रफी उद-दरजात (Rafi ud-Darajat)

रफी उद-दरजात (Rafi ud-Darajat)
रफी उद-दरजात (1719 ई.) रफी उद-दरजात मुगल साम्राज्य के उन सम्राटों में थे जिनका शासन […]

रफी उद-दरजात (1719 ई.)

Table of Contents

रफी उद-दरजात मुगल साम्राज्य के उन सम्राटों में थे जिनका शासन अत्यंत संक्षिप्त था। उन्हें 28 फरवरी 1719 ई. को सम्राट बनाया गया और लगभग तीन महीने बाद जून 1719 ई. में हटा दिया गया। वे उस दौर में गद्दी पर बैठे जब औरंगज़ेब की मृत्यु (1707 ई.) के बाद केंद्रीय सत्ता लगातार कमज़ोर हो रही थी। उत्तराधिकार के संघर्ष, दरबारी गुटबंदी, अमीरों की महत्त्वाकांक्षा और प्रांतीय शासकों की बढ़ती स्वायत्तता ने मुगल व्यवस्था को अस्थिर कर दिया था।

जन्म, वंश और पारिवारिक पृष्ठभूमि

रफी उद-दरजात का जन्म 30 नवंबर या 1 दिसंबर 1699 ई. को हुआ था। वे राजकुमार रफी-उश-शान के सबसे छोटे पुत्र थे। रफी-उश-शान सम्राट बहादुर शाह प्रथम के पुत्र थे, इसलिए रफी उद-दरजात बहादुर शाह प्रथम के पौत्र और औरंगज़ेब के प्रपौत्र थे। उनकी माता का नाम रज़ियत-उन-निसा बेगम बताया जाता है। उनके पिता रफी-उश-शान 1712 ई. में बहादुर शाह प्रथम की मृत्यु के बाद हुए उत्तराधिकार युद्ध में मारे गए थे, जिसमें जहाँदार शाह विजयी हुआ।

1719 ई. की मुगल राजनीति और सैयद बंधु

औरंगज़ेब की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार का कोई निश्चित नियम नहीं था। राजकुमारों में संघर्ष होता था और शक्तिशाली अमीर तथा सैन्य सरदार अपनी शक्ति के आधार पर किसी एक दावेदार का साथ देते थे।

1712 ई. में बहादुर शाह प्रथम की मृत्यु के बाद जहाँदार शाह विजयी हुआ, किंतु उसका शासन भी अल्पकालिक था। 1713 ई. में फ़र्रुख़सियर ने सैयद बंधुओं की सहायता से जहाँदार शाह को हराकर गद्दी प्राप्त की। इसके बाद दरबार में सैयद बंधुओं की शक्ति असाधारण रूप से बढ़ गई।

सैयद बंधुओं  दो प्रभावशाली अमीर थे : सैयद अब्दुल्ला ख़ान (वज़ीर) और सैयद हुसैन अली ख़ान (मीर बख़्शी)। वे इतने शक्तिशाली हो गए कि सम्राट की नियुक्ति और पदच्युति तक को प्रभावित करने लगे। इसी कारण इतिहास में उन्हें “बादशाह-निर्माता” कहा जाता है।

फ़र्रुख़सियर की पदच्युति और रफी उद-दरजात का राज्यारोहण

फ़र्रुख़सियर ने सैयद बंधुओं का प्रभाव घटाने के लिए उनके विरोधी अमीरों का सहयोग लिया और सैयद बंधुओं अपनी शक्ति पर खतरा देखकर चिंतित हो गए। अंततः फरवरी 1719 ई. में उन्होंने दिल्ली में शाही सत्ता पर नियंत्रण कर फ़र्रुख़सियर को पदच्युत किया और उसे बंदी बना लिया। बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से मुगल सम्राट की प्रतिष्ठा और स्वतंत्र राजनीतिक अधिकार को गहरा आघात पहुँचा।

इसके बाद 28 फरवरी 1719 ई. को सैयद बंधुओं ने रफी उद-दरजात को सम्राट घोषित किया। यह राज्यारोहण वंशानुगत उत्तराधिकार का सामान्य मामला नहीं, बल्कि सैयद बंधुओं की सर्वोच्च शक्ति का प्रमाण था। उन्हें ऐसा शासक चाहिए था जो उनके प्रभाव को चुनौती न दे सके।

रफी उद-दरजात (Rafi ud-Darajat)
रफी उद-दरजात

शासनकाल और प्रशासनिक स्थिति

रफी उद-दरजात का शासन लगभग तीन महीने चला। इस अवधि में वे वास्तविक स्वतंत्र शासक की भूमिका नहीं निभा सके। प्रशासन, नियुक्तियों, सैन्य निर्णयों और दरबार की गतिविधियों पर सैयद अब्दुल्ला ख़ान और हुसैन अली ख़ान का नियंत्रण बना रहा। उन्होंने शाही महल और सम्राट के निजी सेवक-वर्ग तक में अपने विश्वासपात्र रख दिए थे।

इसलिए रफी उद-दरजात नाममात्र के सम्राट थे। उनके नाम से आदेश जारी होते थे, सिक्के ढलते थे और शुक्रवार के उपदेश (ख़ुतबे) में नाम पढ़ा जाता था, पर वास्तविक सत्ता सैयद बंधुओं के हाथ में थी। सैयद बंधुओं को ऐसा सम्राट चाहिए था जो उनकी नीतियों का विरोध न करे, और उनकी युवावस्था, कमज़ोर राजनीतिक स्थिति तथा किसी शक्तिशाली स्वतंत्र गुट के अभाव ने उन्हें अनुकूल बना दिया।

फिर भी प्रशासन में तत्काल बड़े बदलाव नहीं किए गए। पहले से कार्यरत अनेक अधिकारियों को पदों पर बनाए रखा गया ताकि अव्यवस्था न फैले। उनके राज्यारोहण के समय जज़िया कर को फिर से समाप्त करने की घोषणा भी की गई। कहा जाता है कि इसमें राजपूत सरदारों और दरबार के प्रभावशाली लोगों की भूमिका थी। इससे पता चलता है कि सैयद बंधुओं विभिन्न समूहों का समर्थन पाने के लिए व्यावहारिक नीतियाँ अपना रहे थे।

नेकोसियार का विद्रोह

इस अवधि में साम्राज्य को नेकोसियार के विद्रोह की चुनौती मिली। नेकोसियार औरंगज़ेब का पौत्र और विद्रोही राजकुमार मुहम्मद अकबर का पुत्र था। उसने सिंहासन पर अपना अधिकार जताते हुए आगरा के क़िले में स्वयं को सम्राट घोषित कर दिया। उसने शाही अधिकारों का प्रयोग करने, यहाँ तक कि अपने नाम के सिक्के ढलवाने का प्रयास किया, जिससे उत्तराधिकार का संघर्ष फिर शुरू हो गया।

सैयद बंधुओं अपने नियुक्त सम्राट के विरुद्ध किसी अन्य राजकुमार को शक्तिशाली नहीं होने देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने सैनिक कार्रवाई की। उनकी सेनाओं ने आगरा के क़िले पर अधिकार किया और नेकोसियार को बंदी बना लिया। उसे बाद में दिल्ली के सलीमगढ़ क़िले में क़ैद रखा गया, जहाँ 1723 ई. में उसकी मृत्यु हुई। इस विद्रोह से है कि 1719 में साम्राज्य कितना अस्थिर था। शाही परिवार के कई सदस्य सिंहासन के दावेदार थे और शक्तिशाली अमीर अपनी सुविधा से किसी को भी सम्राट बनाने का प्रयास कर रहे थे।

बीमारी और पदच्युति

रफी उद-दरजात का स्वास्थ्य शुरू से कमज़ोर था। विलियम इरविन जैसे इतिहासकारों और फ़ारसी विवरणों के अनुसार वे क्षय रोग (तपेदिक) से पीड़ित थे। बीमारी के कारण वे सक्रिय राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यों में भाग लेने की स्थिति में नहीं थे, और सत्ता पहले से सैयद बंधुओं के हाथ में केंद्रित थी।

जब बीमारी गंभीर हो गई और स्वस्थ होने की संभावना कम दिखी, तब सैयद बंधुओं ने उत्तराधिकार पर विचार शुरू किया। कहा जाता है कि रफी उद-दरजात ने स्वयं इच्छा जताई कि बड़े भाई रफी उद-दौला को उनके जीवनकाल में ही उत्तराधिकारी बना दिया जाए और सैयद बंधुओं ने यह मान ली। जून 1719 ई. में रफी उद-दरजात को हटाकर रफी उद-दौला को गद्दी पर बैठाया गया, जिन्होंने शाहजहाँ द्वितीय की उपाधि ली।

मृत्यु, पत्नी और समाधि

रफी उद-दरजात की मृत्यु जून 1719 ई. में हुई, संभवतः आगरा में। अधिकांश विवरण क्षय रोग को कारण बताते हैं। कुछ परवर्ती विवरणों में मृत्यु को संदिग्ध बताकर हत्या की आशंका जताई गई है, किंतु सैयद बंधुओं द्वारा हत्या का कोई निर्णायक प्रमाण नहीं है।

उनकी पत्नी का नाम इनायत बानू बेगम बताया जाता है। उनकी कोई संतान नहीं थी। मृत्यु के बाद उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली ले जाकर सूफ़ी संत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी की दरगाह (महरौली) के निकट दफ़नाया गया।

