मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (The Twenty-fifth Dynasty of Egypt)

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (The Twenty-fifth Dynasty of Egypt)
मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (744–656 ई.पू.) : कुश के काले फ़राओ, शासक और इतिहास परिचय […]

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (744–656 ई.पू.) : कुश के काले फ़राओ, शासक और इतिहास

Table of Contents

परिचय

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश प्राचीन मिस्र के इतिहास का एक अनोखा चरण है। इस समय नील घाटी के दक्षिण में स्थित नूबिया के कुश साम्राज्य के शासकों ने मिस्र पर अधिकार करके फ़राओ की गद्दी सँभाली। इसे नूबियाई राजवंश, कुशाइट राजवंश या नापाटन राजवंश भी कहा जाता है। इस राजवंश ने लगभग 744 से लेकर 656 ईसा पूर्व तक करीब नब्बे वर्ष तक शासन किया। इसके प्रमुख शासक पिये, शबाका, शेबित्कू, तहारका और तानुतामानी थे। कुछ विद्वान कुश के राजा काश्ता को भी इस राजवंश का प्रारंभिक शासक मानते हैं, क्योंकि उसी के शासनकाल में कुश का प्रभाव ऊपरी मिस्र तक पहुँचा था। अनेक विद्वान पिये को ही इस राजवंश का वास्तविक संस्थापक मानते हैं। इस राजवंश का महत्त्व केवल राजनीतिक अधिकार तक सीमित नहीं है। इसने मिस्र और नूबिया को एक ही सत्ता के अंतर्गत जोड़ा, मिस्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं को पुनर्जीवित किया, मंदिर निर्माण और कला को प्रोत्साहन दिया तथा नील घाटी की दो सभ्यताओं के सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा दी। इसी राजवंश ने मिस्र की पिरामिड-परंपरा को भी पुनर्जीवित, जो नए साम्राज्य के बाद मिस्र में लगभग लुप्त हो चुकी थी।

‘काले फ़राओ’ की संज्ञा

आधुनिक जनप्रिय साहित्य में कुशाइट शासकों को प्रायः ‘काले फ़राओ’ कहा जाता है, जो उनके नूबियाई मूल और अफ़्रीकी सांस्कृतिक परिवेश की ओर संकेत करता है। परंतु आधुनिक इतिहासकारों के अनुसार इससे यह भ्रम हो सकता है कि केवल इसी राजवंश के शासक अफ़्रीकी मूल के थे, जबकि मिस्र भी अफ़्रीका में ही था और नील घाटी के समुदायों के बीच लंबे समय से जैविक, सांस्कृतिक और भौगोलिक निरंतरता रही है। साथ ही प्राचीन मिस्र और नूबिया के लोगों की पहचान को आधुनिक नस्लीय श्रेणियों से समझना ऐतिहासिक दृष्टि से उचित नहीं है, क्योंकि दोनों क्षेत्रों में निरंतर संपर्क, प्रवास और सांस्कृतिक मिश्रण होता रहा है। इसलिए इस राजवंश को नस्लीय पहचान की बजाय नील घाटी की साझा सभ्यतागत परंपरा, राजनीतिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

ऐतिहासिक स्रोत और पुरातात्त्विक प्रमाण

पच्चीसवें राजवंश के इतिहास की जानकारी कई तरह के स्रोतों से मिलती है, जिनमें शिलालेख, धार्मिक ग्रंथ, विदेशी अभिलेख और पुरातात्त्विक अवशेष सम्मिलित हैं। सबसे महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक स्रोतों में जेबेल बरकल से मिला ‘पिये का विजय-अभिलेख’ है, जिसमें उसके मिस्र अभियान, उसकी धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय शासकों से संबंधों का विस्तृत विवरण मिलता है। ‘शबाका प्रस्तर’ मेम्फिस की धार्मिक विचारधारा और प्ताह के सृष्टि-सिद्धांत को समझने का प्रमुख आधार है। इसी तरह कर्णक, कावा और अन्य स्थलों से मिले तहारका के अभिलेख उसके निर्माण-कार्यों और उपलब्धियों की सूचना देते हैं, जबकि तानुतामानी के ‘स्वप्न-स्तंभ’ से उसके अभियान के वैचारिक औचित्य पर प्रकाश पड़ता है।

इन मिस्री और कुशाइट स्रोतों के साथ विदेशी अभिलेख भी इस राजवंश के इतिहास को जानने में सहायक हैं। सारगोन द्वितीय, एसरहद्दोन और अशर्बनिपाल के असीरियाई अभिलेखों में कुश-मिस्र संघर्षों और असीरियाई आक्रमणों का वर्णन मिलता है।

