उत्तर भारत में प्रतिहारों की सत्ता के पूर्ण स्थापित होने से पहले, कलचुरियों की एक शाखा ने सातवीं शताब्दी ईस्वी में उत्तर प्रदेश के सरयूपार में वर्तमान गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर के क्षेत्रों पर शासन करना शुरू किया। 1077 ई. के सोढ़देव के कहला अभिलेख से पता चलता है कि किसी ‘कलचुरीतिलक’ (संभवतः वामराजदेव) ने कालंजर से आगे बढ़कर अयोमुख (प्रतापगढ़ और रायबरेली) की विजय की और उसके छोटे भाई लक्ष्मणराज ने श्वेतपद पर अधिकार किया। वामराजदेव ने अपने छोटे भाई लक्ष्मणराज को सरयूपार के कलचुरी क्षेत्रों का शासक नियुक्त किया।
आठवीं शताब्दी के अंत में सरयूपार में कलचुरियों की दो शाखाएँ स्थापित हुईं- पहली गोरखपुर क्षेत्र की कहला शाखा और दूसरी देवरिया-कुशीनगर क्षेत्र की कसया शाखा। इसकी पुष्टि 1077 ई. के सोढ़देव के कहला और कसया के अतैथिक लेख से होती है।
सरयूपार की कलचुरी शाखा का इतिहास
Table of Contents
Toggleराजपुत्र (संस्थापक)
कहला अभिलेख के अनुसार सरयूपार की कलचुरी शाखा का संस्थापक राजपुत्र था, जिसकी दसवीं पीढ़ी में सोढ़देव राजा हुआ। राजपुत्र ने शक्तिशाली पाल शासक धर्मपाल के आक्रमण से अपने राज्य की रक्षा की।
शिवराज और शंकरगण
राजपुत्र के उत्तराधिकारी शिवराज की किसी विशेष उपलब्धि की जानकारी नहीं है। इस शाखा के तीसरे शासक शंकरगण प्रथम (845-885 ई.) को त्रिपुरी के कलचुरी शासक कोकल्ल प्रथम ने पराजित करके अभयदान दिया था।
गुणाम्बोधि
शंकरगण प्रथम के उत्तराधिकारी गुणाम्बोधि ने प्रतिहार शासक भोज की ओर से गौड़ (बंगाल) के पाल शासक देवपाल को पराजित कर उसकी संपत्ति (लक्ष्मी) का अपहरण कर लिया। इस सहायता के बदले में मिहिरभोज ने गुणाम्बोधि को कुछ भूमि दी थी।
भामान
गुणाम्बोधि का उत्तराधिकारी भामान हुआ, जिसने गुर्जर-प्रतिहार शासक महिपाल प्रथम (913-944 ई.) के सामंत रूप में धारा के परमारों, संभवतः वैरीसिंह द्वितीय से युद्ध कर प्रसिद्धि प्राप्त की। इस प्रकार गुणाम्बोधि और भामान दोनों गुर्जर प्रतिहारों के अधीनस्थ सामंत थे।
भीम और व्यास
तेरहवें शासक भीम (1010 ई.) को गृहयुद्ध के कारण अपना राज्य खोना पड़ा। 1031 ई. में गुणसागर द्वितीय का पुत्र व्यास सरयूपार की कलचुरी शाखा का राजा बनाया गया।
सोढ़देव (अंतिम शासक)
राजपुत्र की दसवीं पीढ़ी में सोढ़देव सरयूपार की कलचुरी शाखा का शासक हुआ, जिसका 1077 ई. का कहला लेख मिला है। सोढ़देव ने गंगा-यमुना दोआब में होने वाले तुर्क आक्रमणों और प्रतिहार साम्राज्य की अवनति का लाभ उठाकर घाघरा तथा गंडक के किनारे के क्षेत्रों पर अधिकार कर लिया, जिसमें वर्तमान बहराइच, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर जिले शामिल थे।
संभवतः सोढ़देव त्रिपुरी के कलचुरियों की अधिसत्ता स्वीकार करता था क्योंकि 11वीं शताब्दी के प्रारंभ में बनारस तक का क्षेत्र त्रिपुरी के कलचुरी शासक गांगेयदेव के नियंत्रण में था।
सोढ़देव की ‘परममहेश्वर’ की उपाधि से स्पष्ट है कि वह शैव धर्म का अनुयायी था।
सरयूपार की कलचुरी शाखा का अंत
सोढ़देव संभवतः सरयूपार की कलचुरी शाखा का अंतिम शासक था। काशी-कन्नौज में गहड़वाल सत्ता की स्थापना के बाद वाराणसी और प्रयाग से लेकर अयोध्या तक के क्षेत्र गहड़वालों के अधिकार में चले गये और इसी के साथ सरयूपार के कलचुरी सामंतों की शाखाएँ भी समाप्त हो गईं। संभवतः यही कारण है कि 1077 ई. में कहला अभिलेख निर्गत करने वाले सोढ़देव के किसी उत्तराधिकारी के बारे में कोई सूचना नहीं मिलती है।
इस प्रकार सरयूपार के कलचुरी आठवीं-नवीं शताब्दी से 11वीं शताब्दी तक पहले प्रतिहारों के सामंत और बाद में त्रिपुरी के कलचुरियों के सामंत के रूप में शासन किये। सोढ़़देव के समय में उन्होंने स्वतंत्र रूप से कुछ क्षेत्रों पर नियंत्रण स्थापित किया, लेकिन गहड़वालों के उदय के साथ उनकी सत्ता समाप्त हो गई।
महत्त्वपूर्ण प्रश्नावली
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
- सरयूपार के कलचुरियों की स्थापना और उनके प्रारंभिक शासकों के योगदान का वर्णन कीजिए।
- सोढ़देव के शासनकाल में सरयूपार के कलचुरियों की उपलब्धियों का विस्तार से वर्णन कीजिए।
- सरयूपार के कलचुरियों के पतन के कारणों का विश्लेषण कीजिए।
लघु उत्तरीय प्रश्न
- सरयूपार के कलचुरियों की दो शाखाओं के नाम और उनके क्षेत्र बताइए।
- गुणाम्बोधि की प्रमुख उपलब्धि क्या थी?
- सोढ़देव की धार्मिक मान्यता और उपाधि क्या थी?
बहुविकल्पीय प्रश्न
1.सरयूपार के कलचुरियों की स्थापना कब हुई थी?
(A) छठी शताब्दी
(B) सातवीं शताब्दी
(C) आठवीं शताब्दी
(D) नवीं शताब्दी
2. सरयूपार के कलचुरियों का संस्थापक कौन था?
(A) सोढ़देव
(B) राजपुत्र
(C) गुणाम्बोधि
(D) शंकरगण
3. 1077 ई. के कहला अभिलेख में किस शासक का उल्लेख है?
(A) गुणाम्बोधि
(B) भामान
(C) सोढ़देव
(D) व्यास
4. शंकरगण प्रथम को किसने पराजित किया था?
(A) कोकल्ल प्रथम
(B) प्रतिहार भोज
(C) पाल धर्मपाल
(D) गहड़वाल शासक
5. गुणाम्बोधि ने किस पाल शासक को पराजित किया था?
(A) धर्मपाल
(B) देवपाल
(C) महिपाल
(D) गांगेयदेव
6. भामान ने किसके सामंत के रूप में युद्ध किया?
(A) त्रिपुरी के कलचुरी
(B) गुर्जर-प्रतिहार
(C) पाल शासक
(D) गहड़वाल शासक
7. सोढ़देव ने किन क्षेत्रों पर अधिकार किया?
(A) काशी और कन्नौज
(B) बहराइच, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर
(C) प्रयाग और अयोध्या
(D) धारा और मालवा
8. सरयूपार के कलचुरियों का पतन किसके उदय के कारण हुआ?
(A) त्रिपुरी के कलचुरियों
(B) पाल शासकों
(C) गहड़वालों
(D) प्रतिहारों
9. सोढ़देव ने किसकी अधिसत्ता स्वीकार की थी?
(A) प्रतिहार शासक
(B) कलचुरी गांगेयदेव
(C) पाल शासक
(D) गहड़वाल शासक
10. कहला शाखा का संबंध किस क्षेत्र से था?
(A) कुशीनगर
(B) गोरखपुर
(C) देवरिया
(D) बहराइच