स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
स्पेन का उत्थान : चार्ल्स पंचम, फिलिप द्वितीय और नीदरलैंड का विद्रोह सोलहवीं शताब्दी में […]

Table of Contents

स्पेन का उत्थान : चार्ल्स पंचम, फिलिप द्वितीय और नीदरलैंड का विद्रोह

सोलहवीं शताब्दी में स्पेन यूरोप की सबसे शक्तिशाली राजनीतिक, सैन्य और औपनिवेशिक शक्ति के रूप में उभरा। कैस्टील और आरागॉन के राजवंशों के एकीकरण, रिकोंक्विस्टा (मूरों से पुनर्विजय) की समाप्ति, 1492 ई. में कोलंबस की यात्रा के बाद अमेरिका में विशाल उपनिवेशों की स्थापना और हैब्सबर्ग वंश के उत्तराधिकार ने स्पेन को ऐसे साम्राज्य में परिवर्तित कर दिया, जिसके बारे में कहा जाता था कि उसमें सूर्य कभी अस्त नहीं होता था।

इस लेख में स्पेन के उत्थान के कारणों, सम्राट चार्ल्स पंचम और फिलिप द्वितीय के शासन, नीदरलैंड के विद्रोह, स्पेन की विदेश नीति तथा उसके पतन के आरंभिक कारणों का क्रमबद्ध विवेचन किया गया है।

स्पेन का भौगोलिक और ऐतिहासिक परिचय

स्पेन यूरोप के दक्षिण-पश्चिम में इबेरियन प्रायद्वीप का पठारी देश है। इसके उत्तर-पूर्व में पिरेनीज पर्वत हैं, जो उसे फ्रांस से अलग करते हैं। इसके पूर्व और दक्षिण-पूर्व में भूमध्य सागर, उत्तर तथा उत्तर-पश्चिम में अटलांटिक महासागर (बिस्के की खाड़ी) और पश्चिम में पुर्तगाल स्थित है।

पंद्रहवीं शताब्दी से पहले स्पेन में राजनीतिक एकता नहीं थी और यह कैस्टील, आरागॉन, नवार तथा मुस्लिम शासित ग्रेनाडा जैसे कई क्षेत्रीय राज्यों में विभाजित था। 711 ई. में तारिक बिन ज़ियाद के नेतृत्व में उत्तरी अफ्रीका के मूर मुसलमानों ने इबेरियन प्रायद्वीप पर आक्रमण किया और कुछ ही वर्षों में अधिकांश भाग पर अधिकार कर लिया। इसके कारण वहाँ के ईसाई निवासियों और शासकों को उत्तर के पर्वतीय क्षेत्रों (अस्तुरियास आदि) में शरण लेने के लिए विवश होना पड़ा। कालांतर में ईसाई राज्यों ने सदियों तक चले संघर्ष, जिसे ‘रिकोंक्विस्टा’ (पुनर्विजय) कहा जाता है, के द्वारा मूरों का प्रभाव समाप्त किया और ईसाई धर्म की पुनर्स्थापना की। इस प्रक्रिया की अंतिम कड़ी 1492 ई. में ग्रेनाडा की पराजय थी।

स्पेन के उत्थान के कारण

स्पेन में शक्तिशाली और निरंकुश राजतंत्र के उदय के कई कारण थे।

कैस्टील और आरागॉन का संयुक्त राजतंत्र

प्रथम कारण कैस्टील की रानी इसाबेला प्रथम और आरागॉन के राजा फर्डिनेंड द्वितीय का 1469 ई. में हुआ विवाह था। इसाबेला 1474 ई. में कैस्टील की और फर्डिनेंड 1479 ई. में आरागॉन की गद्दी पर बैठे। यद्यपि दोनों राज्यों की संसदें, कानून, मुद्राएँ और प्रशासनिक संस्थाएँ अलग-अलग थीं, फिर भी दोनों शासकों ने साझा नीतियाँ अपनाईं, जिससे स्पेन में संयुक्त राजतंत्र स्थापित हुआ। इस दंपत्ति को पोप से ‘कैथोलिक सम्राट’ (रेयेस कातोलिकोस) की उपाधि प्राप्त हुई। इन्होंने 1478 ई. में स्पेनी इन्क्विजिशन की स्थापना कर धार्मिक एकरूपता पर बल दिया, ‘सांता ईरमांदाद’ जैसी पुलिस संस्थाओं और राजकीय अधिकारियों के माध्यम से सामंतों की शक्ति सीमित की, 1492 ई. में ग्रेनाडा जीतकर रिकोंक्विस्टा पूरी की और 1512 ई. में नवार के अधिकांश भाग को भी स्पेन में मिला लिया।

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
फर्डिनेंड और इसाबेला की जोड़ी

औपनिवेशिक विस्तार और अपार धन-संपदा

द्वितीय कारण स्पेन के राजाओं की औपनिवेशिक विस्तार की नीति थी। 1492 ई. में इसाबेला के संरक्षण में कोलंबस ने अटलांटिक पार कर वेस्ट इंडीज़ के द्वीपों की खोज की। इसके बाद हर्नान कोर्टेस ने 1519–1521 ई. में मैक्सिको के एज़्टेक साम्राज्य को और फ्रांसिस्को पिज़ारो ने 1532–33 ई. में पेरू के इंका साम्राज्य को जीत लिया। अमेरिका से सोना, चाँदी और अन्य मूल्यवान वस्तुएँ स्पेन पहुँचने लगीं। विशेष रूप से 1545 ई. के बाद बोलीविया के पोतोसी तथा मैक्सिको की ज़ाकातेकास खानों से चाँदी की प्रचुर आपूर्ति ने स्पेन के लिए ‘कल्पवृक्ष’ का कार्य किया और उसे अपार धन-संपदा प्राप्त हुई। इसी धन से स्पेन ने अपनी विशाल सेनाओं और युद्धों का खर्च उठाया।

वैवाहिक कूटनीति

तृतीय कारण यूरोप में प्रभाव-विस्तार के लिए अपनाई गई वैवाहिक कूटनीति थी। फर्डिनेंड और इसाबेला ने अपनी संतानों के विवाह यूरोप के प्रमुख राजवंशों में कराए। उनकी सबसे बड़ी पुत्री इसाबेला का विवाह पुर्तगाल के राजकुमार से हुआ और उसकी मृत्यु के बाद उनकी तीसरी पुत्री मारिया का विवाह पुर्तगाल के राजा मैनुअल प्रथम से किया गया। कनिष्ठ पुत्री कैथरीन (कैथरीन ऑफ आरागॉन) का विवाह 1501 ई. में इंग्लैंड के युवराज आर्थर से हुआ। आर्थर की मृत्यु (1502 ई.) के बाद 1509 ई. में कैथरीन का विवाह आर्थर के छोटे भाई हेनरी अष्टम (1509–1547 ई.) से हुआ। इसके अतिरिक्त पुत्री जोआना का विवाह हैब्सबर्ग वंश में हुआ। इस वैवाहिक नीति ने स्पेन को पुर्तगाल, इंग्लैंड और पवित्र रोमन साम्राज्य से जोड़कर उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर महत्त्वपूर्ण स्थान दिलाया।

हैब्सबर्ग उत्तराधिकार और चार्ल्स पंचम का उदय

फर्डिनेंड और इसाबेला के एकमात्र पुत्र जुआन (1497 ई.) तथा बड़ी पुत्री इसाबेला (1498 ई.) एवं उसके पुत्र मिगुएल (1500 ई.) की मृत्यु हो जाने के कारण जोआना कैस्टील और आरागॉन की उत्तराधिकारिणी बनी। उसका विवाह 1496 ई. में हैब्सबर्ग वंश के राजकुमार फिलिप प्रथम (सुंदर) से हुआ। फिलिप का पिता ऑस्ट्रिया के आर्चड्यूक और पवित्र रोमन सम्राट मैक्सिमिलियन प्रथम तथा माता बर्गंडी की मेरी थी, जो नीदरलैंड और बर्गंडी की उत्तराधिकारिणी थी। माता की मृत्यु (1482 ई.) के बाद फिलिप बाल्यावस्था में ही नीदरलैंड का शासक बना, यद्यपि 1494 ई. तक शासन अभिभावकों के हाथ में था।

1500 ई. में गेंट (नीदरलैंड) में जोआना और फिलिप के पुत्र चार्ल्स का जन्म हुआ। 1504 ई. में इसाबेला की मृत्यु के बाद जोआना कैस्टील की रानी बनी और उसके पिता फर्डिनेंड शासन का संचालन करते रहे। जोआना की राजकाज में रुचि नहीं थी और उसका मानसिक संतुलन भी बिगड़ने लगा था। इसलिए 1506 ई. में फिलिप प्रथम कैस्टील का सह-शासक बना, किंतु उसी वर्ष उसकी मृत्यु हो गई।

फिलिप की मृत्यु के बाद छह वर्षीय चार्ल्स नीदरलैंड का शासक घोषित हुआ, जिसकी ओर से उसकी बुआ मार्गरेट ऑफ ऑस्ट्रिया शासन चलाती रही। 1515 ई. में चार्ल्स ने स्वयं शासन सँभाल लिया। माता जोआना के मानसिक रोग के कारण उसे इतिहास में ‘जोआना पागल’ (जुआना ला लोका) कहा जाता है। कैस्टील का राजसिंहासन वास्तव में चार्ल्स को जोआना के नाम पर ही मिला। 1516 ई. में फर्डिनेंड की मृत्यु के बाद चार्ल्स स्पेन (कैस्टील और आरागॉन), नेपल्स, सिसिली, अफ्रीका के स्पेनी अधिकृत तटों और अमेरिकी उपनिवेशों का शासक बन गया। चार्ल्स पंचम का स्पेन के शासक के रूप में राज्यारोहण यूरोप के इतिहास में एक युगांतकारी घटना थी, क्योंकि इसने स्पेन को हैब्सबर्ग साम्राज्य से संबद्ध कर दिया।

1519 ई. में अपने दादा मैक्सिमिलियन प्रथम की मृत्यु के बाद चार्ल्स को ऑस्ट्रिया, कार्निओला, कैरिन्थिया, स्टायरिया और टायरॉल जैसे हैब्सबर्ग वंशानुगत प्रदेश उत्तराधिकार में मिले। उसने 1521–22 की संधियों के अनुसार इन प्रदेशों का प्रशासन अपने छोटे भाई फर्डिनेंड को सौंप दिया। 1526 ई. में मोहाक्स के युद्ध में हंगरी के राजा लुई द्वितीय की मृत्यु के बाद बोहेमिया और हंगरी वैवाहिक संबंधों के आधार पर फर्डिनेंड को मिले, न कि चार्ल्स को।

सम्राट चार्ल्स पंचम (1519–1556 ई.)

मुख्य लेख : चार्ल्स पंचम

पवित्र रोमन सम्राट का चुनाव

चार्ल्स अपने दादा मैक्सिमिलियन की तरह पवित्र रोमन सम्राट बनना चाहता था। फ्रांस के राजा फ्रांसिस प्रथम (1515–1547 ई.) और इंग्लैंड के राजा हेनरी अष्टम भी इस पद के लिए महत्त्वाकांक्षी थे, यद्यपि हेनरी शीघ्र ही पीछे हट गया। फ्रांसिस का मानना था कि चार्ल्स का स्पेन, इटली के दक्षिणी भागों और नीदरलैंड पर पहले से नियंत्रण होने के कारण उसके पवित्र रोमन सम्राट बनने से यूरोप का शक्ति-संतुलन बिगड़ जाएगा।

सम्राट का चुनाव सात निर्वाचक राजकुमारों (इलेक्टर्स) के मत से होता था। चार्ल्स ने जर्मनी के बैंकर फुगर परिवार से भारी ऋण लेकर निर्वाचकों को धन दिया और जून 1519 ई. में फ्रांसिस प्रथम को पराजित कर सम्राट चुना गया। 23 अक्टूबर 1520 ई. को आखेन (एक्स-ला-शापेल) में उसका राज्याभिषेक हुआ। बाद में 1530 ई. में बोलोनिया में पोप क्लीमेंट सप्तम ने उसे सम्राट का ताज पहनाया। वह पोप द्वारा ताज पहनाया जाने वाला अंतिम पवित्र रोमन सम्राट था। इस प्रकार चार्ल्स पंचम यूरोप के इतिहास में एक अत्यंत शक्तिशाली और भाग्यशाली शासक के रूप में उदित हुआ, जिसे उत्तराधिकार में एक विशाल साम्राज्य प्राप्त हुआ था।

चार्ल्स पंचम की समस्याएँ

चार्ल्स को उत्तराधिकार में एक विशाल साम्राज्य तो मिला, किंतु यह साम्राज्य चुनौतियों से भरा हुआ था। यह एक राजवंशीय साम्राज्य था, जिसमें विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों का एक असंबद्ध समूह शामिल था। प्रत्येक क्षेत्र की अपनी स्वतंत्र शासन व्यवस्था, कानून, संसद और परंपराएँ थीं। जर्मनी में नाममात्र की केंद्रीय व्यवस्था थी, जबकि स्पेन, नीदरलैंड और इटली के राज्यों में यह भी नहीं थी। चार्ल्स का सबसे समृद्ध क्षेत्र नीदरलैंड था, जिसके 17 प्रांतों का अपना अलग-अलग अस्तित्व था। स्पेनी साम्राज्य में भी ग्रेनाडा, आरागॉन, अमेरिकी उपनिवेश और उत्तरी अफ्रीका के कुछ क्षेत्र शामिल थे, जिनकी शासन व्यवस्थाएँ भिन्न थीं।

चार्ल्स को पवित्र रोमन साम्राज्य के वित्तीय, न्यायिक और धार्मिक मामलों तथा विभिन्न क्षेत्रों के परस्पर विरोधी हितों को संतुलित करना था। साथ ही, उसे जर्मनी में तेजी से फैल रहे प्रोटेस्टेंट धर्म सुधार आंदोलन, फ्रांस की शत्रुता और पूर्व से बढ़ते उस्मानी तुर्कों के खतरे से भी निपटना था। साम्राज्य इतना विशाल था कि चार्ल्स को जीवन भर लगातार यात्राएँ करनी पड़ीं और वह सभी मोर्चों पर एक साथ उपस्थित नहीं रह सकता था।

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
चार्ल्स पंचम, स्पेन का राजा और पवित्र रोमन सम्राट

चार्ल्स पंचम की उपलब्धियाँ और शासन

स्पेन का शासन

1516 ई. में फर्डिनेंड की मृत्यु के बाद चार्ल्स पंचम स्पेनी साम्राज्य का शासक बना। वह स्पेनी भाषा से अपरिचित और फ्लेमिश दरबारियों से घिरा हुआ था, इसलिए 1517 ई. में स्पेन पहुँचने पर उसके विदेशी सलाहकारों और धन की माँग से असंतोष फैल गया। उसने पूर्ण निरंकुशता के साथ शासन करने का प्रयास किया। कैस्टील और आरागॉन की संसदों (कोर्टेस) ने उसके निरंकुश अधिकारों को सीमित करने का प्रयास किया, किंतु वे असफल रहे। चार्ल्स की निरंकुशता सामंतों और नगर प्रतिनिधियों को खटकती थी। इसके फलस्वरूप 1520–21 ई. में कैस्टील में ‘कोमुनेरोस’ का विद्रोह हुआ, जबकि वालेंसिया और मेजोर्का में 1519–23 ई. के बीच ‘जर्मानिया’ का विद्रोह चला। चार्ल्स ने सामंतों और नगर प्रतिनिधियों के आपसी संघर्ष का लाभ उठाकर इन विद्रोहों को दबा दिया; अप्रैल 1521 ई. में विलालार के युद्ध में कोमुनेरोस की निर्णायक पराजय हुई।

जब सामंत नगर प्रतिनिधियों के विरुद्ध राजा के निरंकुश प्रशासन के समर्थक बन गए, तो चार्ल्स ने नगर प्रतिनिधियों के अधिकार सीमित कर दिए। उसने नगर प्रशासन के लिए राजकीय अधिकारियों की नियुक्ति की और कोर्टेस को लगभग राजकीय संस्था बना दिया। 1538 ई. में सामंतों और पादरियों को कर-संबंधी कोर्टेस की बैठकों से अलग कर दिया गया, जिससे कर का बोझ मुख्यतः कैस्टील के आम लोगों पर पड़ने लगा। चार्ल्स ने स्पेनवासियों को संतुष्ट करने के लिए 1523 ई. तक अधिकांश सरकारी पदों पर स्थानीय लोगों की नियुक्ति की, स्पेनी भाषा सीखी और 1526 ई. में पुर्तगाल की राजकुमारी इसाबेला से विवाह किया।

औपनिवेशिक साम्राज्य का विस्तार

चार्ल्स के शासनकाल में साम्राज्यवादी नीतियों के माध्यम से स्पेन का अंतरराष्ट्रीय गौरव स्थापित हुआ। उसके समय हर्नान कोर्टेस ने मैक्सिको के एज़्टेक साम्राज्य को (1519–21 ई.) और फ्रांसिस्को पिज़ारो ने पेरू के इंका साम्राज्य को (1532–33 ई.) जीता। इसके बाद मध्य अमेरिका, बोलीविया, चिली, न्यू ग्रेनाडा (वर्तमान कोलंबिया) और वेनेजुएला में स्पेनी उपनिवेश स्थापित हुए। उपनिवेशों का प्रशासन ‘इंडीज़ की परिषद’ (1524 ई.) और बाद में वायसरायों के माध्यम से किया गया, जबकि व्यापार पर सेविल के ‘कासा दे कॉन्त्राताशियोन’ का नियंत्रण रहा।

फिर भी चार्ल्स की निरंकुशता ने स्पेन के वैधानिक विकास को अवरुद्ध किया। निरंतर युद्धों और साम्राज्यवादी नीतियों के कारण स्पेनी राजकोष पर भारी ऋण चढ़ गया और चार्ल्स को जर्मनी के फुगर और वेल्सर जैसे बैंकरों पर निर्भर रहना पड़ा। मूरों के प्रति कठोर नीति के कारण उद्योगशील मूर समुदाय के एक बड़े हिस्से का जीवन और कार्य प्रभावित हुआ, जिससे कृषि, शिल्प और उद्योग को हानि पहुँची। औपनिवेशिक संपदा ने स्पेनी अभिजात वर्ग को परिश्रमी उद्यमशीलता के बजाय युद्ध, भू-स्वामित्व और राजकीय पदों की ओर प्रेरित किया, जिससे आर्थिक आत्मनिर्भरता कमज़ोर हुई।

नीदरलैंड का शासन

चार्ल्स का जन्म 1500 ई. में गेंट में हुआ था और उसका पालन-पोषण नीदरलैंड में हुआ, इसलिए वहाँ की जनता में उसके प्रति स्वाभाविक श्रद्धा थी। नीदरलैंड उसका सबसे समृद्ध क्षेत्र था, जहाँ एंटवर्प उस समय यूरोप का प्रमुख वाणिज्यिक और वित्तीय केंद्र था। उसने नीदरलैंड के 17 प्रांतों को एक इकाई में संगठित किया और 1531 ई. में तीन परिषदों – राज्य परिषद, गुप्त परिषद और वित्त परिषद – की स्थापना की। साथ ही प्रांतीय प्रतिनिधियों की सभा ‘स्टेट्स जनरल’ को बनाए रखा। इससे नीदरलैंड की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई, किंतु साम्राज्यवादी युद्धों के कारण वहाँ करों का बोझ निरंतर बढ़ता गया।

धार्मिक असहिष्णुता की नीति

कट्टर कैथोलिक होने के कारण चार्ल्स ने नीदरलैंड में लूथरवाद और बाद में काल्विनवाद के प्रसार का दमन किया। 1520 के दशक से जारी किए गए कठोर ‘प्लाकाट’ (धर्म-विरोधी आदेशों) के अंतर्गत विधर्मियों को दंडित किया गया और धार्मिक न्यायालय (इन्क्विजिशन) स्थापित किए गए। 1523 ई. में ब्रुसेल्स में पहले प्रोटेस्टेंट शहीद जलाए गए। इस असहिष्णुता के बावजूद नीदरलैंड में प्रोटेस्टेंट संप्रदाय का विकास होता रहा। चार्ल्स की यह नीति उसके समय में तो काफ़ी हद तक दबी रही, किंतु इसने फिलिप द्वितीय के शासनकाल में डच विद्रोह और डच प्रोटेस्टेंट गणतंत्र की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। इस प्रकार धार्मिक दृष्टि से नीदरलैंड में चार्ल्स का प्रशासन दीर्घकाल में असफल रहा।

पवित्र रोमन साम्राज्य का शासन

जर्मन साम्राज्य चार्ल्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हुआ। जर्मनी सैकड़ों अर्ध-स्वतंत्र राज्यों, स्वतंत्र नगरों और चर्च-शासित रियासतों में बँटा था और वहाँ राष्ट्रीयता की भावना प्रबल हो रही थी। जर्मनवासी अपनी भाषा और परंपराओं पर गर्व करते थे, किंतु राजकुमारों में एकता का अभाव था। चार्ल्स के साम्राज्यीय एकीकरण के प्रयासों का विरोध हुआ। 1521 ई. में वॉर्म्स की विधानसभा (डायट) ने एक प्रतिशासन परिषद (राइशसरेजिमेंट) की स्थापना की, जिसमें लगभग दो दर्जन सदस्य जर्मन हितों का प्रतिनिधित्व करते थे और जो चार्ल्स की अनुपस्थिति में शासन चलाने वाली थी; इसकी बैठकें न्यूरेमबर्ग में होती थीं। इस परिषद ने साम्राज्य के लिए एक शुल्क-संघ की योजना भी बनाई, किंतु जर्मन व्यापारियों और नगरों ने उसका विरोध किया और फ्रांस के साथ युद्ध में उलझे होने के कारण चार्ल्स ने यह योजना त्याग दी।

धर्म सुधार आंदोलन का विरोध

जर्मनी में 1517 ई. के बाद मार्टिन लूथर के नेतृत्व में प्रोटेस्टेंट धर्म सुधार आंदोलन तेजी से फैल रहा था। 1521 ई. की वॉर्म्स की विधानसभा में चार्ल्स ने लूथर को अपने विचार वापस लेने को कहा, किंतु लूथर के इनकार करने पर ‘वॉर्म्स का आदेश’ (एडिक्ट ऑफ वॉर्म्स) जारी कर उसे विधर्मी घोषित किया गया। कई जर्मन सामंतों ने लूथर का समर्थन कर अपने अधिकार बढ़ाने और चर्च की संपत्ति हड़पने का प्रयास किया। 1524–25 ई. के किसान विद्रोह ने भी स्थिति को जटिल बनाया। एक कट्टर कैथोलिक होने के कारण चार्ल्स ने आंदोलन का विरोध किया, जिससे प्रोटेस्टेंट सामंत 1531 ई. में ‘श्माल्काल्डिक लीग’ के रूप में संगठित होकर उसके विरुद्ध खड़े हो गए और जर्मनी गृहयुद्ध की चपेट में आ गया।

चार्ल्स ने 1546–47 ई. के श्माल्काल्डिक युद्ध में मुह्लबर्ग की विजय (1547 ई.) से प्रोटेस्टेंट राजकुमारों को दबा दिया, किंतु 1552 ई. में सैक्सनी के मॉरिस के विद्रोह और पासाउ की संधि (1552 ई.) के कारण उसे पीछे हटना पड़ा। अंततः 1555 ई. में फर्डिनेंड द्वारा संपन्न ‘ऑग्सबर्ग की धार्मिक संधि’ द्वारा लूथरवाद को मान्यता देनी पड़ी। इस संधि का सिद्धांत था ‘जिसका शासक, उसका धर्म’ (क्यूयस रेजियो, ईयस रेलिजियो)। चार्ल्स न तो जर्मनी में राष्ट्रीय एकता स्थापित कर सका और न ही प्रोटेस्टेंटवाद को रोक सका।

चार्ल्स पंचम की विदेश नीति

चार्ल्स का विशाल साम्राज्य यूरोपीय शासकों की नज़रों में खटकता था। फ्रांस का राजा फ्रांसिस प्रथम उसका प्रबल प्रतिद्वंद्वी था, क्योंकि हैब्सबर्ग साम्राज्य ने फ्रांस को चारों ओर से घेर रखा था। उस्मानी तुर्कों का पूर्वी यूरोप और भूमध्य सागर में बढ़ता प्रभाव, साथ ही रोम के पोप और हेनरी अष्टम की बदलती नीतियाँ चार्ल्स के लिए चुनौतियाँ थीं। उसे अपने साम्राज्य की रक्षा और हैब्सबर्ग वंश की प्रतिष्ठा बनाए रखने की ज़िम्मेदारी थी।

फ्रांस के साथ संबंध

चार्ल्स फ्रांस के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध चाहता था, किंतु इटली (मिलान और नेपल्स) तथा बर्गंडी पर दावों के कारण युद्ध अपरिहार्य हो गया। 1521–22 ई. में फ्रांस और हैब्सबर्ग साम्राज्य के बीच युद्ध शुरू हुआ। चार्ल्स ने हेनरी अष्टम और पोप की सहायता से फ्रांसिस को उत्तरी इटली से खदेड़ दिया और 24 फरवरी 1525 ई. को पाविया के युद्ध में फ्रांसिस को बंदी बना लिया। 1526 ई. की मैड्रिड की संधि से फ्रांसिस मुक्त हुआ, किंतु लौटते ही उसने संधि तोड़ दी और ‘कोन्यैक लीग’ बनाई। इसके परिणामस्वरूप 1527 ई. में चार्ल्स की सेना ने रोम को लूटा (सैक ऑफ रोम)। अंततः 1529 ई. की कैम्ब्रे की संधि (‘महिलाओं की शांति’) में फ्रांसिस को इटली में नेपल्स और मिलान पर तथा फ़्लैंडर्स और आर्तुआ पर अपने दावे छोड़ने पड़े। 1530 ई. में पोप क्लीमेंट सप्तम ने बोलोनिया में चार्ल्स को पवित्र रोमन सम्राट का ताज पहनाया।

बाद के युद्धों (1536–38, 1542–44 ई.) में भी संघर्ष चलता रहा और 1544 ई. की क्रेपी की संधि हुई। फिर भी चार्ल्स ने अपनी स्थिति मज़बूत की और उसके पुत्र फिलिप द्वितीय के समय 1559 ई. की काँतो-कैम्ब्रेसी की संधि ने हैब्सबर्ग वंश का इटली में प्रभाव स्थापित कर दिया।

तुर्कों के साथ संबंध

उस्मानी सुल्तान सुलेमान महान ने 1526 ई. में मोहाक्स के युद्ध में हंगरी के राजा लुई द्वितीय को पराजित किया और 1529 ई. में वियना की घेराबंदी की। 1541 ई. में तुर्कों ने हंगरी की राजधानी बुदा पर कब्ज़ा कर लिया और 1547 ई. की संधि में चार्ल्स और फर्डिनेंड को हंगरी के बड़े भाग पर तुर्की अधिकार स्वीकार करना पड़ा। भूमध्य सागर में तुर्की सरदार (एडमिरल) ख़ैरुद्दीन बारबरोसा का प्रभाव बढ़ रहा था। 1535 ई. में चार्ल्स ने ट्यूनिस पर कब्ज़ा कर बारबरोसा को वहाँ से हटाया, किंतु 1538 ई. में प्रेवेज़ा की पराजय और 1541 ई. में अल्जीयर्स अभियान की विफलता के कारण भूमध्य सागर में तुर्की प्रभाव समाप्त नहीं किया जा सका।

इंग्लैंड के साथ संबंध

शुरुआत में स्पेन और इंग्लैंड के संबंध मधुर थे, क्योंकि हेनरी अष्टम की पत्नी कैथरीन चार्ल्स की मौसी थीं। किंतु हेनरी अष्टम द्वारा कैथरीन से विवाह-विच्छेद (1533 ई.) के निर्णय ने तनाव पैदा किया। 1553 ई. में मेरी ट्यूडर के इंग्लैंड की रानी बनने के बाद चार्ल्स ने अपने पुत्र फिलिप द्वितीय का विवाह उससे करवाने की योजना बनाई और जुलाई 1554 ई. में यह विवाह संपन्न हुआ, जिससे संबंधों में सुधार आ गया।

चार्ल्स पंचम का त्याग और मूल्यांकन

चार्ल्स लगातार युद्धों, यात्राओं और बीमारी से थक चुका था। 1555 ई. में उसने नीदरलैंड और 1556 ई. में स्पेनी साम्राज्य अपने पुत्र फिलिप द्वितीय को सौंप दिया, जबकि हैब्सबर्ग साम्राज्य और पवित्र रोमन सम्राट का पद अपने भाई फर्डिनेंड को दे दिया। इसके बाद उसने स्पेन के यूस्ते के एक मठ में एकांत जीवन अपनाया, जहाँ 21 सितंबर 1558 ई. को उसकी मृत्यु हो गई।

चार्ल्स एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और यशस्वी सम्राट था। एक कैथोलिक के रूप में उसने कैथोलिक धर्म और पोप की अमूल्य सेवा और रक्षा की। वह पुनर्जागरणकालीन कला, चित्रकला, संगीत और वैज्ञानिक विकास का पोषक था; प्रसिद्ध चित्रकार टिशियन उसके दरबारी चित्रकार थे। उसे खगोलशास्त्र और यांत्रिक घड़ियों में विशेष दिलचस्पी थी। उसने जर्मनी और नीदरलैंड में व्यापार और वित्तीय पूँजीवाद के विकास में योगदान दिया। किंतु उसका विशाल साम्राज्य परस्पर विरोधी हितों के कारण एकता स्थापित करने में असफल रहा। इस प्रकार चार्ल्स पंचम के अंत के साथ स्पेनी इतिहास का एक गौरवशाली युग समाप्त हो गया, किंतु उसके उत्तराधिकारी फिलिप द्वितीय के शासनकाल में स्पेन अपनी शक्ति के शिखर पर पहुँचा।

फिलिप द्वितीय (1556–1598 ई.)

मुख्य लेख : फिलिप द्वितीय

जन्म, उत्तराधिकार और वैवाहिक संबंध

फिलिप द्वितीय चार्ल्स पंचम का पुत्र था। उसका जन्म 21 मई 1527 ई. को स्पेन के वलाडोलिड में हुआ था। उसे अपने पिता से स्पेन, नीदरलैंड, फ्रांश-कॉम्टे, मिलान, सिसिली, नेपल्स, अमेरिकी उपनिवेश (वेस्ट इंडीज सहित) और बाद में फिलिपींस द्वीपसमूह का विशाल साम्राज्य उत्तराधिकार में प्राप्त हुआ। फिलिपींस का नाम उसी के नाम पर पड़ा और वहाँ स्पेनी बस्तियों की स्थापना 1565 ई. में मिगुएल लोपेज़ दे लेगाज़्पी ने की। पिता के विपरीत फिलिप द्वितीय स्पेन में पला-बढ़ा और स्पेनी था। 1554–59 ई. के बीच इंग्लैंड और नीदरलैंड में रहने के बाद वह आजीवन स्पेन में रहा। उसने 1561 ई. में राजधानी मैड्रिड में स्थापित की और 1563–84 ई. के बीच एल एस्कोरियल का महल-मठ बनवाया। उसका लक्ष्य स्पेन को यूरोप का सर्वाधिक शक्तिशाली राष्ट्र बनाना था।

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
फिलिप द्वितीय

फिलिप ने चार बार विवाह किया। पहला विवाह 1543 ई. में पुर्तगाल की राजकुमारी मारिया मैनुएला से हुआ, जिसकी मृत्यु 1545 ई. में पुत्र डॉन कार्लोस के जन्म के बाद हो गई। दूसरा विवाह 1554 ई. में इंग्लैंड की रानी मेरी ट्यूडर से हुआ, तीसरा 1559 ई. में फ्रांस की एलिज़ाबेथ ऑफ वालोइस से और चौथा 1570 ई. में अपनी भतीजी, ऑस्ट्रिया की अन्ना से। हैब्सबर्ग साम्राज्य के स्वामी अपने चाचा फर्डिनेंड के परिवार के साथ संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए उसकी बहन मारिया का विवाह फर्डिनेंड के पुत्र (अपने चचेरे भाई) मैक्सिमिलियन द्वितीय से हुआ, और फिलिप ने स्वयं मैक्सिमिलियन की पुत्री अन्ना, यानी फर्डिनेंड की पौत्री, से विवाह किया।

राष्ट्रप्रेम और धर्मप्रेम के आदर्श

1556 ई. में विशाल साम्राज्य का स्वामी बनने के बाद फिलिप द्वितीय ने शासन संचालन के लिए दो प्रमुख आदर्शों को अपनाया: राष्ट्रप्रेम और धर्मप्रेम। उसका राष्ट्रप्रेम स्पेन के प्रति देशभक्ति और धर्मप्रेम कैथोलिक संप्रदाय के प्रति पूर्ण निष्ठा का सूचक था। वह स्पेन को विश्व का सर्वशक्तिमान राष्ट्र बनाना चाहता था, किंतु धर्म की वेदी पर राजनीति का बलिदान करने को भी तत्पर था। इतिहासकार हेज के अनुसार ‘यदि स्पेन के विकास और चर्च के बीच कोई प्रश्न उठता, तो प्रथम को द्वितीय के लिए बलिदान करना पड़ता था।’ इस प्रकार फिलिप की राजनीति राष्ट्रीय थी, किंतु उसकी धार्मिक नीति अंतरराष्ट्रीय थी।

फिलिप को विरासत में विभिन्न राज्यों का एक असंबद्ध समूह प्राप्त हुआ था, जिनकी अपनी-अपनी संस्थाएँ और परंपराएँ थीं। उसके राष्ट्रप्रेम और धार्मिक नीतियों ने उसकी समस्याओं को और जटिल बना दिया। अपने शासनकाल में उसे तीन प्रमुख आंतरिक समस्याओं का सामना करना पड़ा: स्पेन की जर्जर आर्थिक स्थिति, मूरों (मोरिस्कों) का विद्रोह और नीदरलैंड का भयंकर विद्रोह।

फिलिप द्वितीय की आंतरिक नीतियाँ

राजकीय शक्ति में वृद्धि

फिलिप ने राष्ट्रप्रेम और धर्मप्रेम की नीतियों के आधार पर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया। उसने स्पेन के राष्ट्रीय एकीकरण के लिए प्रशासकीय एकता पर बल दिया और शासन की बागडोर अपने हाथ में रखी। वह फाइलों और रिपोर्टों पर स्वयं निर्णय लेता था, इसलिए उसे ‘कागज़ी राजा’ भी कहा गया। उसने परिषदों (कौंसिलों) की प्रणाली के माध्यम से अलग-अलग राज्यों का प्रशासन चलाया। राजकीय शक्ति बढ़ाने के लिए उसने स्पेनी संसद ‘कोर्टेस’ की उपेक्षा की। उसने पहले से लागू करों को कोर्टेस की सलाह के बिना वसूल किया, यद्यपि नए करों के लिए संसद की स्वीकृति ली जाती रही। कोर्टेस के सदस्यों पर राजा का नियंत्रण बढ़ता गया और सामंतों को वास्तविक राजनीतिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया। इस प्रकार उसने निरंकुश शासन स्थापित किया।

सेना और नौसेना का गठन

फिलिप ने स्थल सेना के गठन पर विशेष ध्यान दिया। उसकी ‘तेर्सियो’ नामक पैदल सेना उस समय यूरोप की सर्वश्रेष्ठ सेना मानी जाती थी, और इटली से नीदरलैंड तक सैनिक पहुँचाने के लिए ‘स्पेनी मार्ग’ का उपयोग किया जाता था। नौसेना के क्षेत्र में भूमध्य सागर के लिए चप्पुओं से चलने वाले जहाज़ (गैली) बनाए गए, किंतु अटलांटिक में दूरस्थ साम्राज्य की रक्षा के लिए पर्याप्त तेज़ और भारी तोपों से सुसज्जित जहाज़ों की कमी रही। यह कमज़ोरी नीदरलैंड और इंग्लैंड के विरुद्ध संघर्ष में स्पेन के लिए एक बड़ी बाधा सिद्ध हुई, क्योंकि समुद्री मार्गों पर नियंत्रण न होने के कारण वह नीदरलैंड के विद्रोह को निर्णायक रूप से दबा नहीं सका।

स्पेन की आर्थिक समस्या

स्पेन की जर्जर अर्थव्यवस्था फिलिप के समक्ष सबसे जटिल समस्या थी। इसका मूल कारण विशेषाधिकारों पर आधारित आर्थिक व्यवस्था थी, जिसमें सामंतों, चर्च और भेड़-पालकों के संघ ‘मेस्ता’ को कर और व्यापार में विशेष सुविधाएँ प्राप्त थीं। यद्यपि अमेरिकी व्यापार और चाँदी के आयात पर स्पेन का एकाधिकार था, किंतु डच, फ्रांसीसी और अंग्रेज़ व्यापारियों की तस्करी और लुटेरे जहाज़ों (प्राइवेटियर) ने स्पेन की आर्थिक स्थिति को चरमरा दिया था। चाँदी की भारी आमद से मूल्य-वृद्धि (मुद्रास्फीति) हुई, जिससे स्पेनी वस्तुएँ महँगी होकर विदेशी वस्तुओं से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ गईं। फिलिप ने घरेलू उद्योग-धंधों और व्यापार पर पहले से लागू भारी कर ‘अल्काबाला’ (विक्रय कर) को और बढ़ाया तथा 1590 ई. में ‘मिलोनेस’ नामक नया कर लगाया, जिससे उद्योग और व्यापार पर बुरा असर पड़ा।

मूरों और यहूदियों जैसे व्यापार-कुशल समुदायों के दमन ने औद्योगिक विकास को और हानि पहुँचाई; यहूदियों को 1492 ई. में ही स्पेन से निष्कासित किया जा चुका था। दीर्घकालिक युद्धों ने इस स्थिति को और गंभीर बना दिया। फिलिप के शासनकाल में स्पेनी राजकोष ने 1557, 1560, 1575 और 1596 ई. में राजकीय दिवालियापन की घोषणा की। इस प्रकार फिलिप अपनी आर्थिक समस्याओं का समाधान करने में असफल रहा।

धार्मिक नीति

कट्टर कैथोलिक होने के नाते फिलिप ने प्रोटेस्टेंटों, मूरों (मोरिस्कों) और नए ईसाइयों (कॉन्वर्सो) के दमन की नीति अपनाई। उसने गैर-कैथोलिकों और संदिग्ध धर्मांतरितों के विरुद्ध ‘इन्क्विजिशन’ धार्मिक न्यायालयों का व्यापक उपयोग किया। मोरिस्कों पर अपनी भाषा, वेशभूषा और रीति-रिवाज छोड़ने का दबाव बढ़ाने के कारण 1568 ई. की क्रिसमस की पूर्व संध्या पर ग्रेनाडा के अल्पुजारास पर्वतीय क्षेत्र में विद्रोह भड़क उठा। मूरों ने दो वर्ष से अधिक समय तक पर्वतीय क्षेत्रों में स्पेनी सेना का कड़ा प्रतिरोध किया, किंतु 1571 ई. तक फिलिप के सौतेले भाई डॉन जुआन ने इस विद्रोह को कुचल दिया और मोरिस्कों को कैस्टील के अन्य भागों में बिखेर दिया गया। बाद में फिलिप तृतीय के शासनकाल में 1609–14 ई. के बीच उन्हें स्पेन से निष्कासित कर दिया गया। यद्यपि फिलिप मूरों का दमन करने में सफल रहा, किंतु इस नीति ने स्पेन के कृषि, व्यापार और वाणिज्य को भारी नुकसान पहुँचाया।

वह रोम के पोप के साथ तब तक सहयोग करता रहा, जब तक पोप ने उसके कार्यों का समर्थन किया। किंतु जब पोप ने विरोध किया, तो फिलिप ने पोप से भी संबंध तोड़ लिए। पोप के आदेश भी स्पेन में फिलिप की अनुमति के बिना लागू नहीं होते थे। फिर भी, वह कैथोलिक धर्म को यूरोप में सार्वभौमिक बनाने में असफल रहा और नीदरलैंड में उसे भयंकर विद्रोह का सामना करना पड़ा।

नीदरलैंड का विद्रोह (1566–1648 ई.)

मुख्य लेख : नीदरलैंड का विद्रोह

सोलहवीं शताब्दी में वर्तमान नीदरलैंड (हॉलैंड), बेल्जियम और लक्ज़मबर्ग के क्षेत्र को ‘निचली भूमि’ या नीदरलैंड कहा जाता था। यह क्षेत्र व्यापार और वाणिज्य की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध था और स्पेनी साम्राज्य की सबसे धनी इकाइयों में गिना जाता था। चार्ल्स पंचम का शासन नीदरलैंड में लोकप्रिय था, किंतु फिलिप द्वितीय की नीतियों ने वहाँ के निवासियों को विद्रोह के लिए प्रेरित किया, जो कालांतर में राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन बन गया। इसे ‘अस्सी वर्षीय युद्ध’ (1568–1648 ई.) के नाम से भी जाना जाता है।

विद्रोह के कारण

आर्थिक कारण

नीदरलैंड आर्थिक दृष्टि से समृद्ध था। युद्धों और प्रशासकीय व्यय के लिए धन की आवश्यकता होने पर फिलिप ने नीदरलैंड में स्टेट्स जनरल की सहमति के बिना कर बढ़ाने के प्रयास किए। चार्ल्स पंचम ने भी कर बढ़ाए थे, किंतु उसने स्थानीय संस्थाओं को विश्वास में लिया था और व्यापार को प्रोत्साहन दिया था। फिलिप के शासन में व्यापार-वाणिज्य पर कठोर नियंत्रण और भारी कर लगाए गए, जिससे नीदरलैंड के व्यापारी, कारीगर, किसान और स्थानीय कुलीन वर्ग सभी असंतुष्ट हो गए।

धार्मिक कारण

कट्टर कैथोलिक फिलिप पूरे साम्राज्य में कैथोलिक धर्म को एकमात्र धर्म बनाना चाहता था। नीदरलैंड में काल्विनवादी प्रोटेस्टेंटों का तेज़ी से विकास हो रहा था, जो उसके लिए असहनीय था। उसने कैथोलिक बिशपों की संख्या बढ़ाई और ‘इन्क्विजिशन’ धार्मिक अदालतें स्थापित कीं, जिन्होंने क्रूरता से कार्य किया। इस दमन से क्षुब्ध होकर नीदरलैंड की जनता सशस्त्र विद्रोह पर उतर आई।

राजनीतिक कारण

फिलिप की निरंकुश नीति ने विद्रोह को और भड़काया। उसने स्टेट्स जनरल और स्थानीय अधिकारों की अवहेलना की और स्पेनी अधिकारियों को नीदरलैंड में उच्च पदों पर नियुक्त किया। इन अधिकारियों ने नीदरलैंडवासियों की उपेक्षा की। स्पेनी सेना की उपस्थिति ने वहाँ के लोगों में असंतोष बढ़ाया, जिन्हें अपनी स्वतंत्रता और परंपरागत अधिकारों पर खतरा महसूस हुआ।

व्यक्तिगत कारण

स्पेन में जन्मे और पले-बढ़े फिलिप की नीदरलैंडवासियों के प्रति सहानुभूति अपने पिता चार्ल्स पंचम जैसी नहीं थी। 1559 ई. में नीदरलैंड छोड़ने के बाद वह कभी वहाँ नहीं लौटा। उसने स्पेन के हितों के लिए नीदरलैंड पर मनमाने कर लगाए और व्यापार पर प्रतिबंध थोप दिए। नीदरलैंडवासियों ने उसे विदेशी मानकर उसके विरुद्ध विद्रोह शुरू कर दिया।

विद्रोह की प्रमुख घटनाएँ

मार्गरेट ऑफ पार्मा और ग्रेनविल का विरोध

1559 ई. में फिलिप ने अपनी सौतेली बहन मार्गरेट ऑफ पार्मा को नीदरलैंड का प्रशासक (रीजेंट) नियुक्त किया, किंतु कार्डिनल ग्रेनविल को परिषद का प्रमुख सलाहकार बनाकर वास्तविक शक्तियाँ उसे दे दीं। ग्रेनविल की नियुक्ति का नीदरलैंडवासियों ने विरोध किया, जिसके कारण उसे 1564 ई. में वापस बुलाना पड़ा। अप्रैल 1566 ई. में कुलीनों ने मार्गरेट को धार्मिक दमन में ढील देने का प्रार्थना-पत्र (‘कॉम्प्रोमाइज़ ऑफ द नोबिलिटी’) दिया। एक दरबारी ने इन याचकों को तिरस्कारपूर्वक ‘भिखारी’ कहा, तो विरोधी वर्ग ने इसी शब्द को गर्व के साथ अपना लिया और 1566 ई. से स्वयं को ‘भिखारी’ (डच में ‘ख़ेउज़ेन’) कहना शुरू किया।

मूर्ति-भंजन और अल्वा का आगमन

जब फिलिप ने धार्मिक न्यायालयों को समाप्त करने का वादा पूरा नहीं किया, तो प्रोटेस्टेंट समर्थकों ने अगस्त 1566 ई. में कैथोलिक चर्चों पर हमले किए, मूर्तियाँ तोड़ीं और मठों को अपवित्र किया, जिसे ‘मूर्ति-भंजन’ (बेल्डनस्टॉर्म) कहा जाता है। इसके प्रत्युत्तर में फिलिप ने 1567 ई. में अल्वा के ड्यूक को प्रशासक बनाकर भेजा, जिसके साथ लगभग दस हज़ार स्पेनी सैनिक थे। अल्वा ने ‘अशांति परिषद’ (रक्त परिषद) स्थापित की, जिसने हज़ारों लोगों पर मुकदमे चलाए और हज़ार से अधिक विरोधियों को मृत्युदंड दिया; इनमें 1568 ई. में एग्मॉन्ट और हॉर्न जैसे प्रतिष्ठित कुलीन भी शामिल थे। उसने 1569 ई. में ‘दसवाँ पैसा’ जैसे भारी कर की घोषणा की, जो 1571–72 ई. में लागू किया गया; इससे नीदरलैंड में भयंकर विद्रोह भड़क उठा।

विलियम दि साइलेंट का उदय

विलियम ऑफ ऑरेंज (1533–1584 ई.), जिन्हें विलियम दि साइलेंट के नाम से जाना जाता है, ने विद्रोह को स्वतंत्रता आंदोलन में बदलने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह हॉलैंड, ज़ीलैंड और यूट्रेक्ट का स्टैडहोल्डर (गवर्नर) था। लूथरवादी परिवार में जन्मे और कैथोलिक वातावरण में पले विलियम ने 1573 ई. में काल्विनवाद अपना लिया। अल्वा के आने पर वह 1567 ई. में जर्मनी (अपने पैतृक क्षेत्र डिलेनबर्ग) चला गया। उसने 1568 ई. में अपने भाई लुइस ऑफ नासाउ के साथ आक्रमण किए, जो अंततः असफल रहे। अप्रैल 1572 ई. में ‘समुद्री भिखारियों’ (सी बेगर्स) नामक डच नाविकों ने ब्रिएल बंदरगाह पर कब्ज़ा कर लिया और स्पेनी जहाज़ों के लिए कठिनाइयाँ पैदा कीं। विद्रोहियों के निमंत्रण पर विलियम ने लौटकर नेतृत्व सँभाला। उसने फ्रांस के ह्यूगनोटों, जर्मन राजकुमारों और इंग्लैंड से सहायता प्राप्त की और हॉलैंड तथा ज़ीलैंड से अल्वा के नियंत्रण को समाप्त कर दिया। अल्वा ने 1572 ई. में दक्षिणी और पूर्वी कई नगरों (मेखलेन, नार्डन आदि) पर पुनः कब्ज़ा किया और क्रूर नरसंहार किए, किंतु हॉलैंड और ज़ीलैंड को वह नहीं जीत सका।

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
विलियम ऑफ ऑरेंज (विलियम दि साइलेंट)

रेक्वेसेंस, स्पेनी प्रकोप और गेंट की संधि

1573 ई. में फिलिप ने अल्वा के स्थान पर रेक्वेसेंस को प्रशासक बनाया। विलियम की सेना ने लीडेन की घेराबंदी (1573–74 ई.) में बाँध (डाइक) काटकर बाढ़ से स्पेनी सेना को खदेड़ दिया और रेक्वेसेंस के प्रयासों को विफल कर दिया; इसके बाद 1575 ई. में लीडेन विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। 1576 ई. में रेक्वेसेंस की मृत्यु हो गई। वेतन न मिलने के कारण स्पेनी सेना ने उत्तरी और दक्षिणी नगरों में लूटपाट और रक्तपात शुरू किया, जिसे ‘स्पेनी प्रकोप’ कहा गया है; नवंबर 1576 ई. में एंटवर्प में इसका सबसे भयानक रूप दिखा। इसके विरोध में उसी वर्ष नीदरलैंड के 17 में से अधिकांश प्रांतों ने ‘गेंट की शांति संधि’ की, जिसमें धार्मिक अदालतों के उन्मूलन और स्पेनी सेना की वापसी तक विरोध जारी रखने का निर्णय लिया गया। रेक्वेसेंस के बाद फिलिप ने अपने सौतेले भाई डॉन जुआन को प्रशासक बनाया, किंतु वह भी विलियम के विरुद्ध सफल नहीं हुआ। अक्तूबर 1578 ई. में डॉन जुआन की मृत्यु हो गई।

आरास की लीग और यूट्रेक्ट संघ

1578 ई. में पार्मा के ड्यूक अलेक्ज़ेंडर फार्नेस को प्रशासक बनाया गया। फार्नेस एक कुशल सेनानायक और कूटनीतिज्ञ था। उसने उत्तरी प्रोटेस्टेंटों और दक्षिणी कैथोलिकों के बीच संघर्ष का लाभ उठाकर जनवरी 1579 ई. में दक्षिणी नीदरलैंड में ‘आरास की लीग’ बनाई। इसके जवाब में उसी माह विलियम ने उत्तरी प्रांतों को एकजुट कर ‘यूट्रेक्ट संघ’ स्थापित किया, जिसमें आगे चलकर सात प्रांत सम्मिलित हो गए। इससे गेंट संधि समाप्त हो गई और नीदरलैंड दो भागों में बँट गया : दक्षिणी भाग ‘स्पेनी नीदरलैंड’ (बेल्जियम) और उत्तरी भाग ‘संयुक्त प्रांत’ या ‘हॉलैंड’ कहलाया।

स्वतंत्रता की घोषणा और विलियम की हत्या

1581 ई. में उत्तरी प्रांतों ने विलियम के नेतृत्व में फिलिप की प्रभुता का परित्याग कर स्वतंत्रता की घोषणा की (एक्ट ऑफ एबजूरेशन), जिसे लोक-संप्रभुता की आरंभिक घोषणाओं में गिना जाता है। फिलिप ने 1580 ई. में विलियम को अपराधी घोषित कर उसकी हत्या करने वाले को पुरस्कार देने की घोषणा की और 1584 ई. में बाल्थासार जेरार्ड नामक कैथोलिक हमलावर ने विलियम की हत्या कर दी। विलियम के पुत्र मॉरिस ऑफ नासाउ ने आंदोलन का नेतृत्व सँभाला और इंग्लैंड व फ्रांस की सहायता से संघर्ष को जारी रखा। 1585 ई. में इंग्लैंड और डच प्रांतों के बीच नॉनसच की संधि हुई।

संघर्ष का अंत और डच गणतंत्र की मान्यता

1598 ई. में फिलिप द्वितीय की मृत्यु के बाद भी यह संघर्ष फिलिप तृतीय के काल तक चलता रहा। 1609 ई. में बारह वर्षीय युद्धविराम हुआ, जो 1621 ई. में समाप्त हो गया और युद्ध फिर शुरू हुआ। अंततः 1648 ई. में तीस वर्षीय युद्ध की समाप्ति पर वेस्टफेलिया की संधि द्वारा डच गणतंत्र को मान्यता मिली। उत्तरी नीदरलैंड डच गणतंत्र और दक्षिणी नीदरलैंड स्पेनी नीदरलैंड कहलाया।

नीदरलैंड में स्पेन की विफलता के कारण

शोषण, धार्मिक दमन और राजनीतिक हस्तक्षेप

नीदरलैंड उस समय स्पेनी साम्राज्य का एक समृद्ध क्षेत्र था और वहाँ के व्यापार, उद्योग और कृषि से स्पेन को पर्याप्त राजस्व प्राप्त होता था। फिलिप द्वितीय ने अपने विशाल साम्राज्य की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नीदरलैंड पर भारी कर लगाए, जिससे कुलीन, व्यापारी, कारीगर और किसान सभी असंतुष्ट हुए। आर्थिक शोषण के साथ फिलिप ने कैथोलिक धर्म को मज़बूत करने और प्रोटेस्टेंट विचारों को दबाने की नीति अपनाई। काल्विनवादी और अन्य प्रोटेस्टेंट मत तेज़ी से लोकप्रिय हो रहे थे। फिलिप ने इसे कैथोलिक सत्ता के लिए चुनौती माना और धार्मिक न्यायालयों तथा दमनकारी कानूनों के माध्यम से प्रोटेस्टेंटों पर कार्रवाई की, जिससे जनता में असंतोष और भय दोनों बढ़े।

इन नीतियों का एक महत्त्वपूर्ण परिणाम यह हुआ कि नीदरलैंडवासियों को धीरे-धीरे लगा कि स्पेन का राजा उनकी स्थानीय परंपराओं, राजनीतिक अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान नहीं करता। फिलिप के नीदरलैंड में स्वयं उपस्थित न रहने और शासन में स्पेनी अधिकारियों का प्रभाव बढ़ने से उसे एक ऐसे शासक के रूप में देखा जाने लगा जो नीदरलैंड की स्थानीय परिस्थितियों को समझने के बजाय स्पेन के हितों को प्राथमिकता देता था। इस प्रकार आर्थिक शोषण, धार्मिक दमन और राजनीतिक हस्तक्षेप ने स्थानीय असंतोष को राष्ट्रीय स्वतंत्रता के आंदोलन में बदल दिया।

साम्राज्य की विशालता

फिलिप द्वितीय का साम्राज्य अत्यंत विशाल था। यूरोप के अतिरिक्त उसके अधिकार और प्रभाव अमेरिका तथा एशिया के विभिन्न क्षेत्रों तक फैले हुए थे। इतने विशाल साम्राज्य का प्रशासन करना अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी। फिलिप को अलग-अलग क्षेत्रों की राजनीतिक, आर्थिक और धार्मिक समस्याओं से एक साथ निपटना पड़ता था। नीदरलैंड और मैड्रिड के बीच संदेश पहुँचने में हफ़्तों लगते थे, जिससे निर्णय लेने में देरी होती थी।

इसके अलावा, स्पेन लगातार फ्रांस, इंग्लैंड और उस्मानी तुर्कों जैसी शक्तियों के साथ संघर्षों में उलझा हुआ था। इन युद्धों में बड़ी मात्रा में धन और सैनिक संसाधन खर्च होते थे; वेतन न मिलने से स्पेनी सैनिकों के विद्रोह (म्यूटिनी) भी बार-बार हुए। परिणामस्वरूप फिलिप नीदरलैंड में उत्पन्न विद्रोह पर अपनी पूरी शक्ति और ध्यान केंद्रित नहीं कर सका। यद्यपि उसने विद्रोह को कुचलने के लिए सेनाएँ भेजीं, लेकिन विशाल साम्राज्य की अन्य समस्याओं के कारण वह लंबे समय तक प्रभावी और निर्णायक कार्रवाई नहीं कर पाया।

डचों की नौसैनिक शक्ति और गुरिल्ला युद्ध

नीदरलैंडवासियों की सफलता का एक महत्त्वपूर्ण कारण उनकी नौसैनिक क्षमता थी। नीदरलैंड पहले से ही यूरोप के प्रमुख व्यापारिक और समुद्री क्षेत्रों में शामिल था। वहाँ के व्यापारी और नाविक समुद्री व्यापार में अत्यंत कुशल थे। विद्रोह के दौरान ‘समुद्री भिखारियों’ ने अपनी समुद्री शक्ति का प्रभावी ढंग से उपयोग किया और समुद्री संघर्षों में स्पेनी सेनाओं और आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव डाला।

डच विद्रोहियों ने पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ गुरिल्ला युद्ध प्रणाली का भी सहारा लिया। वे स्पेनी सेनाओं पर अचानक हमला करते, उनके संचार और आपूर्ति मार्गों को बाधित करते और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाते थे। नदियों, नहरों और बाँधों से घिरे भूगोल का भी उन्होंने रणनीतिक लाभ उठाया; आवश्यकता पड़ने पर बाँध काटकर इलाके को पानी में डुबो दिया जाता था, जैसा लीडेन की घेराबंदी में हुआ। इसके विपरीत, स्पेनी सेना के लिए इस प्रकार के युद्ध और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों से निपटना कठिन था। अनेक नगर किले-बंद थे, जिन्हें जीतने में लंबा समय और भारी खर्च लगता था।

विदेशी सहायता

नीदरलैंड के विद्रोह को केवल स्थानीय समर्थन ही नहीं मिला, बल्कि उसे समय-समय पर विदेशी शक्तियों से भी सहायता प्राप्त हुई। स्पेन की बढ़ती शक्ति से फ्रांस और इंग्लैंड दोनों चिंतित थे। इसलिए इन देशों ने अलग-अलग समय पर स्पेन के विरोधियों को आर्थिक, राजनीतिक अथवा सैन्य सहायता प्रदान की।

विशेष रूप से इंग्लैंड की सहायता महत्त्वपूर्ण थी। एलिज़ाबेथ प्रथम स्पेन की शक्ति को सीमित करना चाहती थी। 1585 ई. की नॉनसच की संधि के बाद उसने लीसेस्टर के अर्ल के नेतृत्व में सेना भेजी और डच विद्रोहियों को धन तथा सैनिक सहायता दी। फ्रांस के ह्यूगनोटों ने भी डचों की सहायता की। इसके अतिरिक्त जर्मन प्रोटेस्टेंट राजकुमारों से भी विभिन्न प्रकार का समर्थन प्राप्त हुआ। विदेशी सहायता के कारण डच विद्रोहियों को सैनिक संसाधन, धन और राजनीतिक समर्थन मिला तथा स्पेन के लिए विद्रोह को पूरी तरह दबाना और कठिन हो गया।

विलियम ऑफ ऑरेंज का नेतृत्व

डच स्वतंत्रता संघर्ष में विलियम ऑफ ऑरेंज की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण थी। उन्होंने विभिन्न प्रांतों और सामाजिक वर्गों को स्पेनी शासन के विरुद्ध संघर्ष के लिए संगठित करने का प्रयास किया। उनका नेतृत्व केवल सैन्य स्तर तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर भी आंदोलन को मज़बूत किया। विलियम ने धार्मिक मतभेदों से ऊपर उठकर व्यापक राजनीतिक एकता स्थापित करने का प्रयास किया और लोगों में यह भावना विकसित की कि संघर्ष केवल किसी एक धार्मिक समूह का नहीं, बल्कि स्थानीय स्वतंत्रता, राजनीतिक अधिकारों और विदेशी शासन के विरोध का संघर्ष है।

उनके नेतृत्व ने विद्रोहियों का मनोबल बनाए रखा। अनेक कठिनाइयों, सैन्य पराजयों और आर्थिक समस्याओं के बावजूद उन्होंने संघर्ष जारी रखा। इसी कारण विलियम ऑफ ऑरेंज को नीदरलैंड के स्वतंत्रता संघर्ष के प्रमुख नेताओं में गिना जाता है, और आज भी उन्हें ‘राष्ट्रपिता’ के रूप में स्मरण किया जाता है।

फिलिप द्वितीय की आर्थिक और धार्मिक नीति की सीमाएँ

फिलिप द्वितीय धार्मिक दृष्टि से अत्यंत कट्टर कैथोलिक शासक था। उसका उद्देश्य अपने साम्राज्य में कैथोलिक धर्म की स्थिति को मज़बूत करना और प्रोटेस्टेंट विचारों का विस्तार रोकना था। वह मोरिस्कों के विरुद्ध कार्रवाई करने में सफल रहा, लेकिन ऐसी नीतियों और धार्मिक संघर्षों का आर्थिक एवं सामाजिक प्रभाव भी पड़ा। स्पेन की अर्थव्यवस्था पहले से ही लंबे युद्धों और साम्राज्य के विशाल प्रशासनिक खर्चों से दबाव में थी। अमेरिका से प्राप्त विशाल मात्रा में चाँदी के बावजूद स्पेन की वित्तीय समस्याएँ समाप्त नहीं हुईं, और फिलिप को बार-बार राजकीय दिवालियापन की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

फिलिप की सबसे बड़ी कमज़ोरी यह थी कि उसने धार्मिक एकरूपता को राजनीतिक स्थिरता से अधिक महत्त्व दिया। यदि वह नीदरलैंड की स्थानीय राजनीतिक परंपराओं, धार्मिक विविधता और आर्थिक हितों के प्रति अधिक उदार नीति अपनाता, तो संभवतः विद्रोह को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता था। कठोर धार्मिक दमन और भारी आर्थिक दबाव ने इसके विपरीत विद्रोहियों को एकजुट कर दिया।

इस प्रकार नीदरलैंड का विद्रोह केवल धार्मिक विवाद का परिणाम नहीं था। इसके पीछे आर्थिक शोषण, धार्मिक दमन, राजनीतिक केंद्रीकरण, स्थानीय अधिकारों का हनन, डचों की नौसैनिक एवं गुरिल्ला क्षमता, विदेशी सहायता और विलियम ऑफ ऑरेंज का नेतृत्व जैसे अनेक कारण थे। फिलिप द्वितीय अपने विशाल साम्राज्य को धार्मिक और राजनीतिक रूप से एकीकृत इकाई बनाए रखना चाहता था, लेकिन उसकी कठोर नीतियों ने इसके विपरीत नीदरलैंड में एक मज़बूत स्वतंत्रता आंदोलन को जन्म दिया। अंततः यही संघर्ष आगे चलकर डच गणराज्य के उदय और स्पेनी प्रभुत्व के कमज़ोर होने का आधार बना।

फिलिप द्वितीय की विदेश नीति

आंतरिक समस्याओं के अतिरिक्त, फिलिप को विदेश नीति में भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वह स्पेन को यूरोप का प्रमुख राष्ट्र बनाना चाहता था, पुर्तगाल को अपने साम्राज्य में शामिल करना चाहता था, स्पेनी उपनिवेशों का विस्तार करना चाहता था, भूमध्य सागर में तुर्कों से साम्राज्य की रक्षा करना चाहता था और प्रोटेस्टेंट शक्तियों के विरुद्ध कैथोलिक धर्म की रक्षा करना चाहता था।

फ्रांस के साथ संबंध (काँतो-कैम्ब्रेसी की संधि, 1559 ई.)

फ्रांस और स्पेन के बीच चार्ल्स पंचम के समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता फिलिप और फ्रांस के शासक हेनरी द्वितीय की महत्त्वाकांक्षाओं से और बढ़ गई। अप्रैल 1559 ई. की काँतो-कैम्ब्रेसी की संधि में फ्रांस को इटली पर स्पेन के आधिपत्य को स्वीकार करना पड़ा, जबकि इंग्लैंड के हाथ से निकला कैले फ्रांस के अधिकार में रहा। उसी वर्ष हेनरी द्वितीय की मृत्यु हो गई और कुछ ही वर्षों बाद (1562 ई. से) फ्रांस में धार्मिक गृहयुद्ध शुरू हो गया। फिलिप ने कैथोलिकों का समर्थन किया, जबकि फ्रांसीसी प्रोटेस्टेंट (ह्यूगनोट्स) ने नीदरलैंड के विद्रोहियों की सहायता की। जब नावार के प्रोटेस्टेंट राजकुमार हेनरी (हेनरी चतुर्थ) के उत्तराधिकार का प्रश्न उठा, तो फिलिप ने उसका विरोध किया और कैथोलिक लीग को धन और सेना दी। किंतु हेनरी ने 1593 ई. में कैथोलिक धर्म अपनाकर और 1594 ई. में पेरिस में प्रवेश कर उसके प्रयासों को विफल कर दिया। 1598 ई. में फिलिप को हेनरी चतुर्थ के साथ वर्वें की संधि करनी पड़ी, जिसमें हेनरी को फ्रांस का शासक मान लिया गया और काँतो-कैम्ब्रेसी की संधि की पुष्टि हुई। इस प्रकार फिलिप की फ्रांस के प्रति नीति असफल रही। इतिहासकार हेज के अनुसार ‘स्पेन की असफल हस्तक्षेप नीति ने फ्रांसीसी स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और एकता को सुदृढ़ किया। आगामी शताब्दी में यूरोपीय राजनीति का केंद्र स्पेन नहीं, फ्रांस होने वाला था।’

तुर्की के साथ संबंध और लेपांटो का युद्ध (1571 ई.)

1566 ई. में उस्मानी सुल्तान सुलेमान महान की मृत्यु के बाद भी तुर्कों का हंगरी और भूमध्य सागर में आतंक बना रहा। 1570–71 ई. में उन्होंने वेनिस के अधिकार वाले साइप्रस पर कब्ज़ा कर लिया, जिससे इटली और सिसिली की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पोप पायस पंचम के नेतृत्व में वेनिस, जेनोआ और स्पेन आदि का ‘पवित्र संघ’ (होली लीग) बना। 7 अक्तूबर 1571 ई. को फिलिप के सौतेले भाई डॉन जुआन (ऑस्ट्रिया) ने लेपांटो की खाड़ी में तुर्की नौसेना को पराजित कर दिया। यह ईसाइयों की तुर्कों पर सबसे बड़ी नौसैनिक विजय थी, जिसने पश्चिमी भूमध्य सागर में तुर्की विस्तार की संभावना कम कर दी और ईसाई जगत का मनोबल बढ़ाया। यद्यपि तुर्कों ने अगले ही वर्ष अपना बेड़ा फिर तैयार कर लिया और साइप्रस वापस नहीं मिला, फिर भी इस विजय का प्रतीकात्मक महत्त्व बहुत बड़ा था। मिगेल दे सर्वांतेस, जिन्होंने बाद में ‘डॉन क्विक्ज़ोट’ लिखा, इसी युद्ध में घायल हुए थे।

पुर्तगाल के साथ संबंध और आइबेरियन संघ (1580 ई.)

1543 ई. में चार्ल्स पंचम ने फिलिप का विवाह पुर्तगाल की राजकुमारी मारिया मैनुएला से किया था। फिलिप की माता इसाबेला भी पुर्तगाल के राजा मैनुअल प्रथम की पुत्री थीं। 1578 ई. में पुर्तगाल के राजा सेबास्टियन के अलकाज़र-किबीर (मोरक्को) के युद्ध में मारे जाने और 1580 ई. में कार्डिनल हेनरी की मृत्यु के बाद फिलिप ने इसी वंशानुगत दावे के आधार पर अल्वा के ड्यूक के नेतृत्व में स्पेनी सेना भेजकर पुर्तगाल पर अधिकार कर लिया। 1581 ई. में तोमार की कोर्टेस ने उसे ‘फिलिप प्रथम’ के रूप में पुर्तगाल का राजा स्वीकार किया। इससे पुर्तगाल के विशाल समुद्री उपनिवेश, जैसे ब्राज़ील, अफ्रीकी तट, गोवा सहित भारत और मलक्का भी स्पेनी सम्राट के अधीन आ गए। किंतु उसका शासन पुर्तगालियों को संतुष्ट नहीं कर सका और स्वतंत्रता आंदोलन के बीज पड़ गए। 1640 ई. में ब्रागांसा वंश के जॉन चतुर्थ के नेतृत्व में पुर्तगाल ने स्वयं को स्पेन से मुक्त कर लिया।

इंग्लैंड के साथ संबंध और स्पेनी आर्माडा की पराजय (1588 ई.)

मेरी ट्यूडर से विवाह के कारण 1554–1558 ई. तक स्पेन और इंग्लैंड के संबंध मधुर रहे। किंतु 1558 ई. में मेरी की मृत्यु के बाद एलिज़ाबेथ प्रथम के राज्यारोहण से संबंधों में कटुता आई। फिलिप इंग्लैंड की नीतियों को अपने नियंत्रण में चाहता था और प्रोटेस्टेंटों का दमन करना चाहता था, जबकि एलिज़ाबेथ ने प्रोटेस्टेंट धर्म को अपनाकर इंग्लैंड की राजनीति में परिवर्तन किया। इंग्लैंड द्वारा नीदरलैंड के विद्रोहियों की सहायता, फ्रांसिस ड्रेक जैसे अंग्रेज़ समुद्री योद्धाओं द्वारा स्पेनी जहाज़ों और उपनिवेशों की लूट तथा 1587 ई. में स्कॉटलैंड की कैथोलिक रानी मेरी स्टुअर्ट को फाँसी दिए जाने ने फिलिप को आक्रमण के लिए प्रेरित किया। 1587 ई. में ड्रेक ने कैडिज़ बंदरगाह पर हमला कर स्पेनी जहाज़ों को नष्ट कर दिया था।

स्पेन का उत्थान (The Rise of Spain)
स्पेनी आर्माडा की पराजय (1588 ई.)

फिलिप ने इंग्लैंड को सबक सिखाने के लिए एक विशाल स्पेनी ‘आर्माडा’ तैयार किया, जिसमें लगभग 130 जहाज़, 8,000 नाविक और 18,000–19,000 सैनिक शामिल थे। मेदीना सिदोनिया के ड्यूक के नेतृत्व में 1588 ई. में यह आर्माडा इंग्लैंड पर आक्रमण के लिए भेजा गया। उसकी योजना नीदरलैंड में फार्नेस की सेना को जहाज़ों पर चढ़ाकर इंग्लैंड पहुँचाने की थी। उसे उम्मीद थी कि इंग्लैंड के कैथोलिक उसका साथ देंगे, किंतु इंग्लैंडवासियों ने राष्ट्रीय एकता दिखाई। अंग्रेज़ नौसेना ने अग्निपोतों और अधिक दूर तक मार करने वाली तोपों का प्रयोग कर ग्रेवलाइन्स के निकट आर्माडा की व्यूहरचना तोड़ दी। लौटते समय स्कॉटलैंड और आयरलैंड के तूफ़ानी तटों पर बड़ी संख्या में स्पेनी जहाज़ नष्ट हो गए। बाद में, 1596 ई. में अंग्रेज़ों ने कैडिज़ को लूटा। आर्माडा की पराजय ने स्पेन की नौसैनिक कमज़ोरी को उजागर कर दिया। हेज के शब्दों में ‘आर्माडा की पराजय ने नौसेना और व्यापारिक क्षेत्र में इंग्लैंड की सर्वशक्तिमान प्रभुता को स्थापित किया।’ यद्यपि आधुनिक इतिहासकार मानते हैं कि स्पेन ने शीघ्र ही अपना बेड़ा फिर बना लिया और अगले वर्षों में अंग्रेज़ों का 1589 ई. का प्रत्याक्रमण विफल रहा, फिर भी इस घटना का मनोवैज्ञानिक प्रभाव बहुत गहरा था और इंग्लैंड के उत्थान की नींव मज़बूत हुई।

फिलिप द्वितीय का मूल्यांकन

फिलिप द्वितीय के बारे में इतिहासकारों में मतभेद हैं। अंग्रेज़ और डच इतिहासकार (ब्लैक लीजेंड की परंपरा) उसे असहिष्णु और निरंकुश मानते हैं, जबकि स्पेनी देशभक्त उसे राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत महान शासक बताते हैं। वास्तव में, फिलिप कट्टर कैथोलिक था और उसका प्रमुख उद्देश्य कैथोलिक धर्म को यूरोप का सार्वभौम धर्म बनाना था। उसकी राजनीति धर्म से प्रभावित रही, जो उसकी असफलता का कारण बनी। नीदरलैंड की ‘इन्क्विजिशन’ अदालतों की क्रूरता मानवता के लिए अभिशाप थी।

फिलिप स्वभाव से ज़िद्दी, अविश्वासी और संदेही था। उसने साम्राज्य की सभी समस्याओं को स्वयं सुलझाने का प्रयास किया, किंतु कूटनीति में वह कमज़ोर था। फिर भी, वह सिद्धांतवादी, आदर्शवादी, अदम्य इच्छाशक्ति और अपूर्व क्षमता वाला शासक था। वह प्रातःकाल से मध्यरात्रि तक राजकीय कार्यों में व्यस्त रहता था। वह मृदुभाषी और अल्पभाषी था और स्पेन के प्रति उसकी अगाध भक्ति थी। वह स्पेन को विश्व का सर्वशक्तिमान राष्ट्र बनाना चाहता था। यद्यपि वह अपने उद्देश्य में पूर्णतः सफल नहीं हुआ, किंतु स्पेनी जनता ने उसकी देशभक्ति की प्रशंसा की। उसके समय में स्पेन ने तेर्सियो सेना, लेपांटो की विजय, पुर्तगाल के संघ और विशाल औपनिवेशिक साम्राज्य के कारण अपनी शक्ति का चरम देखा और उसी काल में स्पेनी साहित्य और कला का ‘स्वर्ण युग’ (सिग्लो दे ओरो) भी चल रहा था, जिसमें सर्वांतेस, लोपे दे वेगा और एल ग्रेको जैसे प्रतिभाशाली लोग हुए। इसीलिए सोलहवीं शताब्दी का उत्तरार्ध स्पेनी इतिहास में ‘फिलिप द्वितीय का युग’ के नाम से जाना जाता है।

स्पेन के पतन के कारण

फिलिप द्वितीय की मृत्यु (13 सितंबर 1598 ई.) तक स्पेन की शक्ति के भीतर ही उसके पतन के बीज पड़ चुके थे। लगातार युद्धों के कारण बार-बार राजकोषीय दिवालियापन, अमेरिका की चाँदी पर अत्यधिक निर्भरता, मूल्य-वृद्धि, कृषि और उद्योग की उपेक्षा, मोरिस्कों और यहूदियों जैसे उद्यमी वर्गों के निष्कासन से हुई हानि, कैस्टील पर करों का असमान बोझ, नीदरलैंड के निरंतर युद्ध और अंग्रेज़-डच समुद्री प्रतिस्पर्धा ने स्पेन को भीतर से कमज़ोर कर दिया। सत्रहवीं शताब्दी में फिलिप तृतीय, फिलिप चतुर्थ और चार्ल्स द्वितीय के काल में यह गिरावट स्पष्ट हो गई; 1640 ई. में पुर्तगाल अलग हो गया, 1648 ई. में डच गणतंत्र को मान्यता मिली और 1659 ई. की पिरेनीज़ की संधि के बाद यूरोपीय राजनीति का केंद्र स्पेन से हटकर फ्रांस की ओर चला गया।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

स्पेन के उत्थान से क्या तात्पर्य है?

पंद्रहवीं और सोलहवीं शताब्दी में स्पेन एक प्रमुख यूरोपीय शक्ति के रूप में उभरा। कैस्टील और आरागॉन के एकीकरण, रिकोंक्विस्टा की समाप्ति, अमेरिका में स्पेनी उपनिवेशों की स्थापना तथा विशाल हैब्सबर्ग साम्राज्य के निर्माण ने स्पेन को यूरोप की प्रमुख शक्ति बना दिया।

स्पेन के राजनीतिक एकीकरण में फर्डिनेंड और इसाबेला की क्या भूमिका थी?

फर्डिनेंड द्वितीय और इसाबेला प्रथम के विवाह (1469 ई.) ने कैस्टील और आरागॉन के राजवंशों को एक साथ लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शासनकाल में केंद्रीय राजसत्ता मज़बूत हुई और 1492 ई. में ग्रेनाडा पर विजय के साथ स्पेन में मुस्लिम शासन का अंत हुआ।

स्पेन के उत्थान में 1492 ई. का क्या महत्त्व था?

1492 ई. स्पेन के इतिहास में निर्णायक वर्ष था। इसी वर्ष ग्रेनाडा पर विजय के साथ रिकोंक्विस्टा समाप्त हुई और क्रिस्टोफर कोलंबस की अमेरिका यात्रा को स्पेनी राजसत्ता का समर्थन मिला। इससे स्पेन के राजनीतिक और आर्थिक विस्तार का नया युग शुरू हुआ।

अमेरिका की खोज ने स्पेन के उत्थान में कैसे योगदान दिया?

अमेरिका में स्पेन के विशाल उपनिवेश स्थापित हुए और वहाँ से सोना, चाँदी तथा अन्य संसाधन यूरोप पहुँचे। इससे स्पेन की आर्थिक और साम्राज्यवादी शक्ति बढ़ी तथा वह सोलहवीं शताब्दी में यूरोप की सबसे प्रभावशाली शक्तियों में शामिल हो गया।

चार्ल्स पंचम और फिलिप द्वितीय ने स्पेन की शक्ति को कैसे बढ़ाया?

चार्ल्स पंचम के शासन में स्पेन विशाल हैब्सबर्ग साम्राज्य का केंद्र बना और अमेरिका में मैक्सिको तथा पेरू की विजय हुई। उसके उत्तराधिकारी फिलिप द्वितीय के समय स्पेन ने अपनी साम्राज्यवादी शक्ति को और विस्तृत किया। 1580 ई. में पुर्तगाल के स्पेनी राजसत्ता के अधीन आने से स्पेन की समुद्री एवं औपनिवेशिक शक्ति और बढ़ गई।

नीदरलैंड का विद्रोह क्यों हुआ और उसका क्या परिणाम निकला?

फिलिप द्वितीय की भारी करारोपण, धार्मिक दमन (इन्क्विजिशन) और स्पेनी अधिकारियों के प्रभुत्व की नीतियों के विरुद्ध नीदरलैंड में विद्रोह हुआ। विलियम ऑफ ऑरेंज के नेतृत्व में उत्तरी प्रांतों ने 1581 ई. में स्वतंत्रता की घोषणा की और 1648 ई. में वेस्टफेलिया की संधि द्वारा डच गणतंत्र को मान्यता मिली।

स्पेन के उत्थान के प्रमुख परिणाम क्या थे?

स्पेन के उत्थान से सोलहवीं शताब्दी में वह यूरोप की प्रमुख सैन्य, राजनीतिक और औपनिवेशिक शक्ति बन गया। अमेरिका और एशिया में उसके विशाल उपनिवेश स्थापित हुए तथा यूरोपीय राजनीति में उसका प्रभाव बढ़ा। हालाँकि, लगातार युद्धों, अत्यधिक सैन्य व्यय और आर्थिक समस्याओं के कारण सत्रहवीं शताब्दी में स्पेन की शक्ति धीरे-धीरे कमज़ोर होने लगी।
error: Content is protected !!
Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks