गुलबदन बेगम (Gulbadan Begum)

गुलबदन बेगम (Gulbadan Begum)
गुलबदन बेगम (लगभग 1523–1603 ई.) परिचय मुगल इतिहास में गुलबदन बेगम का स्थान विशिष्ट है। […]

गुलबदन बेगम (लगभग 1523–1603 ई.)

Table of Contents

परिचय

मुगल इतिहास में गुलबदन बेगम का स्थान विशिष्ट है। वह मुगल साम्राज्य के संस्थापक बाबर की पुत्री, हुमायूँ की सौतेली बहन (पिता एक, माता भिन्न) और अकबर की बुआ थीं। फ़ारसी में उनके नाम का अर्थ ‘गुलाब-सी देह वाली’ है। मुगल दरबार की जिन विरल महिलाओं ने स्वयं इतिहास-लेखन किया, उनमें वह सबसे प्रमुख हैं। उनकी कृति ‘हुमायूँनामा’ में बाबर और हुमायूँ के समय के मुगल परिवार, राजनीतिक घटनाओं और सामाजिक परिस्थितियों का सजीव और आत्मीय चित्रण मिलता है।

गुलबदन केवल लेखिका नहीं थीं। वह साहसी, स्वतंत्र विचारों वाली और गहरी धार्मिक प्रवृत्ति की महिला भी थीं। अक्टूबर 1576 ई. में उन्होंने शाही परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मक्का और मदीना की हज यात्रा का निश्चय किया। मुगल इतिहास में यह यात्रा असाधारण थी। लगभग छह वर्षों तक चली इस यात्रा में उन्हें लंबी प्रतीक्षा, पुर्तगाली नौसैनिक खतरे, उस्मानी सुल्तान का राजनीतिक विरोध और समुद्री दुर्घटना तक का सामना करना पड़ा।

गुलबदन बेगम का जन्म एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि

गुलबदन बेगम का जन्म लगभग 1523 ई. में काबुल में हुआ। उनकी माता दिलदार बेगम बाबर की प्रमुख पत्नियों में थीं। दिलदार बेगम की संतानों में गुलरंग बेगम, गुलचेहरा बेगम, हिंदाल मिर्ज़ा और गुलबदन बेगम प्रसिद्ध हैं। जिस समय गुलबदन का जन्म हुआ, बाबर हिंदुस्तान पर अभियान की योजनाओं में व्यस्त था। इसलिए उनका बचपन पिता से दूर, परिवार की महिलाओं के बीच बीता। बाबर निरंतर सैन्य अभियानों में लगा रहता था, अतः गुलबदन को पिता का सान्निध्य बहुत काम मिला। 1530 ई. में जब बाबर की मृत्यु हुई, उस समय गुलबदन लगभग सात वर्ष की थीं। इसके बाद परिवार के पुरुष संरक्षक के रूप में हुमायूँ का स्थान प्रमुख हो गया।

गुलबदन का पालन-पोषण ऐसे वातावरण में हुआ जहाँ शाही महिलाएँ केवल घरेलू दायित्वों तक सीमित नहीं थीं। बाबर की नानी ऐसान दौलत बेगम और उनकी माता कुतलुग निगार ख़ानम जैसी महिलाएँ तैमूरी-मंगोल परंपरा में राजनीतिक सलाह और पारिवारिक मध्यस्थता में प्रभावशाली मानी जाती थीं। बाबर की बहन ख़ानज़ादा बेगम का भी परिवार में विशेष सम्मान था। इसी परंपरा ने गुलबदन के व्यक्तित्व को आकार दिया।

गुलबदन बेगम (Gulbadan Begum)
गुलबदन बेगम

प्रारंभिक जीवन एवं यात्राएँ

गुलबदन का बचपन यात्राओं और स्थान-परिवर्तन के बीच बीता। लगभग 1529 ई. में छह वर्ष की आयु में, वे काबुल से हिंदुस्तान के लिए रवाना हुईं और आगरा पहुँचीं। पानीपत (1526 ई.) और खानवा (1527 ई.) की विजयों के बाद बाबर ने उत्तर भारत में सत्ता स्थापित कर ली थी और तब काबुल में रह रहे परिवार के सदस्यों को हिंदुस्तान बुलाया गया।

मुगल परिवार को भारत में स्थायी शांति अधिक समय तक नहीं मिली। 1539 ई. में चौसा और 1540 ई. में कन्नौज (बिलग्राम) के युद्धों में शेरशाह सूरी ने हुमायूँ को पराजित कर दिया। दिल्ली और आगरा पर शेरशाह का अधिकार हो गया और मुगल परिवार को लाहौर और सिंध होते हुए काबुल की ओर जाना पड़ा। इसी अस्थिर समय में गुलबदन का विवाह चग़ताई वंश के ख़िज़्र ख़्वाजा ख़ान से हुआ।

इन यात्राओं में शाही महिलाएँ पालकियों, घोड़ों और ऊँटों से लंबे मार्ग तय करती थीं। पहाड़ी और निर्जन क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं, लुटेरों और शत्रु-आक्रमणों का भय बना रहता था। सार मुगल परिवार की महिलाएँ सैन्य अभियानों और राजनीतिक गतिविधियों के दौरान पुरुष सदस्यों के साथ अलग-अलग स्थानों पर रहती थीं, इसलिए यात्रा उनके लिए असामान्य नहीं थी। हुमायूँ ने फ़ारस की शरण और काबुल के संघर्षों के बाद 1555 ई. में दिल्ली पुनः जीत लिया, किंतु अगले ही वर्ष उसकी मृत्यु हो गई और किशोर अकबर मुगल गद्दी पर बैठा।

मुगल शाही महिलाओं की स्थिति एवं अकबर की हरम व्यवस्था

अकबर के शासनकाल में साम्राज्य का तेज़ी से विस्तार हुआ और राजसत्ता राजनीतिक, प्रशासनिक और वैचारिक रूप से सुदृढ़ की गई। इसी प्रक्रिया में शाही महिलाओं के जीवन में भी बदलाव आया। अकबर के समय शाही महिलाओं के लिए अलग, सुव्यवस्थित और चारदीवारी से घिरे हरम की व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हुई। इसका एक उद्देश्य राजपरिवार की प्रतिष्ठा और सम्राट की सत्ता की विशिष्टता को प्रदर्शित करना भी था।

फिर भी इन महिलाओं की स्थिति पर्दे और घरेलू जीवन तक सीमित नहीं थी। वे संपत्ति और जागीरों की स्वामिनी हो सकती थीं, धार्मिक संस्थाओं को दान देती थीं, सराय और बाग़ बनवाती थीं और कभी-कभी राजनीतिक निर्णयों को भी प्रभावित करती थीं। अकबर की माता हमीदा बानो बेगम और सलीमा सुल्तान बेगम इसके उदाहरण हैं। गुलबदन भी इस व्यवस्था के भीतर रहते हुए अपनी स्वतंत्र इच्छाओं और विचारों को महत्त्व देती थीं। लंबे समय तक महल की सीमाओं में रहने से उनमें एक प्रकार की बेचैनी भी आ गई थी और संभवतः यही कारण था कि उन्होंने मक्का और मदीना की यात्रा का संकल्प लिया।

हज यात्रा का निर्णय (1576 ई.)

गुलबदन बेगम ने अपने भतीजे अकबर से हज की अनुमति माँगी। यह केवल धार्मिक कर्तव्य की पूर्ति नहीं थी। उनके लिए यह शाही महल की सीमाओं से बाहर निकलकर स्वतंत्र जीवन का अनुभव पाने का अवसर भी थी। उन्होंने अकबर से कहा कि उन्होंने ईश्वर के समक्ष हज का संकल्प लिया है और इसी धार्मिक संकल्प के आधार पर उन्हें अनुमति मिली।

अक्टूबर 1576 ई. में लगभग 53 वर्ष की आयु में गुलबदन शाही परिवार की अन्य महिलाओं के साथ फ़तेहपुर सीकरी से रवाना हुईं। उनके साथ सलीमा सुल्तान बेगम सहित लगभग एक दर्जन शाही महिलाएँ थीं। इतने संगठित रूप में शाही महिलाओं के हज पर जाने का इससे पहले कोई उल्लेख नहीं मिलता। हज इस्लाम के पाँच स्तंभों में से एक है और प्रत्येक समर्थ मुसलमान के लिए जीवन में कम-से-कम एक बार इसे करना धार्मिक कर्तव्य माना गया है।

यात्रा की तैयारियाँ एवं शाही प्रबंध

अकबर ने इस यात्रा के लिए विशेष प्रबंध किए। उसने शाही बेड़े के दो बड़े जहाज़, ‘सलीमी’ और ‘इलाही’ इस काफ़िले को उपलब्ध कराए। साथ में बड़ी संख्या में सेवक, सहायक और रक्षक थे। परंपरागत विवरणों के अनुसार यात्रा के संचालन और व्यवस्था के लिए सुल्तान ख़्वाजा को ‘मीर हज’ (हज-यात्रियों का प्रमुख) नियुक्त किया गया था। महिलाओं के पास दान-पुण्य के लिए सोने-चाँदी के सिक्कों के संदूक, हज़ारों रुपये की नकदी और लगभग 12,000 सम्मान-वस्त्र (ख़िलअत) थे, जिन्हें उपहार और सम्मान के रूप में बाँटा जाना था।

जब यह काफ़िला फ़तेहपुर सीकरी से रवाना हुआ, तो मार्ग में बड़ी संख्या में स्त्री, पुरुष, वृद्ध और बच्चे उसे देखने के लिए एकत्र हुए। एक मुगल राजकुमारी के नेतृत्व में शाही महिलाओं का इतने लंबे और कठिन धार्मिक अभियान पर निकलना तत्कालीन समाज के लिए विशेष आकर्षण की बात थी।

समुद्री मार्ग की कठिनाइयाँ एवं पुर्तगालियों का खतरा

यात्रा आरंभ से ही बाधाओं से घिरी थी। उस समय हिंद महासागर और अरब सागर के समुद्री मार्गों पर पुर्तगालियों का प्रभुत्व था। उन्होंने ‘कार्ताज़’ नामक अनुमति-पत्र की प्रणाली लागू की थी, जिसके बिना चलने वाले जहाज़ों पर आक्रमण और लूट का खतरा रहता था। हज यात्रियों के जहाज़ भी इस जोखिम से मुक्त नहीं थे।

फ़ारस के रास्ते स्थल मार्ग से मक्का पहुँचना भी सुरक्षित नहीं था, क्योंकि वहाँ राजनीतिक अस्थिरता थी और लुटेरों तथा सशस्त्र समूहों का भय था। इसी कारण गुलबदन और उनके साथियों को गुजरात के सूरत बंदरगाह पर लगभग एक वर्ष प्रतीक्षा करनी पड़ी। पुर्तगालियों से सुरक्षित मार्ग की अनुमति मिलने के बाद 1577 ई. में उनकी समुद्री यात्रा संभव हुई।

सूरत से जेद्दा और मक्का

सूरत से शाही काफ़िला अरब की ओर रवाना हुआ। अरब सागर पार करने में लगभग चार सप्ताह लगे और वे जेद्दा बंदरगाह पहुँचे। जेद्दा से मक्का तक का मार्ग स्थल मार्ग से तय किया गया। शाही महिलाओं को ऊँटों पर सवार होकर गर्म और रेतीले क्षेत्रों से गुज़रना पड़ा। कई दिनों की कठिन यात्रा के बाद वे मक्का पहुँचीं और हज के अनुष्ठान पूरे किए। इस प्रकार गुलबदन ने समुद्री और स्थल मार्ग की अनेक कठिनाइयाँ पार कर अपनी धार्मिक यात्रा पूरी की। परंतु उनकी यात्रा का सबसे असाधारण भाग हज के बाद शुरू हुआ।

अरब में चार वर्षों का प्रवास

हज पूरा होने के बाद सामान्यतः यात्री स्वदेश लौट जाते थे, लेकिन गुलबदन और उनकी साथी महिलाओं ने तुरंत लौटने का निर्णय नहीं लिया। उन्होंने लगभग चार वर्ष अरब में ही रहने का निश्चय किया। विद्वानों के अनुसार इस अवधि में उन्होंने कई बार हज किया।

वे मक्का और मदीना सहित अरब के अनेक पवित्र स्थलों की ज़ियारत करती थीं और वहाँ आध्यात्मिक यात्रियों की तरह रहती थीं। इस प्रकार उन्होंने स्वयं को केवल शाही परिवार की महिलाओं तक सीमित रखने के बजाय धार्मिक यात्रियों के रूप में स्थापित किया। उनका समय दान-पुण्य, धार्मिक गतिविधियों और ज़रूरतमंदों की सहायता में बीता। वे धन, सिक्के, वस्त्र और अन्य उपयोगी वस्तुएँ बाँटती थीं। इस उदारता के कारण वे स्थानीय समाज में चर्चित हो गईं और उनकी प्रतिष्ठा दूर-दूर तक फैल गई।

उस्मानी सुल्तान मुराद तृतीय से टकराव

गुलबदन और उनकी साथियों की उदारता तथा बढ़ती लोकप्रियता उस्मानी सुल्तान मुराद तृतीय के लिए चिंता का विषय बन गई। उस समय मक्का और मदीना उस्मानी साम्राज्य के अधीन थे और हिजाज़ क्षेत्र पर नियंत्रण उसकी राजनीतिक वैधता के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण था। सुल्तान को आशंका थी कि मुगल महिलाओं द्वारा बड़े पैमाने पर धन और उपहार बाँटे जाने से अरब में अकबर की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और उस्मानी सत्ता का प्रभाव घटेगा।

इसलिए सुल्तान ने अपने अधिकारियों को मुगल महिलाओं को अरब से वापस भेजने के आदेश जारी किए। ऐसे अनेक आदेश भेजे गए, पर गुलबदन और उनकी साथियों ने लौटने से इनकार कर दिया। एक ओर विशाल उस्मानी साम्राज्य की सत्ता थी, दूसरी ओर कुछ महिलाएँ अपनी इच्छा से जीवन जीने पर अडिग थीं। यह किसी मुगल महिला द्वारा किया गया अभूतपूर्व प्रतिरोध था, जो गुलबदन की स्वतंत्रता की आकांक्षा और दृढ़ इच्छाशक्ति का सूचक है।

अंतिम आदेश एवं अरब से वापसी

बार-बार आदेशों की अवहेलना से सुल्तान मुराद तृतीय नाराज़ हो गया। कहा जाता है कि अंतिम आदेशों में मुगल महिलाओं के आचरण की कड़ी आलोचना की गई और उसके लिए तुर्की शब्द ‘ना-मशरू’ (अनुचित, अवैध) जैसे कठोर शब्द का प्रयोग हुआ। इससे मुगल राजपरिवार की प्रतिष्ठा पर आँच आ सकती थी और अकबर भी अप्रसन्न हुआ।

अंततः लगभग 1580 ई. में गुलबदन और उनकी साथियों ने अरब छोड़ने का निर्णय लिया। वापसी की यात्रा भी कठिन थी। उनका जहाज़ ‘इलाही’ यमन के अदन के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद उन्हें वहाँ कई महीनों तक रुकना पड़ा। इसके बाद लंबी और कठिन यात्रा करते हुए वे भारत लौटीं और 1582 ई. में फ़तेहपुर सीकरी के निकट खानवा पहुँचीं। इस प्रकार अक्टूबर 1576 में शुरू हुई यात्रा लगभग छह वर्षों में पूरी हुई।

भारत वापसी एवं दरबार में सम्मान

लौटने पर गुलबदन का विशेष सम्मान हुआ। अकबर ने स्वयं उनका स्वागत किया और वे दरबार की प्रतिष्ठित वरिष्ठ सदस्य के रूप में सम्मानित हुईं। हज कर चुकने के कारण उन्हें ‘हाजिया’ के रूप में भी विशेष आदर मिला।

लगभग 1587 ई. में अकबर ने अपने शासन का इतिहास लिखवाने के क्रम में अबुल फ़ज़ल के माध्यम से परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से बाबर और हुमायूँ के समय की स्मृतियाँ लिखने का अनुरोध किया। इसी अनुरोध पर गुलबदन ने ‘हुमायूँनामा’ की रचना की, जिसे ‘अकबरनामा’ के लिए उपयोगी स्रोत-सामग्री माना गया। अबुल फ़ज़ल के ‘अकबरनामा’ में गुलबदन की यात्रा और उनके साथ हुए आदान-प्रदान का संक्षिप्त उल्लेख मिलता है।

किंतु उपलब्ध स्रोतों में अरब में बिताए चार वर्षों और सुल्तान मुराद तृतीय के साथ विवाद का विस्तृत विवरण नहीं मिलता है। अन्य समकालीन स्रोतों में भी इस पर पर्याप्त जानकारी का अभाव है। गुलबदन बेगम का निधन 1603 ई. में आगरा में हुआ, तब वह लगभग 80 वर्ष की थीं।

हज यात्रा का महत्त्व

गुलबदन की हज यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं थी। यह मुगलकालीन महिलाओं की स्वतंत्रता, साहस और सामाजिक स्थिति को समझने की दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण है। इससे स्पष्ट होता है कि शाही महिलाएँ कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और राजनीतिक बाधाओं के बावजूद लंबी यात्राएँ करने में सक्षम थीं। गुलबदन ने हरम की सीमाओं से बाहर निकलकर अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेने का प्रयास किया। अरब में चार वर्ष रुकना और उस्मानी सुल्तान के आदेशों का विरोध करना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति दर्शाता है। उनके दान-पुण्य और धार्मिक कार्य बताते हैं कि शाही महिलाएँ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय थीं।

‘हुमायूँनामा’: ऐतिहासिक कृति

‘हुमायूँनामा’ मुगल इतिहास का अत्यंत महत्त्वपूर्ण स्रोत है। यह फ़ारसी में लिखा गया है और उस काल की किसी मुगल राजपरिवार की महिला द्वारा रचित दुर्लभ और प्रामाणिक वृत्तांत है। इसमें बाबर और हुमायूँ के जीवन, मुगल परिवार के आंतरिक संबंधों, राजनीतिक संघर्षों और शाही महिलाओं की भूमिका का वर्णन है। इसकी शैली सरल और आत्मीय है। राजकीय घटनाओं के साथ पारिवारिक जीवन, उत्सव, विवाह, यात्राएँ और व्यक्तिगत अनुभव भी इसमें दर्ज हैं। गुलबदन ने उन महिलाओं के जीवन और अनुभवों को भी स्थान दिया जिनका उल्लेख पुरुष इतिहासकारों के विवरणों में प्रायः कम मिलता है।

इस ग्रंथ की पांडुलिपि अपूर्ण अवस्था में मिलती है और इसके कई पृष्ठ अनुपलब्ध हैं। ज्ञात प्रति का अंत भी अधूरा है, जिसके कारण अकबर के शासन के शुरुआती वर्षों के बारे में गुलबदन के विवरण नहीं मिलते। उनकी हज यात्रा का विस्तृत वर्णन भी इसमें उपलब्ध नहीं है। यद्यपि उस समय शाही रचनाओं की प्रतिलिपियाँ बनवाने की परंपरा थी, फिर भी इसकी कोई पूर्ण प्रति नहीं मिलती। इसी कारण उनकी अरब यात्रा के अनेक प्रसंग अस्पष्ट हैं। इस ग्रंथ का अंग्रेज़ी अनुवाद एनेट बेवरिज ने 1902 ई. में प्रकाशित किया।

इस प्रकार गुलबदन बेगम का जीवन मध्यकालीन भारत की उस महिला का उदाहरण है जिसने लेखन, धार्मिक आस्था, दानशीलता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई। वे बाबर की पुत्री, हुमायूँ की बहन और अकबर की बुआ होने के साथ-साथ अपने साहस और विचारों के कारण भी याद की जाती हैं।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

गुलबदन बेगम कौन थीं?

गुलबदन बेगम बाबर की पुत्री, हुमायूँ की सौतेली बहन और अकबर की बुआ थीं। वह मुगल दरबार की पहली महिला हैं जिन्होंने इतिहास-लेखन किया। उनकी रचना ‘हुमायूँनामा’ है।

गुलबदन बेगम ने हज यात्रा कब और कहाँ से शुरू की?

गुलबदन बेगम ने अक्टूबर 1576 ई. में फ़तेहपुर सीकरी से यात्रा शुरू की। उस समय उनकी आयु लगभग 53 वर्ष थी और उनके साथ सलीमा सुल्तान बेगम सहित लगभग एक दर्जन शाही महिलाएँ थीं।

गुलबदन और उस्मानी सुल्तान मुराद तृतीय के बीच टकराव का कारण क्या था?

हज के बाद मुगल महिलाओं ने अरब में लगभग चार वर्ष रुककर बड़े पैमाने पर दान और उपहार बाँटे, जिससे वे बहुत लोकप्रिय हुईं। मक्का-मदीना उस्मानी अधीन थे, इसलिए सुल्तान को आशंका हुई कि अकबर का प्रभाव बढ़ेगा। उसने उन्हें लौटाने के कई आदेश दिए, जिन्हें महिलाओं ने अस्वीकार कर दिया।

जहाज़ ‘इलाही’ के साथ वापसी में क्या हुआ?

लगभग 1580 ई. में अरब से लौटते समय ‘इलाही’ यमन के अदन के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद महिलाओं को वहाँ कई महीने रुकना पड़ा। फिर वे लंबी यात्रा करके 1582 ई. में फ़तेहपुर सीकरी के निकट खानवा पहुँचीं।

‘हुमायूँनामा’ क्यों महत्त्वपूर्ण है?

हुमायूँनामा किसी मुगल राजपरिवार की महिला द्वारा लिखा गया दुर्लभ प्रत्यक्ष वृत्तांत है, जिसमें बाबर और हुमायूँ के समय के पारिवारिक और राजनीतिक जीवन तथा महिलाओं के अनुभव दर्ज हैं। एनेट बेवरिज ने 1902 ई. में इसका अंग्रेज़ी अनुवाद प्रकाशित किया।
error: Content is protected !!
Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks