मुहम्मद गोरी के आक्रमण : तराइन से दिल्ली सल्तनत तक का इतिहास
प्रस्तावना
बारहवीं सदी के उत्तरार्ध में अफ़ग़ानिस्तान के पहाड़ी क्षेत्र गोर से उठे मुइज़्ज़ुद्दीन मुहम्मद बिन साम, जिन्हें इतिहास में मुहम्मद गोरी कहा जाता है, ने भारत में तुर्क सत्ता की नींव रखी। महमूद गज़नवी के अभियान मुख्यतः लूट और धन-संग्रह पर केंद्रित थे, जबकि गोरी ने विजित क्षेत्रों में सेनापतियों और सैन्य चौकियों के माध्यम से स्थायी शासन स्थापित करने का प्रयास किया। उसने 1175 ई. में मुल्तान से अपने अभियान शुरू किए, 1178 ई. में गुजरात में पराजय झेली, 1186 ई. में पंजाब पर अधिकार किया, 1192 ई. में तराइन के दूसरे युद्ध में पृथ्वीराज चौहान को हराया और 1194 ई. में चंदावर के युद्ध में कन्नौज के जयचंद को परास्त किया। 1206 ई. में उसकी मृत्यु के बाद उसके योग्य सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक ने दिल्ली सल्तनत की स्थापना की। इस लेख में गोर के उत्थान से लेकर गोरी के मूल्यांकन तक की घटनाएँ क्रम से दी गई हैं।
मुहम्मद गोरी के आक्रमणों का कालक्रम (एक नज़र में)
| वर्ष (ई.) | घटना |
| 1173 | गियासुद्दीन द्वारा गजनी पर अधिकार; मुइज़्ज़ुद्दीन गजनी का शासक नियुक्त |
| 1175 | मुल्तान की विजय |
| 1176 | उच्छ पर अधिकार |
| 1178-79 | कायादरा (आबू) के युद्ध में चालुक्यों से गोरी की पराजय |
| 1179-86 | पेशावर, सियालकोट और लाहौर की ओर अभियान; 1186 में गज़नवी वंश का अंत |
| 1189 | तबरहिंद (भटिंडा) पर अधिकार |
| 1191 | तराइन का प्रथम युद्ध : पृथ्वीराज की विजय |
| 1192 | तराइन का द्वितीय युद्ध: गोरी की विजय |
| 1194 | चंदावर का युद्ध: जयचंद की पराजय |
| 1195-96 | बयाना और ग्वालियर की विजय |
| 1202-03 | ऐबक द्वारा कालिंजर की विजय |
| 1204 | अंदखुर्द में गोरी की पराजय; बख्तियार खिलजी द्वारा नादिया की विजय (लगभग) |
| 1206 | दमयक में गोरी की हत्या; दिल्ली सल्तनत की नींव |
मुहम्मद गोरी के इतिहास के प्रमुख स्रोत
गोरी के इतिहास की जानकारी मुख्यतः फ़ारसी इतिहासकारों से मिलती है। मिन्हाज-उस-सिराज की ‘तबक़ात-ए-नासिरी’ (लगभग 1260 ई.) गोरी और शंसबानी वंश का सबसे महत्त्वपूर्ण स्रोत है। हसन निज़ामी की ‘ताज-उल-मआसिर’ ऐबक के काल और आरंभिक विजयों का समकालीन विवरण देती है। इसके अतिरिक्त फरिश्ता (सोलहवीं-सत्रहवीं सदी) का इतिहास भी बार-बार उद्धृत होता है, पर उसमें अतिशयोक्ति और बाद की कथाएँ अधिक हैं। भारतीय पक्ष के लिए संस्कृत ग्रंथ ‘पृथ्वीराजविजय’, ‘हम्मीर महाकाव्य’ और जैन प्रबंध-ग्रंथ उपयोगी हैं, जबकि ‘पृथ्वीराज रासो’ काव्य-कृति है और घटनाओं के तिथिक्रम तथा तथ्यों के लिए विश्वसनीय नहीं है। इसलिए इतिहासकार फ़ारसी विवरणों, शिलालेखों और सिक्कों के आधार पर घटनाओं की पुष्टि करते हैं।
गोर प्रदेश की स्थिति
गोर का भौगोलिक और सांस्कृतिक परिदृश्य
गोर गज़नवी साम्राज्य और हेरात के सल्जूक राज्य के बीच एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र था। यह इतना दूरस्थ और अलग-थलग था कि बारहवीं सदी के अंत तक, छोटे-छोटे मुस्लिम राज्यों से घिरे होने के बावजूद, यहाँ गैर-इस्लामी परंपराएँ, विशेषकर महायान बौद्ध धर्म का एक रूप, जीवित रहीं। हरी रूद (हरी नदी) के किनारे चट्टान में तराशा गया बौद्ध मठ इसका प्रमाण माना जाता है। गोर की ऊँची घाटियों और किलों ने इसे बाहरी आक्रमणों से बहुत हद तक सुरक्षित रखा और यही पहाड़ी जीवन आगे चलकर यहाँ के सैनिकों की कठोरता का आधार बना।
गज़नवियों का आधिपत्य और इस्लामीकरण
महमूद गज़नवी ने ग्यारहवीं सदी की शुरुआत (लगभग 1010-11 ई.) में गोर पर आक्रमण कर उसे अपने अधीन किया और वहाँ के निवासियों को इस्लाम में दीक्षित किया। उसने धर्म-प्रचार के लिए उपदेशकों को नियुक्त किया, जिससे गोर का इस्लामीकरण आरंभ हुआ। इस अभियान में गोर के तत्कालीन सरदार मुहम्मद इब्न सूरी पराजित हुए और बंदी बनाए गए।
महमूद का साम्राज्य मुख्यतः सैन्य शक्ति पर टिका था। 1030 ई. में उसकी मृत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के आपसी झगड़ों और गृहयुद्धों से गज़नवी साम्राज्य कमजोर पड़ने लगा। इस दौरान सल्जूक तुर्क, गुज़ तुर्क, गोर के शंसबानी और अफ़ग़ान कबीले स्वतंत्र होकर अपने-अपने राज्य बनाने लगे। इसी प्रक्रिया में ख्वारिज़्म और गोर के नए राज्यों का उदय हुआ। गुज़ तुर्कमानों ने 1160 ई. के आसपास गजनी पर अधिकार कर लिया। गज़नवी शासक बहरामशाह के कमजोर उत्तराधिकारी खुसरवशाह को वहाँ से भागकर पंजाब जाना पड़ा, जो उसके पूर्वजों के विशाल साम्राज्य का एकमात्र शेष हिस्सा था।
गोर का उत्थान और शंसबानी राजवंश
गोर का उत्थान बारहवीं सदी के मध्य में हुआ। गोर के शासकों के एक पूर्वज शंसब के नाम पर इतिहासकार मिन्हाज-उस-सिराज ने उन्हें ‘शंसबानी’ कहा। उनके आरंभिक इतिहास की जानकारी कम है। नामों के अंत में ‘सूरी’ शब्द देखकर कुछ लोग भूलवश उन्हें अफ़ग़ान मान लेते थे, जबकि वे वस्तुतः गोर के पूर्वी फ़ारसी वंश के थे और मूलतः गज़नवी साम्राज्य के जागीरदार थे। इस वंश को गोरी या ग़ुरिद वंश भी कहा जाता है।
शंसबानी आरंभ में पहाड़ी किले के साधारण सरदार थे, जिन्हें बहरामशाह के शासनकाल में प्रसिद्धि मिली। गोर के शासक कुतुबुद्दीन हसन ने बहरामशाह के यहाँ शरण ली और उसकी पुत्री से विवाह किया, किंतु शंसबानियों की बढ़ती शक्ति से भयभीत बहरामशाह ने विश्वासघात कर उसकी हत्या करा दी। प्रतिशोध में कुतुबुद्दीन के भाई सैफुद्दीन सूरी ने 1148 ई. के आसपास गजनी पर आक्रमण किया और बहरामशाह को ‘कुर्रम’ भागना पड़ा। पर बहरामशाह लौटा और शत्रु की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर ‘संग-ए-सुरख’ के युद्ध में सैफुद्दीन को बंदी बनाकर मरवा दिया।
इसके बाद सैफुद्दीन के छोटे भाई अलाउद्दीन हुसैनशाह ने गजनी पर आक्रमण कर बहरामशाह को हराया। उसने सात दिनों तक नगर में भयानक लूटपाट की और आग लगाकर अनेक उत्कृष्ट भवन नष्ट कर दिए। इसी कारण उसे ‘जहाँसोज़’ (विश्वदाहक) की उपाधि मिली। इस घटना ने गज़नवियों के अंतिम पतन और इस्लामी जगत की सीमा पर गोर के सबसे शक्तिशाली राज्य के रूप में उदय को चिह्नित किया।
गोर और सल्जूकों के संबंध
खुरासान और मर्व जैसे समृद्ध क्षेत्रों पर नियंत्रण के लिए गोरियों को सल्जूकों से निरंतर संघर्ष करना पड़ा। अलाउद्दीन जहाँसोज़ ने अपनी स्थिति मजबूत होने पर सल्जूकों को कर देना बंद कर दिया और हेरात व बल्ख पर अधिकार कर लिया। इसके परिणामस्वरूप सल्जूक शासक अहमद संजर ने उसे पराजित कर बंदी बनाया। भारी फिरौती लेकर लगभग दो वर्ष बाद ही उसे रिहा किया गया। संजर की मृत्यु (1157 ई.) के बाद अलाउद्दीन ने गोर की शक्ति का विस्तार किया।
1161 ई. में अलाउद्दीन की मृत्यु के बाद सैफुद्दीन मुहम्मद गद्दी पर बैठा। उसने अपने चचेरे भाइयों गियासुद्दीन और मुइज़्ज़ुद्दीन को मुक्त किया, जिन्हें अलाउद्दीन ने कैद कर रखा था। उसने हेरात के एक भाग पर पुनः अधिकार किया, किंतु 1163 ई. में गुज़ तुर्कमानों को बल्ख से खदेड़ने के प्रयास में युद्ध में मारा गया। उसके बाद गियासुद्दीन ने गोर की सत्ता सँभाली। गुज़ तुर्कमानों की घटती शक्ति का लाभ उठाकर उसने 1173 ई. में गजनी पर पुनः अधिकार किया और अपने छोटे भाई शहाबुद्दीन को, जो ‘मुइज़्ज़ुद्दीन मुहम्मद बिन साम’ के नाम से प्रसिद्ध है, वहाँ का शासक नियुक्त किया।
दोनों भाइयों के बीच शासन का यह बँटवारा एक प्रकार की संयुक्त सत्ता थी। गियासुद्दीन गोर की राजधानी फ़ीरोज़कोह से पश्चिम और मध्य एशिया के मामले देखता था। अफ़ग़ानिस्तान के जाम में उसकी बनवाई मीनार (जाम की मीनार), जो यूनेस्को की विश्व धरोहर है, उस काल की गोरी वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। दूसरी ओर मुइज़्ज़ुद्दीन ने गजनी से भारत की ओर अपनी शक्ति लगाई। इस व्यवस्था में दोनों भाइयों के बीच कभी सत्ता-संघर्ष नहीं हुआ, जो उस युग के लिए असाधारण बात थी।
मुइज़्ज़ुद्दीन मुहम्मद गोरी का परिचय
मुइज़्ज़ुद्दीन मुहम्मद गोरी का जन्म संभवतः 1149 ई. में गोर में हुआ। उसके पिता बहाउद्दीन साम प्रथम गोर के स्थानीय शासक थे। अलाउद्दीन हुसैनशाह ने उसे और उसके बड़े भाई गियासुद्दीन को कैद किया था, पर सैफुद्दीन मुहम्मद ने उन्हें मुक्त कर दिया। गियासुद्दीन के सत्ता सँभालने पर मुइज़्ज़ुद्दीन गजनी का शासक बना। वह अपने भाई के प्रति आजीवन निष्ठावान रहा, और यही निष्ठा उसके राजनीतिक जीवन की स्थिरता का आधार बनी। भारतीय स्रोतों में उसे प्रायः ‘सुरत्राण’ या ‘मीर’ जैसे शब्दों से जाना गया है, जबकि सिक्कों पर उसका नाम ‘मुहम्मद बिन साम’ अंकित मिलता है।

मुहम्मद गोरी के आक्रमणों के उद्देश्य
गोरी का मुख्य उद्देश्य भारतीय क्षेत्रों को जीतकर अपना राज्य बढ़ाना था। उस समय लाहौर में गज़नवियों का अंतिम शासक खुसरव मलिक था और मुल्तान करामतियों के हाथ में था। गजनी का शासक होने के कारण गोरी पंजाब को, जो कभी गज़नवी साम्राज्य का अंग था, अपना वैध अधिकार-क्षेत्र मानता था। वह भारत से धन जुटाकर मध्य एशिया में अपने सबसे बड़े शत्रु ख्वारिज़्म के शाह से टक्कर लेना चाहता था, क्योंकि पश्चिम में गोरियों की सीमाएँ असुरक्षित थीं और वहाँ विस्तार की संभावना सीमित थी। इसके साथ इस्लाम के प्रचार और अपने यश की वृद्धि की भावना भी थी।
यह कहना कठिन है कि उसके अभियान शुरू से ही सुनियोजित थे या नहीं। फिर भी दो कारणों ने उसका कार्य सरल किया। पहला, उत्तर भारत की खंडित राजनीतिक स्थिति, जिसमें कोई शक्तिशाली सत्ता संगठित प्रतिरोध नहीं कर सकी। दूसरा, कुतुबुद्दीन ऐबक जैसे योग्य और समर्पित दास सेनापतियों की सेवा। गोरी दास सेनापतियों को पुत्र की तरह पालता और उच्च पद देता था, जिससे वे उसके प्रति पूर्णतः निष्ठावान रहे।
गोरी के आक्रमण के समय उत्तर भारत
मुहम्मद गोरी के आक्रमणों के समय उत्तर भारत की राजनीतिक स्थिति अत्यंत विखंडित थी। किसी केंद्रीय सत्ता के अभाव में संपूर्ण उत्तर भारत अनेक स्वतंत्र एवं परस्पर प्रतिद्वंद्वी राज्यों में विभाजित था। इस समय उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश क्षेत्रों पर विभिन्न राजपूत राजवंशों का शासन था और इन राज्यों के शासक अपनी स्वतंत्रता एवं क्षेत्रीय प्रभुत्व बनाए रखने के लिए निरंतर आपसी संघर्षों में उलझे रहते थे। इस पारस्परिक वैमनस्य और राजनीतिक एकता के अभाव के कारण विदेशी आक्रमणों का संगठित रूप से सामना करना कठिन हो गया था। दूसरी ओर, पंजाब और सिंध के सीमावर्ती क्षेत्रों में गज़नवी वंश तथा अन्य मुस्लिम शासकों का अधिकार स्थापित हो चुका था। मुल्तान और उच्छ पर इस्माइली (करामती) शासकों का शासन था। इन परिस्थितियों ने मुहम्मद गोरी को भारत में अपने सैन्य अभियानों के विस्तार का अवसर प्रदान किया।
पंजाब
महमूद गज़नवी ने पंजाब और सीमांत क्षेत्रों को अपने साम्राज्य में सम्मिलित कर लिया था। 1160 ई. में गुज़ तुर्कों द्वारा गज़नी पर अधिकार कर लिए जाने के बाद गज़नवी शासक खुसरवशाह ने लाहौर को अपनी राजधानी बना लिया। इस प्रकार, गज़नवी वंश का शासन गज़नी के स्थान पर पंजाब में केंद्रित हो गया और वह 1186 ई. तक वहाँ बना रहा। मुहम्मद गोरी ने भारत में अपने साम्राज्य के विस्तार के लिए पंजाब को प्रमुख सैन्य आधार बनाया। उसने 1175 ई. में मुल्तान और उच्छ पर अधिकार करने के बाद 1179 ई. में पेशावर को जीत लिया तथा 1182 ई. में सिंध के क्षेत्रों पर अपना अधिकार स्थापित किया। इसके बाद 1185 ई. में उसने सियालकोट के किले पर अधिकार कर लिया। इस दौरान पंजाब के गज़नवी शासक खुसरव मलिक ने खोखरों की सहायता से गोरी का प्रतिरोध करने का प्रयास किया, किंतु उसे सफलता नहीं मिली। अंततः 1186 ई. में मुहम्मद गोरी ने लाहौर पर अधिकार कर अंतिम गज़नवी शासक खुसरव मलिक को बंदी बना लिया और पंजाब में गज़नवी वंश के शासन का अंत कर दिया। इसके बाद उसने 1189 ई. में भटिंडा (तबरहिंद) के किले पर अधिकार कर लिया।
मुल्तान
महमूद गज़नवी ने मुल्तान पर अधिकार कर लिया था, किंतु उसकी मृत्यु के बाद वहाँ के शिया (करामती/इस्माइली) शासकों ने पुनः स्वतंत्र सत्ता स्थापित कर ली। इस समय मुल्तान पर दाऊद नामक शासक का शासन था। मुहम्मद गोरी ने 1175 ई. में गोमल दर्रे के मार्ग से भारत पर अपना पहला प्रमुख आक्रमण मुल्तान पर किया। उसने करामती (इस्माइली शिया) शासक दाऊद को पराजित कर मुल्तान पर अधिकार कर लिया। इस अभियान के दौरान उसने उच्छ पर भी अधिकार स्थापित किया, जहाँ फरिश्ता के अनुसार भाटी राजपूतों का शासन था और वहाँ की रानी ने दुर्ग समर्पित कर दिया था। मुल्तान की विजय के बाद गोरी ने वहाँ एक विश्वसनीय मुस्लिम अधिकारी को नियुक्त किया, ताकि इस क्षेत्र पर उसका नियंत्रण बना रहे। इस प्रकार मुल्तान और उच्छ की विजय ने भारत में उसके आगे के सैन्य अभियानों के लिए एक महत्त्वपूर्ण आधार तैयार किया।
सिंध
मुहम्मद गोरी के भारत आगमन से पहले निचले सिंध पर महमूद गज़नवी ने अधिकार कर लिया था, किंतु उसकी मृत्यु के बाद वहाँ सुमरा नामक स्थानीय जाति ने स्वतंत्र सत्ता स्थापित कर ली थी। सुमरा लोग मुस्लिम थे और संभवतः शिया मत के अनुयायी थे। इसी समय उत्तरी सिंध के मुल्तान पर करामती (इस्माइली) शासकों का अधिकार था। मुहम्मद गोरी ने 1175 ई. में गोमल दर्रे के मार्ग से भारत में प्रवेश किया और मुल्तान के इस्माइली शासकों को पराजित कर उस पर अधिकार कर लिया। यह भारत में उसका पहला प्रमुख अभियान था। इसके बाद 1176 ई. में उसने उच्छ पर विजय प्राप्त की। फरिश्ता के अनुसार, उच्छ पर भट्टी राजपूतों का शासन था और वहाँ की रानी ने दुर्ग समर्पित कर दिया था, जबकि हबीब जैसे इतिहासकार उच्छ को भी इस्माइली शासकों के अधीन मानते हैं। इस प्रकार, उच्छ की राजनीतिक स्थिति के संबंध में इतिहासकारों में मतभेद है। मुल्तान और उच्छ की विजय से गोरी को सिंध-मुल्तान क्षेत्र में एक सुरक्षित सैन्य आधार प्राप्त हो गया, जहाँ से उसने आगे गुजरात, पंजाब और गंगा के मैदानों की ओर अपने अभियानों का विस्तार किया। इसी क्रम में 1178 ई. में उसने गुजरात पर आक्रमण किया, किंतु कायादरा के युद्ध में उसे पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसने अपना ध्यान पंजाब की विजय पर केंद्रित किया और वहाँ अपना अधिकार स्थापित करने के साथ-साथ निचले सिंध की ओर भी विस्तार किया। उसने देबल तक अपना प्रभाव स्थापित कर लिया, जिसके परिणामस्वरूप सुमरा शासकों ने उसकी अधीनता स्वीकार कर ली।
अन्हिलवाड़ के चालुक्य (सोलंकी)
पश्चिमी भारत (गुजरात) में गोरी के भारतीय अभियानों के समय चालुक्य (सोलंकी) राजपूतों का शासन था, जिनकी राजधानी अन्हिलवाड़ (अन्हिलपाटन) थी। इस वंश के सबसे प्रतापी शासक सिद्धराज जयसिंह थे, और गोरी के समकालीन शासक मूलराज द्वितीय (लगभग 1175-1178 ई.) तथा उनके भाई भीम द्वितीय (लगभग 1178-1241 ई.) थे। इन्होंने गोरी को भारत में उसकी पहली बड़ी पराजय दी और बाद में उसके सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक के आक्रमणों का भी सामना किया। चालुक्यों का मालवा के परमारों, अजमेर के चौहानों और चित्तौड़ के गुहिलों से लगातार संघर्ष चलता रहता था, जिसके कारण तुर्कों के विरुद्ध कोई स्थायी राजपूत गठबंधन नहीं बन सका। 1178 ई. में गोरी ने मुल्तान और उच्छ के मार्ग से रेगिस्तान पार करते हुए गुजरात पर चढ़ाई की। उस समय मूलराज द्वितीय अल्पवयस्क थे, इसलिए राजमाता नायकी देवी संरक्षिका के रूप में शासन सँभाल रही थीं और उन्होंने स्वयं सेना का नेतृत्व किया। आबू पर्वत की तलहटी में कायादरा (कसहरदा) की संकरी पहाड़ी घाटियों में चालुक्य सेना ने गोरी की सेना को घेरकर बुरी तरह पराजित किया। परंपरा के अनुसार इस युद्ध में नाडोल के चाहमान शासक केल्हणदेव, जालौर के कीर्तिपाल और आबू के परमार शासक धारावर्ष ने भी चालुक्यों का साथ दिया। रेगिस्तान की लंबी यात्रा से थकी गोरी की सेना को जान बचाकर गजनी लौटना पड़ा। कई फ़ारसी इतिहासकार इस विजय का श्रेय भीम द्वितीय को देते हैं, क्योंकि उसी वर्ष मूलराज की मृत्यु के बाद वे गद्दी पर बैठे थे, पर अधिकांश आधुनिक इतिहासकार इस युद्ध में नायकी देवी की निर्णायक भूमिका मानते हैं। इस हार के बाद गोरी ने गुजरात की दिशा से भारत में प्रवेश का प्रयास फिर नहीं किया और पंजाब की ओर से अभियान चलाया। आगे चलकर ऐबक का गुजरात से संघर्ष हुआ। लगभग 1195 ई. में अजमेर के मेर विद्रोहियों की सहायता के लिए भीम द्वितीय ने सेना भेजी, जिससे ऐबक को अजमेर के किले में शरण लेनी पड़ी। इसके प्रतिशोध में 1197 ई. में ऐबक ने बड़ी सेना के साथ अन्हिलवाड़ पर आक्रमण किया, भीम द्वितीय की सेना को पराजित किया और राजधानी को लूटकर कुछ समय के लिए अपने अधिकार में ले लिया। पर तुर्क सेना के लौटते ही भीम द्वितीय ने अपनी शक्ति पुनः संगठित की और अन्हिलवाड़ पर स्वतंत्र शासन फिर स्थापित कर लिया। भीम द्वितीय के लंबे शासन के अंतिम वर्षों में केंद्रीय सत्ता कमजोर पड़ने लगी, जिसका लाभ उठाकर उनके सामंत वाघेला सरदारों (लवणप्रसाद और वीरधवल) ने वास्तविक शक्ति हासिल कर ली और आगे चलकर वाघेला वंश की नींव रखी।
अजमेर के चौहान
अजयराज द्वितीय के शासनकाल में चौहानों का उत्थान हुआ और उन्होंने अजमेर नगर बसाया। उन्होंने गुजरात, दिल्ली और मथुरा की ओर विस्तार का प्रयास किया, जिससे उन्हें गज़नवी उत्तराधिकारियों के आक्रमणों का सामना करना पड़ा। विग्रहराज चतुर्थ (बीसलदेव) इस वंश के सबसे महान शासकों में गिने जाते हैं। उन्होंने लगभग 1151 ई. में तोमरों से दिल्ली छीनकर राज्य को शिवालिक पहाड़ियों और हाँसी तक फैलाया, किंतु तोमर अधीनस्थ शासक के रूप में बने रहे। वह स्वयं विद्वान और विद्या-प्रेमी थे और उनका लिखा नाटक ‘हरकेलि’ प्रसिद्ध है।
पृथ्वीराज तृतीय (लगभग 1177-1192 ई.) चौहान वंश के सबसे प्रसिद्ध शासक थे। वे लगभग 11 वर्ष की आयु में अजमेर की गद्दी पर बैठे और लगभग 16 वर्ष की आयु में प्रशासन सँभाला। उन्होंने राजस्थान के छोटे राज्यों को जीतकर विस्तारवादी नीति अपनाई। उनका सबसे प्रसिद्ध अभियान महोबा और खजुराहो के चंदेलों के विरुद्ध था, जिसमें आल्हा और ऊदल के मारे जाने की कथा ‘पृथ्वीराज रासो’ और ‘आल्हा-खंड’ जैसी रचनाओं में मिलती है। इस विजय से उन्हें भारी लूट तो मिली, किंतु राज्य का विस्तार नहीं हुआ।
1182 से 1187 ई. के बीच पृथ्वीराज को गुजरात के चालुक्य शासक भीम द्वितीय से संघर्ष करना पड़ा। संभवतः इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली, इसलिए उन्होंने अपना ध्यान गंगा घाटी और पंजाब की ओर किया। परंपरा के अनुसार पृथ्वीराज और कन्नौज के गहड़वाल शासक जयचंद की पुत्री संयोगिता के स्वयंवर को लेकर दोनों में शत्रुता हुई, किंतु यह कथा संदिग्ध है। फिर भी दिल्ली और ऊपरी गंगा दोआब के लिए चौहानों और गहड़वालों की प्रतिद्वंद्विता स्पष्ट थी। अपनी आक्रामक नीति से पृथ्वीराज ने पड़ोसी राज्यों को शत्रु बना लिया और अंततः 1192 ई. में तराइन के दूसरे युद्ध में पराजित हुए।
कन्नौज के गहड़वाल
आधुनिक उत्तर प्रदेश में गहड़वाल वंश का शासन था, जिसकी राजधानियाँ कन्नौज (कान्यकुब्ज) और वाराणसी थीं। ग्यारहवीं सदी के अंतिम भाग (लगभग 1090 ई.) में चंद्रदेव ने कन्नौज में इस वंश की नींव रखी। गोविंदचंद्र (लगभग 1114-1155 ई.) इसके प्रतापी शासक थे, जिनके समय में राज्य का विस्तार उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े भाग तक हो गया और उसकी सीमा सतलज के निकट तक पहुँची। उन्होंने पश्चिमोत्तर से आने वाले गज़नवी सेनापतियों का सामना भी किया। गोरी के अभियानों के समय इस वंश के शासक जयचंद (जयचंद्र, 1170-1194 ई.) थे, और गहड़वाल उत्तर भारत की प्रमुख शक्तियों में गिने जाते थे। पर चौहानों के उदय के बाद दिल्ली और पूर्वी सतलज क्षेत्र उनके हाथ में चला गया, जिससे दोनों राजवंशों में शत्रुता हो गई और दिल्ली तथा ऊपरी गंगा दोआब पर नियंत्रण के लिए उनकी प्रतिद्वंद्विता बढ़ी। इसी कारण तराइन के युद्धों (1191-1192 ई.) में जयचंद ने पृथ्वीराज का साथ नहीं दिया, और इस आपसी फूट का लाभ गोरी ने उठाया। 1192 ई. में चौहानों को हराने के बाद 1194 ई. में गोरी ने कन्नौज की ओर बढ़कर चंदावर (इटावा के निकट, यमुना तट) में जयचंद को परास्त किया। जयचंद युद्ध में मारे गए, असनी और वाराणसी को लूटा गया और कन्नौज पर 1198 ई. तक तुर्कों का अधिकार पूर्ण हो गया। इसके बाद गहड़वाल शक्ति का पतन हो गया, यद्यपि उनके उत्तराधिकारी हरिश्चंद्र ने बदायूँ और कन्नौज के आसपास कुछ वर्षों तक सीमित शासन बनाए रखा।
बुंदेलखंड के चंदेल
जैजाकभुक्ति (बुंदेलखंड) के चंदेलों ने महमूद गज़नवी का दो बार सामना किया था। धंग, गंड और विद्याधर इस वंश के शक्तिशाली शासक थे, और खजुराहो के भव्य मंदिर इन्हीं की कला-संरक्षण का परिणाम हैं। पर बारहवीं सदी के अंत तक चौहानों और गहड़वालों के उदय से चंदेलों की शक्ति काफ़ी कमज़ोर हो गई थी। मुहम्मद गोरी के अभियानों के समय इस वंश के अंतिम प्रमुख शासक परमार्दिदेव (परमाल) का शासन था। उनके समय में चंदेल राज्य की शक्ति खजुराहो, महोबा, अजयगढ़ और अभेद्य माने जाने वाले कालिंजर दुर्ग पर केंद्रित थी। गोरी के मुख्य अभियानों से कुछ पहले, लगभग 1182 ई. में, पृथ्वीराज चौहान ने महोबा पर आक्रमण किया और परमार्दि को कई बार पराजित किया। लोककथाओं और ‘आल्हा-खंड’ जैसी रचनाओं में इस संघर्ष में परमार्दि के सेनानायकों आल्हा और ऊदल की वीरता का वर्णन मिलता है, पर इनकी ऐतिहासिक सत्यता संदिग्ध है। इतना अवश्य स्पष्ट है कि इस संघर्ष से चंदेलों को भारी जन-धन की हानि हुई और दोनों राजपूत शक्तियाँ आगे आने वाले तुर्क आक्रमणों के सामने कमज़ोर हो गईं। तराइन (1192 ई.) और चंदावर (1194 ई.) की विजयों के बाद गोरी के प्रमुख सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक ने बुंदेलखंड की ओर रुख किया और 1202-03 ई. में कालिंजर पर घेरा डाल दिया। परमार्दि ने कड़ा प्रतिरोध किया, पर किले में पानी की कमी और कठिन परिस्थितियों के कारण उन्हें संधि के लिए विवश होना पड़ा। संधि की शर्तें पूरी होने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद उनके मंत्री अजयदेव ने कुछ समय तक संघर्ष जारी रखा, किंतु अंततः किले पर तुर्कों का अधिकार हो गया। ऐबक ने कालिंजर, महोबा और खजुराहो को जीतकर इन्हें दिल्ली सल्तनत के प्रभाव-क्षेत्र में मिला लिया। बाद में परमार्दि के उत्तराधिकारी त्रैलोक्यवर्मन ने कालिंजर को पुनः जीतकर चंदेल सत्ता को कुछ समय के लिए पुनर्जीवित किया, लेकिन बुंदेलखंड का प्राचीन गौरव और साम्राज्यवादी प्रभाव गोरी के अभियानों के साथ ही समाप्त हो गया।
चेदि के कलचुरी
कलचुरी (चेदि/डाहल) वंश के प्रतापी शासक गांगेयदेव (लगभग 1019-1040 ई.) थे, जिनके और उनके पुत्र लक्ष्मीकर्ण के काल में यह वंश उत्तर भारत की एक प्रमुख शक्ति था। चंदेलों, परमारों और चालुक्यों से निरंतर संघर्ष के कारण यह कभी स्थायी शक्ति नहीं बन सका और लक्ष्मीकर्ण के बाद धीरे-धीरे कमजोर होता गया। मुहम्मद गोरी के भारतीय अभियानों (1175-1206 ई.) के समय चेदि क्षेत्र पर विजयसिंह (लगभग 1188-1210 ई.) का शासन था, जिनकी राजधानी त्रिपुरी (वर्तमान जबलपुर के निकट तेवर) थी। तब तक कलचुरी राज्य सिमटकर जबलपुर और रीवा के आसपास के क्षेत्रों तक रह गया था और अपने पतन के अंतिम दौर में पहुँच चुका था। विजयसिंह के काल में उनके उत्तरी सामंत सल्लक्षण ने विद्रोह कर स्वतंत्रता की घोषणा कर दी थी। यद्यपि एक वफादार सामंत मलयसिंह ने 1193 ई. के आसपास करकरेड़ी (रीवा) के युद्ध में इस विद्रोह को दबा दिया, फिर भी इससे राज्य की आंतरिक शक्ति और क्षीण हुई।
गोरी के आक्रमण मुख्यतः पंजाब, दिल्ली-अजमेर (चौहान) और कन्नौज (गहड़वाल) तक केंद्रित थे और चेदि राज्य अपेक्षाकृत दक्षिण में स्थित था, इसलिए कलचुरीयों का गोरी की सेना से सीधा टकराव नहीं हुआ। फिर भी 1202-03 ई. में गोरी के सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक ने पड़ोसी बुंदेलखंड पर आक्रमण कर चंदेल शासक परमार्दि से कालिंजर जीत लिया। इससे मध्य भारत का शक्ति-संतुलन बदल गया और कलचुरीयों की उत्तरी सीमा असुरक्षित हो गई। तुर्क आक्रमण से उबरने के बाद चंदेल शासक त्रैलोक्यवर्मन ने अपनी शक्ति को पुनर्गठित किया और चेदि क्षेत्र पर आक्रमण कर कलचुरीयों के बड़े भू-भाग पर अधिकार कर लिया। दक्षिण से देवगिरि के यादवों तथा पश्चिम से मालवा के परमारों और वाघेलों के निरंतर दबाव ने चेदि राज्य को और संकुचित कर दिया। विजयसिंह के बाद उनके पुत्र त्रैलोक्यमल्ल (लगभग 1210-1212 ई.) इस वंश के अंतिम ज्ञात शासक हुए। तेरहवीं सदी के पूर्वार्ध में चेदि के कलचुरी राजवंश का अस्तित्व समाप्त हो गया और उनका क्षेत्र मुख्यतः चंदेलों के अधिकार में चला गया, जबकि आगे चलकर इस क्षेत्र पर दिल्ली सल्तनत का प्रभाव बढ़ा।
मालवा के परमार
गोरी के अभियानों के समय परमार वंश की स्थिति एक समान नहीं थी। मालवा (धार) के परमार इस समय बहुत कमजोर हो चुके थे, जबकि आबू (चंद्रावती) की शाखा के शासक धारावर्ष ने गुजरात की रक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया। 1178 ई. में गोरी ने जब गुजरात पर आक्रमण किया, तब आबू के परमार शासक धारावर्ष (लगभग 1163-1219 ई.) चालुक्यों के सामंत थे। चालुक्य शासक मूलराज द्वितीय अल्पवयस्क था और राजमाता नायकी देवी उसकी ओर से शासन सँभाल रही थीं। आबू पर्वत की तलहटी में हुए कायादरा (कसाहरदा) के युद्ध में गोरी की सेना बुरी तरह पराजित हुई, और इस विजय में आबू के परमारों के सहयोग का उल्लेख मिलता है। धारावर्ष कुशल धनुर्धर के रूप में प्रसिद्ध थे। आबू के अचलेश्वर मंदिर की परंपरा के अनुसार उन्होंने एक ही बाण से तीन भैंसों को बेध दिया था, पर इसे ऐतिहासिक तथ्य के बजाय उनके पराक्रम की स्मृति मानना उचित है। दूसरी ओर, मालवा के परमार गृहकलह तथा चालुक्यों, चौहानों और यादवों जैसे पड़ोसी राज्यों के दबाव से जूझ रहे थे। विंध्यवर्मन (लगभग 1175-1194 ई.) ने मालवा को चालुक्यों के अधिकार से मुक्त कराया, पर उनका और उनके उत्तराधिकारी सुभटवर्मन (1194-1209 ई.) का ध्यान मुख्यतः गुजरात और देवगिरि जैसी निकटवर्ती शक्तियों पर रहा, उत्तर भारत में गोरी के अभियानों पर नहीं। इसी कारण मालवा के परमार तराइन के युद्धों में सीधे सम्मिलित नहीं हुए, यद्यपि कुछ स्थानीय परंपराओं में राजस्थान के बडलू क्षेत्र के परमार योद्धाओं (हरपाल और राजपाल) द्वारा 1192 ई. में पृथ्वीराज की ओर से लड़ते हुए वीरगति पाने का उल्लेख मिलता है। गोरी के अभियानों का परिणाम यह रहा कि चौहान और गहड़वाल जैसे उत्तर भारत के बड़े राजवंश तुर्क सत्ता के अधीन आ गए, जबकि दक्षिण में स्थित होने के कारण आबू और मालवा के परमार तत्काल तुर्क शासन से बचे रहे। इससे सुभटवर्मन और उनके उत्तराधिकारी अर्जुनवर्मन के काल में मालवा को अपनी खोई शक्ति और सांस्कृतिक वैभव कुछ हद तक पुनः प्राप्त करने का अवसर मिला। फिर भी यह राहत स्थायी नहीं रही, क्योंकि आगे चलकर दिल्ली सल्तनत का विस्तार इस क्षेत्र तक पहुँचा और 1305 ई. में अलाउद्दीन खिलजी ने मालवा को दिल्ली सल्तनत में मिला लिया।
बंगाल
मुहम्मद गोरी के भारतीय अभियानों के समय बंगाल की राजनीतिक स्थिति विभाजित और कमजोर थी। उत्तरी बंगाल में पाल वंश कुमारपाल (1126-1130 ई.) और मदनपाल (1130-1150 ई.) के समय एक छोटे राज्य में सिमट चुका था और केवल नाममात्र का अस्तित्व बनाए हुए था। दक्षिणी बंगाल सहित अधिकांश भाग पर सेन वंश का नियंत्रण था, जिसके विजयसेन, बल्लालसेन और लक्ष्मणसेन (लगभग 1178-1206 ई.) शासक हुए। लक्ष्मणसेन विद्वान और साहित्य-प्रेमी थे, और ‘गीतगोविंद’ के रचयिता जयदेव उनके दरबार में थे। पर वृद्धावस्था और प्रशासनिक शिथिलता के कारण उनकी सैन्य व्यवस्था कमजोर हो चुकी थी, और उत्तर भारत में तुर्क आक्रमणों के बावजूद उन्होंने सीमाओं की रक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बंगाल पर आक्रमण स्वयं गोरी ने नहीं, बल्कि उसके तुर्क सेनापति मुहम्मद बिन बख्तियार खिलजी ने किया। बिहार में उदंतपुर, नालंदा और विक्रमशिला को जीतने के बाद उसने 1204-05 ई. के आसपास अचानक सेन राजधानी नादिया (नवद्वीप) पर धावा बोला। यह आक्रमण इतना आकस्मिक था कि लक्ष्मणसेन बिना प्रभावी प्रतिरोध किए राजधानी छोड़कर पूर्वी बंगाल (विक्रमपुर/सोनारगाँव) चले गए, जहाँ उनके वंशजों ने कुछ समय तक शासन जारी रखा। इस विजय के बाद बख्तियार खिलजी ने लखनौती (गौड़) को अपनी राजधानी बनाया और बंगाल में तुर्क सत्ता की नींव रखी।
इस प्रकार उत्तर भारत के राज्य आपसी युद्धों में उलझकर दुर्बल हो चुके थे और संगठित होकर विदेशी आक्रमण का सामना करने में असमर्थ रहे। यह भी उल्लेखनीय है कि भारतीय राजाओं ने पश्चिमोत्तर सीमा की रक्षा के लिए कोई संयुक्त रणनीति नहीं बनाई थी।
मुहम्मद गोरी के प्रारंभिक आक्रमण
गोरी के आरंभिक अभियानों का लक्ष्य सिंध और पंजाब पर अधिकार करना था। उसने खैबर दर्रे के बजाय गोमल दर्रे का मार्ग अपनाकर सिंध के मैदानों की ओर बढ़ना चुना, क्योंकि खैबर के रास्ते पर पहले से अन्य शक्तियों का प्रभाव था।
मुल्तान की विजय (1175 ई.)
भारत पर गोरी का पहला बड़ा आक्रमण 1175 ई. में मुल्तान पर हुआ। उस समय वहाँ करामती (इस्माइली) शासकों का अधिकार था, जो शिया मत की एक शाखा से संबंधित थे। गोरी ने उन्हें हराकर मुल्तान जीत लिया। इसका उद्देश्य मुल्तान को भावी अभियानों का आधार बनाना था।
उच्छ पर अधिकार (1176 ई.)
1176 ई. में गोरी ने उच्छ पर अधिकार किया। फरिश्ता के अनुसार यहाँ भट्टी राजपूतों का शासन था और उनकी रानी ने दुर्ग समर्पित कर दिया, जबकि हबीब जैसे इतिहासकार इसे भी इस्माइली शासकों का क्षेत्र मानते हैं।
गुजरात पर आक्रमण और कायादरा का युद्ध (1178-79 ई.)
मुल्तान और उच्छ के मार्ग से गोरी ने राजस्थान के रेगिस्तान को पार करते हुए गुजरात के चालुक्य (सोलंकी) राज्य पर चढ़ाई की। उस समय शासक मूलराज द्वितीय अल्पवयस्क थे, इसलिए उनकी माता राजमाता नायकी देवी ने संरक्षिका के रूप में सेना का नेतृत्व सँभाला। आबू पर्वत के निकट कायादरा के युद्ध (कसारहड़ा का युद्ध) में चालुक्य सेना ने गोरी को बुरी तरह पराजित किया। उसकी सेना रेगिस्तान की गर्मी और रसद की कमी से भी थक चुकी थी। कहा जाता है कि चालुक्यों ने पृथ्वीराज चौहान से सहायता माँगी थी, पर चौहान-चालुक्य शत्रुता के कारण वह नहीं मिली। उस समय पृथ्वीराज स्वयं केवल 12 वर्ष के थे, इसलिए इसका दोष उन पर नहीं डाला जा सकता। गुजरात की यह हार भारत में गोरी की पहली बड़ी असफलता थी, और इसके बाद उसने राजस्थान के रेगिस्तानी मार्ग से अभियान चलाना बंद कर दिया।
पंजाब की विजय (1179-1186 ई.)
गुजरात की असफलता के बाद गोरी ने रणनीति बदली और पंजाब के रास्ते उत्तर भारत में प्रवेश चुना। उसने 1179-80 ई. में पेशावर और उसके आसपास के क्षेत्र जीते, फिर 1181-82 ई. में लाहौर पर चढ़ाई की। कमजोर गज़नवी शासक खुसरव मलिक ने आत्मसमर्पण कर दिया और कुछ समय तक शासन करता रहा। इस बीच गोरी ने सियालकोट में किला बनवाकर वहाँ अपनी चौकी स्थापित की, जो लाहौर पर दबाव बनाने का आधार बनी। कुछ विवरणों में जम्मू के शासक द्वारा गोरी की सहायता का भी उल्लेख मिलता है। 1186 ई. में गोरी ने खुसरव मलिक को बंदी बना लिया और बाद में उसकी हत्या करा दी। इसके साथ गज़नवी वंश का अंत हुआ और पूरा पंजाब उसके अधीन आ गया। इसी अवधि में उसने निचले सिंध की ओर भी बढ़कर देबल तक अपना प्रभाव स्थापित किया, जिससे सुमरा शासकों ने उसकी अधीनता स्वीकार की।
राजपूत राज्यों की विजय
पंजाब को सुदृढ़ करने के बाद गोरी ने राजपूत राज्यों की ओर रुख किया। सबसे बड़ा दबाव चौहानों पर पड़ा, जिनका राज्य अजमेर से दिल्ली तक फैला था।
तबरहिंद (भटिंडा) पर आक्रमण (1189 ई.)
1189 ई. में गोरी ने सतलज पार कर तबरहिंद के किले पर कब्जा कर लिया, जो चौहान राज्य का सामरिक महत्त्व का सीमावर्ती दुर्ग था। पृथ्वीराज ने इसकी रक्षा का कोई प्रबंध नहीं किया था। गोरी किले में काज़ी जियाउद्दीन के नेतृत्व में लगभग 1,200 घुड़सवारों की चौकी छोड़कर वापस लौट गया। खबर मिलते ही पृथ्वीराज ने तबरहिंद का घेरा डाल दिया।
तराइन का प्रथम युद्ध (1191 ई.)
घेरे की सूचना पाकर गोरी लौटा और 1191 ई. में तराइन के मैदान (वर्तमान हरियाणा, करनाल के निकट) में दोनों सेनाएँ भिड़ीं। इस युद्ध में पृथ्वीराज की पूर्ण विजय हुई। कुछ विवरणों के अनुसार दिल्ली के गोविंदराय ने गोरी पर भाले से प्रहार किया और वह घायल हो गया। एक समकालीन विवरण के अनुसार एक खिलजी घुड़सवार ने घायल गोरी को युद्धक्षेत्र से सुरक्षित निकाला। पृथ्वीराज ने तबरहिंद पर पुनः अधिकार कर लिया। पर उसने भागती हुई तुर्क सेना का पीछा नहीं किया, जो उसकी बड़ी रणनीतिक भूल मानी जाती है।
तराइन का द्वितीय युद्ध (1192 ई.)
पृथ्वीराज ने इसे सीमा की झड़प समझकर आगे की कोई विशेष तैयारी नहीं की। ‘पृथ्वीराज रासो’ में उन पर राजकार्य की उपेक्षा का आरोप है, जो ऐतिहासिक दृष्टि से संदिग्ध है। इसके विपरीत गोरी ने हार से हताश होने के बजाय गजनी में सावधानी से तैयारी की और उन अमीरों को हटाया, जिन्होंने पहले युद्ध में उसका साथ नहीं दिया था। उसने सैनिकों को नए सिरे से संगठित कर लगभग एक वर्ष बाद पुनः चढ़ाई की।
मिन्हाज-उस-सिराज के अनुसार गोरी 1192 ई. में 1,20,000 सैनिकों के साथ तराइन लौटा। फरिश्ता के अनुसार पृथ्वीराज के पास 3,000 हाथी, 3,00,000 घुड़सवार और बहुत बड़ी पैदल सेना थी। ये संख्याएँ अतिशयोक्तिपूर्ण हैं, फिर भी यह स्पष्ट है कि पृथ्वीराज की सेना बड़ी थी। पर उसमें सामंती टुकड़ियाँ थीं और केंद्रीय नेतृत्व का अभाव था। कुछ विवरणों के अनुसार गोरी ने पहले संधि-वार्ता का दिखावा कर पृथ्वीराज को असावधान किया और फिर प्रातःकाल अचानक आक्रमण किया। उसने अपनी घुड़सवार सेना को चार टुकड़ियों में बाँटकर तीव्रगामी अश्वारोही धनुर्धरों की रणनीति अपनाई। ये टुकड़ियाँ बार-बार हमला करके पीछे हटने का दिखावा करती थीं, जिससे राजपूत सेना की पंक्तियाँ बिखर गईं। जब राजपूत थक गए, तब गोरी ने सुरक्षित रखी गई ताजा घुड़सवार टुकड़ी से निर्णायक प्रहार किया। इस तरह पृथ्वीराज पराजित हुए और युद्धक्षेत्र से भाग निकले। मिन्हाज के अनुसार वे हाथी से उतरकर घोड़े पर भागे और सिरसा के निकट पकड़ लिए गए।
पृथ्वीराज के अंत के बारे में स्रोत भिन्न हैं। मिन्हाज के अनुसार उनकी तत्काल हत्या कर दी गई। हसन निज़ामी के अनुसार उन्हें अजमेर में अधीनस्थ शासक के रूप में बने रहने दिया गया, जिसकी पुष्टि उनके सिक्कों पर ‘श्री मुहम्मद साम’ के अंकन से होती है। बाद में विद्रोह करने पर उन्हें मृत्युदंड दिया गया। ‘पृथ्वीराज रासो’ की यह कथा कि उन्हें गजनी ले जाया गया और वहाँ उन्होंने गोरी को तीर से मारा, ऐतिहासिक रूप से असत्य है, क्योंकि गोरी की मृत्यु 1206 ई. में सिंधु क्षेत्र में हुई थी।
तराइन के द्वितीय युद्ध का महत्त्व
तराइन का द्वितीय युद्ध भारतीय इतिहास की युगांतरकारी घटना था। इससे अजमेर और दिल्ली पर तुर्कों का अधिकार हो गया और राजपूत राजाओं में निराशा फैली, जिससे वे एकजुट प्रतिरोध नहीं कर सके। गंगा के मैदान का द्वार तुर्कों के लिए खुल गया। गोरी विजित क्षेत्र अपने विश्वस्त सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक के हवाले कर गजनी लौट गया। अगले दो वर्षों में ऐबक ने अजमेर के विद्रोह दबाए और मेरठ, बरन (बुलंदशहर) तथा दिल्ली को तुर्क सत्ता का केंद्र बनाया।
ऊपरी गंगा घाटी में तुर्क सत्ता का विस्तार
तराइन के बाद चौहान राज्य तुर्कों के अधीन आ गया, पर गोरी ने यथार्थवादी नीति अपनाई। उसने शिवालिक क्षेत्र तथा हरियाणा के हिसार और सिरसा को सीधे अपने नियंत्रण में लिया। पृथ्वीराज को अजमेर की गद्दी लौटाई गई और बाद में उनके पुत्र गोविंदराज को अधीनस्थ शासक बनाया गया। दिल्ली तोमरों को सौंपी गई, पर ऐबक के नेतृत्व में तुर्क सेना वहाँ तैनात रही।
1192 ई. में ऐबक ने दिल्ली, मेरठ और बरन पर अधिकार किया। 1193 ई. में तोमर शासक को राजद्रोह के आरोप में हटा दिया गया। दिल्ली को तुर्कों ने राजधानी बनाया, क्योंकि वह पंजाब के निकट थी और पूर्वी अभियानों के लिए सुविधाजनक थी। यहाँ ऐबक ने मंदिरों की सामग्री से ‘कुव्वत-उल-इस्लाम’ मस्जिद का निर्माण शुरू कराया और बाद में अजमेर में ‘अढ़ाई दिन का झोंपड़ा’ बनवाया। 1199 ई. में उसने कुतुबमीनार की नींव रखी, जिसे आगे इल्तुतमिश ने पूरा कराया।
पृथ्वीराज के भाई हरिराज ने राजपूत प्रतिरोध का नेतृत्व किया, पर पराजित हुआ और उसने चिता में जलकर आत्मदाह कर लिया। अजमेर तुर्क अधिकारी को सौंप दिया गया और गोविंदराज रणथंभौर भेजे गए, जहाँ उन्होंने चौहान शाखा की नींव रखी।
गहड़वाल राज्य की विजय : चंदावर का युद्ध (1194 ई.)
दिल्ली में पकड़ मजबूत करने के बाद तुर्कों ने कन्नौज के गहड़वालों को निशाना बनाया। 1194 ई. में गोरी ने चंदावर (इटावा के निकट, यमुना के किनारे) में जयचंद को पराजित किया। समकालीन स्रोत जयचंद की सेना की संख्या बहुत बढ़ा-चढ़ाकर बताते हैं, जैसे 80,000 कवचधारी और 3,00,000 पैदल सैनिक। जयचंद युद्ध में मारा गया, असनी (फतेहपुर) और वाराणसी को लूटा गया और अनेक मंदिर नष्ट हुए। तुर्कों ने बनारस और असनी में सैन्य अड्डे बनाए। कन्नौज पर 1198 ई. तक अधिकार पूर्ण हो गया। फिर भी गहड़वाल वंश तुरंत समाप्त नहीं हुआ, उसके उत्तराधिकारी हरिश्चंद्र ने बदायूँ और कन्नौज के आसपास कुछ और वर्षों तक सीमित शासन बनाए रखा।
यहाँ एक लोकप्रिय धारणा का उल्लेख आवश्यक है। कुछ कथाओं में कहा जाता है कि जयचंद ने पृथ्वीराज से शत्रुता के कारण गोरी को भारत बुलाया था। पर किसी समकालीन फ़ारसी या भारतीय स्रोत में इसका प्रमाण नहीं मिलता। यह कथा बाद की रचनाओं में प्रचलित हुई, इसलिए इतिहासकार इसे विश्वसनीय नहीं मानते।
बयाना, ग्वालियर और बुंदेलखंड की विजय
1195-96 ई. में गोरी ने बयाना का किला जीता। क्षेत्र का सबसे सुदृढ़ किला ग्वालियर लगभग डेढ़ वर्ष के घेरे के बाद 1196 ई. में जीता गया। वहाँ के प्रतिहार शासक सुलक्षणपाल ने अधीनता स्वीकार की और बहाउद्दीन तुगरिल को अधिकारी नियुक्त किया गया। हालाँकि बाद में कुछ समय के लिए प्रतिहारों ने ग्वालियर फिर से हासिल कर लिया, और स्थायी तुर्क अधिकार इल्तुतमिश (1232 ई.) के काल में हुआ।
गोरी के गजनी लौटने के बाद ऐबक ने 1197-98 ई. में बदायूँ और 1198 ई. में कन्नौज पर अधिकार किया। 1202-03 ई. में उसने कालिंजर, महोबा और खजुराहो जीतकर चंदेल राजा परमार्दि को पराजित किया और बुंदेलखंड तुर्क सत्ता के अधीन कर लिया। कुछ फ़ारसी विवरणों के अनुसार कालिंजर दुर्ग में जल-स्रोत सूख जाने से रक्षकों को आत्मसमर्पण करना पड़ा।
गुजरात की विजय
कुतुबुद्दीन ऐबक ने अन्हिलवाड़ पर भी आक्रमण किया, क्योंकि वहाँ के चालुक्य शासक ने इससे पहले एक राजपूत विद्रोह में सहायता की थी। चालुक्य राय पराजित हुआ और अन्हिलवाड़ पर कब्जा किया गया, पर तुर्कों का नियंत्रण वहाँ अधिक समय तक नहीं टिक सका।
बिहार और बंगाल की विजय
बिहार और बंगाल की विजय का श्रेय गोरी के तुर्क सेनापति बख्तियार खिलजी को जाता है, जो स्वयं अपने पराक्रम से आगे बढ़ा था। कहा जाता है कि उसने उदंतपुर (बिहारशरीफ), नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्रसिद्ध विद्या-केंद्रों को लूटा और नष्ट किया। मिन्हाज के अनुसार उसने इन्हें साधारण किले समझा था और वहाँ बड़ी संख्या में पुस्तकें मिलीं। फिर भी तिब्बती यात्री धर्मस्वामी ने 1234-36 ई. के आसपास नालंदा को आंशिक रूप से कार्यरत पाया था, अतः विश्वविद्यालय का पतन एक ही घटना से नहीं हुआ, बल्कि धीरे-धीरे हुआ।
1204-05 ई. के आसपास उसने सेन राजधानी नादिया पर कब्जा किया, क्योंकि लक्ष्मणसेन ने रक्षा की कोई तैयारी नहीं की थी। मिन्हाज के अनुसार बख्तियार बहुत थोड़े घुड़सवारों के साथ अचानक नादिया पहुँचा, पर इतिहासकार इस कथा को अतिरंजित मानते हैं। लक्ष्मणसेन भागकर पूर्वी बंगाल चले गए और वहाँ से शासन करते रहे। बख्तियार ने लखनौती (गौड़) को अपनी राजधानी बनाया। 1206 ई. में तिब्बत अभियान की विफलता के बाद लौटते समय उसकी भी मृत्यु हो गई।
मुहम्मद गोरी की मृत्यु
1202-03 ई. में अपने भाई गियासुद्दीन की मृत्यु के बाद गोरी गोर और गजनी का सर्वोच्च शासक बन गया। 1204 ई. में मध्य एशिया में अंदखुर्द के युद्ध में उसे ख्वारिज़्म के शाह और कारा-खिताई की संयुक्त शक्ति से करारी पराजय मिली। वह बड़ी कठिनाई से गजनी लौट सका। उसकी पराजय और मृत्यु की अफवाहों से पश्चिमी प्रदेशों में विद्रोह भड़क उठे। नमक की पहाड़ियों के क्षेत्र में रैसाल और खोकर जनजातियों ने चेनाब और झेलम के आसपास लूटपाट शुरू कर दी। नवंबर 1205 ई. में गोरी ने इन विद्रोहियों को हराया, किंतु 15 मार्च 1206 ई. को पंजाब से गजनी लौटते समय सिंधु के निकट दमयक (झेलम क्षेत्र) में नमाज़ के समय खोकरों ने उसकी हत्या कर दी। कुछ विवरणों में हत्यारे इस्माइली बताए गए हैं।
गोरी के कोई पुत्र नहीं था, पर उसके योग्य तुर्क दास सेनापतियों ने उसकी विरासत सँभाली। फरिश्ता के अनुसार वह कहता था कि दूसरे शासकों के एक-दो पुत्र होते हैं, पर उसके अनेक पुत्र उसके तुर्क दास हैं, जो उसके नाम को जीवित रखेंगे। उसकी मृत्यु के बाद ऐबक ने लाहौर में सत्ता सँभाली और यहीं से भारत में दिल्ली सल्तनत की स्थापना हुई। लगभग 1208 ई. में गोरी के भतीजे ग़ियासुद्दीन महमूद ने ऐबक को औपचारिक रूप से दासता से मुक्त कर शासन-चिह्न भेजे। ताजुद्दीन यल्दौज़ ने गजनी तथा नासिरुद्दीन कुबाचा ने सिंध और मुल्तान पर अधिकार जमाया।
राजपूतों की पराजय और तुर्कों की सफलता के कारण
राजपूतों की पराजय के पीछे कई कारण थे। सबसे बड़ा कारण राजनीतिक विखंडन और आपसी शत्रुता थी, जिसके कारण चौहान, गहड़वाल, चंदेल और चालुक्य एक-दूसरे का साथ देने के बजाय एक-दूसरे से लड़ते रहे। राजपूत सेनाएँ सामंती टुकड़ियों से बनी थीं, जिनमें एकीकृत नेतृत्व और अनुशासन की कमी थी। वे हाथियों और भारी पैदल सेना पर अधिक निर्भर थे, जबकि तुर्क तीव्रगामी घुड़सवार धनुर्धरों का उपयोग करते थे। भारतीय शासकों में रक्षात्मक नीति और गुप्तचर व्यवस्था की कमी भी दिखती है। पृथ्वीराज ने पहली जीत के बाद पीछा नहीं किया और न ही पश्चिमोत्तर सीमा सुरक्षित की।
तुर्कों की सफलता का आधार उनकी कुशल घुड़सवार सेना, कठोर अनुशासन, बार-बार हार के बाद भी तैयारी करने की दृढ़ता और दास सेनापतियों की निष्ठा थी। गोरी ने विजित क्षेत्रों में सैन्य चौकियाँ और इक्ता (भूमि-अनुदान) जैसी व्यवस्था के द्वारा पकड़ मजबूत की। इसलिए यह विजय केवल एक युद्ध का परिणाम नहीं थी, बल्कि एक सुव्यवस्थित सैन्य-प्रशासनिक प्रणाली का फल थी।
मुहम्मद गोरी का मूल्यांकन
मुहम्मद गोरी को उत्तर भारत में तुर्क सल्तनत का वास्तविक संस्थापक माना जाता है। उसमें महमूद गज़नवी जैसी सैन्य प्रतिभा भले न रही हो, पर उसकी राजनीतिक दूरदर्शिता और कार्य को पूरा करने की लगन उल्लेखनीय थी। उसने भारत की खंडित राजनीतिक स्थिति का लाभ उठाकर तुर्क सत्ता की नींव रखी। उसके कुछ सिक्कों पर एक ओर देवी लक्ष्मी की आकृति और दूसरी ओर ‘श्री मुहम्मद बिन साम’ अंकित मिलता है। उसने दिल्ली क्षेत्र में ‘देहलीवाल’ नामक चाँदी-ताँबे के मिश्रित सिक्के भी चलाए, जिनमें पुरानी चौहान शैली के घुड़सवार और बैल के चिह्न रहने दिए गए। ये सब उसकी व्यावहारिक नीति को दर्शाते हैं, क्योंकि उसने स्थानीय सिक्का-परंपरा को बनाए रखा।
वह परिस्थितियों को समझने वाला, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्मठता से युक्त शासक था। प्रतिकूल समय में धैर्य रखना और पराजय को अंतिम न मानना उसकी विशेषताएँ थीं। तराइन की पहली हार के बाद उसने पूरी तैयारी से लौटकर विजय पाई, जो इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण है। एलफिंस्टन के अनुसार उसकी भारतीय विजयें महमूद गज़नवी की विजयों से अधिक महत्त्वपूर्ण थीं, क्योंकि उनसे भारत में स्थायी तुर्क शासन आरंभ हुआ। वह मानव-स्वभाव का सूक्ष्म पारखी था और कुतुबुद्दीन ऐबक, यल्दौज़ तथा तुगरिल जैसे दास सेनापतियों की निष्ठा के बल पर सफल हुआ। अपने बड़े भाई गियासुद्दीन के प्रति उसकी निष्ठा उस युग में दुर्लभ गुण थी। उसके दरबार में फ़ख़रुद्दीन राज़ी जैसे दार्शनिक और निज़ामी अरूज़ी जैसे विद्वान थे।
फिर भी उसकी सीमाएँ भी थीं। वह पश्चिम में ख्वारिज़्म के विरुद्ध असफल रहा और भारत में विजित क्षेत्रों के लिए स्थायी नागरिक प्रशासन विकसित करने का अवसर उसे नहीं मिला। यह कार्य आगे चलकर ऐबक और इल्तुतमिश जैसे शासकों ने किया।