उत्तराधिकारी : रफी उद-दौला और मुहम्मद शाह

रफी उद-दरजात के हटने पर उनके बड़े भाई रफी उद-दौला ने शाहजहाँ द्वितीय के रूप में गद्दी सँभाली। वे भी रफी-उश-शान के पुत्र और बहादुर शाह प्रथम के पौत्र थे। उनका शासन भी बहुत संक्षिप्त रहा, और सितंबर 1719 ई. में रोशन अख़्तर को गद्दी पर बैठाया गया, जिन्होंने मुहम्मद शाह की उपाधि धारण की। इस प्रकार 1719 ई. में ही कई शासकों का उत्थान और पतन हुआ, जो राजनीतिक दुर्बलता और दरबारी गुटबंदी का स्पष्ट प्रमाण था।

रफी उद-दरजात का ऐतिहासिक महत्त्व

रफी उद-दरजात का शासनकाल बहुत अल्प होने पर भी उत्तरकालीन मुगल इतिहास में विशेष ऐतिहासिक महत्त्व रखता है, क्योंकि यह अठारहवीं शताब्दी के आरंभ में मुगल सम्राट की घटती वास्तविक शक्ति और दरबारी अमीरों के बढ़ते प्रभाव का सूचक है। इस समय सम्राट का चयन केवल वंशानुगत उत्तराधिकार की परंपरा पर निर्भर नहीं रह गया था, बल्कि शक्तिशाली अमीरों और सैन्य सरदारों की राजनीतिक इच्छाओं से प्रभावित होने लगा था। सैयद बंधुओं ने फ़र्रुख़सियर को पदच्युत करने के बाद फरवरी 1719 ई. में रफी उद-दरजात को मुगल सिंहासन पर बैठाया और उसकी मृत्यु के बाद उसके छोटे भाई रफी उद-दौला को शाहजहाँ द्वितीय की उपाधि के साथ सम्राट बनाया। इससे स्पष्ट हुआ कि मुगल सम्राट की स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत सीमित हो चुकी थी और वास्तविक सत्ता सैयद बंधुओं के हाथों में केंद्रित थी। इसी समय नेकोसियार जैसे अन्य उत्तराधिकारियों के दावों ने मुगल दरबार में उत्तराधिकार संबंधी संघर्ष और राजनीतिक अस्थिरता को उजागर किया। वस्तुतः रफी उद-दरजात का शासन उस व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा था, जिसमें मुगल केंद्रीय सत्ता लगातार कमजोर होती गई और दरबारी गुटों तथा क्षेत्रीय शक्तियों का प्रभाव बढ़ता गया। आगे चलकर मराठों, जाटों, सिखों और राजपूतों के साथ-साथ बंगाल, अवध तथा हैदराबाद के क्षेत्रीय शासकों की बढ़ती स्वायत्तता ने मुगल साम्राज्य के विघटन की प्रक्रिया को और तेज कर दिया।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

रफी उद-दरजात कौन थे?

वे रफी-उश-शान के सबसे छोटे पुत्र और बहादुर शाह प्रथम के पौत्र थे, जो 1719 ई. में लगभग तीन महीने के लिए मुगल सम्राट रहे।

रफी उद-दरजात का जन्म कब हुआ?

30 नवंबर 1699 ई. को (कुछ विवरणों में 1 दिसंबर)।

रफी उद-दरजात को सम्राट किसने बनाया?

फ़र्रुख़सियर को हटाने के बाद सैयद बंधुओं- सैयद अब्दुल्ला ख़ान और सैयद हुसैन अली ख़ान ने 28 फरवरी 1719 ई. को।

सैयद बंधुओं को “बादशाह-निर्माता” क्यों कहा जाता है?

क्योंकि उन्होंने सम्राटों की नियुक्ति और पदच्युति को नियंत्रित किया, जैसे फ़र्रुख़सियर को हटाकर रफी उद-दरजात, फिर रफी उद-दौला और मुहम्मद शाह को बैठाना।

नेकोसियार का विद्रोह क्या था

नेकोसियार औरंगज़ेब का पौत्र और मुहम्मद अकबर का पुत्र था। उसने आगरा के क़िले में स्वयं को सम्राट घोषित किया। सैयद बंधुओं ने उसे पराजित कर बंदी बनाया, और सलीमगढ़ में क़ैद रहते हुए 1723 ई. में उसकी मृत्यु हुई।

रफी उद-दरजात की मृत्यु कैसे हुई

अधिकांश विवरणों के अनुसार क्षय रोग (तपेदिक) से जून 1719 ई. में। हत्या का कोई निर्णायक प्रमाण नहीं है।

रफी उद-दरजात के बाद सम्राट कौन बना?

उनके बड़े भाई रफी उद-दौला, जिन्होंने शाहजहाँ द्वितीय की उपाधि धरण की।

रफी उद-दरजात को कहाँ दफ़नाया गया?

माना जाता है कि दिल्ली में ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी की दरगाह के निकट।
error: Content is protected !!
Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks