अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना (रहीम) : जीवन, साहित्य और ऐतिहासिक महत्त्व
परिचय
अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना का पूरा नाम मिर्ज़ा अब्दुर्रहीम था, जो मुगलकालीन भारत के सेनानायक, राजनीतिज्ञ, विद्वान और कवि थे। हिंदी जगत में वे रहीम नाम से प्रसिद्ध हैं। वे अकबर के सबसे विश्वस्त अमीरों में थे और परंपरागर रूप से उनकी गिनती अकबर के नवरत्नों में होती थी। रहीम संस्कृत, फ़ारसी, अरबी, तुर्की और हिंदी के जानकार थे। हिंदी में वे नीति और भक्ति के दोहों के लिए अमर हैं।
रहीम ख़ानख़ाना का जन्म और पारिवारिक पृष्ठभूमि
रहीम का जन्म 17 दिसंबर 1556 ई. को लाहौर में हुआ था। उनके पिता बैरम ख़ाँ हुमायूँ के विश्वस्त सेनापति और अकबर के संरक्षक (अतालीक़) थे। वे तुर्कमान बहारलू कबीले से थे, जिसका संबंध कारा कोयुनलू परंपरा से जोड़ा जाता है। रहीम की माता सुल्ताना बेगम मेवात के ख़ानज़ादा सरदार जमाल ख़ाँ की पुत्री थीं। हुमायूँ ने जमाल ख़ाँ की बड़ी पुत्री से स्वयं विवाह किया और छोटी का विवाह बैरम ख़ाँ से कराया।
ख़ानज़ादा मेवात का प्रभावशाली मुस्लिम राजपूत घराना था, जिसकी जड़ें जादौन राजपूतों से जुड़ी थीं। इस वंश ने मध्यकाल में मेवात पर शासन किया। ‘ख़ानज़ादा’ का अर्थ ख़ान का पुत्र या वंशज है।
बैरम ख़ाँ की हत्या और अकबर का संरक्षण
1561 ई. में गुजरात के पाटन के पास बैरम ख़ाँ की हत्या अफ़ग़ान मुबारक ख़ाँ लोहानी ने कर दी। उस समय रहीम लगभग चार वर्ष के थे। उनकी माता और उन्हें सुरक्षित अकबर के दरबार में लाया गया। अकबर ने बालक रहीम को अपने संरक्षण में लिया, उसे मिर्ज़ा ख़ाँ की उपाधि दी और उनकी शिक्षा का प्रबंध कराया। बैरम ख़ाँ की विधवा सलीमा सुल्तान बेगम से अकबर ने विवाह कर लिया। इस कारण वह रहीम की सौतेली माता बन गईं। अकबर के संरक्षण में रहीम को उच्च शिक्षा, साहित्यिक संस्कार और प्रशासनिक प्रशिक्षण मिला।

रहीम का विवाह और परिवार
रहीम का विवाह 1573 ई. के आसपास अकबर के पालक-भाई मिर्ज़ा अज़ीज़ कोका की बहन माह बानू बेगम से हुआ। अज़ीज़ कोका अतगा ख़ाँ का पुत्र था। इस संबंध से दरबार में रहीम की स्थिति और मज़बूत हो गई।
रहीम की संतानों में पुत्री जाना बेगम और पुत्र मिर्ज़ा ईरज (उपाधि शाहनवाज़ ख़ाँ), दाराब ख़ाँ तथा रहमानदाद के नाम मिलते हैं। जाना बेगम का विवाह अकबर के पुत्र राजकुमार दानियाल से हुआ था।
सैन्य और प्रशासनिक जीवन
रहीम अकबर के सबसे सफल सेनानायकों में थे। उन्होंने 1573 ई. के गुजरात अभियान में भाग लिया। 1583-84 ई. में गुजरात में मुज़फ़्फ़र शाह तृतीय को पराजित करने के बाद उन्हें ‘ख़ान-ए-ख़ानाँ’ ‘ख़ानों के ख़ान) की उपाधि और वकील का उच्च पद मिला। 1590-91 ई. में उन्होंने सिंध के तरख़ान शासक मिर्ज़ा जानी बेग को अधीनता स्वीकार करने पर विवश किया। बाद में वे दक्कन अभियानों में लगे रहे और अहमदनगर तथा बीजापुर की सेनाओं के विरुद्ध लड़े। वे राजकुमार सलीम (जहाँगीर) के अतालीक़ (संरक्षक-शिक्षक) भी रहे। जहाँगीर के काल में भी वे उच्च पदों पर रहे और दक्कन की ज़िम्मेदारी सँभाली। जीवन के अंतिम वर्षों में दरबारी राजनीति और पारिवारिक दुखों ने उन्हें घेर लिया था।
मेवाड़ प्रसंग
परंपरा के अनुसार लगभग 1580 ई. में रहीम को अजमेर का दायित्व मिला और महाराणा प्रताप के विरुद्ध अभियान में उनकी भूमिका थी। कहा जाता है कि उन्होंने अपने परिवार को शेरपुरा में रखा था। प्रताप के पुत्र अमर सिंह ने वहाँ धावा बोलकर रहीम के परिवार की स्त्रियों को पकड़ लिया। प्रताप ने इस पर अमर सिंह को फटकारा और स्त्रियों को पूरे सम्मान के साथ लौटा दिया। यह प्रसंग मुख्यतः राजपूत परंपरा तथा कर्नल टॉड जैसे बाद के लेखकों में मिलता है, इसलिए इसे परंपरागत कथा ही माना जाता है।
व्यक्तित्व और उदारता
रहीम अपनी दानशीलता और विनम्रता के लिए प्रसिद्ध थे। लोक-कथा के अनुसार वे दान देते समय आँखें झुकाए रखते थे। इस पर संभवत: तुलसीदास पूछा :
सीखे कहाँ नवाबजू, ऐसी देनी दैन।
ज्यों-ज्यों कर ऊँचौ करौ, त्यों-त्यों नीचे नैन॥
रहीम ने उत्तर दिया :
देनहार कोउ और है, भेजत सो दिन-रैन।
लोग भरम हम पै धरैं, याते नीचे नैन॥
अर्थात असली दाता ईश्वर है और मैं केवल माध्यम हूँ। लोग श्रेय मुझे देते हैं, इसलिए मेरी आँखें लज्जा से झुकती हैं। यह संवाद लोक-परंपरा में प्रचलित है, किंतु इसके ऐतिहासिक प्रमाण निश्चित नहीं हैं।
रहीम कला और साहित्य के संरक्षक भी थे। उनके दरबार में कवि और चित्रकार पनपे। उनके लिए तैयार की गई सचित्र पांडुलिपियाँ, जैसे, 1616-17 ई. की रज़्मनामा प्रति इसका उदाहरण है।
हिंदी साहित्य में योगदान
रहीम ब्रजभाषा और अवधी में लिखते थे। उनकी भाषा सरल, प्रवाहपूर्ण और लोकजीवन के निकट है। उनकी रचनाओं में ‘रहीम दोहावली’ (सतसई), ‘बरवै नायिका भेद’, ‘मदनाष्टक’, ‘शृं’गार सोरठा’ और ‘नगर शोभा’ प्रमुख हैं, जिनमें नीति, शृंगार और कृष्ण-भक्ति तीनों के रंग हैं। उनके छंदों का एक संकलन ‘रहीम रत्नावली’ नाम से भी मिलता है। बरवै छंद के प्रयोग में उनकी विशेष प्रसिद्धि थी
रहीम के काव्य में जीवन के साधारण अनुभव, जैसे धागा, जल, सुई, वृक्ष और तालाब गहरी नीति के प्रतीक हैं। मुस्लिम परिवार में जन्म लेने पर भी उन्होंने कृष्ण-भक्ति और भारतीय परंपराओं को आत्मीयता से अपनाया।
रहीम के कुछ प्रसिद्ध दोहे
प्रेम की नाज़ुकता
रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो चटकाय।
टूटे पे फिर ना जुड़े, जुड़े गाँठ परि जाय॥
प्रेम का संबंध कच्चे धागे जैसा नाज़ुक है। एक बार टूटने पर जुड़ भी जाए तो उसमें गाँठ पड़ जाती है।
छोटे का महत्त्व
रहिमन देखि बड़ेन को, लघु न दीजिए डारि।
जहाँ काम आवै सुई, कहा करै तरवारि॥
हर वस्तु और व्यक्ति की अपनी उपयोगिता है। जहाँ सुई चाहिए, वहाँ तलवार किसी काम की नहीं।
प्रतिष्ठा का ‘पानी’
रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून।
पानी गए न ऊबरे, मोती मानुष चून॥
यहाँ ‘पानी’ के तीन अर्थ हैं: मोती की चमक, मनुष्य की प्रतिष्ठा और चूने में नमी। पानी (आब या आत्मसम्मान) चला जाए तो तीनों बेकार हो जाते हैं।
संकट में धैर्य
रहिमन चुप ह्वै बैठिए, देखि दिनन के फेर।
जब नीके दिन आइहैं, बनत न लगिहै देर॥
बुरा समय आए तो धैर्य रखना चाहिए, क्योंकि अच्छे दिन आने में देर नहीं लगती।
परोपकार
तरुवर फल नहिं खात हैं, सरवर पियहिं न पान।
कहि रहीम परकाज हित, संपति सँचहि सुजान॥
वृक्ष अपने फल नहीं खाते और सरोवर अपना जल नहीं पीते। सज्जन भी धन दूसरों के हित के लिए जोड़ते हैं।
बाबरनामा का फ़ारसी अनुवाद
अकबर के आदेश पर रहीम ने बाबर की आत्मकथा ‘तुज़ुक-ए-बाबरी’ (बाबरनामा) का चग़ताई तुर्की से फ़ारसी में अनुवाद किया, जो 1589 ई. (हिजरी 998) में पूरा हुआ। यह अनुवाद ‘वक़ाया-ए-बाबरी’ के नाम से जाना जाता है। इससे यह ग्रंथ फ़ारसी पढ़ने वाले दरबारी समाज तक पहुँच गया।
संस्कृत और ज्योतिष
रहीम को संस्कृत का अच्छा ज्ञान था। उन्होंने ज्योतिष पर ‘खेट कौतुकम्’ और ‘द्वात्रिंशद्योगावली’ की रचना की। ये ग्रंथ संस्कृत और हिंदी के मिश्रित रूप में हैं। इनसे पता चलता है कि उनकी रुचि केवल कविता तक सीमित नहीं थी, भारतीय ज्ञान-परंपराओं तक फैली थी।
रहीम की मृत्यु और मकबरा
अकबर की मृत्यु के बाद जहाँगीर के शासनकाल में राजनीतिक मतभेदों और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण रहीम के अंतिम दिन संघर्षपूर्ण रहे। उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा। लगभग 70 वर्ष की आयु में अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना (रहीम) का निधन 1 अक्टूबर 1627 ई. को आगरा में हुआ।
रहीम का मकबरा दिल्ली के निज़ामुद्दीन (पूर्व) क्षेत्र में, मथुरा रोड के निकट, हुमायूँ के मकबरे के पास स्थित है। इसका निर्माण उन्होंने 1598 ई. में अपनी पत्नी माह बानू की स्मृति में करवाया था। 1627 ई. में रहीम को भी इसी मकबरे में दफनाया गया। यह मकबरा लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर से निर्मित है तथा मुगल मकबरा-स्थापत्य के विकास की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है। इसकी स्थापत्य शैली में बाद के मुगल मकबरों, विशेषकर ताजमहल की वास्तुकला के कुछ पूर्ववर्ती तत्त्व दिखाई देते हैं। 1753–54 ई. में इस मकबरे से संगमरमर और बलुआ पत्थर निकालकर सफदरजंग के मकबरे में लगा दिया गया, जिससे इसकी मूल संरचना को काफ़ी क्षति पहुँची।
संरक्षण और पुनरुद्धार
रहीम के मकबरे के संरक्षण और पुनरुद्धार का कार्य 2014 ई. में आगा ख़ान ट्रस्ट फ़ॉर कल्चर ने भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण तथा इंटरग्लोब फ़ाउंडेशन के सहयोग से प्रारंभ किया। लगभग छह वर्षों तक चले इस कार्य में पारंपरिक कारीगरों ने चूने-गारे सहित प्राचीन निर्माण-तकनीकों और पारंपरिक सामग्रियों का उपयोग करके मकबरे की मरम्मत की। 2020 के अंत में पुनरुद्धार कार्य पूरा होने के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया।
ऐतिहासिक महत्त्व
रहीम ने सेना, प्रशासन, अनुवाद और साहित्य चारों क्षेत्रों में एक साथ काम किया। उनके दोहे आज भी स्कूलों और घरों में पढ़े जाते हैं। फ़ारसी, तुर्की, संस्कृत और हिंदी के बीच सेतु होने के कारण वह मध्यकालीन भारत की साझा सांस्कृतिक परंपरा (गंगा-जमुनी तहज़ीब) के प्रतिनिधि माने जाते हैं।


