्तराधिकार का युद्ध (1657–1659 ई.)

मुख्य लेख : शाहजहाँ के पुत्रों में  उत्तराधिकार का युद्ध 

सितंबर 1657 ई. में शाहजहाँ गंभीर रूप से बीमार पड़ा। तब उसके चारों पुत्रों, दारा शिकोह, औरंगज़ेब, शाह शुजा और मुराद बख़्श, के बीच मुग़ल सिंहासन के लिए उत्तराधिकार का युद्ध छिड़ गया, जो 1657 से 1659 ई. तक चला।

इसके मूल में कई कारण थे। मुग़लों में ज्येष्ठाधिकार का कोई निश्चित नियम नहीं था और गद्दी का फ़ैसला प्रायः सैन्य शक्ति से होता था। शाहजहाँ अपने बड़े पुत्र दारा शिकोह को उत्तराधिकारी बनाना चाहता था, जबकि अन्य तीनों भाई भी सिंहासन के दावेदार थे।

युद्ध की पहली बड़ी लड़ाई बहादुरपुर (बनारस के निकट) में 14 फ़रवरी 1658 ई. को हुई, जिसमें दारा के पुत्र सुलेमान शिकोह और मिर्ज़ा राजा जयसिंह की सेना ने शाह शुजा को हराया। इसके बाद 15 अप्रैल 1658 ई. को उज्जैन के निकट धरमत में औरंगज़ेब और मुराद की संयुक्त सेना ने राजा जसवंत सिंह के नेतृत्व वाली शाही सेना को पराजित किया। 29 मई 1658 ई. को सामूगढ़ में हुई निर्णायक लड़ाई में औरंगज़ेब और मुराद ने दारा शिकोह को पराजित किया। इसके बाद औरंगज़ेब ने आगरा पर अधिकार कर लिया और जून 1658 ई. में शाहजहाँ को आगरा के क़िले में नज़रबंद कर दिया। जनवरी 1659 ई. में खजवा में औरंगज़ेब ने शाह शुजा को हराया, और अप्रैल 1659 ई. में अजमेर के निकट देवराई की लड़ाई में दारा की अंतिम पराजय हुई।

परिणामस्वरूप औरंगज़ेब ने मुग़ल सिंहासन पर अधिकार कर लिया। उसका पहला राज्याभिषेक 31 जुलाई 1658 ई. को और दूसरा 5 जून 1659 ई. को हुआ। दारा शिकोह को अगस्त 1659 ई. में मृत्युदंड दिया गया। मुराद बख़्श को क़ैद कर लिया गया और 1661 ई. में उसकी हत्या करवा दी गई। पराजित शाह शुजा अराकान (वर्तमान म्यांमार का क्षेत्र) भाग गया, किंतु उसकी मृत्यु की परिस्थितियाँ निश्चित रूप से ज्ञात नहीं हैं।

नज़रबंदी में शाहजहाँ ने अपने जीवन के लगभग आठ अंतिम वर्ष आगरा के क़िले में बिताए, जहाँ से वह ताजमहल को देख सकता था। 22 जनवरी 1666 ई. को आगरा में उसका निधन हुआ और उसे ताजमहल में मुमताज़ महल की क़ब्र के बगल में दफ़नाया गया।

औरंगज़ेब (1658–1707 ई.)

मुख्य लेख : औरंगज़ेब

औरंगज़ेब का पूरा नाम मुहीउद्दीन मुहम्मद औरंगज़ेब आलमगीर था। उसका जन्म 3 नवंबर 1618 ई. को गुजरात के दाहोद में हुआ। वह शाहजहाँ और मुमताज़ महल का तीसरा पुत्र था। उसने शिक्षा-दीक्षा मुग़ल राजसी परंपरा के अनुसार पाई और अरबी-फ़ारसी तथा इस्लामी धर्मशास्त्र का गहरा अध्ययन किया। 1658 ई. में उत्तराधिकार के युद्ध में अपने भाइयों को पराजित कर और पिता शाहजहाँ को क़ैद करके उसने मुग़ल सिंहासन प्राप्त किया। उसका पहला राज्याभिषेक 31 जुलाई 1658 ई. को दिल्ली में हुआ और दूसरा, अधिक औपचारिक राज्याभिषेक 5 जून 1659 ई. को हुआ। उसने “आलमगीर” (विश्व-विजेता) की उपाधि धारण की। उसने लगभग 49 वर्ष शासन किया, जो 1707 ई. तक चला।

उसके काल में साम्राज्य का क्षेत्रीय विस्तार चरम पर पहुँचा और मुग़ल प्रभाव भारतीय उपमहाद्वीप के लगभग पूरे भाग में फैल गया, किंतु आंतरिक कमज़ोरियाँ भी गंभीर रूप से बढ़ गईं। वह धार्मिक दृष्टि से रूढ़िवादी शासक था। उसने 1679 ई. में ग़ैर-मुसलमानों पर जज़िया दोबारा लगाया और 1675 ई. में सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग़ बहादुर, को मृत्युदंड दिया। दक्कन में उसने 1686 ई. में बीजापुर और 1687 ई. में गोलकुंडा पर अधिकार कर लिया और मराठों से लंबे समय तक संघर्ष करता रहा। शिवाजी और उनके उत्तराधिकारियों के नेतृत्व में मराठों ने मुग़लों को कड़ी चुनौती दी। इसके अलावा उसके शासनकाल में जाटों, सतनामियों, सिखों और अहोमों ने भी विद्रोह किए। दक्षिण भारत के लगातार युद्धों से मुग़ल ख़ज़ाना ख़ाली होने लगा और प्रशासन कमज़ोर पड़ गया। 1707 ई. में उसकी मृत्यु के बाद साम्राज्य के पतन और विघटन की प्रक्रिया तेज़ हो गई।

 मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
औरंगज़ेब

औरंगज़ेब बचपन से ही गंभीर, अनुशासित और धार्मिक प्रवृत्ति का था। उसका जीवन सादा था। कहा जाता है कि वह टोपियाँ सिलकर और क़ुरान की प्रतियाँ लिखकर अपना निजी ख़र्च चलाता था। शाहजहाँ के काल में उसने अनेक महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक और सैनिक पदों पर कार्य किया तथा दक्कन, गुजरात और मुल्तान का सूबेदार रहा। दक्कन की सूबेदारी के दौरान उसने मुर्शिद क़ुली ख़ान की सहायता से राजस्व-व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया। उसने बल्ख़-बदख़्शाँ और कंधार के अभियानों में भी भाग लिया। इससे उसे शासन और सैन्य संचालन का पर्याप्त अनुभव मिला। उसमें राजनीतिक चतुराई, सैन्य कौशल, धैर्य और कठोर निर्णय लेने की क्षमता थी।

उत्तराधिकार का संघर्ष

सितंबर 1657 ई. में शाहजहाँ की बीमारी के बाद उसके चारों पुत्रों में सत्ता-संघर्ष छिड़ गया। मुग़लों में ज्येष्ठाधिकार का कोई निश्चित नियम नहीं था, इसलिए गद्दी का फ़ैसला प्रायः तलवार से होता था। दारा शिकोह शाहजहाँ का प्रिय पुत्र था और शाहजहाँ ने उसे उत्तराधिकारी बनाने की इच्छा व्यक्त की थी। शुजा बंगाल का सूबेदार था, मुराद गुजरात का और औरंगज़ेब दक्कन में अपनी स्थिति मज़बूत कर रहा था।

औरंगज़ेब ने पहले मुराद से गठबंधन किया। 15 अप्रैल 1658 ई. को उज्जैन के निकट धरमत के युद्ध में दोनों की संयुक्त सेना ने जसवंत सिंह के नेतृत्व वाली शाही सेना को हराया। इसके बाद 29 मई 1658 ई. को सामूगढ़ के निर्णायक युद्ध में उन्होंने दारा शिकोह को पराजित किया। फिर उसने आगरा पर अधिकार कर शाहजहाँ को आगरा के क़िले में क़ैद कर लिया। मुराद को उसने धोखे से बंदी बना लिया और बाद में 1661 ई. में मरवा दिया। जनवरी 1659 ई. में खजवा के युद्ध में उसने शुजा को हराया और 1659 ई. में अजमेर के निकट देवराई की लड़ाई में दारा की अंतिम पराजय हुई। दारा शिकोह को अगस्त 1659 ई. में मृत्युदंड दिया गया, जबकि शुजा पराजित होकर अराकान की ओर भाग गया। इस प्रकार औरंगज़ेब मुग़ल साम्राज्य का निर्विवाद शासक बन गया।

शासन के आरंभिक वर्षों में औरंगज़ेब की नीति पूर्ववर्ती मुग़ल शासकों की तरह विरोधियों को पराजित कर उन्हें साम्राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में सम्मिलित करने की थी। किंतु दक्कन में मराठा शक्ति के उदय ने उसके सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी। शिवाजी ने बीजापुर और मुग़ल साम्राज्य के विरुद्ध संघर्ष करते हुए मराठा शक्ति को संगठित किया। उन्होंने पश्चिमी भारत में अनेक क़िलों पर अधिकार किया और मुग़ल क्षेत्रों पर आक्रमण किए।

औरंगज़ेब ने शिवाजी को दबाने के लिए पहले दक्कन के सूबेदार शाइस्ता ख़ान को भेजा। 1663 ई. में पुणे में शिवाजी ने रात्रि-आक्रमण करके शाइस्ता ख़ान पर हमला किया, जिसमें वह घायल हुआ और उसकी उँगलियाँ कट गईं। 1664 ई. में शिवाजी ने मुग़लों के समृद्ध बंदरगाह-नगर सूरत को लूटा और 1670 ई. में उस पर दोबारा आक्रमण किया। इन आक्रमणों से मुग़ल साम्राज्य को आर्थिक और राजनीतिक चुनौती मिली।

इसके बाद औरंगज़ेब ने मिर्ज़ा राजा जयसिंह को शिवाजी के विरुद्ध भेजा। जयसिंह के दबाव में 1665 ई. में पुरंदर की संधि हुई। इसके अनुसार शिवाजी को अपने 23 क़िले मुग़लों को सौंपने पड़े और केवल 12 क़िले अपने पास रखने की अनुमति मिली। शिवाजी ने मुग़लों की सेवा स्वीकार की और उनके पुत्र संभाजी को मुग़ल मनसब दिया गया।

1666 ई. में शिवाजी औरंगज़ेब के दरबार में आगरा पहुँचे, जहाँ उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उन्हें नज़रबंद कर दिया गया, किंतु वे चतुराई से वहाँ से निकल भागे। इसके बाद मुग़ल-मराठा संघर्ष और तीव्र हो गया। 1674 ई. में शिवाजी ने रायगढ़ में छत्रपति की उपाधि धारण कर अपना राज्याभिषेक करवाया, जिससे मराठा सत्ता को स्वतंत्र राजनीतिक पहचान मिली। 1680 ई. में शिवाजी की मृत्यु हो गई।

धार्मिक नीति एवं जज़िया की पुनः स्थापना

औरंगज़ेब की धार्मिक नीति उसके शासनकाल की सबसे विवादास्पद विशेषता थी। वह सुन्नी इस्लाम की रूढ़िवादी व्याख्या का समर्थक था और शासन में धार्मिक नियमों को अधिक महत्त्व देता था। उसने शरीयत के अनुसार शासन चलाने के लिए “फ़तवा-ए-आलमगीरी” नामक विधि-संग्रह का संकलन करवाया।

1679 ई. में औरंगज़ेब ने ग़ैर-मुस्लिम प्रजा पर जज़िया कर पुनः लगा दिया, जिसे अकबर ने 1564 ई. में समाप्त कर दिया था। इस कर की ऐतिहासिक परंपरा इस्लामी राज्यों में विद्यमान थी। इसके विरोध में दिल्ली में प्रजा ने प्रदर्शन भी किए, पर बादशाह अपने निर्णय पर डटा रहा।

औरंगज़ेब ने सार्वजनिक जीवन को इस्लामी रूढ़िवादी मान्यताओं के अनुरूप बनाने के लिए कुछ आदेश जारी किए। उसने मुहतसिब नामक अधिकारियों को नैतिक और धार्मिक नियमों के पालन की निगरानी सौंपी। सिक्कों पर कलमा अंकित करने की परंपरा समाप्त की गई, ताकि सिक्कों के अपवित्र होने की आशंका न रहे। दरबार में नौरोज़ जैसे उत्सव, झरोखा-दर्शन और तुलादान जैसी प्रथाएँ बंद कर दी गईं। दरबार में संगीत पर भी रोक लगाई गई, जिसके संबंध में प्रसिद्ध है कि संगीतकारों ने प्रतीकात्मक रूप से संगीत की अर्थी निकाली। उसने राजकीय इतिहास-लेखन को भी बंद करवा दिया। इसके अतिरिक्त कुछ हिंदू रीति-रिवाजों पर भी प्रतिबंध लगाए गए। व्यापारिक कर के क्षेत्र में मुसलमानों से कम और हिंदुओं से अधिक चुंगी लेने का प्रावधान भी किया गया, जिसका बाद में आंशिक रूप से संशोधन हुआ।

औरंगज़ेब के शासनकाल में अनेक मंदिरों और धार्मिक स्थलों को नष्ट करने के आदेश दिए गए। इनमें 1669 ई. में काशी के विश्वनाथ मंदिर और 1670 ई. में मथुरा के केशवदेव मंदिर के विध्वंस का उल्लेख मिलता है। कुछ मंदिरों के विध्वंस के पीछे राजनीतिक विद्रोह, राजकीय दंड और धार्मिक विचारधारा जैसे विभिन्न कारण भी थे। दूसरी ओर, कुछ मंदिरों, मठों और धर्मस्थलों को उसने जागीरें और अनुदान भी दिए। इस नीति से हिंदू समुदाय के एक वर्ग में असंतोष बढ़ा और मुग़ल साम्राज्य को मिलने वाला राजपूत सहयोग कमज़ोर हुआ।

ध्यातव्य है कि औरंगज़ेब के शासनकाल में हिंदू अधिकारी प्रशासन से पूरी तरह बाहर नहीं किए गए थे। अनेक हिंदू मनसबदार और राजस्व अधिकारी मुग़ल प्रशासन में कार्यरत रहे। इतिहासकारों के अनुसार उसके काल में हिंदू मनसबदारों की संख्या पूर्ववर्ती शासकों की तुलना में कम नहीं हुई, बल्कि दक्कन की विजयों के बाद मराठा सरदारों के शामिल होने से बढ़ी। फिर भी उसकी धार्मिक नीति ने विभिन्न समुदायों के बीच तनाव बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राजपूतों के साथ संघर्ष

अकबर, जहाँगीर और शाहजहाँ के समय राजपूतों को मुग़ल प्रशासन में महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। औरंगज़ेब के शासन के उत्तरार्ध में यह नीति बदल गई और मारवाड़ के उत्तराधिकार के प्रश्न पर मुग़लों तथा राजपूतों के बीच संघर्ष उत्पन्न हो गया।

1678 ई. में मारवाड़ के शासक जसवंत सिंह की मृत्यु अफ़ग़ानिस्तान के जमरूद में हुई। उस समय उनका कोई उत्तराधिकारी जीवित नहीं था। बाद में उनकी रानी ने एक पुत्र अजीत सिंह को जन्म दिया। औरंगज़ेब ने अजीत सिंह को मान्यता देने के बजाय मारवाड़ को खालसा भूमि घोषित कर उस पर मुग़ल नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया और जोधपुर पर अधिकार कर लिया। इसके विरोध में दुर्गादास राठौड़ के नेतृत्व में राजपूतों ने अजीत सिंह को सुरक्षित निकालकर संघर्ष आरंभ कर दिया। मेवाड़ के राणा राज सिंह ने भी उनका समर्थन किया।

1680–1681 ई. में राजपूत विद्रोह ने मुग़ल साम्राज्य की स्थिति को कमज़ोर कर दिया। औरंगज़ेब के पुत्र शहज़ादा अकबर ने भी विद्रोही राजपूतों का साथ दिया और स्वयं को बादशाह घोषित कर दिया। किंतु औरंगज़ेब की कूटनीति से यह विद्रोह विफल हुआ और अकबर को पहले मराठों के पास और फिर फ़ारस भागना पड़ा। इस संघर्ष का परिणाम यह हुआ कि मुग़लों और राजपूतों के पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों में दरार पड़ गई, और औरंगज़ेब को अपनी सेना का बड़ा भाग राजपूताने में उलझाना पड़ा।

सिखों के साथ संघर्ष

औरंगज़ेब के शासनकाल में सिखों और मुग़ल सत्ता के बीच तनाव बढ़ा। 1675 ई. में नौवें सिख गुरु तेग़ बहादुर को दिल्ली में मृत्युदंड दिया गया। परंपरा के अनुसार गुरु जी ने कश्मीरी पंडितों के धर्म-परिवर्तन के विरोध में उनका पक्ष लिया था, और उनके बलिदान का स्थान आज दिल्ली का शीशगंज गुरुद्वारा माना जाता है। इस घटना से सिख समुदाय में गहरा असंतोष उत्पन्न हुआ। उनके उत्तराधिकारी गुरु गोबिंद सिंह ने सिखों को संगठित कर मुग़ल सत्ता के विरुद्ध संघर्ष जारी रखा। 1699 ई. में उन्होंने आनंदपुर साहिब में खालसा पंथ की स्थापना की, जिससे सिख समुदाय को संगठित धार्मिक और सैनिक स्वरूप मिला। इसके बाद पहाड़ी राजाओं और मुग़ल सेनाओं के साथ उनके कई संघर्ष हुए, जिनमें चमकौर और सरहिंद की घटनाएँ विशेष उल्लेखनीय हैं।

जाट, सतनामी एवं अन्य विद्रोह

जाट विद्रोह का प्रमुख क्षेत्र मथुरा और उसके आसपास का इलाक़ा था। 1669 ई. में गोकुल जाट के नेतृत्व में पहला बड़ा विद्रोह हुआ, जिसे दबाकर गोकुल को मृत्युदंड दिया गया। इसके बाद राजाराम और चूड़ामन जैसे नेताओं ने जाट शक्ति को संगठित किया। राजाराम ने अकबर के मक़बरे (सिकंदरा) को भी लूटा।

1672 ई. में नारनौल के निकट सतनामियों ने मुग़ल अधिकारियों के विरुद्ध विद्रोह किया। यह विद्रोह प्रशासनिक दमन, आर्थिक शोषण और धार्मिक-सामाजिक तनावों से जुड़ा था। यद्यपि मुग़ल सेना ने इन विद्रोहों को दबा दिया, परंतु इनसे साम्राज्य की आंतरिक स्थिति कमज़ोर हो गई।

पूर्वोत्तर में अहोम शासकों के साथ भी संघर्ष हुआ। मीर जुमला ने 1662–63 ई. में असम पर आक्रमण किया, पर वर्षा और रोगों के कारण मुग़लों को पीछे हटना पड़ा और बाद में अहोमों ने गुवाहाटी पुनः जीत लिया।

औरंगज़ेब की दक्कन नीति

दक्कन नीति औरंगज़ेब के शासन की सबसे महत्त्वपूर्ण राजनीतिक और सैनिक नीति थी। इसका उद्देश्य दक्षिण भारत के स्वतंत्र राज्यों को मुग़ल साम्राज्य में मिलाना और मराठा शक्ति को समाप्त करना था। इसके पीछे यह धारणा भी थी कि बीजापुर और गोलकुंडा मराठों को सहायता देते थे।

1686 ई. में औरंगज़ेब ने बीजापुर पर अधिकार किया और उसके अंतिम शासक सिकंदर आदिलशाह को बंदी बनाया। 1687 ई. में उसने गोलकुंडा को मुग़ल साम्राज्य में मिला लिया और अंतिम क़ुतुबशाही शासक अबुल हसन ताना शाह को क़ैद कर लिया। इन विजयों से साम्राज्य का क्षेत्रफल बहुत बढ़ गया। 1689 ई. में उसने मराठा शासक संभाजी को पकड़कर मृत्युदंड दे दिया। इसके बाद भी मराठा शक्ति समाप्त नहीं हुई, बल्कि राजाराम और फिर ताराबाई के नेतृत्व में संघर्ष चलता रहा। राजाराम ने जिंजी (तमिलनाडु) को अपना केंद्र बनाया, जिसे मुग़लों ने 1698 ई. में जीता। मराठों ने छापामार युद्ध-पद्धति अपनाकर मुग़ल सेना को लंबे समय तक परेशान किया।

औरंगज़ेब ने अपने जीवन के अंतिम लगभग 25 वर्ष (1682–1707 ई.) दक्कन में बिताए। उसने अनेक मराठा क़िलों पर अधिकार के लिए अभियान चलाए, परंतु मराठा प्रतिरोध को पूरी तरह समाप्त नहीं कर सका। इन अभियानों में साम्राज्य का अत्यधिक धन, सैन्य शक्ति और प्रशासनिक संसाधन ख़र्च हुए। साथ ही उत्तर भारत उसकी अनुपस्थिति में उपेक्षित रहा और वहाँ प्रशासन शिथिल होता गया।

3 मार्च 1707 ई. को लगभग 88 वर्ष की आयु में औरंगज़ेब की मृत्यु अहमदनगर के निकट हुई। उसकी इच्छा के अनुसार उसे दौलताबाद के निकट ख़ुल्दाबाद (औरंगाबाद के पास) में एक साधारण क़ब्र में दफ़नाया गया। इसके बाद उत्तराधिकार के संघर्ष तेज़ हो गए और केंद्रीय सत्ता का विघटन आरंभ हो गया। उसके पुत्रों में बहादुर शाह प्रथम (मुअज़्ज़म) विजयी हुआ।

उसके शासनकाल में मुग़ल साम्राज्य का भौगोलिक विस्तार सर्वोच्च स्तर पर पहुँचा। दक्षिण में उसका प्रभाव तंजावुर और त्रिचिनापल्ली तक फैल गया। किंतु इतने विशाल साम्राज्य को नियंत्रित करना अत्यंत कठिन हो गया। लगातार युद्धों से राजकोष पर भारी दबाव पड़ा। जागीरों की उपलब्धता और मनसबदारों की संख्या के बीच असंतुलन बढ़ा, जिसे इतिहासकार “जागीरदारी संकट” कहते हैं। किसानों पर राजस्व का बोझ बढ़ा और प्रशासनिक व्यवस्था कमज़ोर होती गई। मराठों, राजपूतों, सिखों, जाटों तथा अन्य क्षेत्रीय शक्तियों के विद्रोहों ने मुग़ल सत्ता को चुनौती दी।

इस प्रकार औरंगज़ेब व्यक्तिगत रूप से परिश्रमी, अनुशासित और सादगीपसंद शासक था, पर उसकी धार्मिक नीति और लंबी दक्कन नीति के परिणाम साम्राज्य के लिए घातक सिद्ध हुए। इतिहासकारों में इस पर मतभेद है कि मुग़ल पतन में उसकी नीतियों की भूमिका कितनी थी। कुछ विद्वान जागीरदारी संकट और आर्थिक कारणों को अधिक महत्त्व देते हैं, जबकि अन्य उसकी धार्मिक नीति और दक्कन अभियानों को प्रमुख कारण मानते हैं। फिर भी यह निर्विवाद है कि उसकी मृत्यु के बाद साम्राज्य तेज़ी से कमज़ोर होता गया।

परवर्ती मुग़ल बादशाह (1707-1857 ई.)

मुख्य लेख : परवर्ती मुगल शासक 

औरंगजेब की मृत्यु के बाद जिन ग्यारह मुगल बादशाहों  ने भारत पर शासन किया, उन्हें ‘उत्तरकालीन मुगल सम्राट’ कहा जाता है। मुगल साम्राज्य अपने अभूतपूर्व विस्तार, विशाल सैन्य शक्ति, और सांस्कृतिक उपलब्धियों के बावजूद अठारहवीं शताब्दी के आरंभ में अवनति की ओर बढ़ने लगा था। औरंगजेब का शासनकाल मुगलों का सांध्यकाल था, क्योंकि इस समय मुगल साम्राज्य को अनेक समस्याओं ने कमजोर करना शुरू कर दिया था। औरंगजेब की मृत्यु के बाद के बावन वर्षों में आठ बादशाह दिल्ली की गद्दी पर आसीन हुए, किंतु वे इतने अयोग्य और दुर्बल थे कि पतनशील साम्राज्य को संभाल नहीं सके। देश के विभिन्न भागों में देशी और विदेशी शक्तियों ने छोटे-बड़े राज्य स्थापित कर लिए। बंगाल, अवध, और दकन जैसे अनेक प्रदेश मुगल नियंत्रण से बाहर हो गए। दक्षिण में निजाम-उल-मुल्क, बंगाल में मुर्शिद कुली खाँ, और अवध में सआदत अली खाँ ने अपनी स्वतंत्रता घोषित कर दी। इसी मार्ग का अनुसरण रुहेलखंड के अफगान पठानों ने भी किया। मराठों ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मालवा और गुजरात पर अधिकार करके पुणे को अपनी राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना लिया। इसके बावजूद, मुगल साम्राज्य का प्रभाव इतना था कि इसका पतन धीमी गति से हुआ। अठारहवीं शताब्दी के चौथे दशक के अंत से उत्तर-पश्चिम की ओर से विदेशी आक्रमणकारियों ने साम्राज्य पर प्रहार शुरू कर दिया, और यूरोपीय व्यापारिक कंपनियाँ भी भारतीय राजनीति में हस्तक्षेप करने लगीं। वास्तव में, 1737 ई. में बाजीराव प्रथम और 1739 ई. में नादिरशाह के दिल्ली पर आक्रमणों ने मुगल साम्राज्य की कमजोरी को उजागर कर दिया और 1740 ई. के बाद इसका पतन स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा।

 मुगल साम्राज्य (The Mughal Empire)
परवर्ती मुगल सम्राट

औरंगज़ेब की मृत्यु के बाद मुग़ल साम्राज्य में राजनीतिक अस्थिरता और प्रशासनिक कमज़ोरी लगातार बढ़ती गई। उत्तराधिकारी शासक साम्राज्य की विशालता, आर्थिक संकट, सैनिक कमज़ोरी और क्षेत्रीय शक्तियों के बढ़ते प्रभाव को नियंत्रित करने में असफल रहे। केंद्रीय सत्ता का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त होने लगा और प्रांतीय शासकों तथा शक्तिशाली अमीरों की स्वायत्तता बढ़ती गई। मुग़ल साम्राज्य का पतन किसी एक घटना का परिणाम नहीं था, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक, आर्थिक, सैनिक और प्रशासनिक कारणों का संयुक्त प्रभाव था।

मुहम्मद आज़म शाह (1707 ई.)

मुख्य लेख : मुहम्मद आज़म शाह

मुहम्मद आज़म शाह का पूरा नाम मिर्ज़ा अबुल-फ़ैज़ क़ुतुबुद्दीन मुहम्मद आज़म था। उसका जन्म 28 जून 1653 ई. को बुरहानपुर के शाही क़िले में हुआ था। वह मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब और प्रमुख पत्नी दिलरस बानो बेगम का पुत्र था तथा तैमूरी वंश से संबंधित था। वह सुन्नी इस्लाम के हनफ़ी मत का अनुयायी था। आज़म शाह का पालन-पोषण शाही वातावरण में हुआ और बचपन से ही उसे शासन, युद्धकला तथा प्रशासन की शिक्षा दी गई। औरंगज़ेब ने उसे विभिन्न प्रशासनिक ज़िम्मेदारियाँ सौंपी थीं। वह बरार, मालवा और गुजरात जैसे महत्त्वपूर्ण प्रांतों का सूबेदार रहा तथा प्रशासनिक कार्यों के साथ सैन्य अभियानों में भी सक्रिय रहा। बंगाल में अपने कार्यकाल के दौरान उसने ढाका में लालबाग़ क़िले के निर्माण की शुरुआत करवाई, किंतु इसका निर्माण उसके समय में पूरा नहीं हो सका। 1669 ई. में उसका विवाह जहाँज़ेब बानो बेगम से हुआ था। इसके अतिरिक्त उसका विवाह रहमत बानो बेगम सहित अन्य स्त्रियों से भी हुआ था। उसकी कई संतानें थीं, जिनमें बेदार बख़्त, जवाँ बख़्त और सिकंदर शान प्रमुख थे।

औरंगज़ेब की मृत्यु के बाद मुग़ल सिंहासन के लिए उत्तराधिकार का संघर्ष शुरू हो गया। मुहम्मद आज़म शाह ने स्वयं को बादशाह घोषित करके सिंहासन पर अधिकार करने का प्रयास किया, किंतु उसके बड़े भाई मुअज़्ज़म ने चुनौती दी, जो आगे चलकर बहादुर शाह प्रथम कहलाया। दोनों भाइयों के बीच 12 जून 1707 ई. को आगरा के निकट जाजऊ का निर्णायक युद्ध हुआ, जिसमें आज़म शाह और उसका पुत्र बेदार बख़्त पराजित होकर मारे गए। उस समय आज़म शाह की आयु लगभग 53 वर्ष थी। उसे महाराष्ट्र के ख़ुल्दाबाद में दफ़नाया गया। इस प्रकार मुहम्मद आज़म शाह मुग़ल इतिहास का एक महत्त्वपूर्ण शहज़ादा था, जिसने प्रशासनिक और सैन्य ज़िम्मेदारियाँ निभाईं, किंतु उत्तराधिकार के युद्ध में पराजित होने के कारण उसे साम्राज्य पर शासन करने का अवसर नहीं मिला। उसका जीवन मुग़ल राजवंश के सत्ता-संघर्ष और राजनीतिक अस्थिरता का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है।

बहादुर शाह प्रथम (1707–1712 ई.)

मुख्य लेख : बहादुर शाह प्रथम

बहादुर शाह प्रथम का मूल नाम मिर्ज़ा मुहम्मद मुअज़्ज़म था। वह औरंगज़ेब का दूसरा पुत्र था और उसका जन्म 14 अक्टूबर 1643 ई. को बुरहानपुर में हुआ था। उसने 19 जून 1707 ई. से 27 फ़रवरी 1712 ई. तक शासन किया। 1707 ई. में औरंगज़ेब की मृत्यु के बाद मुअज़्ज़म, आज़म शाह और कामबख़्श के बीच उत्तराधिकार का संघर्ष शुरू हुआ। 12 जून 1707 ई. को आगरा के निकट जाजऊ के युद्ध में मुअज़्ज़म ने आज़म शाह और उसके पुत्र बेदार बख़्त को पराजित कर दिया, जिसमें दोनों मारे गए। इसके बाद उसने बहादुर शाह प्रथम के नाम से मुग़ल सिंहासन ग्रहण किया। जनवरी 1709 ई. में हैदराबाद के निकट हुए युद्ध में उसने अपने छोटे भाई कामबख़्श को भी पराजित कर दिया, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। इस प्रकार बहादुर शाह प्रथम ने अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों को समाप्त करके साम्राज्य पर अधिकार स्थापित किया। गद्दी पर बैठते समय उसकी आयु लगभग 63 वर्ष थी। उसने औरंगज़ेब की कठोर धार्मिक एवं राजनीतिक नीतियों में परिवर्तन करने का प्रयास किया तथा विभिन्न राजनीतिक शक्तियों के साथ समझौते की नीति अपनाई। उसने मुनइम ख़ान को वज़ीर, असद ख़ान को वकील-ए-मुतलक़ और ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान को मीर बख़्शी नियुक्त किया, किंतु शक्तिशाली अमीरों के बढ़ते प्रभाव से दरबार में गुटबाज़ी और षड्यंत्रों को प्रोत्साहन मिला तथा केंद्रीय सत्ता लगातार कमज़ोर होती गई।

बहादुर शाह प्रथम (Bahadur Shah I)
बहादुर शाह प्रथम

बहादुर शाह प्रथम ने राजपूतों, सिखों और मराठों के साथ संबंध सुधारने का प्रयास किया, किंतु इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाल सका। राजपूतों के प्रति समझौते की नीति अपनाते हुए उसने मारवाड़ के राजा अजीत सिंह को 3500 का मनसब और महाराजा की उपाधि प्रदान की तथा बाद में राजपूतों की स्वतंत्र स्थिति को भी स्वीकार कर लिया। सिखों के साथ उसके संबंध आरंभ में मैत्रीपूर्ण थे और उत्तराधिकार के युद्ध में गुरु गोबिंद सिंह ने मुअज़्ज़म का समर्थन किया था। किंतु 1708 ई. में गुरु गोबिंद सिंह के निधन के बाद बंदा सिंह बहादुर के नेतृत्व में सिखों ने मुग़ल सत्ता के विरुद्ध संघर्ष शुरू कर दिया। सिख शक्ति को नियंत्रित करने के लिए बहादुर शाह ने 1710 ई. में सढ़ौरा और लोहगढ़ के क्षेत्रों में सैन्य अभियान चलाया, किंतु सिख प्रतिरोध समाप्त नहीं हुआ। मराठों के प्रति भी उसकी नीति स्पष्ट नहीं थी। उसने शाहू के साथ समझौते का प्रयास किया, किंतु चौथ और सरदेशमुखी के अधिकारों को स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं किया, जिसके कारण मराठों और मुग़लों के बीच संघर्ष जारी रहा। उसके शासनकाल में ईरानी और तूरानी अमीरों के बीच गुटबाज़ी बढ़ी तथा प्रांतीय शासकों की स्वायत्तता में वृद्धि हुई। इतिहासकार ख़फ़ी ख़ान ने प्रशासनिक उदासीनता के कारण उसे ‘शाह-ए-बेख़बर’ कहा है। बहादुर शाह प्रथम की मृत्यु 27 फ़रवरी 1712 ई. को लाहौर में हुई। इतिहासकार सिडनी ओवेन ने उसे ऐसा अंतिम मुग़ल बादशाह माना है जिसके बारे में कुछ अच्छे शब्द कहे जा सकते हैं। बहादुर शाह प्रथम का शासनकाल मुग़ल साम्राज्य के क्रमिक पतन का आरंभिक चरण सिद्ध हुआ।

जहाँदार शाह (1712–1713 ई.)

मुख्य लेख : जहाँदार शाह

जहाँदार शाह ने 1712 से 1713 ई. तक मुग़ल साम्राज्य पर शासन किया। वह बहादुर शाह प्रथम का ज्येष्ठ पुत्र था और उसका जन्म 10 मई 1661 ई. को हुआ था। उसका शासनकाल मुग़ल साम्राज्य के पतन के आरंभिक चरण का महत्त्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है। 1712 ई. में बहादुर शाह प्रथम की मृत्यु के बाद उसके पुत्रों—जहाँदार शाह, अज़ीम-उश-शान, जहाँ शाह और रफ़ी-उश-शान के बीच सिंहासन के लिए उत्तराधिकार संघर्ष छिड़ गया। मुग़ल साम्राज्य में उत्तराधिकार का कोई निश्चित नियम नहीं था, इसलिए राजकुमारों के बीच सैन्य संघर्ष के माध्यम से सत्ता का निर्णय होता था। इस संघर्ष में जहाँदार शाह को मीर बख़्शी ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान का महत्त्वपूर्ण सहयोग मिला। अज़ीम-उश-शान लाहौर के निकट हुए संघर्ष में मारा गया, जबकि जहान शाह और रफ़ी-उश-शान भी पराजित हुए। अंततः ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान की सैन्य एवं राजनीतिक सहायता से जहाँदार शाह ने मुग़ल सिंहासन प्राप्त कर लिया। हालाँकि, इस विजय ने ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान की राजनीतिक स्थिति को अत्यधिक मज़बूत कर दिया और बादशाह की सत्ता आरंभ से ही उसके प्रभाव में आ गई। जहाँदार शाह का शासन लगभग एक वर्ष तक चला। इस दौरान केंद्रीय सत्ता कमज़ोर बनी रही और दरबारी अमीरों का प्रभाव लगातार बढ़ता गया। जहाँदार शाह प्रशासनिक कार्यों में विशेष रुचि नहीं लेता था तथा अपना अधिकांश समय मनोरंजन और विलासिता में व्यतीत करता था। परिणामस्वरूप शासन के महत्त्वपूर्ण निर्णयों पर उसका नियंत्रण सीमित हो गया। वज़ीर के रूप में ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान ने प्रशासन और राजनीति पर व्यापक प्रभाव स्थापित कर लिया तथा साम्राज्य की नीतियों, नियुक्तियों और महत्त्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावित करने लगा। इस प्रकार वास्तविक सत्ता का बड़ा हिस्सा शक्तिशाली अमीरों के हाथों में केंद्रित होता गया। जहाँदार शाह के निजी जीवन में लाल कुँवर का विशेष स्थान था। बादशाह का उसके प्रति अत्यधिक लगाव और उसे दिया गया विशेष सम्मान दरबार में आलोचना का विषय बना। अनेक परंपरावादी अमीरों और अधिकारियों ने इस व्यवहार को मुग़ल शाही परंपराओं के प्रतिकूल माना।

इतिहासकारों ने जहाँदार शाह की विलासी जीवनशैली और निजी रुचियों को उसकी राजनीतिक प्रतिष्ठा में गिरावट का एक कारण बताया है। यद्यपि उसके शासन की कमज़ोरी के लिए केवल व्यक्तिगत विलासिता ही उत्तरदायी नहीं थी; उत्तराधिकार संबंधी संघर्ष, दरबारी गुटबाज़ी और अमीरों की बढ़ती शक्ति भी इसके प्रमुख कारण थे।

जहाँदार शाह के शासनकाल की सबसे महत्त्वपूर्ण राजनीतिक घटना फ़र्रुख़सियर का विद्रोह था। फ़र्रुख़सियर अज़ीम-उश-शान का पुत्र था और मुग़ल सिंहासन पर अधिकार करना चाहता था। उसे सैयद बंधुओं—सैयद अब्दुल्ला ख़ान और सैयद हुसैन अली ख़ान का समर्थन प्राप्त था। सैयद बंधुओं ने फ़र्रुख़सियर के साथ बिहार की ओर से सैन्य अभियान आरंभ किया और धीरे-धीरे दिल्ली की ओर बढ़े। जहाँदार शाह ने इस चुनौती का सामना करने के लिए सेना संगठित की, किंतु जनवरी 1713 ई. में आगरा के निकट हुए निर्णायक युद्ध में उसकी सेना पराजित हो गई। पराजय के बाद जहाँदार शाह दिल्ली भाग गया और उसने ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान के पिता असद ख़ान के यहाँ शरण ली, किंतु अंततः बंदी बना लिया गया। फ़र्रुख़सियर की विजय के बाद 12 फ़रवरी 1713 ई. को दिल्ली में जहाँदार शाह की हत्या कर दी गई और फ़र्रुख़सियर मुग़ल सिंहासन पर बैठा। इतिहासकार ख़फ़ी ख़ान ने जहाँदार शाह की विलासी जीवनशैली और शासन-व्यवस्था की आलोचना की है। उसका शासनकाल मुग़ल बादशाह की घटती केंद्रीय शक्ति, शक्तिशाली अमीरों के बढ़ते हस्तक्षेप, दरबारी गुटबाज़ी और राजनीतिक अस्थिरता का प्रतिनिधि उदाहरण है।

फ़र्रुख़सियर (1713–1719 ई.)

मुख्य लेख : फ़र्रुख़सियर

फ़र्रुख़सियर ने 1713 से 1719 ई. तक मुग़ल साम्राज्य पर शासन किया। वह बहादुर शाह प्रथम का पौत्र और अज़ीम-उश-शान का पुत्र था। उसका जन्म 11 सितंबर 1683 ई. को औरंगाबाद में हुआ था। जनवरी 1713 ई. में सैयद बंधुओं—सैयद अब्दुल्ला ख़ान और सैयद हुसैन अली ख़ान—की सहायता से उसने जहाँदार शाह को पराजित करके मुग़ल सिंहासन प्राप्त किया। सिंहासन प्राप्ति के बाद अब्दुल्ला ख़ान को वज़ीर और हुसैन अली ख़ान को मीर बख़्शी नियुक्त किया गया। धीरे-धीरे सैयद बंधुओं का प्रभाव इतना बढ़ गया कि प्रशासन, सेना और दरबार के महत्त्वपूर्ण निर्णय उनके नियंत्रण में आने लगे। फ़र्रुख़सियर ने अपनी स्वतंत्र सत्ता स्थापित करने के लिए उनके विरोधी अमीरों का सहयोग लेने और दोनों भाइयों की शक्ति कम करने का प्रयास किया, किंतु दरबारी गुटबाज़ी के कारण केंद्रीय शासन और अधिक कमज़ोर होता गया। उसके शासनकाल की एक महत्त्वपूर्ण घटना 1717 ई. का शाही फरमान था, जिसके माध्यम से अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी को बंगाल में वार्षिक तीन हज़ार रुपये के निश्चित भुगतान पर व्यापक व्यापारिक सुविधाएँ और सीमा शुल्क से छूट प्रदान की गई। कंपनी को दस्तक जारी करने का अधिकार भी मिला, जिसका बाद में अंग्रेज़ अधिकारियों ने निजी व्यापार में दुरुपयोग किया। इस फरमान ने बंगाल में अंग्रेज़ी कंपनी की आर्थिक स्थिति को मज़बूत किया और उसके भावी राजनीतिक विस्तार की पृष्ठभूमि तैयार की।

फ़र्रुख़सियर (Farrukhsiyar)
फ़र्रुख़सियर

फ़र्रुख़सियर के शासनकाल में सिख नेता बंदा सिंह बहादुर के विरुद्ध मुग़ल अभियान भी चलाए गए। दिसंबर 1715 ई. में गुरदास नंगल में बंदा सिंह बहादुर को बंदी बनाया गया और 9 जून 1716 ई. को दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई। दूसरी ओर, मराठों की बढ़ती शक्ति को नियंत्रित करने के लिए सैयद हुसैन अली ख़ान ने पेशवा बालाजी विश्वनाथ के साथ समझौते की नीति अपनाई, जिसके अंतर्गत मराठों को दक्कन के छह मुग़ल सूबों से चौथ और सरदेशमुखी वसूलने के अधिकार देने की व्यवस्था की गई। इस नीति से फ़र्रुख़सियर और सैयद बंधुओं के बीच मतभेद और गहरे हो गए। अंततः 1719 ई. में सैयद बंधुओं ने मराठों की सहायता से दिल्ली पर अधिकार कर लिया, फ़र्रुख़सियर को सिंहासन से हटाकर बंदी बना लिया और 19 अप्रैल 1719 ई. को उसकी हत्या कर दी। उसके बाद रफ़ी-उद-दर्जात को मुग़ल सम्राट बनाया गया। फ़र्रुख़सियर का शासनकाल मुग़ल साम्राज्य में केंद्रीय सत्ता की दुर्बलता, सैयद बंधुओं के बढ़ते प्रभाव, क्षेत्रीय शक्तियों के उत्कर्ष और अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी की आर्थिक शक्ति में वृद्धि का महत्त्वपूर्ण चरण था।

रफी उद-दरजात (1719 ई.)

मुख्य लेख : रफी उद-दरजात

रफी उद-दरजात मुगल सम्राट बहादुर शाह प्रथम के पौत्र और राजकुमार रफी-उश-शान के सबसे छोटे पुत्र थे। उनका जन्म 30 नवंबर 1699 ई. को हुआ था। 1713 ई. में फर्रुखसियर को सैयद बंधुओं—सैयद अब्दुल्ला खान और सैयद हुसैन अली खान—की सहायता से मुगल सिंहासन प्राप्त हुआ था, किंतु बाद में फर्रुखसियर और सैयद बंधुओं के बीच मतभेद बढ़ गए। अंततः सैयद बंधुओं ने फर्रुखसियर को पदच्युत कर अप्रैल 1719 ई. में उसकी हत्या करवा दी और 28 फरवरी 1719 ई. को रफी उद-दरजात को सम्राट घोषित किया। उनका शासन लगभग तीन महीने तक चला, किंतु वास्तविक सत्ता सैयद बंधुओं के हाथों में केंद्रित रही। प्रशासनिक नियुक्तियों, सैन्य अभियानों और दरबारी गतिविधियों पर उनका नियंत्रण था, जबकि रफी उद-दरजात नाममात्र के शासक बने रहे। इसी दौरान जजिया कर समाप्त करने की घोषणा की गई। मई 1719 ई. में मुगल राजकुमार नेकोसियार, जो औरंगजेब का पौत्र और मुहम्मद अकबर का पुत्र था, ने आगरा के किले में स्वयं को सम्राट घोषित कर विद्रोह कर दिया। सैयद बंधुओं ने सैनिक कार्रवाई करके आगरा के किले पर अधिकार कर लिया और नेकोसियार को बंदी बनाकर सलीमगढ़ के किले में कैद कर दिया, जहाँ 1723 ई. में उसकी मृत्यु हुई। रफी उद-दरजात पहले से ही क्षय रोग (तपेदिक) से पीड़ित थे और उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। बीमारी के कारण शासन चलाने में असमर्थ होने पर जून 1719 ई. में सैयद बंधुओं ने उनके बड़े भाई रफी उद-दौला को उत्तराधिकारी बनाया, जिन्होंने शाहजहाँ द्वितीय की उपाधि धारण की। रफी उद-दरजात की मृत्यु 1719 ई. में आगरा में हुई; मृत्यु का प्रमुख कारण क्षय रोग माना जाता है, जबकि हत्या की आशंका का कोई निर्णायक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। उनकी पत्नी का नाम इनायत बानू बेगम बताया जाता है और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली में ख्वाजा कुतुबुद्दीन बख्तियार काकी की दरगाह के निकट दफनाया गया। रफी उद-दरजात का अल्पकालीन शासन मुगल साम्राज्य की घटती केंद्रीय शक्ति और सैयद बंधुओं के बढ़ते राजनीतिक प्रभुत्व का प्रमाण है। उनके राज्यारोहण और पदच्युति से स्पष्ट हुआ कि अठारहवीं शताब्दी के आरंभ तक मुगल सम्राट स्वतंत्र शासक के बजाय शक्तिशाली अमीरों की राजनीतिक महत्त्वाकांक्षाओं पर निर्भर होते जा रहे थे।

रफी उद-दौला (शाहजहाँ द्वितीय, 1719 ई.)

मुख्य लेख : रफी उद-दौला

रफी उद-दौला, जिसे शाहजहाँ द्वितीय के नाम से जाना जाता है, मुगल सम्राट बहादुर शाह प्रथम के पौत्र और राजकुमार रफी-उश-शान के पुत्र थे। उनका जन्म 1696 ई. में हुआ था। उनके बड़े भाई रफी उद-दरजात ने 1719 ई. में सैयद बंधुओं के संरक्षण में मुगल सिंहासन प्राप्त किया था, किंतु गंभीर बीमारी के कारण जून 1719 ई. में शासन से हट गए। इसके बाद सैयद अब्दुल्ला खान और सैयद हुसैन अली खान ने रफी उद-दौला को गद्दी पर बैठाया और उन्होंने शाहजहाँ द्वितीय की उपाधि धारण की। उनका शासन जून से सितंबर 1719 ई. तक लगभग तीन महीने चला। इस दौरान वास्तविक सत्ता सैयद बंधुओं के हाथों में केंद्रित रही; अब्दुल्ला खान वजीर के रूप में केंद्रीय प्रशासन और दरबारी राजनीति पर नियंत्रण रखते थे, जबकि हुसैन अली खान सेना तथा सैन्य नियुक्तियों को प्रभावित करते थे। सम्राट के नाम से शाही आदेश जारी होते थे, किंतु महत्त्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक निर्णय सैयद बंधुओं की इच्छा के अनुसार लिए जाते थे। उनके प्रभुत्व से दरबार के अनेक पुराने अमीर असंतुष्ट थे और विभिन्न गुटों के बीच सत्ता की प्रतिस्पर्धा बढ़ रही थी। निजाम-उल-मुल्क आसफ जाह जैसे प्रभावशाली अमीर भी सैयद बंधुओं के वर्चस्व के विरोधी थे। इस समय मुगल साम्राज्य की केंद्रीय सत्ता कमजोर हो चुकी थी तथा बंगाल, अवध और हैदराबाद जैसे प्रांतों में क्षेत्रीय शक्तियाँ अधिक स्वायत्त होती जा रही थीं; मराठों का प्रभाव भी लगातार बढ़ रहा था। इतने अल्पकालीन शासन में शाहजहाँ द्वितीय को प्रशासनिक सुधारों या साम्राज्य की समस्याओं के समाधान का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। सितंबर 1719 ई. में दिल्ली में बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो गई; उनकी हत्या किए जाने का कोई सर्वमान्य प्रमाण उपलब्ध नहीं है। उनके बाद सैयद बंधुओं ने रोशन अख्तर को मुगल सम्राट बनाया, जिन्होंने मुहम्मद शाह की उपाधि धारण की और 1719 से 1748 ई. तक शासन किया। शाहजहाँ द्वितीय का शासनकाल भले ही लगभग तीन महीने का रहा, किंतु यह मुगल साम्राज्य में सम्राट की घटती स्वतंत्र सत्ता और शक्तिशाली दरबारी अमीरों के बढ़ते प्रभुत्व का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। 1719 ई. में फर्रुखसियर, रफी उद-दरजात और शाहजहाँ द्वितीय का तेजी से पदच्युत होना या मृत्यु को प्राप्त होना इस बात का प्रमाण था कि मुगल सिंहासन पर अधिकार अब केवल वंशानुगत उत्तराधिकार से निर्धारित नहीं होता था, बल्कि सैयद बंधुओं जैसे शक्तिशाली अमीरों की राजनीतिक और सैन्य शक्ति भी निर्णायक बन गई थी।

मुहम्मद शाह रंगीला (1719–1748 ई.)

मुख्य लेख : मुहम्मद शाह रंगीला

मुगल सम्राट मुहम्मद शाह रंगीला का वास्तविक नाम रोशन अख्तर था। उनका जन्म 7 अगस्त 1702 ई. को हुआ था। वे बहादुर शाह प्रथम के पौत्र और जहाँशाह के पुत्र थे। उनका पूरा शाही नाम अबुल फतह नासिरुद्दीन मुहम्मद शाह था। 29 सितंबर 1719 ई. को सैयद बंधुओं—सैयद अब्दुल्ला खान और सैयद हुसैन अली खान—ने उन्हें मुहम्मद शाह की उपाधि के साथ मुगल सिंहासन पर बैठाया। प्रारंभ में वे सैयद बंधुओं के प्रभाव में रहे, किंतु मुहम्मद अमीन खान, खान-ए-दौराँ तथा अन्य अमीरों के सहयोग से 1720 ई. में सैयद बंधुओं का प्रभुत्व समाप्त कर दिया गया। हुसैन अली खान की हत्या कर दी गई और अब्दुल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी 1722 ई. में मृत्यु हो गई। इसके बाद मुहम्मद शाह ने स्वतंत्र रूप से शासन किया, किंतु दरबारी गुटबाजी, प्रशासनिक अव्यवस्था और प्रांतीय शक्तियों के बढ़ते प्रभाव पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर सके। उनके शासनकाल में 1722 ई. में सआदत खान बुरहान-उल-मुल्क ने अवध में स्वतंत्र सत्ता की नींव रखी, जबकि 1724 ई. में निजाम-उल-मुल्क आसफ जाह ने शकरखेड़ा के युद्ध में मुबारिज खान को पराजित करके हैदराबाद राज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। बंगाल में मुर्शिद कुली खान के बाद शुजाउद्दीन और सरफराज खान का शासन रहा तथा 1740 ई. में अलीवर्दी खान ने गिरिया के युद्ध में सरफराज खान को हराकर सत्ता प्राप्त कर ली। इस प्रकार बंगाल, अवध और हैदराबाद जैसे प्रांत व्यवहार में मुगल केंद्रीय सत्ता से स्वतंत्र हो गए।

मुहम्मद शाह (Muhammad Shah)
मुहम्मद शाह रंगीला

इसी काल में पेशवा बाजीराव प्रथम के नेतृत्व में मराठा शक्ति का तेजी से विस्तार हुआ। मराठों ने मालवा, गुजरात और बुंदेलखंड में अपना प्रभाव बढ़ाया तथा चौथ और सरदेशमुखी की वसूली के माध्यम से मुगल क्षेत्रों पर राजनीतिक और आर्थिक दबाव बनाया। 1737 ई. में बाजीराव प्रथम ने दिल्ली के निकट पहुँचकर मुगल सैन्य व्यवस्था को चुनौती दी और इसके बाद 1737–1738 ई. के भोपाल अभियान में निजाम-उल-मुल्क की सेना को घेरकर जनवरी 1738 ई. में संधि करने के लिए विवश किया। इस संधि के परिणामस्वरूप मराठों को मालवा पर अधिकार तथा नर्मदा और चंबल के बीच के क्षेत्रों से संबंधित राजस्व दावों की मान्यता प्राप्त हुई। मुहम्मद शाह के शासनकाल की सबसे विनाशकारी घटना 1739 ई. में ईरान के शासक नादिरशाह का भारत पर आक्रमण था। अफगानिस्तान और काबुल पर अधिकार करने के बाद नादिरशाह ने पंजाब की ओर बढ़ते हुए लाहौर पर कब्जा कर लिया। मुगल सेना और नादिरशाह की सेना के बीच 13 फरवरी 1739 ई. को करनाल का युद्ध हुआ, जिसमें मुगल सेना पराजित हुई। सआदत खान बंदी बना लिया गया और खान-ए-दौराँ गंभीर रूप से घायल होकर बाद में मर गया। इसके बाद मुहम्मद शाह को नादिरशाह के साथ दिल्ली जाना पड़ा। 22 मार्च 1739 ई. को दिल्ली में हुए संघर्ष के बाद नादिरशाह ने व्यापक नरसंहार और लूटपाट का आदेश दिया। उसके सैनिकों ने बड़ी संख्या में लोगों की हत्या की तथा शाही खजाने से सोना, चाँदी, बहुमूल्य आभूषण और रत्न लूट लिए। प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा और शाहजहाँ द्वारा निर्मित मयूर सिंहासन भी नादिरशाह अपने साथ ईरान ले गया। इस आक्रमण से मुगल साम्राज्य का राजकोष बुरी तरह खाली हो गया और उसकी राजनीतिक तथा सैन्य प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुँचा। नादिरशाह मई 1739 ई. में भारत से लौट गया, किंतु उसके आक्रमण ने मुगल साम्राज्य की कमजोरी उजागर कर दी और उत्तर-पश्चिमी सीमा की सुरक्षा को और दुर्बल बना दिया। 1747 ई. में नादिरशाह की मृत्यु के बाद उसके सेनापति अहमद खान अब्दाली ने अफगानिस्तान में दुर्रानी वंश की स्थापना की और 1748 ई. में भारत पर आक्रमण किया। 11 मार्च 1748 ई. को मानुपुर के युद्ध में मुगल सेना ने उसे पीछे हटने पर विवश कर दिया, किंतु इस सफलता से साम्राज्य की पुरानी शक्ति बहाल नहीं हो सकी। युद्ध के दौरान वजीर कमरुद्दीन खान की मृत्यु हो गई और कुछ ही समय बाद 26 अप्रैल 1748 ई. को मुहम्मद शाह रंगीला का निधन हो गया। उनके बाद पुत्र अहमद शाह बहादुर मुगल सम्राट बना। राजनीतिक और सैन्य दुर्बलता के बावजूद मुहम्मद शाह का शासनकाल कला, संगीत, चित्रकला और साहित्य के विकास की दृष्टि से उल्लेखनीय रहा। संगीत में उनकी विशेष रुचि थी और उनके दरबार में नियामत खान ‘सदारंग’ तथा फिरोज खान ‘अदारंग’ को संरक्षण मिला, जिन्होंने खयाल गायन शैली के विकास और लोकप्रियता में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। इस काल में मुगल चित्रकला को भी प्रोत्साहन मिला तथा दरबारी जीवन, संगीत सभाओं और प्राकृतिक दृश्यों का चित्रण लोकप्रिय हुआ। फारसी साहित्य की परंपरा जारी रहने के साथ उर्दू भाषा और काव्य का विकास भी हुआ। इस प्रकार मुहम्मद शाह रंगीला का शासनकाल राजनीतिक विघटन और सांस्कृतिक उत्कर्ष का विरोधाभासी काल था। उनके शासन में क्षेत्रीय राज्यों की स्वायत्तता बढ़ी, मराठों ने उत्तर भारत तक अपना प्रभाव विस्तृत किया और नादिरशाह के आक्रमण ने मुगल साम्राज्य की प्रतिष्ठा तथा आर्थिक आधार को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।

अहमद शाह बहादुर (1748–1754 ई.)

मुख्य लेख : अहमद शाह बहादुर

अहमद शाह बहादुर मुगल सम्राट मुहम्मद शाह और कुदसिया बेगम का पुत्र था। उसका जन्म 23 दिसंबर 1725 ई. को हुआ था। बचपन से ही राजमहल के लाड़-प्यार और विलासितापूर्ण वातावरण में पले-बढ़े अहमद शाह बहादुर में शासन संचालन के लिए आवश्यक राजनीतिक दूरदर्शिता, प्रशासनिक दक्षता और सैन्य नेतृत्व क्षमता का अभाव था। उसके शासनकाल से पहले ही मुगल साम्राज्य की केंद्रीय सत्ता कमजोर हो चुकी थी। 1739 ई. में नादिरशाह के आक्रमण और दिल्ली की लूट ने साम्राज्य की सैन्य तथा राजनीतिक दुर्बलता को उजागर कर दिया था। 26 अप्रैल 1748 ई. को मुहम्मद शाह की मृत्यु के बाद अहमद शाह बहादुर ने सिंहासन संभाला और 19 अप्रैल 1748 ई. को पानीपत में उसका राज्याभिषेक हुआ। उस समय साम्राज्य को मराठों के बढ़ते प्रभाव, अफगान आक्रमणों के खतरे, प्रांतीय शासकों की स्वायत्तता और दरबारी गुटबाजी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। अहमद शाह बहादुर शासन के कार्यों में सक्रिय रुचि लेने के बजाय महल और विलासिता में अधिक समय व्यतीत करता था, जिसके कारण उसकी माता कुदसिया बेगम तथा प्रभावशाली दरबारियों का राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ गया। अवध का नवाब सफदरजंग, जो 1739 ई. से इस पद पर था, 1748 ई. में मुगल वजीर नियुक्त हुआ और कुछ समय तक दरबार की राजनीति में प्रभावशाली बना रहा। यद्यपि वजीर सफदरजंग तथा उसके विरोधी अमीरों के बीच संघर्ष ने प्रशासन को और कमजोर कर दिया। 1753 ई. में सफदरजंग को पद से हटना पड़ा और इमाद-उल-मुल्क, अर्थात् गाजीउद्दीन फिरोजजंग द्वितीय, दरबार का प्रमुख शक्ति-केंद्र बन गया।

परवर्ती मुगल शासक (Later Mughal Rulers)
अहमदशाह बहादुर

1754 ई. में इमाद-उल-मुल्क ने मराठा सरदार रघुनाथराव और मल्हारराव होलकर का सहयोग प्राप्त कर सम्राट के विरुद्ध अभियान चलाया। 26 मई 1754 ई. को सिकंदराबाद के निकट अहमद शाह बहादुर की सेना पराजित हुई और सम्राट दिल्ली लौट गया। इसके बाद 2 जून 1754 ई. को इमाद-उल-मुल्क ने अहमद शाह बहादुर को पदच्युत कर बंदी बना लिया तथा जहांदार शाह के पुत्र अज़ीज़-उद-दीन को आलमगीर द्वितीय की उपाधि देकर मुगल सिंहासन पर बैठाया। बंदी बनाए जाने के बाद अहमद शाह बहादुर और उसकी माता कुदसिया बेगम को अंधा कर दिया गया। अहमद शाह ने अपने जीवन के शेष वर्ष कैद में बिताए और 1 जनवरी 1775 ई. को दिल्ली में उसकी मृत्यु हो गई। इस प्रकार अहमद शाह बहादुर का शासनकाल मुगल साम्राज्य की केंद्रीय सत्ता के विघटन, दरबारी गुटबाजी, मराठा हस्तक्षेप और शक्तिशाली अमीरों के बढ़ते प्रभुत्व का काल था।

आलमगीर द्वितीय (1754–1759 ई.)

मुख्य लेख : आलमगीर द्वितीय

आलमगीर द्वितीय (1699–1759 ई.) मुगल साम्राज्य का पंद्रहवाँ सम्राट था। उसका वास्तविक नाम मिर्ज़ा अज़ीज़-उद-दीन था और वह मुगल सम्राट जहाँदार शाह का पुत्र था। 2 जून 1754 ई. को शक्तिशाली वजीर इमाद-उल-मुल्क (गाज़ीउद्दीन फिरोजजंग द्वितीय) ने अहमद शाह बहादुर को पदच्युत करके अज़ीज़-उद-दीन को आलमगीर द्वितीय की उपाधि के साथ सिंहासन पर बैठाया। उसका शासन 29 नवंबर 1759 ई. तक चला। जीवन का अधिकांश समय कैद और राजनीतिक उपेक्षा में बिताने के कारण आलमगीर द्वितीय को प्रशासन तथा सैन्य संचालन का पर्याप्त अनुभव नहीं था और उसके शासनकाल में वास्तविक सत्ता इमाद-उल-मुल्क के हाथों में केंद्रित रही। वजीर ने शाही आय पर नियंत्रण स्थापित कर लिया और राजपरिवार के साथ कठोर व्यवहार किया। इस दौरान मुगल साम्राज्य को मराठों के बढ़ते प्रभाव और अफगान शासक अहमद शाह दुर्रानी के आक्रमणों का सामना करना पड़ा। 1757 ई. में अहमद शाह दुर्रानी ने दिल्ली पर आक्रमण करके व्यापक लूटपाट की और मथुरा-वृंदावन तक विनाशकारी अभियान चलाया। अफगान शासक से राजनीतिक संबंध सुधारने के प्रयास में आलमगीर द्वितीय की पुत्री ज़ुहरा बेगम का विवाह अहमद शाह दुर्रानी के पुत्र तैमूर शाह दुर्रानी से कराया गया। दूसरी ओर, 23 जून 1757 ई. को प्लासी के युद्ध में अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला को पराजित कर दिया और मीर जाफर को नवाब बनाया। इस घटना ने बंगाल में कंपनी के राजनीतिक प्रभुत्व की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया तथा मुगल सत्ता की घटती प्रतिष्ठा को और उजागर किया। इमाद-उल-मुल्क के निरंकुश प्रभाव से असंतुष्ट आलमगीर द्वितीय ने उससे मुक्ति पाने के लिए मराठों और अन्य प्रभावशाली शक्तियों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया।

परवर्ती मुगल शासक (Later Mughal Rulers)
आलमगीर द्वितीय

अक्टूबर 1757 ई. में सम्राट ने धार्मिक विद्वान शाह वलीउल्लाह तथा कुछ दरबारी सहयोगियों के माध्यम से अहमद शाह दुर्रानी से संपर्क साधा, जिससे इमाद-उल-मुल्क को अपने राजनीतिक प्रभुत्व के लिए खतरा महसूस हुआ। इसी बीच मराठों ने 1758 ई. में पंजाब और लाहौर तक अपना प्रभाव बढ़ा लिया। अंततः इमाद-उल-मुल्क ने आलमगीर द्वितीय को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा और 29 नवंबर 1759 ई. को कोटला फतेह शाह के निकट धोखे से बुलाकर उसकी हत्या करवा दी। आलमगीर द्वितीय की मृत्यु के समय उसका ज्येष्ठ पुत्र अली गौहर दिल्ली से बाहर बिहार में था। पिता की हत्या का समाचार मिलने के बाद उसने 1759 ई. में शाह आलम द्वितीय की उपाधि धारण कर स्वयं को सम्राट घोषित किया। दूसरी ओर, इमाद-उल-मुल्क ने दिल्ली में शाहजहाँ तृतीय को मुगल सिंहासन पर बैठाया। इस प्रकार आलमगीर द्वितीय का शासनकाल मुगल साम्राज्य की केंद्रीय सत्ता के लगभग पूर्ण विघटन, वजीरों और दरबारी गुटों के प्रभुत्व, मराठा हस्तक्षेप तथा अफगान आक्रमणों का काल था।

शाहजहाँ तृतीय (1759–1760 ई.)

मुख्य लेख : शाहजहाँ तृतीय

शाहजहाँ तृतीय (लगभग 1711–1772 ई.) मुगल साम्राज्य का अल्पकालीन सम्राट था, जिसका वास्तविक नाम मिर्ज़ा मुही-उल-मिल्लत था। वह औरंगज़ेब के सबसे छोटे पुत्र मुहम्मद काम बख्श का पौत्र तथा मुही-उस-सुन्नत का पुत्र था। मुहम्मद काम बख्श की मृत्यु 1709 ई. में बहादुर शाह प्रथम के विरुद्ध उत्तराधिकार संघर्ष के दौरान हुई थी। अठारहवीं शताब्दी के मध्य तक मुगल साम्राज्य की केंद्रीय सत्ता अत्यंत कमजोर हो चुकी थी और दिल्ली का दरबार शक्तिशाली वजीरों, अमीरों तथा क्षेत्रीय शक्तियों के राजनीतिक संघर्ष का केंद्र बन गया था। 29 नवंबर 1759 ई. को वजीर इमाद-उल-मुल्क (गाज़ीउद्दीन फिरोजजंग द्वितीय) के षड्यंत्र के परिणामस्वरूप सम्राट आलमगीर द्वितीय की हत्या कर दी गई। इसके बाद इमाद-उल-मुल्क ने अपनी राजनीतिक योजनाओं के अनुकूल मुही-उल-मिल्लत को मुगल सिंहासन पर बैठाया और उसे शाहजहाँ तृतीय की उपाधि प्रदान की। उसका राज्यारोहण 10 दिसंबर 1759 ई. को हुआ और वह लगभग दस महीने तक दिल्ली के सिंहासन पर रहा। इस दौरान शासन की वास्तविक शक्ति इमाद-उल-मुल्क के हाथों में केंद्रित थी तथा शाहजहाँ तृतीय के पास स्वतंत्र सैन्य या प्रशासनिक आधार नहीं था। आलमगीर द्वितीय की हत्या के बाद उनके पुत्र अली गौहर ने भी मुगल सिंहासन पर अपना दावा प्रस्तुत किया और शाह आलम द्वितीय की उपाधि धारण कर स्वयं को सम्राट घोषित किया। उस समय अली गौहर दिल्ली से बाहर बिहार की ओर थे, इसलिए दिल्ली में शाहजहाँ तृतीय और राजधानी से बाहर शाह आलम द्वितीय के दावे के कारण मुगल साम्राज्य में दोहरी सत्ता की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस संघर्ष में मराठों की भूमिका निर्णायक बनी। 1760 ई. में सदाशिवराव भाऊ के नेतृत्व में मराठा सेना ने उत्तर भारत में अपना अभियान चलाया और दिल्ली की राजनीति में हस्तक्षेप किया। अवध के नवाब शुजाउद्दौला के प्रस्ताव पर शाहजहाँ तृतीय को हटाकर शाह आलम द्वितीय को सम्राट घोषित करने तथा शुजाउद्दौला को वजीर नियुक्त करने की योजना स्वीकार की गई। अंततः 10 अक्टूबर 1760 ई. को सदाशिवराव भाऊ के आदेश पर मराठा प्रतिनिधियों ने शाहजहाँ तृतीय को पदच्युत कर दिया और बिहार में उपस्थित शाह आलम द्वितीय को दिल्ली के मुगल सम्राट के रूप में मान्यता प्रदान की। इस प्रकार शाहजहाँ तृतीय का अल्पकालीन शासन समाप्त हो गया। पदच्युति के बाद 1772 ई. में उसकी मृत्यु हुई।

शाहजहाँ तृतीय का शासनकाल मुगल साम्राज्य के पतन की उस अवस्था का सूचक है, जब सम्राट की नियुक्ति और पदच्युति का निर्णय वंशानुगत अधिकार से अधिक शक्तिशाली वजीरों तथा बाहरी राजनीतिक शक्तियों के प्रभाव पर निर्भर हो गया था। उसके सिंहासनारोहण में इमाद-उल-मुल्क और पदच्युति में मराठों की निर्णायक भूमिका इस बात का प्रमाण है कि अठारहवीं शताब्दी के मध्य तक मुगल सम्राट की वास्तविक सत्ता लगभग समाप्त हो चुकी थी।

शाह आलम द्वितीय (1759/1760–1806 ई.)

मुख्य लेख : शाह आलम द्वितीय

शाह आलम द्वितीय (1728–1806 ई.) का वास्तविक नाम अली गौहर था। वे मुगल सम्राट आलमगीर द्वितीय के पुत्र और मुगल साम्राज्य का सत्रहवें सम्राट थे। 1759 ई. में आलमगीर द्वितीय की हत्या के समय अली गौहर दिल्ली से दूर बिहार में थे। पिता की 29 नवंबर 1759 ई. को हत्या के बाद अली गौहर ने 24 दिसंबर 1759 ई. को बिहार के घोटौली (कनौटि) में स्वयं को मुगल सम्राट घोषित किया। इस समय दिल्ली में इमाद-उल-मुल्क द्वारा स्थापित शाहजहाँ तृतीय का शासन था। मराठा सेनापति सदाशिवराव भाऊ ने शाहजहाँ तृतीय को पदच्युत करके 10 अक्टूबर 1760 ई. को शाह आलम द्वितीय को मुगल साम्राज्य का वैध सम्राट स्वीकार किया। यद्यपि शाह आलम द्वितीय तत्काल दिल्ली नहीं पहुँचे और 1771 ई. के अंत में मराठों की सहायता से राजधानी की ओर लौटे तथा जनवरी 1772 ई. तक दिल्ली पहुँच गए।

1764 ई. में शाह आलम द्वितीय ने अवध के नवाब शुजाउद्दौला और बंगाल के पूर्व नवाब मीर कासिम के साथ मिलकर अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी के विरुद्ध बक्सर के युद्ध में भाग लिया, किंतु संयुक्त सेना को पराजय का सामना करना पड़ा। इस पराजय के परिणामस्वरूप 1765 ई. में इलाहाबाद की संधि हुई। इस संधि के अंतर्गत शाह आलम द्वितीय ने कंपनी को बंगाल, बिहार और उड़ीसा की दीवानी अर्थात् राजस्व वसूली का अधिकार प्रदान किया। इसके बदले कंपनी ने सम्राट को वार्षिक धनराशि देने तथा इलाहाबाद और कड़ा के क्षेत्र प्रदान करने का समझौता किया। संधि के बाद शाह आलम द्वितीय कुछ समय तक इलाहाबाद में कंपनी के संरक्षण में रहे। 1771 ई. में मराठों की सहायता से दिल्ली वापसी के बाद उसने राजधानी में पुनः दरबार स्थापित किए, किंतु वास्तविक राजनीतिक और प्रशासनिक सत्ता पर मराठों का प्रभाव बना रहा।

शाह आलम द्वितीय (Shah Alam II)
शाह आलम द्वितीय

1788 ई. में रोहिला सरदार गुलाम कादिर ने दिल्ली पर अधिकार कर लिया और शाह आलम द्वितीय को बंदी बनाकर उसकी आँखें निकलवा दीं। इसके बाद मराठा सेनापति महादजी सिंधिया ने हस्तक्षेप करके गुलाम कादिर को पराजित किया और शाह आलम द्वितीय को पुनः सिंहासन पर बैठाया। 1803 ई. में द्वितीय आंग्ल-मराठा युद्ध के दौरान अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी ने दिल्ली पर अधिकार कर लिया। इसके बाद शाह आलम द्वितीय ब्रिटिश संरक्षण में आ गए और मुगल सम्राट की स्थिति कंपनी के आश्रित शासक तक सीमित हो गई। 1806 ई. में शाह आलम द्वितीय की मृत्यु हो गई। उनके शासनकाल के संदर्भ में प्रचलित कहावत ‘सल्तनत-ए-शाह आलम, अज़ दिल्ली ता पालम’ अर्थात् ‘शाह आलम का राज्य दिल्ली से पालम तक’, जो  मुगल साम्राज्य की सीमित वास्तविक राजनीतिक सत्ता का प्रतीक मानी जाती है।

अकबर द्वितीय (1806–1837 ई.)

मुख्य लेख : अकबर द्वितीय

अकबर द्वितीय, जिन्हें अकबर शाह द्वितीय के नाम से भी जाना जाता है, का जन्म 22 अप्रैल 1760 ई. को मुकुंदपुर में हुआ था। उनका मूल नाम मिर्जा अकबर था। वे मुगल सम्राट शाह आलम द्वितीय के पुत्र और बहादुर शाह ज़फ़र के पिता थे। 2 मई 1781 ई. को बड़े भाई की मृत्यु के बाद मिर्ज़ा अकबर को लाल किले में युवराज घोषित किया गया तथा ‘वली-अहद बहादुर’ की उपाधि प्रदान की गई। 1782 ई. में मिर्ज़ा अकबर को दिल्ली का नायब नियुक्त किया गया और 1799 ई. तक इस पद पर बने रहे। 1788 ई. में रोहिला सरदार गुलाम कादिर के दिल्ली पर अधिकार के दौरान मिर्ज़ा अकबर ने शाही परिवार पर किए गए अत्याचारों को प्रत्यक्ष देखा। गुलाम कादिर ने शाही परिवार के सदस्यों का अपमान किया तथा शाह आलम द्वितीय को अंधा कर दिया। बाद में मराठा सेनापति महादजी सिंधिया ने हस्तक्षेप करके गुलाम कादिर को पराजित किया और शाह आलम द्वितीय को पुनः सिंहासन पर स्थापित किया।

19 नवंबर 1806 ई. को शाह आलम द्वितीय की मृत्यु के बाद मिर्ज़ा अकबर मुगल सिंहासन पर बैठे और अकबर द्वितीय के नाम से सम्राट बने। अकबर द्वितीय उन्नीसवें मुगल सम्राट थे और उनका शासनकाल 1806 से 1837 ई. तक रहा। 1803 ई. में अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी दिल्ली पर अधिकार कर चुकी थी। परिणामस्वरूप अकबर द्वितीय की वास्तविक राजनीतिक शक्ति लाल किले और शाही दरबार तक सीमित रह गई तथा राजकीय व्यय कंपनी से मिलने वाली पेंशन पर निर्भर हो गया। अंग्रेज़ी अधिकारियों के साथ शाही सम्मान, उपाधियों और पेंशन के अधिकारों को लेकर लगातार मतभेद बने रहे। लॉर्ड हेस्टिंग्स के कार्यकाल में मुगल सम्राट के पारंपरिक सम्मान और दरबारी प्रोटोकॉल को लेकर विशेष तनाव उत्पन्न हुआ। 1835 ई. में ईस्ट इंडिया कंपनी ने अपने सिक्कों से मुगल सम्राट का नाम हटाकर कंपनी की संप्रभुता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया। इस निर्णय से मुगल सम्राट की औपचारिक प्रतिष्ठा भी कमजोर हुई।

अकबर द्वितीय ने शाही अधिकारों और पेंशन से संबंधित माँगों को ब्रिटिश सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए राजा राममोहन राय को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया तथा ‘राजा’ की उपाधि प्रदान की। राममोहन रॉय 1830 ई. में इंग्लैंड गए और वहाँ सम्राट की ओर से शाही अधिकारों तथा पेंशन से संबंधित मामलों को ब्रिटिश सरकार के समक्ष उठाया, किंतु इस प्रयास से अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हुआ। अकबर द्वितीय के शासनकाल में दिल्ली की साझा सांस्कृतिक परंपरा को भी प्रोत्साहन मिला। इस अवधि में ‘फूल वालों की सैर’ उत्सव विशेष रूप से लोकप्रिय हुआ। इस उत्सव के अंतर्गत महरौली स्थित योगमाया मंदिर और सूफी संत क़ुतुबुद्दीन बख्तियार काकी की दरगाह पर फूलों से सजे पंखे चढ़ाए जाते थे। हिंदू और मुस्लिम समुदायों की सहभागिता वाला यह आयोजन धार्मिक सहिष्णुता और सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक था। राजनीतिक शक्ति के सीमित होने के बावजूद अकबर द्वितीय के दरबार में साहित्य, संगीत और कला संबंधी गतिविधियाँ जारी रहीं।

शासन के अंतिम वर्षों में उत्तराधिकार का प्रश्न प्रमुख हो गया। अकबर द्वितीय अपने पुत्र मिर्ज़ा फ़ख़रू को उत्तराधिकारी बनाना चाहते थे, किंतु अंततः ब्रिटिश अधिकारियों ने दूसरे पुत्र मिर्ज़ा अबू ज़फ़र को उत्तराधिकारी के रूप में स्वीकार किया। मिर्ज़ा अबू ज़फ़र आगे चलकर बहादुर शाह ज़फ़र के नाम से प्रसिद्ध हुए। 28 सितंबर 1837 ई. को दिल्ली में अअकबर द्वितीय की मृत्यु हो गई और उनके बाद बहादुर शाह ज़फ़र मुगल सिंहासन पर बैठे। अकबर द्वितीय का मकबरा महरौली में सूफी संत क़ुतुबुद्दीन बख्तियार काकी की दरगाह के निकट स्थित है।

इस प्रकार अकबर द्वितीय का शासनकाल मुगल साम्राज्य की राजनीतिक सत्ता के लगभग पूर्ण अंत और अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी के बढ़ते प्रभुत्व का काल था। वास्तविक शासनाधिकारों के अभाव में मुगल सम्राट की भूमिका औपचारिक रह गई, जबकि मुगल राजवंश की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा, साहित्यिक गतिविधियाँ और दिल्ली की साझा सांस्कृतिक परंपरा बनी रहीं।

बहादुर शाह ज़फ़र (1837–1857 ई.)

मुख्य लेख : बहादुर शाह ज़फ़र

बहादुर शाह द्वितीय, जिन्हें बहादुर शाह ज़फ़र के नाम से जाना जाता है, का जन्म 24 अक्टूबर 1775 ई. को दिल्ली में हुआ था। वे मुगल सम्राट अकबर द्वितीय के पुत्र और मुगल साम्राज्य के अंतिम सम्राट थे। उनका पूरा नाम अबू ज़फ़र सिराजुद्दीन मुहम्मद बहादुर शाह था तथा ‘ज़फ़र’ उनका काव्य-उपनाम था, जिसका अर्थ ‘विजय’ है। 28 सितंबर 1837 ई. को अकबर द्वितीय की मृत्यु के बाद बहादुर शाह ज़फ़र मुगल सिंहासन पर बैठे। उस समय मुगल साम्राज्य की वास्तविक राजनीतिक और सैन्य शक्ति लगभग समाप्त हो चुकी थी तथा सम्राट का अधिकार मुख्यतः दिल्ली के लाल किले और उसके आसपास के सीमित क्षेत्र तक सिमट गया था। अंग्रेज़ी ईस्ट इंडिया कंपनी से मिलने वाली पेंशन पर शाही परिवार का निर्वाह होता था और दिल्ली में कंपनी की सैन्य एवं प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित थी।

परवर्ती मुगल शासक (Later Mughal Rulers)
अंतिम मुगल सम्राट बहादुर शाह ज़फ़र

अकबर द्वितीय के शासनकाल में उत्तराधिकार का प्रश्न लंबे समय तक विवादित रहा। अकबर द्वितीय की एक बेगम अपने पुत्र मिर्ज़ा जहाँगीर को उत्तराधिकारी बनाना चाहती थीं, किंतु मिर्ज़ा जहाँगीर द्वारा दिल्ली स्थित ईस्ट इंडिया कंपनी के रेज़िडेंट आर्चीबाल्ड सेटन पर हमला किए जाने के बाद निर्वासन की सजा दी गई। इस घटना से बहादुर शाह ज़फ़र के उत्तराधिकार का मार्ग प्रशस्त हुआ। सीमित राजनीतिक अधिकारों के बावजूद बहादुर शाह ज़फ़र ने मुगल दरबार की सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपराओं को बनाए रखा। वे स्वयं उर्दू के प्रसिद्ध शायर थे। उनके दरबार में मिर्ज़ा ग़ालिब, शेख़ इब्राहीम ज़ौक़ और मोमिन ख़ाँ मोमिन जैसे प्रतिष्ठित कवियों एवं साहित्यकारों का आगमन होता था।

1857 ई. के विद्रोह ने बहादुर शाह ज़फ़र के जीवन को निर्णायक मोड़ दिया। 10 मई 1857 ई. को मेरठ में विद्रोह करने वाले सैनिक 11 मई को दिल्ली पहुँचे और बहादुर शाह ज़फ़र को भारत का सम्राट स्वीकार करके विद्रोह को व्यापक राजनीतिक स्वरूप प्रदान किया। प्रारंभ में ज़फ़र इस भूमिका को लेकर दुविधा में थे, क्योंकि विद्रोही सैनिकों के खर्च और सैन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए शाही खजाने में पर्याप्त धन नहीं था। किंतु सैनिकों के आग्रह पर उन्होंने विद्रोह का नेतृत्व स्वीकार कर लिया। 12 मई 1857 ई. को आयोजित दरबार में विद्रोही सैनिकों ने सम्राट से समर्थन प्राप्त किया। ज़फ़र ने बड़े पुत्र मिर्ज़ा मुग़ल को सेना के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी, किंतु विद्रोही सैनिकों के बीच एकीकृत सैन्य कमान स्थापित नहीं हो सकी और दिल्ली में प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ती गई। अंग्रेज़ों ने दिल्ली की घेराबंदी करके सितंबर 1857 ई. में पुनः नगर पर अधिकार कर लिया।

अंग्रेज़ी सेना के दिल्ली पर अधिकार के बाद बहादुर शाह ज़फ़र ने हुमायूँ के मकबरे में शरण ली। मेजर विलियम हडसन ने 20 सितंबर 1857 ई. को वहाँ से ज़फ़र को गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन हडसन ने ज़फ़र के पुत्र मिर्ज़ा मुग़ल, मिर्ज़ा ख़िज़्र सुल्तान और पोते मिर्ज़ा अबू बख़्त को खूनी दरवाज़े के निकट गोली मार दी। गिरफ्तारी के बाद अंग्रेज़ों ने ज़फ़र पर विद्रोहियों की सहायता करने, ब्रिटिश शासन के विरुद्ध युद्ध को प्रोत्साहित करने, स्वयं को भारत का सम्राट घोषित करने तथा यूरोपीय लोगों की हत्या में संलिप्त होने जैसे आरोप लगाए। मुकदमे की सुनवाई दिल्ली के लाल किले में हुई और लगभग तीन सप्ताह तक चली। बचाव पक्ष में ज़फ़र ने तर्क दिया कि विद्रोही सैनिकों के दबाव में नेतृत्व स्वीकार करना पड़ा था तथा वास्तविक सैन्य और प्रशासनिक नियंत्रण उनके हाथ में नहीं था। इसके बावजूद अदालत ने दोषी ठहराया। मृत्युदंड देने के बजाय ब्रिटिश शासन ने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ रंगून निर्वासन का निर्णय लिया। 7 अक्टूबर 1858 ई. को बहादुर शाह ज़फ़र पत्नी ज़ीनत महल और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ रंगून के लिए रवाना हुए। निर्वासन के दौरान स्वास्थ्य लगातार गिरता गया और 7 नवंबर 1862 ई. को रंगून में निधन हो गया। रंगून में ही दफनाया गया और बाद में कब्र के ऊपर बहादुर शाह ज़फ़र की दरगाह का निर्माण किया गया।

बहादुर शाह ज़फ़र अंतिम मुगल सम्राट होने के साथ-साथ उर्दू के प्रसिद्ध शायर भी थे। ‘ज़फ़र’ उपनाम से ग़ज़लें लिखने वाले बहादुर शाह ज़फ़र की रचनाओं में विरह, जीवन की क्षणभंगुरता, मातृभूमि से दूर होने की पीड़ा और मृत्यु-बोध की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। 1857 ई. के विद्रोह के दौरान अनेक रचनाएँ नष्ट हो गईं या बिखर गईं, किंतु बाद में शायरी का महत्त्वपूर्ण संग्रह ‘कुल्लियात-ए-ज़फ़र’ के नाम से संकलित किया गया। उनकी प्रसिद्ध पंक्तियाँ—

“लगता नहीं है जी मेरा उजड़े दयार में,
किसकी बनी है आलम-ए-नापायदार में।”

तथा

“कह दो इन हसरतों से कहीं और जा बसें,
इतनी जगह कहाँ है दिल-ए-दाग़दार में।”

ज़फ़र की संवेदनशील काव्य-दृष्टि को अभिव्यक्त करती हैं। निर्वासन की पीड़ा से जुड़ा प्रसिद्ध शेर—

“कितना है बदनसीब ‘ज़फ़र’ दफ़्न के लिए,
दो गज़ ज़मीन भी न मिली कू-ए-यार में।”

मातृभूमि में दफन न हो पाने की व्यथा का प्रतीक बन गया।

1857 ई. के विद्रोह में बहादुर शाह ज़फ़र की भूमिका केवल मुगल सम्राट तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे अंग्रेज़ी सत्ता के विरुद्ध विभिन्न भारतीय समूहों के साझा प्रतीक बन गए। ज़फ़र के नाम से जारी आदेशों में हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने पर बल दिया गया तथा गोहत्या पर प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश भी जारी किए गए। इस प्रकार शाही दरबार उस समय की साझा हिंदुस्तानी संस्कृति और औपनिवेशिक सत्ता के विरुद्ध राजनीतिक एकजुटता का महत्त्वपूर्ण केंद्र बना रहा। मेजर हडसन और बहादुर शाह ज़फ़र के बीच शेरो-शायरी के रूप में संवाद की कथा भी प्रचलित है।

इस प्रकार बहादुर शाह ज़फ़र का जीवन मुगल साम्राज्य के अंतिम चरण और भारत में ब्रिटिश सत्ता के विस्तार के संक्रमणकाल का प्रतीक है। शासनकाल में वास्तविक राजनीतिक शक्ति लगभग समाप्त हो चुकी थी, फिर भी मुगल नाम और दिल्ली का शाही दरबार भारतीय समाज में गहरा प्रतीकात्मक महत्त्व रखते थे। 1857 ई. के विद्रोह में नेतृत्व की भूमिका ने बहादुर शाह ज़फ़र को औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध भारतीय प्रतिरोध के प्रतीक के रूप में स्थापित किया, जबकि गिरफ्तारी, मुकदमे और रंगून निर्वासन ने मुगल साम्राज्य के अंत को चिह्नित किया। साहित्यिक क्षेत्र में संवेदनशील उर्दू शायर के रूप में पहचान बनी रही और कविताएँ आज भी निर्वासन, विरह तथा मातृभूमि के प्रति गहरी भावनाओं के लिए स्मरण की जाती हैं।

अन्य अल्पकालीन शासक एवं उत्तराधिकार के दावेदार

मुग़ल साम्राज्य के इतिहास में उत्तराधिकार के प्रश्न को लेकर अनेक बार संघर्ष हुए। इन संघर्षों में मुग़ल राजवंश के विभिन्न शहज़ादों और अन्य दावेदारों ने सिंहासन प्राप्त करने के लिए प्रतिद्वंद्वी शासकों के विरुद्ध अभियान चलाए। कुछ दावेदारों को वास्तविक रूप से बादशाह घोषित किया गया, जबकि कुछ ने क्षेत्रीय स्तर पर स्वतंत्र सत्ता स्थापित करके मुग़ल सम्राट की उपाधि धारण की। कई अवसरों पर शक्तिशाली अमीरों, सेनापतियों और दरबारी गुटों ने भी उत्तराधिकार के निर्णय को प्रभावित किया। ऐसे अल्पकालीन शासकों और उत्तराधिकार के प्रमुख दावेदारों का विवरण निम्नलिखित है-

दावर बख़्श (1627–1628 ई.)

दावर बख़्श मुग़ल सम्राट जहाँगीर का पौत्र और ख़ुसरौ मिर्ज़ा का पुत्र था। 28 अक्टूबर 1627 ई. को जहाँगीर की मृत्यु के बाद मुग़ल सिंहासन के उत्तराधिकार को लेकर संघर्ष आरंभ हुआ। इस परिस्थिति में आसफ़ ख़ान ने दावर बख़्श को अस्थायी रूप से मुग़ल सम्राट घोषित किया। इस व्यवस्था का उद्देश्य शाहजहाँ के लाहौर से दिल्ली पहुँचने तक उत्तराधिकार के संघर्ष को नियंत्रित करना और नूरजहाँ के समर्थित दावेदार शहरयार को सिंहासन प्राप्त करने से रोकना था। दावर बख़्श का शासन अंतरिम व्यवस्था तक सीमित रहा। शाहजहाँ ने 14 फरवरी 1628 ई. को आगरा में सिंहासन ग्रहण किया। इसके बाद दावर बख़्श सहित उत्तराधिकार के अन्य प्रतिद्वंद्वियों की हत्या करवा दी गई।

शहरयार (1627–1628 ई.)

शहरयार मुग़ल सम्राट जहाँगीर का पुत्र और नूरजहाँ का दामाद था। जहाँगीर की मृत्यु के समय शहरयार लाहौर में उपस्थित था। नूरजहाँ के राजनीतिक समर्थन से शहरयार ने 1627 ई. में मुग़ल सिंहासन पर अधिकार करने का प्रयास किया और स्वयं को सम्राट घोषित कर दिया। उसने शाही खजाने से धन वितरित करके सैनिकों और अमीरों का समर्थन प्राप्त करने का प्रयास किया। किंतु आसफ़ ख़ान के नेतृत्व में शाहजहाँ के समर्थकों ने शहरयार को पराजित कर बंदी बना लिया। 1628 ई. में शाहजहाँ के सिंहासनारोहण के बाद शहरयार की हत्या कर दी गई। इस प्रकार जहाँगीर की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार संघर्ष में शहरयार की दावेदारी समाप्त हो गई।

शाह शुजा (1657–1660 ई.)

शाह शुजा मुग़ल सम्राट शाहजहाँ का दूसरा पुत्र और बंगाल का सूबेदार था। सितंबर 1657 ई. में शाहजहाँ के गंभीर रूप से बीमार पड़ने के बाद मुग़ल साम्राज्य में उत्तराधिकार का संघर्ष आरंभ हुआ। शाह शुजा ने 1657 ई. में राजमहल में स्वयं को सम्राट घोषित कर दिया। इसके बाद उसने आगरा की ओर सैन्य अभियान चलाया, किंतु 14 फरवरी 1658 ई. को बहादुरपुर के युद्ध में दारा शिकोह के समर्थक राजकुमार सुलेमान शिकोह और मिर्ज़ा राजा जयसिंह के हाथों पराजित हुआ। 1659 ई. में खाजवा के युद्ध में औरंगज़ेब की विजय के बाद शाह शुजा की राजनीतिक स्थिति और कमजोर हो गई। अंततः शाह शुजा अराकान (वर्तमान म्याँमार) चला गया। 1660 ई. में वहाँ उसकी मृत्यु हो गई।

मुराद बख़्श (1657–1661 ई.)

मुराद बख़्श मुग़ल सम्राट शाहजहाँ का तीसरा पुत्र और गुजरात का सूबेदार था। सितंबर 1657 ई. में शाहजहाँ की बीमारी के बाद मुराद बख़्श ने गुजरात में स्वयं को सम्राट घोषित कर दिया। उत्तराधिकार के संघर्ष में उसने औरंगज़ेब के साथ गठबंधन किया। दोनों भाइयों ने संयुक्त रूप से उत्तर भारत की ओर अभियान चलाया और 29 मई 1658 ई. को सामूगढ़ के युद्ध में दारा शिकोह को पराजित किया। इसके बाद औरंगज़ेब ने मुराद बख़्श को मथुरा के निकट बंदी बना लिया। उसे पहले ग्वालियर के किले में कैद रखा गया और 1661 ई. में हत्या कर दी गई।

कामबख़्श (1707–1709 ई.)

कामबख़्श मुग़ल सम्राट औरंगज़ेब का सबसे छोटा पुत्र था। 3 मार्च 1707 ई. को औरंगज़ेब की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार का संघर्ष आरंभ हुआ। कामबख़्श ने दक्कन में अपनी स्वतंत्र सत्ता स्थापित करने का प्रयास किया और 1707 ई. में बीजापुर में स्वयं को सम्राट घोषित कर दिया। दूसरी ओर, बहादुर शाह प्रथम ने उत्तर भारत में सत्ता स्थापित करने के बाद दक्कन की ओर अभियान चलाया। जनवरी 1709 ई. में हैदराबाद के निकट जाजऊ के युद्ध से अलग हुए दक्कनी संघर्ष में कामबख़्श की सेना पराजित हुई। युद्ध में घायल होने के बाद कामबख़्श की मृत्यु हो गई। उसकी पराजय के साथ दक्कन में स्वतंत्र मुग़ल सत्ता स्थापित करने का प्रयास समाप्त हो गया।

अज़ीम-उश-शान (1712 ई.)

अज़ीम-उश-शान मुग़ल सम्राट बहादुर शाह प्रथम का पुत्र और बंगाल, बिहार तथा उड़ीसा का सूबेदार था। 27 फरवरी 1712 ई. को बहादुर शाह प्रथम की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार का संघर्ष आरंभ हुआ। अज़ीम-उश-शान ने मुग़ल सिंहासन प्राप्त करने के लिए अपने भाइयों जहाँदार शाह, जहान शाह और रफ़ी-उश-शान के विरुद्ध संघर्ष किया। प्रारंभ में अज़ीम-उश-शान ने अपनी सैन्य शक्ति के आधार पर सत्ता प्राप्त करने का प्रयास किया, किंतु जहाँदार शाह और उसके समर्थक ज़ुल्फ़िक़ार ख़ान की संयुक्त शक्ति के सामने टिक नहीं सका। 17 मार्च 1712 ई. के आसपास आगरा के निकट यमुना नदी पार करते समय उसकी मृत्यु हो गई। इस प्रकार जहाँदार शाह के सिंहासनारोहण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

मुहम्मद इब्राहीम (1719 ई.)

मुहम्मद इब्राहीम जहाँदार शाह का पुत्र और मुग़ल राजवंश का उत्तराधिकार का दावेदार था। 1719 ई. में सैयद बंधुओं ने मुग़ल सिंहासन पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए उत्तराधिकार के संघर्ष में मुहम्मद शाह के विरुद्ध मुहम्मद इब्राहीम को बादशाह बनाने का प्रयास किया। इस राजनीतिक योजना के अंतर्गत मुहम्मद इब्राहीम को सम्राट घोषित किया गया, किंतु मुहम्मद शाह के समर्थकों के विरुद्ध सैन्य संघर्ष में उसे पराजय का सामना करना पड़ा। अंततः मुहम्मद इब्राहीम को बंदी बना लिया गया और उसकी दावेदारी समाप्त हो गई। यह प्रसंग सैयद बंधुओं के राजनीतिक हस्तक्षेप और मुग़ल उत्तराधिकार व्यवस्था में अमीरों के बढ़ते प्रभाव का उदाहरण है।

बेदार बख़्त (1788 ई.)

बेदार बख़्त मुग़ल राजवंश का शहज़ादा और मुहम्मद अकबर का पुत्र था। 1788 ई. में रोहिला सरदार गुलाम कादिर ने दिल्ली पर अधिकार करके मुग़ल सम्राट शाह आलम द्वितीय को बंदी बना लिया तथा उनकी आँखें निकलवा दीं। इस दौरान गुलाम कादिर ने बेदार बख़्त को मुग़ल सिंहासन पर बैठाया और उसके नाम से शासन चलाने का प्रयास किया। हालाँकि, बेदार बख़्त के पास वास्तविक राजनीतिक और सैन्य अधिकार नहीं थे तथा सत्ता पूरी तरह गुलाम कादिर के नियंत्रण में थी। बाद में मराठा सेनापति महादजी सिंधिया ने दिल्ली पर अधिकार करके गुलाम कादिर को पराजित किया और शाह आलम द्वितीय को पुनः सिंहासन पर स्थापित किया। इसके साथ ही बेदार बख़्त की अल्पकालीन शासकीय स्थिति समाप्त हो गई।

कुल मिलाकर मुगल साम्राज्य भारतीय इतिहास का एक महत्त्वपूर्ण और प्रभावशाली साम्राज्य था, जिसने लगभग साढ़े तीन शताब्दियों तक भारतीय उपमहाद्वीप की राजनीति, प्रशासन, अर्थव्यवस्था और संस्कृति को प्रभावित किया। 1526 ई. में बाबर ने पानीपत के प्रथम युद्ध में इब्राहिम लोदी को पराजित कर मुगल साम्राज्य की स्थापना की। उसके उत्तराधिकारियों हुमायूँ, अकबर, जहाँगीर, शाहजहाँ और औरंगजेब ने अलग-अलग परिस्थितियों में साम्राज्य को आगे बढ़ाया। अकबर के शासनकाल में मुगल साम्राज्य को राजनीतिक स्थिरता, क्षेत्रीय विस्तार और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था प्राप्त हुई। जहाँगीर के काल में चित्रकला और ललित कलाओं का विकास हुआ, जबकि शाहजहाँ के शासनकाल में स्थापत्य कला ने अभूतपूर्व उन्नति की। औरंगजेब के शासनकाल में मुगल साम्राज्य अपने क्षेत्रीय विस्तार के चरम पर पहुँचा, किंतु उसकी दीर्घकालीन दक्कन नीति, लगातार चलने वाले युद्धों और प्रशासनिक चुनौतियों ने साम्राज्य की आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति को कमजोर कर दिया।

1707 ई. में औरंगजेब की मृत्यु के बाद मुगल साम्राज्य के पतन की प्रक्रिया तेज हो गई। उत्तराधिकार के लिए होने वाले संघर्ष, कमजोर शासकों, दरबारी गुटबाजी, प्रांतीय सूबेदारों की बढ़ती स्वतंत्रता, मराठों और अन्य क्षेत्रीय शक्तियों के उदय तथा नादिरशाह और अहमदशाह अब्दाली के आक्रमणों ने केंद्रीय सत्ता को लगभग निष्प्रभावी बना दिया। इसी दौरान अंग्रेजी ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में अपनी राजनीतिक और सैन्य शक्ति का विस्तार किया तथा धीरे-धीरे मुगल सम्राटों को नाममात्र के शासक तक सीमित कर दिया। अंततः 1857 ई. के विद्रोह के बाद अंतिम मुगल सम्राट बहादुर शाह जफर को पदच्युत कर रंगून निर्वासित कर दिया गया, जिससे मुगल साम्राज्य का औपचारिक अंत हो गया।

इस प्रकार मुगल साम्राज्य का इतिहास केवल उसके राजनीतिक उत्थान और पतन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व प्रणाली, स्थापत्य कला, चित्रकला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक समन्वय के विकास की भी महत्त्वपूर्ण गाथा है। मुगल शासकों की नीतियों, उपलब्धियों और विफलताओं ने भारतीय इतिहास की आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को गहराई से प्रभावित किया।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

मुगल साम्राज्य का संस्थापक कौन था?

मुगल साम्राज्य का संस्थापक बाबर था। उसने 1526 ई. में पानीपत के प्रथम युद्ध में इब्राहिम लोदी को पराजित कर भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना की।

मुगल साम्राज्य का सबसे महान शासक किसे माना जाता है?

अकबर को मुगल साम्राज्य के सबसे महान शासकों में से एक माना जाता है। उसने 1556 से 1605 ई. तक शासन किया तथा साम्राज्य का विस्तार, प्रशासनिक सुधार और धार्मिक सहिष्णुता की नीति अपनाई।

औरंगजेब के बाद मुगल साम्राज्य का शासक कौन बना?

औरंगजेब की मृत्यु 1707 ई. में हुई। उसके बाद उसका पुत्र बहादुर शाह प्रथम मुगल सम्राट बना। उसने 1707 से 1712 ई. तक शासन किया।

मुगल साम्राज्य का पतन कब और क्यों शुरू हुआ?

मुगल साम्राज्य का पतन औरंगजेब की मृत्यु (1707 ई.) के बाद तेजी से शुरू हुआ। इसके प्रमुख कारण कमजोर उत्तराधिकारी, उत्तराधिकार के युद्ध, साम्राज्य का अत्यधिक विस्तार, आर्थिक संकट, प्रांतीय शक्तियों का उदय और विदेशी आक्रमण थे।

नादिरशाह ने भारत पर आक्रमण कब किया और इसका क्या प्रभाव पड़ा?

ईरान के शासक नादिरशाह ने 1739 ई. में भारत पर आक्रमण किया। उसने करनाल के युद्ध में मुगल सम्राट मुहम्मद शाह को पराजित किया और दिल्ली में भारी लूटपाट की। इस आक्रमण से मुगल साम्राज्य की प्रतिष्ठा और सैन्य शक्ति को गहरा आघात पहुँचा।

मुगल साम्राज्य का अंतिम शासक कौन था और उसका अंत कब हुआ?

बहादुर शाह द्वितीय, जिन्हें बहादुर शाह जफर के नाम से जाना जाता है, मुगल साम्राज्य के अंतिम सम्राट थे। 1857 के विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर रंगून निर्वासित कर दिया। 1862 ई. में वहीं उनकी मृत्यु हो गई और मुगल साम्राज्य का औपचारिक अंत हो गया।
error: Content is protected !!
Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks