मेटरनिख (1815-1848 ई.)
उन्नीसवीं शताब्दी के पूर्वार्ध में यूरोपीय इतिहास के प्रतिक्रियावादी युग का मुख्य नायक आस्ट्रिया का प्रधानमंत्री मेटरनिख था। मेटरनिख के नेतृत्व में आस्ट्रिया यूरोप का शक्तिशाली और प्रभावशाली राज्य बन गया था। 1815 ई. से 1848 ई. तक 33 वर्षों की अवधि में केवल आस्ट्रिया और जर्मनी की राजनीति में ही नहीं, वरन समस्त यूरोप के राजनीतिक घटनाक्रम को मेटरनिख ने अपनी प्रतिक्रियावादी नीतियों और अनुदार कार्यों से प्रभावित किया, इसलिए इस अवधि को ‘मेटरनिख युग’ कहा जाता है। वास्तव में, ‘उन्नीसवीं सदी में जितने भी राजनीतिज्ञ हुए, उनमें मेटरनिख सर्वाधिक प्रसिद्ध और प्रभावशाली था।’

मेटरनिख का आरंभिक जीवन
मेटरनिख का पूरा नाम काउंट क्लीमेंस वॉन मेटरनिख था। उसका जन्म आस्ट्रिया के कोब्लेंज नगर में एक उच्च कुलीन सामंत परिवार में 15 मई 1773 ई. को हुआ था। मेटरनिख के पिता आस्ट्रिया में राजनयिक सेवा में एक उच्च पद पर थे। पश्चिमी जर्मनी में राइन नदी के किनारे उनकी एक विशाल जागीर थी। जर्मनी की पुनर्व्यवस्था के समय नेपोलियन ने इस जागीर को जब्त कर लिया था। 1788 ई. में मेटरनिख ने फ्रांस के स्ट्रासबवनतह विश्वविद्यालय में कूटनीति का अध्ययन करने के लिए प्रवेश लिया। 1790 ई. में फ्रांसीसी क्रांति से बचने के लिए वह जर्मनी के मैनज विश्वविद्यालय चला गया।
आस्ट्रिया का चांसलर मेटरनिख
प्रारंभ से ही मेटरनिख कई कारणों से क्रांति और नेपोलियन का व्यक्तिगत शत्रु बन गया था। 1789 ई. में फ्रांसीसी क्रांति के समय मेटरनिख स्ट्रासबर्ग विश्वविद्यालय में पढ़ रहा था। फ्रांस से भागे हुए कुलीनों से फ्रांसीसी क्रांति की हिंसा, आतंक के शासन की बर्बर हत्याओं और अत्याचारों, क्रांतिकारी सिद्धांतों के प्रसार और नेपोलियन के साम्राज्यवादी आक्रमणों की कहानियाँ सुनकर मेटरनिख क्रांति का घोर विरोधी बन गया था। फ्रांसीसी सेनाओं के आक्रमण के कारण मेटरनिख को अपने पिता की जागीर से पलायन करना पड़ा था। नेपोलियन ने जब उसकी पैतृक जागीर पर कब्जा कर लिया, तो वह क्रांति और नेपोलियन दोनों का शत्रु बन गया।
एक उच्च पदाधिकारी का पुत्र होने के कारण आस्ट्रिया के राजदरबार से मेटरनिख का गहरा संबंध था। युवा मेटरनिख ने 1795 ई. में आस्ट्रिया के तत्कालीन चांसलर कौनिट्ज की पौत्री से विवाह किया, जिससे न केवल मेटरनिख की प्रतिष्ठा बढ़ी, बल्कि शासक वर्ग तक उसकी पहुँच भी हो गई। मेटरनिख की योग्यता से प्रभावित होकर आस्ट्रिया के सम्राट फ्रांसिस प्रथम ने उसे उच्च पदों पर नियुक्त किया।
मेटरनिख के राजनीतिक जीवन की शुरुआत
मेटरनिख के राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1801 ई. में सैक्सोनी में नियुक्ति के साथ हुई। 1801 ई. से 1806 ई. की अवधि में मेटरनिख यूरोप के अनेक देशों- बर्लिन, सेंट पीटर्सबर्ग और पेरिस में आस्ट्रिया का राजदूत रहा। 1809 ई. में मेटरनिख को विदेशी मामलों का मंत्री बनाया गया। इन अवसरों का उसने पूरा लाभ उठाया और धीरे-धीरे वह यूरोप का एक प्रभावशाली कूटनीतिज्ञ बन गया। इसी बीच उसे नेपोलियन के साथ रहने का अवसर मिला और वह उसके चरित्र का गहराई से अध्ययन कर सका। उसने तालिरां से भी घनिष्ठ संपर्क स्थापित कर लिया था।
मेटरनिख की योग्यता और दक्षता से प्रभावित होकर 1809 ई. में फ्रांसिस प्रथम ने उसे आस्ट्रिया का चांसलर (प्रधानमंत्री) नियुक्त किया। मेटरनिख ने नेपोलियन प्रथम की शादी सम्राट फ्रांसिस प्रथम की पुत्री मारी लुईस से करवाई, जिससे नेपोलियन की विस्तारवादी विजयों से कुछ राहत मिली। मेटरनिख आस्ट्रिया के प्रधानमंत्री पद पर 1809 ई. से 1848 ई. तक अर्थात् 39 वर्षों तक बना रहा। इस पद पर रहकर वह आस्ट्रिया की नीति का सूत्रधार बना।
मेटरनिख ने फ्रांस और नेपोलियन के खिलाफ युद्ध लड़ने और नेपोलियन की शक्ति और सत्ता को कमजोर करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। नेपोलियन के पतन के बाद आयोजित वियना कांग्रेस का वह कर्णधार था और उसके सुझावों, प्रस्तावों और प्रतिक्रियावादी नीति के अनुरूप ही वियना में समझौते हुए। वियना समझौते को लागू करने और यूरोप में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेटरनिख ने संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था की स्थापना की।
मेटरनिख आत्मविश्वास से ओत-प्रोत रहता था और खुद को समूचे यूरोप का भाग्य-विधाता समझता था। वह प्रायः कहता था कि उसका जन्म पतनोन्मुख यूरोपीय समाज के पुनरुद्धार के लिए हुआ है और समस्त संसार का भार उसके कंधों पर है। उसे यह अहंकार था कि उसने नियम के खिलाफ कभी कोई आचरण नहीं किया और न ही जीवन में कोई भूल की।
यद्यपि मेटरनिख मनुष्य का अच्छा पारखी था, परंतु परिस्थितियों को परखने में वह असफल रहा। वह यह समझ नहीं सका कि 1815 ई. का यूरोप 1789 ई. के पहले का यूरोप नहीं है। वह फ्रांस की राज्यक्रांति द्वारा प्रसारित नवीन भावनाओं के महत्त्वव और प्रभाव को नहीं समझ सका और उन्हें तुच्छ समझकर जीवन भर उन्हें नष्ट करने के असफल प्रयास में लगा रहा।
मेटरनिख की राजनीतिक विचारधारा
मेटरनिख की राजनीतिक विचारधारा मानवीय स्वभाव और आधुनिक विचारधाराओं के विपरीत थी। वह परंपरावादी और पुरातन व्यवस्था का समर्थक था। उसे क्रांति और क्रांतिजनित विचारों से सख्त नफरत थी। उसका मानना था कि एक देश या अन्य देशों में होने वाली घटनाएँ या कार्य पड़ोसी देशों को भी प्रभावित करते हैं। वह कहा करता था कि क्रांति एक रोग है। क्रांति के सिद्धांत, राष्ट्रवाद और उदारवाद आस्ट्रिया के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य देशों के लिए भी खतरनाक हैं और उन्हें रोका जाना चाहिए। उसकी धारणा थी कि प्रजातंत्र व्यवस्था रोशनी छोड़कर अंधेरे की ओर ले जाती है। इसलिए केवल आस्ट्रिया में ही नहीं, अपितु किसी भी देश में प्रगतिशील विचारों और प्रजातांत्रिक प्रणालियों का विकास नहीं होना चाहिए।
मेटरनिख का स्पष्ट मानना था कि प्रजातंत्र के ज्वालामुखी की अग्नि को प्रतिक्रियावादी नीतियों और निरंकुश राज्य की स्थापना से ही शांत किया जा सकता है। सौभाग्य से मेटरनिख का सम्राट भी उसी की समान विचारधारा वाला था। आस्ट्रियाई सम्राट फ्रांसिस का भी कहना था कि ‘शासन करो, किंतु कोई परिवर्तन न करो।’ इस प्रकार मेटरनिख यूरोप में यथास्थिति को बनाए रखने के लिए निरंकुश शासन का अंधभक्त बना रहा और निरंतर उदारवाद तथा राष्ट्रीयता की भावना को कुचलने का प्रयास करता रहा।
आस्ट्रियन साम्राज्य का स्वरूप
मध्यकाल में आस्ट्रियन साम्राज्य हैब्सबर्ग वंश के अधीन था। नेपोलियन के पतन के बाद वियना कांग्रेस के निर्णयों के फलस्वरूप आस्ट्रिया का साम्राज्य यूरोप भर में सबसे अधिक विशाल और महत्त्ववपूर्ण हो गया था। आस्ट्रिया को यह महत्त्व दिलाने का श्रेय मेटरनिख को ही था। यह साम्राज्य आस्ट्रिया और हंगरी दो राज्यों से मिलकर बना था। आस्ट्रिया के विशाल साम्राज्य में कम-से-कम बारह जातियाँ- जर्मन, मग्यार, चेक, स्लोवाक, पोल, रूथेनियन, क्रोट, सर्ब, स्लोवेन, इटालियन, रोमानियन और यहूदी निवास करती थीं, जिनके धर्म, संस्कृति और भाषा भी अलग-अलग थे। यही कारण है कि आस्ट्रिया को ‘जातियों का अजायबघर’ कहा जाता था।
साम्राज्य के पश्चिमी भाग, जो आस्ट्रिया कहलाता था और जिसकी राजधानी वियना थी, में मुख्यतः जर्मन जाति के लोग निवास करते थे। जर्मन भाषा ही संपूर्ण साम्राज्य की राजभाषा थी और साम्राज्य में भिन्न-भिन्न जातियों के बसे लोगों को बाध्य होकर जर्मन भाषा का ही प्रयोग करना पड़ता था।
आस्ट्रिया ही यूरोप का ऐसा देश था, जहाँ 1789 ई. की फ्रांसीसी क्रांति का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा था, लेकिन साम्राज्य की विभिन्न जातियों में स्वतंत्रता की भावनाएँ हिलोरें मारने लगी थीं। हैब्सबर्ग साम्राज्य की शासन-प्रणाली अभी भी मध्यकालीन राजनीतिक और सामाजिक मान्यताओं पर आधारित थी। सामंतवाद के इस प्रबल गढ़ में विशेषाधिकारयुक्त कुलीनों और पादरियों का वर्चस्व था। शासन पूरी तरह निरंकुश था और सम्राट के अधिकारों पर किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं था। वह राज्य की सभी शक्तियों का स्रोत था, और उसकी इच्छा ही कानून थी। सर्वसाधारण को किसी प्रकार की स्वतंत्रता नहीं थी; वे राज्य के कार्य में हिस्सा नहीं ले सकते थे और उच्च पदों पर केवल सामंतों की ही नियुक्ति होती थी।
आस्ट्रियन साम्राज्य का आर्थिक आधार कृषि था। इसलिए मध्यम वर्ग के लोगों का प्रादुर्भाव नहीं हुआ। फ्रांस में जब क्रांति प्रारंभ हुई, तो उसके सिद्धांतों को आस्ट्रिया में फैलने से रोकने के लिए तरह-तरह के उपाय किए गए। उदारवादी विचारों के प्रचार को रोकने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों पर कड़ा नियंत्रण रखा गया। पूरे साम्राज्य में गुप्तचरों और पुलिस का जाल बिछा दिया गया, और सीमाओं पर भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे किसी भी उदारवादी विचार साम्राज्य के भीतर प्रवेश न कर सकें।
मेटरनिख की पद्धति
मेटरनिख आस्ट्रियन साम्राज्य की सुरक्षा को अपना पवित्र कर्तव्य समझता था। चूंकि आस्ट्रिया का साम्राज्य अनेक जातियों का जमघट था, इसलिए आस्ट्रिया को क्रांति, उदारवाद, प्रजातंत्र और राष्ट्रीयता के आसन्न खतरों से बचाने के लिए मेटरनिख ने जिन प्रतिक्रियावादी और रूढ़िवादी नीतियों को अपनाया, उसी को ‘मेटरनिख पद्धति’ कहा जाता है।
मेटरनिख पद्धति के अंतर्गत मेटरनिख ने विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, भाषणों, समाचार-पत्रों और जलसों-जुलूसों पर कठोर सरकारी नियंत्रण स्थापित किया। उसने स्वेच्छाचारी निरंकुश राजतंत्रों को बनाए रखने के लिए अनेक वैध-अवैध उपायों का सहारा लिया। प्रजातांत्रिक आंदोलनों को कुचलने के लिए मेटरनिख ने निरंकुश राजाओं को संगठित किया। जिन देशों में विद्रोह, क्रांति और प्रजातांत्रिक आंदोलन हो रहे थे, उनमें सैनिक हस्तक्षेप कर उन्हें बड़ी बेरहमी से कुचल दिया।
मेटरनिख की आंतरिक नीति
उदारवादी विचारों का दमन
मेटरनिख ने जीवन भर क्रांतिकारी सिद्धांतों, प्रगतिशील विचारों और राष्ट्रीयता की भावनाओं को कठोरता से कुचलने में लगा रहा। वह जानता था कि आस्ट्रिया साम्राज्य की रक्षा तभी की जा सकती है, जब वहाँ उदारवादी विचारों को फैलने से रोका जाए। मेटरनिख ने गुप्तचरों को आदेश दिया कि वे नवीनता और परिवर्तन के इच्छुक लोगों का पता लगाएँ और उन्हें कठोर दंड दें। उसने जनता की भावनाओं को दबाने के लिए प्रेस और भाषणों पर प्रतिबंध लगा दिया। विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीयता पर चर्चा करने पर भी कठोर दंड दिया जाता था। छात्रों को पढ़ने के लिए दी जाने वाली पुस्तकों की पूरी छानबीन की जाती थी। आस्ट्रिया में बाहर से आने वाले साहित्य पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस प्रकार मेटरनिख ने प्रचार के सभी साधनों पर प्रतिबंध लगाकर आस्ट्रिया में नवीन विचारों को आने से रोकने का पूरा प्रबंध किया।
यथास्थिति को बनाए रखना
आस्ट्रिया की सामाजिक व्यवस्था सामंतवादी थी। सामंत बड़े-बड़े भू-खंडों के स्वामी थे, जिन्हें अपनी जागीर में कर लगाने, न्याय करने और बेगार लेने का अधिकार था। इसके विपरीत किसानों और आम जनता की स्थिति अत्यंत खराब थी। दिन-रात मेहनत करके उगाई गई किसानों की फसल का अधिकांश हिस्सा सामंतों के पास चला जाता था। औद्योगिक क्रांति के कारण मजदूर भी बेरोजगार हो गए थे और मेटरनिख ने मजदूरों की दशा को सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया।
मेटरनिख की कर-व्यवस्था भी अत्यंत दोषपूर्ण थी। अधिकांश करों का बोझ साधारण जनता पर था। मेटरनिख ने सीमा-शुल्क को भी बढ़ा दिया, जिससे व्यापार-वाणिज्य के विकास में बाधा पहुँची।
मेटरनिख की गृह नीति के दोष
मेटरनिख की गृह नीति के कारण आस्ट्रिया की जनता में व्यापक असंतोष व्याप्त था। उसकी नीतियों के कारण उद्योग, कृषि और व्यापार पर बुरा असर पड़ा। मेटरनिख के तमाम प्रतिबंधों के बावजूद विदेशों से क्रांतिकारी साहित्य आस्ट्रिया में आता रहा और जनता को विद्रोह के लिए प्रेरित करता रहा। मेटरनिख ने अपनी संपूर्ण शक्ति प्रजातंत्र के दमन में लगा दी, इसलिए आस्ट्रिया का राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक विकास रुक-सा गया।
मेटरनिख की विदेश नीति
मेटरनिख की विदेश नीति का मुख्य उद्देश्य यूरोप में शांति स्थापित करना और आस्ट्रिया के प्रभुत्व को कायम रखना था। मेटरनिख ने नेपोलियन को पराजित करने में विशेष भूमिका निभाई थी, इसलिए पूरे यूरोप की राजनीति पर उसका प्रभाव था। वह 1815 ई. से 1848 ई. तक यूरोप की राजनीति को अपने इशारों पर नचाता रहा। मेटरनिख को विश्वास था कि आस्ट्रिया ही यूरोप की रक्षा कर सकता है, किंतु इसके लिए उसे यूरोप के अन्य राष्ट्रों के सहयोग की आवश्यकता थी। अपनी विदेश नीति के अंतर्गत मेटरनिख ने निम्नलिखित कार्य किए-
नेपोलियन की पराजय में भूमिका
मेटरनिख ने फ्रांस और नेपोलियन के खिलाफ युद्ध लड़ने और नेपोलियन की शक्ति और सत्ता को कमजोर करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उसने मित्र राष्ट्रों की संयुक्त सेनाओं के साथ नेपोलियन का सामना किया और नेपोलियन के खिलाफ युद्धों में भाग लेकर उसे पराजित करने में प्रमुख भूमिका निभाई।
वियना कांग्रेस का सूत्रधार
नेपोलियन के पतन के बाद आयोजित वियना कांग्रेस का सूत्रधार मेटरनिख ही था। मेटरनिख वियना कांग्रेस द्वारा स्थापित व्यवस्था को कायम रखना और उसके द्वारा यूरोप में शांति बनाए रखना अपना कर्तव्य समझता था। वियना कांग्रेस के प्रायः सभी प्रमुख निर्णय मेटरनिख के सुझावों, प्रस्तावों और उसकी राजनीति के अनुरूप लिए गए थे। मेटरनिख की शह पर ही वियना के समझौते में विभिन्न देशों की सीमाओं में परिवर्तन किया गया और कई पुराने राजवंशों को पुनः स्थापित किया गया।
संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था
वियना समझौते को लागू करने और यूरोप में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेटरनिख ने संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था की स्थापना की थी। वह नवीन क्रांतिकारी उदार विचारों, राष्ट्रीयता और प्रजातांत्रिक प्रणाली को एक भयानक रोग मानता था। मेटरनिख की संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था के सदस्य इंग्लैंड, आस्ट्रिया, प्रशिया और रूस थे, जिसे ‘चतुर्मुखी संघ’ कहा जाता है। बाद में चतुर्मुखी संघ में फ्रांस भी शामिल हो गया, जिसके कारण इसे ‘पंचमुखी संघ’ कहा जाने लगा। मेटरनिख ने आस्ट्रिया में ही नहीं, पूरे यूरोप में प्रगतिशील विचारों के प्रसार और राष्ट्रवादी भावनाओं का दमन करने के लिए यूरोपीय व्यवस्था की आड़ में सैनिक हस्तक्षेप किया। इटली और स्पेन के विद्रोह को दबाने में संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था से ही मदद ली गई थी।
यह संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था 1815 से 1825 ई. तक कार्यरत रही और बाद में पारस्परिक मतभेदों के कारण समाप्त हो गई। संयुक्त यूरोपीय व्यवस्था के कारण अगले 40 वर्षों तक यूरोप में शांति बनी रही।
मेटरनिख और जर्मनी
नेपोलियन के समय से ही जर्मनी में राष्ट्रवादी भावनाओं का उभार होने लगा था। मेटरनिख जर्मनी में राष्ट्रवादी भावनाओं को खतरनाक समझता था। वियना कांग्रेस ने जर्मनी को 39 राज्यों के एक संघ में परिवर्तित कर दिया, जिसका अध्यक्ष आस्ट्रिया को बनाया गया था। जर्मनी में जब कभी राष्ट्रभक्तों ने विद्रोह किया, मेटरनिख ने चतुर्मुखी संघ की आड़ में उनका दमन किया।
इसी प्रकार 23 मार्च 1819 ई. को जर्मनी में विद्रोह के दौरान एक पत्रकार कात्सेबू की हत्या हो गई, तो मेटरनिख ने कार्ल्सबाड के आदेश की घोषणा की और छात्र-आंदोलनों, मनोरंजन संस्थाओं तथा पत्र-पत्रिकाओं पर प्रतिबंध लगा दिया। अपनी कठोर नीति के बल पर मेटरनिख जर्मनी में शांति स्थापित करने का प्रयास करता रहा। किंतु जर्मनी की राष्ट्रवादी भावनाओं को अधिक समय तक दबाए रखना संभव नहीं था।
1830 ई. की क्रांति के बाद जर्मनी के क्रांतिकारी पुनः प्रबल हो उठे, तो मेटरनिख ने कार्ल्सबाड के आदेश को लागू किया, फिर भी विद्रोहों का दमन करना कठिन हो गया। वास्तव में, 1818 ई. में जर्मनी में स्थापित ज़ोल्वेरिन नामक आर्थिक संघ की स्थापना हो चुकी थी, जिससे जर्मनी के सभी राज्य एक-दूसरे से जुड़ गए थे और आर्थिक रूप से संपन्न हो गए थे।
मेटरनिख और इटली
नेपोलियन प्रथम की विजयों ने अनजाने में ही इटली के एकीकरण की शुरुआत कर दी थी। मेटरनिख का उद्देश्य यथास्थिति को बनाए रखना और स्वेच्छाचारी निरंकुश राजतंत्रों का समर्थन करना था। किंतु 1815 ई. में वियना कांग्रेस ने इटली के देशभक्तों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और इटली को अनेक राज्यों में बाँट दिया। इटली के लोम्बार्डी और वेनिस राज्य पर आस्ट्रिया का अधिकार हो गया। शेष इटली पर भी आस्ट्रिया का ही प्रभाव बना हुआ था। मेटरनिख के प्रयास से संपूर्ण इटली में निरंकुश राजतंत्र की स्थापना हो गई, जो इटली के देशभक्तों के लिए असहनीय था।
नेपल्स और पिएडमांट ने आस्ट्रिया के निरंकुश शासन के खिलाफ विद्रोह किया, किंतु मेटरनिख ने चतुर्मुखी संघ की आड़ में इन विद्रोहों का निर्ममता पूर्वक दमन कर दिया। 1830 ई. की फ्रांसीसी क्रांति से प्रेरित होकर मोडेना की जनता ने विद्रोह किया, किंतु उस विद्रोह को भी दबा दिया गया। 1830 ई. के बाद इटली में ‘यंग इटली’ नामक गुप्त संस्था इटली के देशभक्तों को संगठित करने लगी, फिर भी इटली आस्ट्रिया के प्रभाव से मुक्त नहीं हो सका।
1830 ई. और 1848 ई. के बीच आस्ट्रिया
मेटरनिख की प्रतिक्रियावादी शासन-व्यवस्था इतनी सफल सिद्ध हुई कि 1830 ई. तक आस्ट्रियन साम्राज्य के किसी भाग में कोई उपद्रव या विद्रोह नहीं हुआ और आस्ट्रिया यूरोप में प्रतिक्रियावाद का जबरदस्त गढ़ बना रहा। इन वर्षों में ऐसा लगा कि आस्ट्रिया में पूर्ण एकता और व्यवस्था है, किंतु असंतोष की भावना धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी थी। मेटरनिख पद्धति से दबकर क्रांति की शक्तियाँ छिपी हुई थीं, लेकिन धरातल के नीचे वे धीरे-धीरे निरंतर बल प्राप्त कर रही थीं। औद्योगिक क्रांति की प्रगति के फलस्वरूप आस्ट्रिया के लोग अन्य देशों के संपर्क में आने लगे थे। किसान वर्ग अपनी स्थिति से परेशान था और सामंतों की दासता से मुक्त होना चाहता था। इसलिए आस्ट्रिया में यदा-कदा किसानों के विद्रोह होते रहते थे।
1848 ई. की क्रांति और मेटरनिख का पतन
मेटरनिख यह भूल गया था कि प्रगतिशील विचारधाराओं पर अधिक दिनों तक रोक नहीं लगाई जा सकती। आस्ट्रिया की जनता मेटरनिख के प्रतिक्रियावादी शासन से ऊब चुकी थी। आस्ट्रिया में मेटरनिख और उसकी पद्धति के बावजूद प्रगतिशील विचारधाराओं का उत्थान होता रहा, इसलिए जब 1848 ई. में फ्रांस में क्रांतियों की लहर आई, तो आस्ट्रिया में विद्रोह ने विकराल रूप धारण कर लिया। वियना में इस विद्रोह का नेतृत्व विश्वविद्यालयों ने किया।
वियना की जनता ने 13 मार्च 1848 ई. को मेटरनिख और सम्राट के महलों को घेर लिया। उत्तेजित जनता ‘मेटरनिख मुर्दाबाद’ के नारे लगा रही थी। इसके बाद वही हुआ, जो इस स्थिति में होता है। पुलिस ने भीड़ पर गोली चलाई, जिसमें कुछ लोग मारे गए। इससे उत्तेजना और बढ़ गई और जगह-जगह बलवे होने लगे। मेटरनिख समझ गया कि अब उसकी सत्ता के अंत का समय आ गया है। स्थिति की गंभीरता को पहचानकर वह अपने पद से त्यागपत्र देकर वेश बदलकर इंग्लैंड भाग गया। उसकी सारी व्यवस्था मिट्टी में मिल गई। मेटरनिख पुरातन व्यवस्था का अंतिम प्रतीक था और उसके पतन के साथ प्रगति का मार्ग विस्तृत हो गया। बाद में 1851 ई. में मेटरनिख आस्ट्रिया वापस आया और आठ साल बाद वियना में उसकी मृत्यु हो गई।
मेटरनिख के पतन के बाद
मेटरनिख के पतन के बाद सम्राट फर्डिनेंड ने क्रांतिकारियों की सभी माँगों को मान लिया। नागरिक स्वतंत्रताओं पर से प्रतिबंध हटा लिए गए और कुलीनों के विशेषाधिकार समाप्त कर दिए गए। एक उदार मंत्रिमंडल बनाया गया और विधान-निर्माण का वचन दिया गया। लेकिन क्रांतिकारी इससे संतुष्ट नहीं हुए क्योंकि वे एक विधान-निर्माण सभा चाहते थे। सम्राट को विवश होकर इस प्रकार की सभा बुलानी पड़ी। लेकिन सम्राट इस स्थिति से संतुष्ट नहीं था। मौका पाकर वह क्रांतिकारियों के पंजे से निकलकर वियना से भाग निकला। इधर विधान सभा राज्य के शासन-विधान पर विचार करने लगी। कुछ लोगों ने गणतंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन यह प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हुआ। सम्राट को वैधानिक राजतंत्र स्थापित करने के लिए पुनः बुलाया गया। उसने वापस लौटकर शासन-सूत्र सँभाल लिया।
वियना के विद्रोह के समाचार से संपूर्ण साम्राज्य में विद्रोह फैल गया। हंगरी, बोहेमिया, इटली सब जगह उदारवादियों ने विद्रोह कर दिया। इन क्रांतियों ने भीषण रूप धारण कर लिया। युद्धमंत्री की हत्या कर दी गई। सम्राट घबड़ाकर एक बार फिर वियना छोड़कर भाग गया। लेकिन सेना अभी भी राजभक्त थी। सेना ने क्रांतिकारियों पर आक्रमण कर दिया। एक-एक करके क्रांतिकारी बुरी तरह पराजित हो गए। आस्ट्रियन सम्राट पुनः वियना लौट आया। साम्राज्य के अन्य भागों के विद्रोह भी दबा दिए गए। इसके बाद संपूर्ण साम्राज्य में क्रूर प्रतिक्रिया एक बार फिर छा गई। मेटरनिख के पलायन के अतिरिक्त 1848 की क्रांति का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। आस्ट्रियन सम्राट का निरंकुश शासन ज्यों-का-त्यों कायम रहा।
मेटरनिख का मूल्यांकन
मेटरनिख का पतन और पलायन 1848 ई. की क्रांति का सबसे महत्त्वपूर्ण परिणाम था। उसके पतन के साथ यूरोपीय इतिहास का एक युग समाप्त हो गया, जो वियना कांग्रेस के साथ प्रारंभ हुआ था। यद्यपि मेटरनिख एक योग्य राजनीतिज्ञ था, किंतु समय की गति को पहचानने में पूरी तरह असफल रहा। वह फ्रांस की क्रांति के महत्त्व को नहीं समझ सका और उसके द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों को जीवन भर नष्ट करने के असफल प्रयास में लगा रहा।
मेटरनिख को बौद्धिक और दार्शनिक बातों की समझ तो नहीं थी, लेकिन वह एक व्यवहार-कुशल और हँसमुख प्रकृति का व्यक्ति था और आचरण-व्यवहार में पूर्णतः निपुण था। मित्रता करके किसी का विश्वास प्राप्त कर लेने में वह माहिर था। वह नेपोलियन से घृणा करता था और नेपोलियन उसे षड्यंत्रकारी मानता था। यद्यपि मेटरनिख की कार्य-प्रणाली में षड्यंत्र का बहुत बड़ा महत्त्व था, परंतु स्वयं अपने कार्य को एक अभियान समझता था।
कूटनीति में मेटरनिख महिलाओं का इस्तेमाल बड़ी कुशलता से करता था। नेपोलियन की बहन और जनरल मुरात की पत्नी कैरोलिन से दोस्ती गाँठकर वह नेपोलियन के रहस्यों का पता लगाता रहा। वियना में भी वह नाच पार्टियों के माध्यम से दूसरों की बातें जानता था और अपनी बात मनवाता था। इसलिए कहा जाता है कि वियना में नाच अधिक, काम कम हुआ।
मेटरनिख की व्यक्तिगत महत्त्वाकांक्षा आस्ट्रियन साम्राज्य की सुरक्षा तक ही सीमित थी। वह अपनी प्रतिक्रियावादी नीतियों द्वारा आस्ट्रिया में निरंकुश राजतंत्र बनाए रखने में सफल हुआ; लेकिन यह नीति न तो आस्ट्रिया के लिए अच्छी सिद्ध हुई और न ही यूरोप के अन्य निरंकुश शासकों के लिए। उसकी नीतियों के परिणामस्वरूप आस्ट्रिया प्रगति की दौड़ में पीछे रह गया। इसी पिछड़ने के कारण आस्ट्रिया को 1866 ई. में प्रशा से हार खानी पड़ी।
वियना कांग्रेस में पुरातन व्यवस्था स्थापित होने के बाद मेटरनिख ने यूरोपीय व्यवस्था के सहारे हर कहीं परिवर्तन का विरोध किया, विशेष रूप से इटली, जर्मनी और आस्ट्रियाई प्रदेशों में। दमन, कूटनीति, षड्यंत्र और हस्तक्षेप के माध्यम से सारे यूरोप की चौकीदारी करने के बावजूद यूनान और बेल्जियम में राष्ट्रवादियों की विजय इस बात का प्रमाण है कि वह समय के ज्वार को नहीं रोक सका। सारे यूरोप और आस्ट्रियाई साम्राज्यवाद में भी विद्रोहों का ताँता लगा रहा।
मेटरनिख प्रायः कहता था: ‘मैं इस संसार में या तो बहुत जल्दी या बहुत देर से आया हूँ, क्योंकि जब मैं वृद्ध होता जा रहा हूँ, तब संसार का यौवन खिलता जा रहा है। यदि मैं कुछ पहले आया होता, तो युग का आनंद लेता और यदि देर से आया होता, तो इसके निर्माण में सहायक होता।’ यह कथन बहुत हद तक सही भी है। वह अठारहवीं शताब्दी के लिए ही उपयुक्त था। वह वक्त के साथ नहीं बदला, बल्कि इसके विपरीत वक्त को रोकने की कोशिश में लगा रहा। 1848 ई. में जब विद्रोह शुरू हुए, तो वह स्तब्ध रह गया। वह अपनी ही नीतियों और अदूरदर्शिता से ठगा गया। परंतु कुछ ही महीनों में सारे यूरोप में क्रांति कुचल दी गई। वियना में भी पुरानी स्थिति लौट आई, लेकिन मेटरनिख पुनर्स्थापित नहीं हो सका। मेटरनिख के पतन के साथ ही यूरोप के इतिहास का एक युग समाप्त हो गया।
फिर भी, मेटरनिख आस्ट्रिया का चांसलर था और इसलिए आस्ट्रियाई साम्राज्य को सुरक्षित रखना उसका कर्तव्य था, किंतु वह साम्राज्य विभिन्न जातियों का अजायबघर था। ऐसी स्थिति में राष्ट्रीयता के सिद्धांत को प्रोत्साहन देना आस्ट्रियाई साम्राज्य के विनाश को निमंत्रण देना था। वास्तव में, आस्ट्रिया के प्रधानमंत्री के रूप में मेटरनिख के लिए कठोर नीति अपनाना आवश्यक था। उदारवादी या क्रांतिकारी विचारों के फैलने पर आस्ट्रिया को एक सूत्र में बाँधकर रख पाना कठिन हो जाता। इसलिए साम्राज्य की सेवा के लिए प्रतिक्रियावादी नीतियों को अपनाना मेटरनिख की मजबूरी थी।
इसके अतिरिक्त, जब नेपोलियन के युद्धों के बाद रक्तरंजित यूरोप को शांति की बड़ी आवश्यकता थी, तो मेटरनिख ही था जो अपनी नीतियों और कार्यों के द्वारा यूरोप में शांति बनाए रखने में सफल रहा। हेज ने मेटरनिख युग के विषय में लिखा है: ‘मेटरनिख पुरानी व्यवस्था का अंतिम भाष्यकार था, जिसमें दैवी सिद्धांतों पर आधारित राजतंत्र, विशेषाधिकार संपन्न जमींदार और गिरजाघर तथा अशिक्षित कृषक थे। वास्तव में, मेटरनिख यथास्थितिवाद का अंतिम गढ़ और सेनापति था। वह मध्ययुगीन आस्था के साथ सामंती समाज की रक्षा करना चाहता था, लेकिन औद्योगिक क्रांति ने सामंतवाद की नींव पर भी प्रहार किया था और यूरोप में अब सामंतवाद को कोई बचा नहीं सकता था। मेटरनिख ऐसी लड़ाई लड़ रहा था, जिसमें पराजय निश्चित थी।’
इसके बावजूद यह मानना पड़ेगा कि वह एक कुशल सेनानी था और अंतिम क्षण तक अपने लक्ष्य के लिए संघर्षरत रहा। इस प्रकार मेटरनिख उन्नीसवीं शताब्दी का एक प्रतिनिधि यूरोपीय प्रशासक है। जब पुरानी व्यवस्था मरणासन्न थी और नई विकासमान थी, तो मेटरनिख पुरातन व्यवस्था की बुझती लौ की अंतिम चमक के समान था।










