गुर्जर प्रतिहार वंश (Gurjara Pratihara Dynasty)

हर्षोत्तरकाल में गुर्जरात्रा प्रदेश में प्रतिहार राजवंश का उदय हुआ, जो गुर्जरों की एक राजपूत शाखा से संबंधित होने के कारण ‘गुर्जर प्रतिहार’ के नाम से जाना जाता है। गुर्जरात्रा प्रदेश या गुर्जर देश का विस्तार राजस्थान राज्य के पूर्वी हिस्से और गुजरात राज्य के उत्तरी हिस्से तक था। यद्यपि इस वंश की की प्राचीनता पाँचवीं शताब्दी ईस्वी तक जाती है, किंतु छठी शताब्दी के प्रारंभ से गुर्जरों ने पंजाब, मारवाड़ और भडौंच में अपने राज्य स्थापित कर लिये थे।

गुर्जर-प्रतिहारों ने आठवीं से ग्यारहवीं शताब्दी के प्रारंभ तक शासन किया। प्रारंभ में उनकी राजधानी मंडोर, भीनमल और अवंति (उज्जयिनी) रही, लेकिन 836 ई. के आसपास उन्होंने कन्नौज को अपनी राजनीतिक सत्ता का केंद्र बनाया और नवीं शताब्दी के अंत तक इस राजवंश की शक्ति उत्तर भारत में सभी दिशाओं में फैल चुकी थी। गुर्जर प्रतिहारों की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धि थी कि उन्होंने अरब आक्रांताओं को सिंध से आगे नहीं बढ़ने दिया, जिसके कारण उन्हें भारत के ‘प्रतिहारी’ (द्वार-रक्षक) के रूप में जाना जाता है।

Table of Contents

ऐतिहासिक स्रोत

गुर्जर-प्रतिहारों के इतिहास की जानकारी अभिलेखों, साहित्यिक ग्रंथों और अरब लेखकों के विवरणों से मिलती है, जो निम्नलिखित हैं-

अभिलेख

प्रतिहार अभिलेखों में सर्वाधिक उल्लेखनीय मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति है। यद्यपि इसमें कोई तिथि अंकित नहीं है, फिर भी, यह प्रतिहार वंश के शासकों की की वंशावली और उपलब्धियों को जानने का मुख्य स्रोत है। इसके अतिरिक्त, जोधपुर, घटियाला और अन्य स्थानों से प्राप्त अभिलेखों से भी गुर्जर-प्रतिहारकालीन घटनाओं पर प्रकाश पड़ता है। प्रतिहारों के समकालीन पाल तथा राष्ट्रकूट वंशों के लेखों से भी प्रतिहार शासकों के साथ उनके संबंधों का ज्ञान होता है। उनके सामंतों के कई लेख भी मिले हैं, जो उनके साम्राज्य-विस्तार तथा शासन-संबंधी घटनाओं पर प्रकाश डालते हैं।

साहित्यिक स्रोत

प्रतिहार युग की अनेक साहित्यिक कृतियों से भी तत्कालीन राजनीति और संस्कृति का ज्ञान होता है। बाण की रचना हर्षचरित में गुर्जरों का उल्लेख है। संस्कृत के विद्वान राजशेखर महेंद्रपाल प्रथम और उसके पुत्र महीपाल प्रथम के दरबार में रहे थे। उन्होंने अपने ग्रंथों- काव्यमीमांसा, कर्पूरमंजरी, विद्धशालभंजिका, बालरामायण और भुवनकोश में तत्कालीन समाज एवं संस्कृति का वर्णन किया है। जयानक द्वारा रचित पृथ्वीराजविजय से पता चलता है कि चाहमान शासक दुर्लभराज प्रतिहार नरेश वत्सराज का सामंत था और उसकी ओर से पालों के विरुद्ध संघर्ष में शामिल हुआ था। जैन लेखक चंद्रप्रभासूरि के ग्रंथ प्रभाकर-प्रशस्ति से नागभट्ट द्वितीय के संबंध में कुछ सूचनाएँ मिलती हैं। कश्मीरी कवि कल्हण की राजतरंगिणी में मिहिरभोज की उपलब्धियों का वर्णन मिलता है।

अरब लेखक

सुलेमान, अल्बरूनी और अलमसुदी जैसे अरब लेखकों के विवरणों से भी गुर्जर प्रतिहारों के इतिहास पर कुछ प्रकाश पड़ता है। अरब लेखकों ने गुर्जर प्रतिहारों को ‘जुर्ज’ या ‘अल-गुजर’ कहा है। सुलेमान ने मिहिरभोज की शक्ति एवं उसके राज्य की समृद्धि का वर्णन किया, जबकि अलमसुदी से, जो दसवीं शताब्दी के प्रारंभ में पंजाब आया था, महीपाल प्रथम के विषय में कुछ रोचक सूचनाएँ मिलती हैं। उसने गुर्जर प्रतिहार शासक को ‘अल-गुजर’ और राजा को ‘‘बरूआ’ कहकर संबोधित किया है। प्रायः सभी मुसलमान लेखकों ने प्रतिहारों की शक्ति, देशभक्ति और उनकी समृद्धि की प्रशंसा की है।

गुर्जर-प्रतिहारों की उत्पत्ति

विभिन्न राजपूत राजवंशों की उत्पत्ति की तरह गुर्जर-प्रतिहार वंश की उत्पत्ति और इनके नाम में ‘गुर्जर’ शब्द का अर्थ इतिहासकारों के बीच विवाद का विषय रहा है। कुछ इतिहासकार गुर्जर-प्रतिहारों को अन्य राजपूतों की तरह विदेशी मानते हैं, जबकि अधिकांश विद्वानों की धारणा है कि गुर्जर-प्रतिहार भारतीय थे।

विदेशी उत्पत्ति

विदेशी उत्पत्ति के समर्थक विद्वान, जैसे कैम्पबेल और जैक्सन आदि प्रतिहारों को ‘खजर’ नामक जाति की संतान बताते हैं, जो छठी शताब्दी में हूणों के साथ भारत में आई थी। किंतु खजर नामक किसी विदेशी जाति के संबंध में किसी भारतीय अथवा विदेशी साक्ष्य से कोई सूचना नहीं मिलती है।

चंदबरदाई के पृथ्वीराजरासो में प्रतिहारों और तीन अन्य राजपूत राजवंशों की उत्पत्ति माउंट आबू में एक यज्ञ-अग्निकुंड से बताई गई है। इस अग्निकुंड-संबंधी मिथक के आधार पर कर्नल टाड जैसे इतिहासकारों का विचार है कि विदेशी जातियों को अग्नि-अनुष्ठान में शुद्ध करके हिंदू जाति व्यवस्था में शामिल किया गया था।

अग्निकुंड-संबंधी मिथक की ऐतिहासिकता संदिग्ध है क्योंकि इस कथा का उल्लेख रासो की प्राचीन पांडुलिपियों में नहीं मिलता है। इस प्रकार प्रतिहारों के विदेशी मूल की उत्पत्ति का कोई निर्णायक प्रमाण नहीं है।

भारतीय उत्पत्ति

सी.वी. वैद्य, जी.एस. ओझा और दशरथ शर्मा जैसे अधिकांश भारतीय विद्वान अन्य राजपूतों की तरह गुर्जर प्रतिहारों को भी भारतीय मानते हैं। इस राजवंश के शासकों ने अपने कबीले के लिए ‘प्रतिहार’ पदनाम का प्रयोग किया है। लेकिन नीलकुंड, राधनपुर तथा देवली शिलालेखों में प्रतिहारों को ‘गुर्जर’ कहा गया है। गुर्जर का अर्थ है- ‘गुर्जर देश का प्रतिहार अर्थात् शासक’। इस प्रकार ‘गुर्जर’ शब्द स्थानवाचक है, जो गुर्जरात्रा क्षेत्र को दर्शाता है, न कि जाति कों। पुलकेशिन द्वितीय के ऐहोल लेख में पहली बार ‘गुर्जर’ जाति का उल्लेख मिलता है। यदि गुर्जर जाति बाहर से आकर भारतीय समाज में समाहित हुई होती, तो उसका कोई न कोई साक्ष्य अवश्य मिलता।

प्रतिहार अपनी पैतृक परंपरा हरिश्चंद्र नामक ब्राह्मण से भी जोड़ते हैं और तैत्तिरीय ब्राह्मण में प्रतिहारी नामक वैदिक याजकों का उल्लेख मिलता है। इस आधार पर प्रतिहारों को ब्राह्मण मूल का माना जा सकता है। ग्वालियर अभिलेख के अनुसार प्रतिहार पौराणिक नायक लक्ष्मण के वंश से संबंधित थे, क्योंकि उन्होंने अपने भाई राम के लिए प्रतिहार (द्वाररक्षक) के रूप में काम किया था। राजशेखर भी अपने संरक्षक महेंद्रपाल को ‘रघुकुल तिलक’ और महिपाल को ‘रघुवंश मुक्तामणि’ कहा है। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी ‘गुर्जर’ (कु-चे-लो) राज्य और उसकी राजधानी ‘भीनमाल’ (पि-लो-मो-ली) की चर्चा करते हुए गुर्जर शासक को को ‘क्षत्रिय’ बताया है। संभवतः प्रतिहार मूलतः ब्राह्मण या बह्म-क्षत्रिय थे, जिन्होंने बाद में क्षात्र-धर्म ग्रहण कर लिया था।

कुछ आधुनिक इतिहासकारों की भी धारणा है कि आठवीं शताब्दी के मध्य के लगभग प्रतिहारों के पूर्वज राष्ट्रकूट शासकों के अधीन उज्जैन में प्रतिहार के पद पर काम करते थे, इसलिए इस राजवंश को प्रतिहार कहा जाने लगा। इस प्रकार गुर्जर-प्रतिहार विदेशी नहीं, अपितु प्राचीन भारतीय सूर्यवंशी क्षत्रिय या बह्मक्षत्रियों की संतान थे।

प्रतिहारों का मूल-स्थान

प्रतिहारों का मूलस्थान निश्चित रूप से ज्ञात नहीं है। प्रतिहार राजाओं के जोधपुर और घटियाला शिलालेखों से अनुमान किया जाता है कि उनकी सत्ता का प्रारंभिक केंद्र मंडोर (मांडवैपुरा) था। ह्वेनसांग के विवरण के आधार पर स्मिथ जैसे इतिहासकारों का अनुमान है कि प्रतिहारों का मूलस्थान आबू पर्वत के उत्तर-पश्चिम में जालोर क्षेत्र में स्थित भीनमल था और गुर्जर प्रतिहारों ने यहीं से अपनी सत्ता का प्रारंभ किया था। जैन ग्रंथ हरिवंश पुराण में प्रतिहार शासक वत्सराज का संबंध अवंति से बताया गया है, जिसके आधार पर अधिकांश विद्वानों का मानना है कि गुर्जर प्रतिहारों का मूलस्थान उज्जयिनी (अवंति) था।

गुर्जर प्रतिहार वंश (Gurjara Pratihara Dynasty)
कन्नौज के लिए त्रिपक्षीय संघर्ष और प्रतिहार राज्य की सीमाएँ

प्रतिहारों की प्रारंभिक शाखाएँ

जोधपुर और घटियाला शिलालेखों के अनुसार गुर्जर प्रतिहार वंश का आदि पुरुष हरिश्चंद्र था, जिसने मांडवैपुरा (मंडोर) को जीतकर उसे अपनी राजधानी बनाया। स्रोतों से ज्ञात होता है कि इस वंश की 26 शाखाएँ थीं, जिनमें मंडोर के प्रतिहारों की शाखा सबसे प्राचीन थी। आदि पुरुष हरिश्चंद्र की दो पत्नियाँ थी- एक क्षत्राणी भद्रा और दूसरी ब्राह्मणी। इन दोनों पत्नियों की संतानों ने क्रमशः मंडोर और मालवा में दो शाखाएँ स्थापित कीं।

क्षत्रिय पत्नी भद्रा के चार पुत्र थे- भोगभट्ट, कद्दक, रज्जिल और दह। किंतु मंडोर की वंशावली उसके तीसरे पुत्र रज्जिल से ही प्रारंभ होती है। मंडोर के दसवें शासक शीलुक ने वल्ल देश के शासक भाटी देवराज को पराजित किया। उसकी भाटी वंश की महारानी पद्मिनी से बाउक और दूसरी रानी दुर्लभदेवी से कक्कुक नाम के दो पुत्र पैदा हुए। बाउक ने 837 ई. की जोधपुर प्रशस्ति में अपने वंश का विवरण अंकित करवाया और उसे मंडोर के एक विष्णु मंदिर में स्थापित किया था। कक्कुक ने दो शिलालेख उत्कीर्ण करवाये, जो घटियाला लेख के नाम से प्रसिद्ध हैं। उसने घटियाला और मंडोर में जयस्तंभ भी स्थापित करवाया था। इस प्रकार क्षत्रिय पत्नी भद्रा से उत्पन्न पुत्र मंडोर में शासन करते थे, जबकि ब्राह्मण पत्नी से उत्पन्न पुत्र उज्जैन (मालवा) में।

अंततः प्रतिहार शासक नागभट्ट प्रथम के समय गुजरात तक साम्राज्य-विस्तार होने के कारण मंडोर और मालवा की दोनों शाखाएँ एक हो गईं और प्रतिहार राज्य की राजधानी (भीनमाल) हो गई।

कन्नौज के गुर्जर-प्रतिहार

नागभट्ट प्रथम (730-760 ई.)

कन्नौज के गुर्जर प्रतिहार वंश का संस्थापक नागभट्ट प्रथम (730-760 ई.) था। वह संभवतः भीनमाल के चावड़ा शासक चावदास का सामंत था। सिंध पर अरबों के आक्रमणों के कारण चावड़ा साम्राज्य का पतन हो गया और नागभट्ट को अपनी सत्ता के विस्तार का अवसर मिल गया। उसने अपनी शक्ति को सुदृढ़ कर मेड़ता, भीनमाल, मालवा और भड़ौच पर अधिकार कर लिया। ह्वेनसांग ने भीनमल के गुर्जर राज्य का उल्लेख किया है।

मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति के अनुसार गुर्जर प्रतिहार सम्राट नागभट्ट ने शक्तिशाली ‘म्लेच्छ’ शासक की विशाल सेना को पराजित किया था। आठवीं शताब्दी में अरबों ने सिंध और मुल्तान पर कब्जा कर लिया था। संभवतः सिंध के अरब राज्यपाल जुनैद के नेतृत्व में अरब सेना ने आगे बढ़कर मालवा, जुर्ज और अवंति पर आक्रमण किया, लेकिन नागभट्ट प्रथम ने अरबों को आगे बढ़ने से रोक दिया और उनके द्वारा रौंदे हुए अनेक प्रदेशों को पुनः जीत लिया। ग्वालियर ग्वालियर प्रशस्ति में कहा गया है कि वह म्लेच्छ राजा की विशाल सेना को नष्ट करने और लोगों की रक्षा के लिए विष्णु के रूप में उपस्थित हुआ था। मुस्लिम लेखक अल-बिलादुरी के विवरण से भी पता चलता है कि जुनैद को मालवा (उज्जैन) के विरुद्ध सफलता नहीं मिल सकी थी।

संभवतः अरबों ने जयभट्ट को पराजित कर भड़ौच पर अपना अधिकार कर लिया था। अतः नागभट्ट ने भड़ौच पर पुनः अधिकार कर चाहमान सामंत भर्तृवड़ढ (द्वितीय) को वहां शासक नियुक्त किया। इसकी पुष्टि हंसोट अभिलेख से होती है, जो नागभट्ट के समय में जारी किया गया था। इस प्रकार नागभट्ट ने गुजरात तथा राजपूताना के एक बड़े भाग को जीत कर अवंति (उज्जयिनी) को अपनी राजधानी बनाया और अरबों को पराजित कर उनकी विस्तारवादी महत्त्वाकांक्षा को नियंत्रित किया। संभवतः इसीलिए नागभट्ट प्रथम को ‘नागावलोक’ एवं ‘मलेच्छों का विनाशक’ कहा गया है।

नागभट्ट प्रथम विद्वानों और कलाकारों का संरक्षक था। उसने जैन विद्वान यक्षदेव को अपने दरबार में संरक्षण दिया।

ककुस्थ और देवराज (760-775 ई.)

नागभट्ट प्रथम के बाद उसका भतीजा ककुस्थ (कक्कुक) प्रतिहार वंश की गद्दी पर बैठा। ग्वालियर प्रशस्ति में उसे ‘वंश के यश को बढ़ाने वाला’ कहा गया है, लेकिन वह एक साधारण शासक था। ककुस्थ के बाद उसका छोटा भाई भाई देवराज प्रतिहार वंश का शासक हुआ। यद्यपि इसकी किसी विशेष उपलब्धि के संबंध में कोई जानकारी नहीं है, किंतु मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति से पता चलता है कि उसने बहुसंख्यक भूभृतों तथा उनके शक्तिमान समर्थकों की गति को समाप्त कर दिया था। इससे लगता है कि संभवतः वह अपने शत्रुओं को पराजित करने में सफल हुआ था।

ककुस्थ और देवराज ने संभवतः 760 ई. से 775 ई. तक शासन किया। इसके बाद देवराज की पत्नी भूयिकादेवी से उत्पन्न पुत्र वत्सराज प्रतिहार वंश की गद्दी पर बैठा।

वत्सराज (775-800 ई.)

गुर्जर प्रतिहार वंश का चतुर्थ नरेश वत्सराज (775-800 ई.) देवराज और उसकी पत्नी भूयिकादेवी का पुत्र था। इस शक्तिशाली शासक को प्रतिहार साम्राज्य का वास्तविक संस्थापक माना जाता है। वत्सराज ने अपने समकालीन अनेक राज्यों के विरूद्ध सैनिक अभियान किया और अपने वंश के गौरव को स्थापित करने का प्रयास किया।

ग्वालियर प्रशस्ति से पता चलता है कि वत्सराज ने प्रसिद्ध भंडीवंश को पराजित कर उसके राज्य को छीन लिया। कुछ विद्वान इसकी पहचान हर्ष के ममेरे भाई भंडि से करते हैं। लेकिन यह संदिग्ध है क्योंकि यह निश्चित नहीं है कि भंडि ने कोई स्वतंत्र वंश अथवा राज्य स्थापित किया था। कुछ अन्य इतिहासकार भंडी को जोधपुर लेख में उल्लिखित भट्टिकुल से जोड़ते हैं, जो प्रतिहार शासक बाउक की माता पद्मिनी से संबंधित था। इससे लगता है कि वत्सराज ने जोधपुर पर अधिकार कर लिया, जिससे प्रतिहारों की दोनों शाखाएँ एक हो गईं। इसकी पुष्टि दौलतपुर और ओसिया अभिलेख से भी होती है, जिनके अनुसार वत्सराज ने भट्टियों को पराजित कर गुर्जरता अथवा मध्य राजपूताना पर अधिकार कर लिया था। जिनसेन के ‘हरिवंश पुराण’ में भी वत्सराज को पश्चिमी क्षेत्र का स्वामी कहा गया है।

त्रिपक्षीय संघर्ष का आरंभ

त्सराज ने त्रिपक्षीय संघर्ष की शुरुआत की, जिसमें गुर्जर-प्रतिहार, बंगाल के पाल और दक्कन के राष्ट्रकूट शामिल थे। वत्सराज ने बंगाल के पाल शासक को पराजित कर कन्नौज के आयुधवंशीय इंद्रायुध को अपने अधीन कर लिया। राष्ट्रकूट नरेश गोविंद तृतीय के राधनपुर अभिलेख से भी ज्ञात होता है कि वत्सराज ने गौड़ देश के शासक को पराजित किया था। इसके अनुसार ‘मदांध वत्सराज ने गौड़ की राजलक्ष्मी को आसानी से हस्तगत कर उसके दो राजछत्रों को छीन लिया था।’ जयानककृत पृथ्वीराजविजय से भी पता चलता है कि उसके चाहमान वंश के सामंत दुर्लभराज ने गौड़ देश पर आक्रमण कर विजय प्राप्त किया था।

कुछ इतिहासकार मानते हैं कि प्रतिहारों और पालों के बीच संघर्ष दोआब में कहीं हुआ था और प्रतिहार सेनाएँ बंगाल में नहीं घुसी थीं। जो भी हो, बंगाल-विजय वत्सराज की सबसे बड़ी सफलता थी। यह पराजित नरेश पालवंशी शासक धर्मपाल था। अब वत्सराज उत्तर भारत के एक विशाल भूभाग का स्वामी बन बैठा।

अभी प्रतिहार शासक वत्सराज और पाल शासक धर्मपाल का संघर्ष समाप्त ही हुआ था कि दक्षिण के राष्ट्रकूट शासक ध्रुव धारावर्ष (780-793 ई.) ने 786 ई. के आसपास मालवा में नर्मदा नदी को पार कर वत्सराज को बुरी तरह पराजित किया। पराजित वत्सराज ने भागकर राजपूताना के मरुदेश में शरण ली। राधनपुर तथा बनी दिंदोरी के राष्ट्रकूट लेखों से पता चलता है कि ध्रुव ने वत्सराज को पराजित करने के साथ-साथ उन दोनों श्वेत राजछत्रों को भी हस्तगत कर लिया, जिन्हें उसने गौड़नरेश से छीना था। उसने वत्सराज द्वारा गौड़ नरेश के जीते क्षेत्रों पर भी अधिकार कर लिया और वत्सराज को पुनः अपने पुराने क्षेत्र जालोर से शासन करना पडा।

संजन तथा सूरत अभिलेखों से संकेत मिलता है कि ध्रुव के वापस लौटने के बाद पाल नरेश धर्मपाल ने कन्नौज के शासक इंद्रायुध को हटाकर उसके स्थान पर चक्रायुध को अपने अधीन शासक के रूप में नियुक्त किया। उसने कन्नौज में एक दरबार किया, जिसमें उत्तर भारत के अधीनस्थ राजाओं ने भाग लिया। इसमें वत्सराज को भी उपस्थित होना पड़ा था, जो उसकी अधीनता की स्थिति का सूचक है।

वत्सराज का शासनकाल सांस्कृतिक विकास की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण था। उसके काल में उद्योतन सूरी ने कुवलयमाला और आचार्य जिनसेन सूरी ने हरिवंश पुराण की रचना की। इसी नरेश ने ओसिया में एक महावीर मंदिर का निर्माण भी करवाया था, जो पश्चिमी राजस्थान का प्राचीनतम मंदिर है।

नागभट्ट द्वितीय (800-833 ई.)

वत्सराज के बाद उसका पुत्र नागभट्ट द्वितीय (800-833 ई.) गुर्जर-प्रतिहार वंश की गद्दी पर बैठा, जो सुंदरदेवी के गर्भ से उत्पन्न हुआ था। उसने अपने वंश की खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने का प्रयास किया।

नागभट्ट को आरंभ में अपने पिता वत्सराज की भाँति राष्ट्रकूट नरेश गोविंद (793-814 ई.) के आक्रमण का सामना करना पड़ा। राष्ट्रकूट नरेश गोविंद ने अपने भाई इंद्र को गुजरात का राज्यपाल बनाकर नागभट्ट द्वितीय पर आक्रमण किया और मालवा पर अधिकार कर लिया। अमोघवर्ष के नीलगुंड शिलालेख (866 ई.) से पता चलता है कि उसके पिता गोविंद तृतीय ने चित्रकूट के गुर्जरों को अपने अधीन किया था।

नागभट्ट और राष्ट्रकूट नरेश गोविंद के बीच युद्ध संभवतः बुंदेलखंड के किसी क्षेत्र में लड़ा गया था। आगे बढ़कर गोविंद ने चक्रायुध तथा धर्मपाल को भी पराजित किया और विजय करते हुए वह हिमालय तक जा पहुँचा। किंतु इस बार भी व्यक्तिगत कारणों से गोविंद को दक्षिण वापस लौटना पड़ा।

नागभट्ट अपनी पराजय से हताश नहीं हुआ। मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति के अनुसार उसने अपनी शक्ति को सृदृढ़ कर राष्ट्रकूटों से मालवा छीन लिया और आगे बढ़कर आध्र, सिंध, विदर्भ तथा कलिंग के राजाओं को पराजित कर अपने अधीन कर लिया। ग्वालियर प्रशस्ति में कहा गया है कि इन क्षेत्रों के राजाओं ने उसके सम्मुख उसी प्रकार आत्मसमर्पण कर दिया, जिस प्रकार से पतंग दीपशिखा के समक्ष करते हैं। संभवतः पूर्व में पाल तथा दक्षिण में राष्ट्रकूटों की शक्ति से भयभीत होकर इन राज्यों ने प्रतिहार नरेश के समक्ष समर्पण किया था।

ग्वालियर प्रशस्ति के अनुसार नागभट्ट ने चक्रायुध को पराजित कर कन्नौज पर अधिकार लिया। इसके बाद उसने आगे बढ़कर पाल नरेश धर्मपाल के विरुद्ध अभियान किया। मुंगेर के समीप एक युद्ध में उसने धर्मपाल के नेतृत्ववाली पाल सेना को पराजित किया। इस युद्ध में कक्क, बाहुक, धवल तथा शंकरगण उसके सामंतों ने भी भाग लिया था। चाट्सु लेख के अनुसार उसके सामंत शंकरगण ने गौड़नरेश को हराया और समस्त विश्व को जीतकर अपने ‘स्वामी’ को समर्पित कर दिया। यहाँ स्वामी से तात्पर्य नागभट्ट से ही है। इस प्रकार चक्रायुध तथा पाल शासक धर्मपाल को पराजित कर नागभटृट द्वितीय ने कन्नौज को अपनी राजधानी बनाया।

मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति में कहा गया है कि नागभट्ट द्वितीय ने आनर्त (उत्तरी काठियावाड़), किरात (हिमालय की तलहटी का वन प्रदेश), तुरुष्क (पश्चिमी भारत के मुस्लिम अधिकृत क्षेत्र), वत्स (प्रयाग और कौशांबी का क्षेत्र) और मत्स्य (पूर्वी राजपूताना) पर बलपूर्वक अधिकार किया। संभवतः शाकंभरी के चाहमान शासक भी उसकी अधीनता स्वीकार करते थे।

वास्तव में, नागभट्ट ने एक विशाल प्रतिहार साम्राज्य की स्थापना की, जो उत्तर में हिमालय से लेकर दक्षिण में नर्मदा नदी तक तथा पश्चिम में गुजरात से लेकर पूरब में बंगाल तक विस्तृत था। अपनी महानता एवं पराक्रम को सूचित करने के लिए उसने ‘परमभट्टारक महाराजाधिराज परमेश्वर’ की उपाधि धारण की थी और गुजरात के सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया। नागभट्ट ने 833 ई. में जलसमाधि लेकर अपनी जीवन-लीला को समाप्त कर दिया।

रामभद्र (834-840 ई.)

नागभट्ट द्वितीय के बाद उसका उत्तराधिकारी रामभद्र (834-840 ई.) हुआ, जो रानी इष्टदेवी से उत्पन्न हुआ था। उसे ‘राम’ तथा ‘रामदेव’ के नाम से भी जाना जाता है। रामभद्र ने भी अपने पिता की भाँति ‘महाराजा’, ‘महाराजाधिराज’, ‘परमेश्वर’ आदि उपाधियाँ धारण की थी।

मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति से पता चलता है कि रामभद्र के सामंत शासकों ने अपनी अश्व सेना के द्वारा घमंडी सेनानायकों को बंदी बना लिया था। इस शत्रु की पहचान पाल शासक से की जाती है। किंतु नारायणपाल के बादल लेख से पता चलता है कि देवपाल ने ‘गुर्जर राजाओं’ के घमंड को चूर-चूर किया था। यहाँ गुर्जर राजाओं से तात्पर्य रामभद्र से ही लगता है। इस प्रकार स्पष्ट है कि रामभद्र के समय में प्रतिहारों को पालों के हाथों पराजय उठानी पड़ी और अपने कुछ पूर्वी प्रदेशों को देवपाल को देने पड़े थे।

संभवतः रामभद्र को तुरूष्कों तथा यवनों के आक्रमण का भी सामना करना पड़ा था, जिन्हें ग्वालियर प्रशस्ति में ‘क्रूर’ और ‘पापी’ कहा गया है। इतिहासकारों का अनुमान है कि तुरूष्कों के विरूद्ध युद्ध में ही रामभद्र को वीरगति मिली थी।

प्रतिहार सत्ता का चरर्मोत्कर्ष

मिहिरभोज या भोज प्रथम (836-885 ई.)

रामभद्र की मृत्यु के बाद उसका पुत्र मिहिरभोज (836-885 ई.) उसका उत्तराधिकारी हुआ, जो प्रतिहार वंश का सबसे प्रतापी शासक था। उसका जन्म रामभद्र की पत्नी अप्पादेवी से हुआ था। उसे दौलतपुर लेख में ‘प्रभास’ और ग्वालियर चतुर्भज लेख में ‘आदिवराह’ भी कहा गया है। मिहिरभोज के शासनकाल के संबंध में अभिलेखों से पर्याप्त जानकारी मिलती है, जिनमें बराह लेख, दौलतपुर अभिलेख, देवगढ़ स्तंभ शिलालेख, पहेवा लेख और चाट्सू अभिलेख महत्त्वपूर्ण हैं।

मिहिरभोज की राजनीतिक उपलब्धियाँ

मिहिरभोज की राजनीतिक उपलब्धियों के संबंध में उसकी ग्वालियर प्रशस्ति में कहा गया है कि, ‘अगस्त्य ऋषि ने तो केवल विंध्य पर्वत का विस्तार अवरूद्ध किया था, किंतु उसने (भोज ने) कई राजाओं पर आक्रमण कर उनका विस्तार रोक दिया।’ वास्तव में, मिहिरभोज ने राजा बनने के बाद अपनी स्थिति सुदृढ़ करने के लिए कलचुरि, गुहिलोत और चंदेल वंशों से मैत्री-संबंध स्थापित किया। अपनी शक्ति को सुदृढ़ कर उसने मध्य भारत, राजपूताना, हरियाणा और ग्वालियर के क्षेत्रों को पुनः अपने अधीन किया। देवगढ़ (झांसी) तथा ग्वालियर के लेखों से मध्य भारत पर भोज के अधिकार की पुष्टि होती है। पहेवा (पूर्वी पंजाब) लेख हरियाणा पर उसके अधिकार का सूचक है। भोज का एक खंडित लेख दिल्ली में पुराना किला से मिला है, जो इस क्षेत्र पर उसके अधिकार का प्रमाण है।

भोज के उत्तर भारत में किये गये अभियानों में उसके गुहिलवंशी सामंत हर्षराज ने उसकी सहायता की थी। चाट्सु लेख से ज्ञात होता है कि हर्षराज ने उत्तर भारत के राजाओं को पराजित कर भोज को घोड़े उपहार में दिये थे। कलचुरिवंशी गुणांबोधिदेव भी भोज का सामंत था।

मिहिरभोज के समय में भी प्रतिहारों की पालों तथा राष्ट्रकूटों के साथ पुरानी प्रतिद्वंद्विता चलती रही। मिहिरभोज दो पाल राजाओं- देवपाल तथा विग्रहपाल का समकालीन था। एक ओर जहाँ पाल लेख प्रतिहारों पर विजय का विवरण देते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रतिहार लेख पालों पर विजय का दावा प्रस्तुत करते हैं। पालकालीन बादल लेख में कहा गया है कि देवपाल ने गुर्जर नरेश को पराजित किया। इसके विपरीत, ग्वालियर लेख में वर्णित है कि ‘जिस लक्ष्मी ने धर्म (पाल) के पुत्र का वरण किया था, उसी ने बाद में भोज को दूसरे पति के रूप में चुना।’ इससे लगता है कि प्रारंभिक युद्ध में देवपाल को मिहिरभोज के विरुद्ध सफलता मिली, लेकिन देवपाल के शासन के अंतिम दिनों में मिहिरभोज ने उसको पराजित कर पाल साम्राज्य के पश्चिमी भागों पर अधिकार कर लिया। चाट्सु लेख में भी वर्णित है कि भोज ने गौड़नरेश को पराजित किया तथा पूर्वी भारत के शासकों से कर प्राप्त किया था।

पालों से निपटने के बाद मिहिरभोज ने अपने साम्राज्य के दक्षिण में प्रदेशों को जीतने के लिए एक अभियान शुरू किया और अपने दूसरे प्रबल शत्रु राष्ट्रकूटों को पराजित किया। मिहिरभोज दो राष्ट्रकूट राजाओं- अमोघवर्ष और कृष्ण द्वितीय का समकालीन था। अमोघवर्ष शांत प्रकृति का शासक था। उसके समय में मिहिरभोज ने उज्जैन पर अधिकार कर नर्मदा नदी तक धावा मारा। किंतु लेखों से पता चलता है कि ध्रुव ने उसकी सेना को पराजित कर भगा दिया था। यह ध्रुव राष्ट्रकूटों की गुजरात शाखा का ध्रुव द्वितीय था, जो अमोघवर्ष का सामंत था। इस लेख से लगता है कि भोज को राष्ट्रकूट क्षेत्रों में कोई सफलता नहीं मिली थी।

अमोघवर्ष के पुत्र कृष्ण द्वितीय (878-911 ई.) के समय में भी प्रतिहारों और राष्ट्रकूटों के बीच संघर्ष चलता रहा। इस समय राष्ट्रकूट कृष्ण द्वितीय चालुक्यों के साथ युद्ध में फँसा हुआ था। भोज ने कृष्ण द्वितीय को नर्मदा नदी के तट पर पराजित किया और मालवा तथा गुजरात पर अधिकार कर लिया।

इसके बाद, भोज ने गुजरात की ओर आगे बढ़कर खेटक (खेड़ा जिला) के आस-पास के भूभाग को जीता। गुजरात शाखा के राष्ट्रकूटों का 888 ईस्वी के बाद कोई उल्लेख नहीं मिलता, जो इस बात का प्रमाण है कि यह प्रदेश प्रतिहारों ने जीत लिया था।

देवली तथा करहद के राष्ट्रकूट अभिलेखों से पता चलता है कि भोज तथा कृष्ण के बीच उज्जयिनी में एक भीषण युद्ध हुआ, जिसमें कृष्ण ने भोज को भयाक्रांत कर दिया। किंतु ऐसा लगता है कि इस युद्ध का कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकला और मालवा पर भोज का अधिकार बना रहा।

कश्मीर नरेश शंकरवर्मन उत्पल के लिए कहा जाता है कि उसने भोज की शक्ति को रोका था। परंतु यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें सत्यांश कितना है। कल्हण की राजतरंगिणी में कहा गया है कि भोज का साम्राज्य उत्तर में कश्मीर तक फैला हुआ था और उसने पंजाब की भी विजय की थी। एक शिलालेख में भी कहा गया है कि भोज के क्षेत्र सतलुज नदी के पूर्व में फैले हुए थे। पूर्व में गोरखपुर के कलचुरि उसके सामंत थे तथा संपूर्ण अवध का क्षेत्र उसके अधीन था। कहल लेख (गोरखपुर जिला) से पता चलता है कि कलचुरि शासक गुणांबोधि ने भोज से कुछ भूमि प्राप्त की थी। दक्षिणी राजस्थान के प्रतापगढ़ से भोज के उत्तराधिकारी महेंद्रपाल का लेख मिला है, जो उस भाग पर उसके अधिकार का सूचक है। बुंदेलखंड के चंदेल भी उसकी अधीनता स्वीकार करते थे।

भोज की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि अरब आक्रांताओं के विस्तार पर अंकुश लगाना था। उसके प्रतिरोध के कारण मुसलमान आक्रांता दक्षिण अथवा पूर्व की ओर नहीं बढ़ सके। 915-916 ई. में सिंध की यात्रा करने वाले मुस्लिम यात्री अलमसुदी ने लिखा है कि ‘अपनी शक्ति के केंद्र मुल्तान में अरबों ने एक सूर्यमंदिर को तोड़ने से बचा रखा था। जब भी प्रतिहारों के आक्रमण का भय होता था, तो वे उस मंदिर की मूर्ति को नष्ट कर देने का भय पैदा कर अपनी रक्षा कर लेते थे।’ बिलादुरी भी कहता है कि अरबों ने अपनी रक्षा के लिए एक झील के किनारे अलहिंद सीमा पर ‘अल-महफूज’ नामक एक शहर बसाया था। अरब यात्री सुलेमान ने भोज के साम्राज्य, शासन और तत्कालीन व्यापार और समृद्धि की बड़ी प्रशंसा की है। उसने उसे अरबों तथा मुसलमानों का सबसे बड़ा शत्रु बताया है। इन विवरणों से स्पष्ट है कि भोज ने पश्चिम में अरबों के प्रसार को रोक दिया था।

इस प्रकार विभिन्न क्षेत्रों की विजयों के फलस्वरूप भोज ने एक विशाल साम्राज्य स्थापित किया, जो उत्तर-पश्चिम में सतलज, उत्तर में हिमालय की तराई, पूर्व में पाल साम्राज्य की पश्चिमी सीमा, दक्षिण-पूर्व में बुंदेलखंड और वत्स की सीमा, दक्षिण-पश्चिम में सौराष्ट्र तथा पश्चिम में राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में फैला हुआ था। रमेशचंद्र मजूमदार ने लिखा है कि भोज ने एक प्रबल शासक के रूप में ख्याति अर्जित कर ली थी। वह अपने साम्राज्य में शांति बनाये रखने तथा बाह्य आक्रमणों से उसकी रक्षा करने में सक्षम रहा। वह मुसलमानों के आक्रमणों के विरुद्ध एक सुरक्षा-दीवार की भाँति खड़ा था और अपने उत्तराधिकारियों को अपने कार्यों की एक विरासत दे गया।

मिहिरभोज के शासनकाल को प्रतिहार साम्राज्य का स्वर्णकाल माना जाता है। मुस्लिम इतिहासकार सुलेमान ने भोज को ‘बरुआ’ कहा है और उसके शासनकाल की समृद्धि बड़ी प्रशंसा की है। दसवीं शताब्दी के हुदुद-उल-आलम में भी कहा गया है कि भारत के अधिकांश राजाओं ने शक्तिशाली ‘कन्नौज के राय’ की सर्वोच्चता को स्वीकार किया, जिसकी शक्तिशाली सेना में 150,000 घुड़सवार और 800 हाथी थे।

भोज वैष्णव धर्मानुयायी था और उसने विष्णु के सम्मान में ही ‘आदिवराह’ और ‘प्रभास’ का विरुद्ध धारण किया था। उसने भोजपुर नगर की स्थापना भी करवाई थी। भोज की रजत मुद्राएँ ‘द्रम्म’ प्रचुर संख्या में मिली हैं, जो उसके विस्तृत साम्राज्य और सुदीर्घ शासनकाल का प्रमाण हैं। उसके ‘द्रम्म’ सिक्कों पर फारसी प्रभाव स्पष्ट है।

महेंद्रपाल प्रथम (885-910 ई.)

मिहिरभोज प्रथम के बाद उसकी पत्नी चंद्रभट्टारिका देवी से उत्पन्न पुत्र महेंद्रपाल प्रथम (885-910 ई.) प्रतिहार वंश का शासक बना। लेखों में उसे ‘परमभट्टारक’, ‘महाराजाधिराज’, ‘परमेश्वर’ आदि कहा गया है। महेंद्रपाल प्रथम के शासनकाल से संबंधित घटनाओं की सूचना कई लेखों से मिलती है। दक्षिणी बिहार तथा बंगाल के कई स्थानों से उसके लेख मिले हैं। इनमें बिहारशरीफ (पटना) से उसके शासनकाल के चौथे वर्ष के दो लेख, रामगया तथा गुनरिया (गया) से प्राप्त आठवें तथा नौवें वर्ष के लेख, इटखौरी (हजारीबाग) का लेख तथा पहाड़पुर (राजशाही-बंगाल) से प्राप्त पाँचवे वर्ष का लेख विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण हैं। लेकिन महेंद्रपाल के पिता भोज का कोई लेख इन क्षेत्रों से नहीं मिला है, जिससे लगता है कि इन स्थानों की विजय महेंद्रपाल ने ही की थी।

बिहारशरीफ, रामगया, गुनरिया और पहाड़पुर अभिलेखों से लगता है कि महेंद्रपाल ने पालों से मगध और उत्तर बंगाल को छीन लिया। महेंद्र का समकालीन पाल शासक नारायणपाल था। मगध क्षेत्र से उसके शासनकाल के सत्रहवें वर्ष और फिर चौवनवें वर्ष का लेख मिला है, जिससे लगता है कि इस अवधि (17-54 वर्ष) में मगध क्षेत्र पर प्रतिहारों का अधिकार था। संभवतः महेंद्रपाल ने और आगे विजय करते हुए बंगाल तक का प्रदेश भी जीत लिया, जैसा कि उसके पहाड़पुर लेख से प्रमाणित होता है। काठियावाड़, पूर्वी पंजाब, झाँसी तथा अवध से भी उसके लेख मिले हैं, जो उसके साम्राज्य-विस्तार के सूचक हैं।

मालवा का परमार शासक वाक्पति भी संभवतः महेंद्रपाल की अधीनता स्वीकार करता था। काठियावाड़ के चालुक्य शासक भी उसके सामंत थे, जैसा कि ऊणा लेख से ध्वनित होता है। यहाँ से प्राप्त दो अन्य लेखों में चालुक्य बलवर्मा तथा उसके पुत्र अवंतिवर्मा का सामंत के रूप में उल्लेख मिलता है। कश्मीर के राजा शंकरवर्मन के आक्रमणों के फलस्वरूप महेंद्रपाल की राज्य-सीमा कुछ घट गई थी, परंतु अन्य किसी प्रकार के हृास की सूचना नहीं मिलती।

राष्ट्रकूट नरेश गोविंद चतुर्थ के एक लेख में कहा गया है कि कृष्ण द्वितीय ने किसी बड़े शत्रु को पराजित कर खेटकमंडल (गुजरात) पर अपनी ओर से किसी को राजा बनाया था। इससे ध्वनित होता है कि उसके पूर्व कुछ समय के लिए महेंद्रपाल ने गुजरात के खेटक क्षेत्र को भी जीत लिया था, किंतु बाद में राष्ट्रकूटों ने उस पर अधिकार कर लिया। इस प्रकार महेंद्रपाल ने एक अत्यंत विस्तृत साम्राज्य पर शासन किया। उसने जीवन-पर्यंत अपने शत्रुओं को दबाकर रखा।

महेंद्रपाल न केवल एक विजेता एवं साम्राज्य निर्माता था, अपितु कुशल प्रशासक एवं विद्या और साहित्य का महान संरक्षक भी था। उसकी राज्यसभा में प्रसिद्ध विद्वान राजशेखर निवास करते थे, जो उसके राजगुरु थे। राजशेखर ने कर्पूरमंजरी, काव्यमीमांसा, विद्धशालभंजिका, बालभारत, बालरामायण, भुवनकोश, हरविलास आदि ग्रंथों की रचना की। इस प्रकार महेंद्रपाल के शासनकाल में राजनैतिक तथा सांस्कृतिक दोनों ही दृष्टियों से प्रतिहार साम्राज्य की अभूतपूर्व प्रगति हुई।

महेंद्रपाल प्रथम की दो प्रधान रानियाँ थीं- एक का नाम देहनागादेवी और दूसरी का नाम महादेवी था। देहनागादेवी के पुत्र का नाम भोज और महादेवी के पुत्र का नाम महीपाल था। महेंद्रपाल की मृत्यु के उपरांत संभवतः दोनों सौतेले भाइयों में गृहयुद्ध प्रारंभ हो गया।

भोज द्वितीय (910-912 ई.)

महेंद्रपाल की मृत्यु के बाद देहनागादेवी के पुत्र भोज द्वितीय (910-912 ई.) ने चेदिनरेश कोक्कलदेव प्रथम की सहायता से कुछ समय के लिए प्रतिहार सिंहासन पर अधिकार कर लिया। कोक्कलदेव के बिल्हारी लेख में कहा गया है कि उसने समस्त पृथ्वी को जीतकर दो कीर्त्ति-स्तंभ स्थापित किये- दक्षिण में कृष्णराज तथा उत्तर में भोजदेव। बनारस दानपत्र में भी कहा गया है कि कोक्कल ने भोज को अभयदान दिया था।

महीपाल प्रथम (910-944 ई.)

912 ईस्वी के आसपास महादेवी के पुत्र महीपाल प्रथम (913-944 ई.) ने चंदेल हर्षदेव की सहायता से भोज को पदस्थ कर सिंहासन पर अधिकार कर लिया। महीपाल की पुनर्स्थापना की पुष्टि खुजराहो खुजराहो अभिलेख से होती है, जिसमें कहा गया है कि हर्षदेव ने क्षितिपाल को सिंहासन पर पुनर्स्थापित किया था (पुनर्येनक्षितिपालदेवनृपतिः सिंहासने स्थापित)। यहाँ क्षितिपाल से तात्पर्य महीपाल से ही है।

महीपाल के दरबारी कवि राजशेखर ने उसे ‘आर्यावर्त का महाराजाधिराज’ कहा है और उसकी विजयों का वर्णन करते हुए लिखा है कि उसने मरलों के सिरों के बालों को झुकाया, मेकलों को अग्नि के समान जला दिया, कलिंग राज को युद्ध से भगा दिया, करल राज की केलि का अंत किया, कुलूतों को जीता, कुंतलों के लिए परशु का काम किया और रमठों की लक्ष्मी को बलपूर्वक अधिग्रहीत कर लिया था। इनमें मुरल संभवतः नर्मदा घाटी की कोई जाति थी। राजशेखर ने इसे कावेरी तथा वनवासी के मध्य स्थित बताया है। मेकल राज्य नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में स्थित प्रदेश था। कलिंग उड़ीसा में तथा केरल तमिल देश में स्थित था। कुलूत तथा रमठ की स्थिति पंजाब में थी।

यद्यपि राजशेखर का यह विवरण अतिरंजित है, लेकिन इनमें से अधिकतर क्षेत्रों पर प्रतिहारों का पहले से ही अधिकार था। संभवतः महीपाल की संकटग्रस्त स्थिति का लाभ उठाकर कुछ राज्यों ने अपनी स्वाधीनता घोषित कर दी थी और महीपाल को इन क्षेत्रों पर पुनः अधिकार करना पड़ा।

दकन के राष्ट्रकूटों ने कन्नौज के प्रतिहार वंश की राजलक्ष्मी को विचलित कर दिया। खंभात (काम्बे) दानपत्र से पता चलता है कि राष्ट्रकूट नरेश इंद्र तृतीय (914-928 ई.) ने 916 ईस्वी में मालवा पर आक्रमण कर उज्जैन पर अधिकार कर लिया। उसकी सेना ने यमुना नटी को पारकर कुशस्थल नामक प्रसिद्ध महोदय नगर (कन्नौज) को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। इंद्र तृतीय के अभियान में उसके चालुक्य सामंत नरसिंह ने भी सहायता की थी। इसका उल्लेख नरसिंह का आश्रित कन्नड कवि पम्प (941 ई.) ने अपने ग्रंथ पम्पभारत में किया है। इस प्रकार कुछ समय के लिए राष्ट्रकूटों ने कन्नौज पर अधिकार कर लिया और महीपाल को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।

इंद्र तृतीय के प्रत्यावर्तन के पश्चात् महीपाल ने पुनः अपनी स्थिति को सुदृढ़ कर लिया। उसने चंदेल तथा गुहिलोत वंश के अपने सामंतों की सहायता से कन्नौज के साथ-साथ गंगा-यमुना के दोआब, बनारस, ग्वालियर तथा पश्चिम में काठियावाड़ तक के प्रदेशों पर पुनः अपना स्वामित्व स्थापित कर लिया। गुजरात जैसे दूरवर्ती प्रदेश पर उसका सामंत धरणिवराह शासन कर रहा था।

क्षेमेश्वर के नाटक चंडकौशिकम् में महीपाल को ‘कर्नाट का विजेता’ कहा गया है। अधिकांश विद्वान इस महीपाल की पहचान प्रतिहारवंशी महीपाल से ही करते हैं और कर्नाट से तात्पर्य राष्ट्रकूट प्रदेश से मानते हैं। चाट्सु लेख से भी पता चलता कि महीपाल के सामंत भट्ट ने अपने स्वामी की आज्ञा से किसी दक्षिणी शत्रु को जीता था। संभवतः महीपाल ने इंद्र तृतीय के हाथों अपनी पराजय का बदला लेने के लिए राष्ट्रकूटों पर आक्रमण कर उनके कुछ दक्षिणी प्रदेशों पर अधिकार कर लिया था।

संभवतः पालों ने बिहार के उन क्षेत्रों पर पुनः अधिकार कर लिया, जिन्हें पहले महेंद्रपाल ने विजित किया था। पाल नरेश राज्यपाल तथा गोपाल द्वितीय के लेख क्रमशः नालंदा तथा गया से पाये गये हैं, जो महीपाल के समकालीन थे। इससे स्पष्ट है कि कुछ समय के लिए प्रतिहारों की स्थिति कमजोर पड़ गई थी और बिहार का एक बड़ा भाग पालों के अधिकार में चला गया था।

महिपाल के समय में अलमसुदी ने भारत की यात्रा की थी। उसने महीपाल की अपार शक्ति एवं साधनों की प्रशंसा की है। उसके अनुसार महीपाल के सैनिकों की कुल संख्या सात से नौ लाख के बीच थी, जिसे उसने साम्राज्य के चारों दिशाओं में तैनात कर रखा था। इस प्रकार महीपाल प्रतिहारों की खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने में सफल रहा। 944 ई. में उसकी मृत्यु हो गई।

महेंद्रपाल द्वितीय (944-948 ई.): महीपाल के उपरांत महेंद्रपाल द्वितीय (944-948 ई.) राजा हुआ। कुछ इतिहासकारों का विचार है कि राष्ट्रकूट शासक इंद्र तृतीय के आक्रमण के फलस्वरूप प्रतिहार साम्राज्य छिन्न-भिन्न हो गया। किंतु महेंद्रपाल का एक लेख दक्षिणी राजपूताने के प्रतापगढ़ से मिला है, जिसमें दशपुर (मंदसोर) में स्थित एक ग्राम को दान में दिये जाने का उल्लेख है। इससे स्पष्ट है कि महेंद्रपाल के समय तक प्रतिहारों का मालवा क्षेत्र पर अधिकार पूर्ववत् बना रहा। वहाँ उसका सामंत चाहमानवंशी इंद्रराज शासन करता था।

प्रतिहार साम्राज्य का विघटन

महेंद्रपाल द्वितीय (944-948 ई.) के बाद 960 ईस्वी तक प्रतिहार वंश में चार शासक हुए- देवपाल (948-954 ई.), विनायकपाल द्वितीय (954-955 ई.), महीपाल द्वितीय (955-956 ई.) और विजयपाल (956-960 ई.)। देवपाल (948-954 ई.) के समय में गुर्जर-प्रतिहारों की दुर्बलता का लाभ उठाकर राजस्थान के क्षेत्र प्रतिहारों के हाथ से निकल गये। 950 ईस्वी के आसपास चंदेल यशोवर्मन ने ग्वालियर और कालिंजर छीन लिया। खजुराहो लेख में चंदेल नरेश यशोवर्मन को ‘गुर्जरों के लिए जलती हुई अग्नि के समान’ कहा गया है।

विजयपाल द्वितीय (956-960 ई.) के समय तक आते-आते प्रतिहार साम्राज्य के विभिन्न क्षेत्रों पर कई स्वतंत्र राजवंश शासन करने लगे। चालुक्यों ने गुजरात में, परमारों ने मालवा में और चंदेलों तथा चेदियों ने यमुना-नर्मदा के मध्यवर्ती भाग में अपनी स्वतंत्रता की घोषणा कर दी। इसके अलावा, हरियाणा के तोमर और शाकंभरी के चाहमान भी प्रतिहारों की अधीनता से मुक्त हो गये। वास्तव में, दसवीं शती के मध्य में प्रतिहार साम्राज्य पूर्णतया छिन्न-भिन्न हो गया और विजयपाल के पुत्र राज्यपाल (960-1018 ई.) का राज्य सिकुड़कर कन्नौज के आस-पास केवल गंगा और यमुना नदियों के मध्यवर्ती प्रदेश तक सीमित हो गया। जब 1018-19 ईस्वी में महमूद गजनवी ने कन्नौज पर आक्रमण किया, तो राज्यपाल ने बिना किसी प्रतिरोध के महमूद गजनवी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

महमूद के लौट जाने के बाद राज्यपाल को दंड देने के लिए चंदेल नरेश विद्याधर ने राजाओं का एक संघ बनाकर कन्नौज पर आक्रमण किया। दूबकुंड लेख से पता चलता है कि विद्याधर के सामंत कछवाहावंशी अर्जुन ने राज्यपाल पर आक्रमण कर उसकी हत्या कर दी।

अभिलेखों में राज्यपाल के दो उत्तराधिकारियों- त्रिलोचनपाल (1018-1027 ई.) तथा यशपाल (1024-1036 ई.) का नाम मिलता है। यशपाल गुर्जर-प्रतिहार वंश का अंतिम शासक था। 1036 ईस्वी में यशपाल की मृत्यु के साथ ही प्रतिहार वंश का अंत हो गया। लेखों से पता चलता है कि 1090 ईस्वी के आसपास चंद्रदेव ने कन्नौज पर अधिकार कर लिया और गाहड़वाल वंश की स्थापना की।

गुर्जर प्रतिहार वंश (Gurjara Pratihara Dynasty)
बटेश्वर के मंदिर समूह

प्रतिहारकालीन सांस्कृतिक जीवन

शासन-व्यवस्था

प्रतिहार शासन-व्यवस्था में राजा का सर्वाेच्च स्थान था। गुर्जर प्रतिहार नरेशों की शक्ति असीमित होती थी। राजा ही सामंतों, प्रांतीय प्रमुखों और न्यायधीशों की नियुक्ति करता था। चूंकि राजा की शक्ति का स्रोत उसके सामंतों की सेना होती थी, इसलिए सामंतगण राजा की स्वच्छंदता पर रोक लगा सकते थे। युद्ध के समय सामंत राजा को सैनिक सहायता देते थे और स्वयं सम्राट के साथ युद्धभूमि में जाते थे।

प्रशासनिक कार्यों में राजा की सहायता के लिए एक मंत्रिपरिषद् होती थी। मंत्रिपरिषद् के दो अंग होते थे- आभ्यंतर उपस्थान और बहिर उपस्थान। आभ्यंतरीय उपस्थान में राजा के कुछ चुने हुए विश्वासपात्र ही सम्मिलित होते थे, जबकि बहिर उपस्थान में मंत्री, सेनानायक, महाप्रतिहार, महासामंत, महापुरोहित, महाकवि, ज्योतिषी तथा अन्य प्रमुख व्यक्ति सम्मिलित होते थे। मुख्यमंत्री को ‘महामंत्री’ या ‘प्रधानमात्य’ कहा जाता था।

शिक्षा एवं साहित्य

शिक्षा का प्रारंभ उपनयन संस्कार से होता था। उपनयन के पश्चात बालक को गुरुकुल भेजा जाता था। विद्यार्थी को गुरुकुल में ही रहकर विद्या-अध्ययन करना होता था, जहाँ आवास और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क थी। ब्राह्मण बालक को चौदह विद्याओं के साथ-साथ कर्मकांड का भी अध्ययन कराया जाता था। क्षत्रिय बालक को बहत्तर कलाएँ सिखाई जाती थीं, किंतु उसे अस्त्र-शस्त्र विद्या में निपुणता प्राप्त करना आवश्यक होता था। जहाँ आवास और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क थी।

विद्वान गोष्ठियों में एकत्र होकर साहित्यक चर्चा करते थे। बडी-बडी सभाओं में शास्त्रार्थ के माध्यम से विद्वानों के विद्वता की पहचान की जाती थी। विजेता को राजा की ओर से जयपत्र प्रदान किया जाता था और जुलुस निकाल कर उसका सम्मान किया जाता था।

प्रतिहार काल में कान्यकुब्ज (कन्नौज) विद्या का एक प्रमुख केंद्र था। राजशेखर के अनुसार कन्नौज में कई गोष्ठियों के आयोजन हुआ था। उसने ‘बह्मसभा’ की भी चर्चा की है, जो उज्जैन और पाटलिपुत्र में भी हुआ करती थीं। इन सभाओं में कवियों की परीक्षा होती थी। परीक्षा में उत्तीर्ण कवि को रथ और रेशमी वस्त्र से सम्मानित किया जाता था।

साहित्य के क्षेत्र में भीनमाल एक बड़ा केंद्र था। यहाँ कई महान साहित्यकार हुए, जिनमें ‘शिशुपालवध’ के लेखक माघ का नाम बहुत महत्त्वपूर्ण है। माघ के वंश में सौ वर्ष तक कविता होती रही और संस्कृत तथा प्राकृत में कई ग्रंथों की रचना हुई। विद्वानो ने माघ की तुलना कालिदास, भारवि तथा दंडिन से की है। माघ के समकालीन जैन कवि हरिभद्रसूरि ने ‘धूर्तापाख्यान’ की रचना की है। हरिभद्रसूरि का सबसे प्रसिद्ध प्राकृत ग्रंथ ‘समराइच्चकहा’ है। हरिभद्र के शिष्य उद्योतन सूरि ने 778 ईस्वी में जालोर में ‘कुवलयमाला’ ग्रंथ की रचना की।

गुर्जर प्रतिहार शासक स्वयं विद्वान थे और विद्वानों को राज्याश्रय भी प्रदान करते थे। भोज प्रथम के दरबार में भट्ट धनेक का पुत्र बालादित्य रहता था, जिसने ग्वालियर प्रशस्ति की रचना की थी। इस काल का प्रमुख कवि और नाटककार राजशेखर था, जो महेंद्रपाल प्रथम का गुरु था। वह बालकवि से कवि और फिर कवि से राजकवि के पद पर प्रतिष्ठित हुआ था। इसी समय ‘कर्पूरमंजरी’ तथा संस्कृत नाटक ‘बालरामायण’ को अभिनीत किया गया था।

प्रतिहार काल में संस्कृत, प्राकृत और अपभ्रंश तीनों भाषाओं में साहित्यों की रचना हुई। किंतु प्राकृत ग्रंथों का लेखन धीरे-धीरे कम होता गया और उसका स्थान अपभ्रंश ने ले लिया। इस काल में ब्राह्मणों की तुलना में जैनों द्वारा अपेक्षाकृत अधिक ग्रंथ लिखे गये।

धर्म और धार्मिक जीवन

वैष्णव और शैव: प्रतिहारकालीन समाज में वैष्णव और शैव दोनों मत के लोग थे। इस राजवंश के राजा प्रायः अपने ईष्टदेव को बदलते रहते थे। यद्यपि भोज प्रथम भगवती का उपासक था, लेकिन उसने विष्णु के मंदिर का भी निर्माण करवाया था। इसी प्रकार महेंद्रपाल ने शैव मतानुयायी होते हुए भी वट-दक्षिणी देवी के लिए दान दिया था।

इस काल में विष्णु के अवतारों की पूजा की जाती थी। कन्नौज में चतुर्भुज विष्णु और विराट विष्णु की अत्यंत सुंदर प्रतिमाएँ प्रतिष्ठित थीं। कन्नौज के प्रतिहार नरेश वत्सराज, महेंद्रपाल द्वितीय और त्रिलोचनपाल शिव के उपासक थे। उज्जैन में महाकाल का प्रसिद्ध मंदिर था। प्रतिहारों ने बुंदेलखंड़ में भी अनेक शिवमंदिरों को बनवाया था।

साहित्य और अभिलेखों से पता चलता है कि लोग धार्मिक अवसरों पर गंगा, यमुना अथवा संगम (प्रयाग) पर स्नान कर दान देते थे। तत्कालीन ग्रंथों में दस प्रमुख तीर्थों का वर्णन मिलता है, जिसमें गया, वाराणसी, हरिद्वार, पुष्कर, प्रभास, नैमिषक्षेत्र, केदार, कुरुक्षेत्र, उज्जयिनी तथा प्रयाग आदि थे। धार्मिक कार्य के निमित्त दिये गये भूमि या गाँव से राज्य कोई कर नहीं वसूल करता था।

बौद्ध धर्म: प्रतीहारकाल में पश्चिम की ओर सिंध प्रदेश में और पूर्व में बिहार और बंगाल में बौद्ध धर्म का प्रचलन था। इसका मुख्य कारण संभवतः गुप्तकाल में ब्राह्मण मतावलंबियों द्वारा बौद्धधर्म के अधिकांश सिद्धांतों को अपना कर बुद्ध को भगवान विष्णु का अवतार मान लेना था।

जैन धर्म: गुर्जर राजाओं ने जैनों के साथ उदारता का व्यवहार किया। पश्चिमी भारत के राजस्थान, गुजरात, मालवा और सौराष्ट्र जैनधर्म के प्रसिद्ध केंद्र थे, जिसका श्रेय हरिभद्र सूरि जैसे जैन आचायों को है। हरिभद्र ने अनेक ग्रंथों की रचना की। नागभट्ट द्वितीय का अध्यात्मिक गुरु वप्पभट्ट सूरि को माना जाता है। नागभट्ट ने ग्वालियर में जैन मंदिर बनवाया था।

कला एवं स्थापत्य

गुर्जर-प्रतिहार कला के अवशेष हरियाणा और मध्यभारत के एक विशाल क्षेत्र में फैले हुए हैं। गुर्जर-प्रतिहरों ने खुले मंडप वाले अनेक मंदिरों का निर्माण करवाया, जिसे गुर्जर-प्रतिहार शैली के नाम से जाना जाता है। गुर्जर स्थापत्य शैली में सज्जा और निर्माण शैली का पूर्ण समन्वय परिलक्षित होता है। अपने पूर्ण विकसित रूप में गुर्जर प्रतिहार मंदिरों में मुखमंडप और गर्भगृह के अतरिक्त अत्यधिक अलंकृत अधिष्ठान, जंघा और शिखर होते थे। कालांतर में गुर्जर स्थापत्य कला की इस शैली को चंदेलों, चालुक्यों और अन्य गुर्जर राजवंशों ने अपनाया। पश्चिमी भारत के महावीर और मध्य प्रदेश के बटेश्वर (मुरैना जिला) जैसे मंदिरों का निर्माण गुर्जर प्रतिहारों के शासन के दौरान ही हुआ था।

प्रतिहार शासन का महत्त्व

उत्तर भारत के इतिहास में प्रतिहारों के शासन का महत्त्वपूर्ण स्थान है। हर्ष की मृत्यु के बाद प्रतिहारों ने पहली बार उत्तरी भारत में एक विस्तृत साम्राज्य की स्थापना की और लगभग डेढ सौ वर्षों तक इस विशाल साम्राज्य के स्वामी बने रहे। उन्होंने अरब आक्रमणकारियों का सफलतापूर्वक प्रतिरोध किया और भारत-भूमि की रक्षाकर अपना अपने प्रतिहार नाम को सार्थक किया। मुसलमान लेखकों ने भी उनकी शक्ति एवं समृद्धि की प्रशंसा की है। ग्वालियर प्रशस्ति का यह विवरण मात्र अतिशयोक्ति नहीं है कि म्लेच्छ आक्रमणकारियों से देश की स्वाधीनता और संस्कृति की रक्षा करने के लिए नागभट्ट और मिहिरभोज जैसे नरेश नारायण, विष्णु, पुरुषोत्तम और आदिवराह के अवतार-स्वरूप थे।

महत्त्वपूर्ण प्रश्नावली
() दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
  1. गुर्जर-प्रतिहार राजवंश की उत्पत्ति और उनके ऐतिहासिक स्रोतों का विवरण दीजिए।
  2. अरब आक्रमणों को रोकने में गुर्जर-प्रतिहारों की भूमिका का वर्णन कीजिए।
  3. मिहिरभोज का शासनकाल प्रतिहार साम्राज्य का स्वर्णकाल था’, सिद्ध कीजिए।
  4. मिहिरभोज की प्रमुख उपलब्धियों का वर्णन कीजिए।
(ब) लघु उत्तरीय प्रश्न
  1. गुर्जर-प्रतिहारों की प्रारंभिक राजधानी कहाँ थी?
  2. मिहिरभोज की ग्वालियर प्रशस्ति का क्या महत्त्व है?
  3. राजशेखर ने किन ग्रंथों में प्रतिहारकालीन समाज का वर्णन किया है?
  4. नागभट्ट प्रथम को ‘म्लेच्छों का विनाशक’ क्यों कहा गया?
  5. त्रिपक्षीय संघर्ष में वत्सराज की क्या भूमिका थी?
  6. मिहिरभोज की रजत मुद्राओं का क्या महत्त्व था?
(स) बहुविकल्पीय प्रश्न

1.गुर्जर-प्रतिहार राजवंश की स्थापना कब हुई थी?

(A) पाँचवीं शताब्दी ई.

(B) छठी शताब्दी ई.

(C) आठवीं शताब्दी ई.

(D) नवीं शताब्दी ई.

उत्तर: (B) छठी शताब्दी ई.

2. गुर्जर-प्रतिहारों की उत्पत्ति के बारे में निम्नलिखित में से कौन सा मत सही नहीं है?

(A) भारतीय क्षत्रिय थे

(B) खजर जाति के थे

(C) लक्ष्मण के वंशज थे

(D) गुर्जरात्रा के शासक थे

उत्तर: (B) खजर जाति के थे

3. अरब लेखकों ने गुर्जर-प्रतिहारों को क्या नाम दिया था?

(A) जुज

(B) अल-गुजर

(C) केवल अ

(D) अ और ब दोनों

उत्तर: (D) अ और ब दोनों

4. गुर्जर-प्रतिहार वंश का आदि संस्थापक कौन था?

(A) वत्सराज

(B) हरिश्चंद्र

(C) मिहिरभोज

(D) महिपाल प्रथम

उत्तर: (B) हरिश्चंद्र

5. गुर्जर प्रतिहार शासक हरिश्चंद्र की राजधानी कहाँ थी?

(A) कन्नौज

(B) शाकंभरी

(C) मंडोर

(D) दिल्ली

उत्तर: (C) मंडोर

6. कन्नौज के गुर्जर प्रतिहार वंश का संस्थापक कौन था?

(A) वत्सराज

(B) नागभट्ट प्रथम

(C) मिहिरभोज

(D) नागभट्ट द्वितीय

उत्तर: (B) नागभट्ट प्रथम

7. नागभट्ट प्रथम ने किस अरब शासक को पराजित किया?

(A) सुलेमान

(B) जुनैद

(C) अलमसूदी

(D) बिलादुरी

उत्तर: (B) जुनैद

8. वत्सराज ने किस वंश को पराजित कर कन्नौज पर अधिकार किया?

(A) पाल

(B) राष्ट्रकूट

(C) आयुध

(D) चालुक्य

उत्तर: (C) आयुध

9. गुर्जर प्रतिहारों की सबसे महत्त्वपूर्ण राजधानी कौन सी थी?

(A) मंडोर

(B) भीनमाल

(C) कन्नौज

(D) उज्जयिनी

उत्तर: (C) कन्नौज

10. नागभट्ट द्वितीय ने किस मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया?

(A) महाकाल

(B) सोमनाथ

(C) महावीर

(D) विष्णु

उत्तर: (ब) सोमनाथ

11. प्रतिहार शासक मिहिरभोज को किस नाम से भी जाना जाता था?

(A) नागावलोक

(B) आदिवराह

(C) परमेश्वर

(D) रामदेव

उत्तर: (B) आदिवराह

12. मिहिरभोज ने किस पाल शासक को पराजित किया?

(A) धर्मपाल

(B) देवपाल

(C) नारायणपाल

(D) गोपाल

उत्तर: (B) देवपाल

13. प्रतिहार नरेश महेंद्रपाल प्रथम के समय किस क्षेत्र पर अधिकार किया गया?

(A) कश्मीर

(B) मगध

(C) दक्कन

(D) सिंध

उत्तर: (B) मगध

14. प्रतिहार शासक महीपाल प्रथम को सिंहासन पर किसने स्थापित किया था?

(A) कोक्कलदेव

(B) हर्षदेव

(C) इंद्र तृतीय

(D) गोविंद

उत्तर: (B) हर्षदेव

15. राजशेखर किस प्रतिहार शासक के दरबार में रहते थे?

(A) महेंद्रपाल प्रथम

(B) नागभट्ट प्रथम

(C) मिहिरभोज

(D) महिपाल प्रथम

उत्तर: (A) महेंद्रपाल प्रथम

 

16. ‘कर्पूरमंजरी’ किसकी प्रसिद्ध रचना है?

(A) भवभूति

(B) राजशेखर

(C) बाणभट्ट

(D) जयानक भट्ट

उत्तर: (B) राजशेखर

17. निम्नलिखित में से कौन सा ग्रंथ राजशेखर ने नहीं लिखा?

(A) काव्यमीमांसा

(B) हर्षचरित

(C) कर्पूरमंजरी

(D) बालरामायण

उत्तर: (B) हर्षचरित

18. अरब आक्रांताओं को रोकने में किस प्रतिहार शासक की प्रमुख भूमिका थी?

(A) हरिश्चंद्र

(B) मिहिरभोज

(C) महीपाल प्रथम

(D) वत्सराज

उत्तर: (B) मिहिरभोज

19. प्रतिहार वंश का अंतिम शासक कौन था?

(A) राज्यपाल

(B) यशपाल

(C) त्रिलोचनपाल

(D) विजयपाल

उत्तर: (B) यशपाल

20. कन्नौज में गाहड़वाल वंश की स्थापना किसने की?

(A) चंद्रदेव

(B) विद्याधर

(C) यशोवर्मन

(D) हर्षदेव

उत्तर: (A) चंद्रदेव

21. भारतीय इतिहास में 750 ई. से 1200 ई. तक के काल को किस नाम से जाना जाता है?

(A) राजपूत काल

(B) गुप्तकाल

(C) आंध्र-सातवाहन काल

(D) इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (A) राजपूत काल

22. भारत पर पहली बार आक्रमण करने वाला अरब आक्रांता कौन था?

(A) महमूद गजनवी

(B) मोहम्मद गोरी

(C) कुतुबुद्दीन ऐबक

(D) मुहम्मद बिन कासिम

उत्तर: (D) मुहम्मद बिन कासिम

23. किस क्षेत्र पर अध्किार करने के लिए पालों, प्रतिहारों व राष्ट्रकूटों के बीच त्रिपक्षीय संघर्ष हुआ?

(A) आगरा

(B) दिल्ली

(C) कन्नौज

(D) मगध

उत्तर: (C) कन्नौज

24. त्रिकोणीय संघर्ष की शुरूआत किसने की?

(A) धर्मपाल

(B) वत्सराज

(C) गोविंद

(D) नागभट्ट प्रथम

उत्तर: (B) वत्सराज

25. किसने गुर्जर-प्रतिहार वंश को ‘अल-गुजर’ तथा इस वंश के शासकों को ‘बौरा’ कहा है?

(A) अल्बरूनी

(B) सुलेमान

(C) फरिश्ता

(D) अलमसूदी

उत्तर: (D) अलमसूदी

26. प्रतिहार स्वंय को किसका वंशज मानते थे?

(A) राम का

(B) हनुमान का

(C) लक्ष्मण का

(D) कृष्ण का

उत्तर: (C) लक्ष्मण का

इन्हें भी पढ़ सकते हैं-

विजयनगर साम्राज्य का उत्थान और पतन 

वियेना कांग्रेस

प्रथम विश्वयुद्ध, 1914-1918 ई. 

पेरिस शांति-सम्मेलन और वर्साय की संधि 

द्वितीय विश्वयुद्ध : कारण, प्रारंभ, विस्तार और परिणाम 

भारत में राष्ट्रवाद का उदय

यूरोप में पुनर्जागरण पर बहुविकल्पीय प्रश्न-1 

प्राचीन भारतीय इतिहास पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न-1 

जैन धर्म पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न-1 

सिंधुघाटी की सभ्यता पर आधारित क्विज 

राष्ट्र गौरव पर आधारित क्विज