पुरातात्त्विक स्रोतों में एल-कुर्रू और नूरी के पिरामिड, मूर्तियाँ और शब्ती प्रतिमाएँ कुशाइट शासकों की धार्मिक मान्यताओं, कला और राजकीय जीवन को समझने में सहायक हैं।

कुश साम्राज्य और राजवंश की उत्पत्ति

पच्चीसवें राजवंश की जड़ें कुश साम्राज्य में थीं, जिसका अधिकांश भाग आज के सूडान में पड़ता है। मिस्र और कुश के बीच प्राचीन काल से व्यापारिक, धार्मिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संबंध रहे थे और दोनों के बीच सोना, हाथीदाँत, आबनूस, पशु और धूप जैसी बहुमूल्य वस्तुओं का व्यापार होता था।

कुश का आरंभिक राजनीतिक विकास केरमा क्षेत्र में हुआ। बाद में नए साम्राज्य के समय मिस्र के फ़राओों ने नूबिया पर अधिकार कर लिया। जब मिस्र की शक्ति क्षीण हुई, तो स्थानीय शासकों ने स्वतंत्र सत्ता स्थापित की। इसी प्रक्रिया से नापाता-केंद्रित कुश राज्य का उदय हुआ।

 नापाता और जेबेल बरकल: आमुन की पवित्र भूमि

नापाता चौथे नील प्रपात के निकट स्थित था और उसके समीप का जेबेल बरकल पर्वत कुश के शासकों के लिए विशेष रूप से पवित्र था। वहाँ आमुन का विशाल मंदिर था और कुश के राजा स्वयं को आमुन का संरक्षित शासक मानते थे।

उन्होंने मिस्री भाषा, चित्रलिपि, धार्मिक मान्यताएँ, राजकीय उपाधियाँ और स्थापत्य शैली अपनाई, फिर भी उनकी अपनी नूबियाई सांस्कृतिक पहचान बनी रही। इस तरह यह राजवंश दोनों परंपराओं के समन्वय का प्रतीक था।

मिस्र की राजनीतिक स्थिति और कुश का हस्तक्षेप

नए साम्राज्य के पतन के बाद मिस्र की राजनीतिक एकता भंग हो गई थी। इक्कीसवें से चौबीसवें राजवंशों के समय अनेक क्षेत्रीय शासकों का उदय हुआ। डेल्टा में कई स्थानीय राजवंश सत्ता के लिए संघर्ष कर रहे थे, जबकि ऊपरी मिस्र में थीब्स के धार्मिक अधिकारियों और स्थानीय शासकों का दबदबा था। आमुन के पुरोहितों का राजनीतिक प्रभाव विशेष रूप से बढ़ चुका था और देश को एक सशक्त केंद्रीय सत्ता की आवश्यकता थी।

कुश के शासकों ने इस स्थिति का लाभ उठाया। वे मिस्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भली-भाँति परिचित थे और नापाता के शासकों के आमुन के प्रमुख केंद्रों से गहरे संबंध थे। उन्होंने सैन्य शक्ति के साथ-साथ धार्मिक वैधता और राजनीतिक समझौतों का भी सहारा लिया।

काश्ता : मिस्र में कुशाइट विस्तार की नींव

काश्ता कुश के उन प्रारंभिक शासकों में था जिन्होंने मिस्र में कुशाइट प्रभाव की नींव रखी। उसने कुश राज्य को संगठित किया और दक्षिणी मिस्र में अपना प्रभाव बढ़ाया। उसके काल में कुश का प्रभाव एलिफेंटाइन और थीब्स तक पहुँच गया।

उसने अपनी पुत्री अमेनिर्दिस प्रथम को थीब्स में आमुन की ‘दिव्य उपासिका’ के रूप में स्थापित कराया। यह पद धार्मिक होने के साथ राजनीतिक रूप से भी अत्यंत प्रभावशाली था, क्योंकि इसकी धारक महिला मंदिर की संपत्ति, अनुष्ठानों और प्रशासनिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखती थी। इससे कुश को थीब्स में अपनी पकड़ मज़बूत करने का अवसर मिला। इस प्रकार कुश का विस्तार केवल सैन्य बल से नहीं, बल्कि धार्मिक और राजनीतिक संबंधों से भी हुआ। चूंकि काश्ता का पूरे मिस्र पर प्रत्यक्ष अधिकार नहीं किया था। इसी कारण उसे इस राजवंश का प्रारंभिक या पूर्ववर्ती शासक माना जाता है।

पिये (लगभग 744–714 ई.पू.)

पिये, जिसे पुराने साहित्य में पियान्खी भी कहा गया है, पच्चीसवें राजवंश का सबसे महत्त्वपूर्ण प्रारंभिक शासक और संभवतः संस्थापक था। उसने नापाता से अपनी राजनीतिक और सैन्य गतिविधियाँ संचालित की। उस समय डेल्टा में साइस के शासक तेफ़नख़्त का प्रभाव बढ़ रहा था। उसने निचले मिस्र के कई स्थानीय शासकों को साथ मिलाकर ऊपरी मिस्र की ओर विस्तार का प्रयास किया, जिससे कुश के हितों को चुनौती मिली। इसी कारण पिये ने मिस्र के आंतरिक संघर्ष में हस्तक्षेप का निर्णय लिया।

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (The Twenty-fifth Dynasty of Egypt)
मिस्र के पच्चीसवें राजवंश का पिये

पिये का मिस्र अभियान

पिये ने एक विशाल सेना के साथ मिस्र की ओर प्रस्थान किया। नील घाटी में आगे बढ़ते हुए उसने अनेक नगरों और दुर्गों पर अधिकार कर लिया और ऊपरी मिस्र के तेफ़नख़्त-समर्थक शासकों को अधीन किया। उसकी सेना ने हर्मोपोलिस के शासक निमलोत सहित कई क्षेत्रीय शासकों को हराया।

हर्मोपोलिस की घेराबंदी में कुश की सेना ने ऊँचे मंचों, घेराबंद-मीनारों और प्राचीर तोड़ने वाले उपकरणों का प्रयोग किया, जो उसके घेराबंदी-युद्ध कौशल का प्रमाण है। इसके बाद पिये ने आगे बढ़कर मेम्फिस पर अधिकार किया। मेम्फिस उस समय प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक नगर था, इसलिए उस पर नियंत्रण पूरे मिस्र पर प्रभुत्व की कुंजी था।

मेम्फिस के बाद डेल्टा के अनेक शासकों ने पिये की अधीनता स्वीकार कर ली और तेफ़नख़्त को भी अंततः उसकी सर्वोच्चता माननी पड़ी। इस तरह मिस्र का बड़ा भाग कुश के अधीन आ गया।

 पिये का विजय-अभिलेख (जेबेल बरकल)

पिये की सबसे महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक कृति मिस्री चित्रलिपि में लिखा उसका विजय-अभिलेख है, जो जेबेल बरकल से मिला है। इसमें उसके अभियान, सैन्य विजय, धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय शासकों के आत्मसमर्पण का विस्तृत वर्णन है।

अभिलेख से पता चलता है कि पिये स्वयं को केवल विजेता नहीं, बल्कि मिस्र की धार्मिक और राजनीतिक व्यवस्था का पुनर्स्थापक मानता था। उसने अपने शासन को आमुन की इच्छा से मिली सत्ता बताया और स्वयं को आमुन का प्रिय तथा रा का पुत्र कहा। वह आमुन का परम भक्त था और युद्ध की सफलता का श्रेय देवता की कृपा को देता था। अभिलेख में उन शासकों की आलोचना भी है जो धार्मिक नियमों का पालन नहीं करते थे। एक रोचक विवरण में उसने पराजित शासकों के अस्तबलों में घोड़ों की दुर्दशा देखकर चिंता और नाराज़गी जताई है।

धार्मिक और स्थापत्य गतिविधियाँ

पिये ने प्राचीन मिस्र की धार्मिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया। उसने जेबेल बरकल के आमुन मंदिर का विस्तार कराया, वहाँ विशाल स्तंभों वाला प्रांगण बनवाया, मंदिरों को दान दिया और धार्मिक संस्थाओं को संरक्षण दिया। उसने अपने लिए एल-कुर्रू में पिरामिड बनवाया, जो कुश के राजाओं की नई समाधि परंपरा का आरंभिक उदाहरण था। उसने अपने लिए एल-कुर्रू में पिरामिड बनवाया, जो कुश के राजाओं की नई समाधि-परंपरा का आरंभिक उदाहरण था। इस प्रकार उसने नील घाटी के दक्षिणी भाग में राजकीय पिरामिड-निर्माण की परंपरा को सदियों बाद फिर शुरू किया।

पश्चिम एशिया में प्रभाव का प्रयास

उस समय पश्चिम एशिया में नव-असीरियाई साम्राज्य का उदय हो रहा था। लगभग 720 ईसा पूर्व में फ़िलिस्तीन के अशदोद और ग़ाज़ा क्षेत्र में असीरिया के विरुद्ध विद्रोह हुआ। कुछ स्रोतों के अनुसार पिये ने इसे समर्थन दिया और सेना भेजी, किंतु असीरियाई शासक सारगोन द्वितीय ने विद्रोह कुचल दिया।

इस घटना की तिथियों और पिये की भूमिका पर विद्वानों में मतभेद है। फिर भी इतना स्पष्ट है कि मिस्र-कुश की महत्त्वाकांक्षा अब नील घाटी की सीमाओं से बाहर निकल रही थी।

शबाका (लगभग 714–705 ई.पू.)

शबाका पच्चीसवें राजवंश के सबसे महत्त्वपूर्ण शासकों में गिना जाता है। उसके काल में कुशाइट सत्ता को राजनीतिक स्थिरता मिली और मिस्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य परंपराओं को विशेष प्रोत्साहन मिला। उसने स्वयं को प्राचीन फ़राओों का उत्तराधिकारी माना और राजकीय उपाधियों, अनुष्ठानों तथा मंदिर-निर्माण की पुरानी परंपराओं को अपनाया। इस काल में मेम्फिस का राजनीतिक और धार्मिक महत्त्व बढ़ा।

शबाका ने क्षेत्रीय शासकों की स्वतंत्रता सीमित करके केंद्रीय सत्ता मज़बूत की, किंतु उसकी नीति केवल सैन्य विजय पर नहीं टिकी थी। स्थानीय मंदिरों और पुरोहितों को संरक्षण देकर उसने अपनी सत्ता को वैधता दिलाई और धार्मिक प्रतिष्ठानों का समर्थन प्राप्त किया।

असीरिया से संबंध और कूटनीति

असीरिया के साथ संबंध भी महत्त्वपूर्ण बने रहे। लगभग 712 ईसा पूर्व में अशदोद के विद्रोही शासक इयामानी को असीरिया को सौंपे जाने की घटना से स्पष्ट है कि कुश के शासक कभी-कभी समझौते की नीति भी अपनाते थे। असीरियन अभिलेखों में ‘मेलुह्हा’ के जिस राजा का उल्लेख है, उसे अनेक विद्वान कुशाइट फ़राओ से जोड़ते हैं। इन अभिलेखों से पता चलता है कि उसने परिस्थिति के अनुसार असीरिया से कूटनीतिक संबंध बनाए रखा।

शबाका प्रस्तर क्या है?

शबाका का सबसे चर्चित योगदान ‘शबाका प्रस्तर’ है, जो मेम्फिस की धार्मिक विचारधारा का प्राचीन ग्रंथ है। इसमें प्ताह को सृष्टि का मूल निर्माता बताया गया है, जिसने अपने हृदय में विचार उत्पन्न करके और वाणी के माध्यम से संसार की रचना की। इसमें विचार, भाषा, सृजन और ईश्वरीय शक्ति के संबंध का दार्शनिक विवेचन मिलता है।

शबाका के अनुसार उसने एक प्राचीन क्षतिग्रस्त पांडुलिपि को सुरक्षित रखने के लिए इसे पत्थर पर खुदवाया था। मूल रचना की वास्तविक तिथि और उसकी प्राचीनता पर मतभेद है, किंतु यह प्राचीन मिस्री धार्मिक चिंतन का महत्त्वपूर्ण स्रोत है। इसके साथ शबाका ने अनेक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया और आमुन, प्ताह तथा अन्य देवताओं की उपासना को संरक्षण दिया।

शेबित्कू (लगभग 705–690 ई.पू.)

शबाका के बाद शेबित्कू, जिसे शबाताका भी कहा गया है, गद्दी पर बैठा। उसके काल में कुशाइट सत्ता का विस्तार और सुदृढ़ीकरण जारी रहा। उसने मिस्र के ऊपरी और निचले, दोनों भागों पर नियंत्रण रखा और असीरिया के बढ़ते प्रभाव का सामना किया। मेम्फिस को उसने प्रशासनिक केंद्र जैसा महत्त्व दिया, जिससे निचले मिस्र पर नियंत्रण आसान हो गया।

शबाका और शेबित्कू का क्रम

इन दोनों शासकों के क्रम पर लंबे समय तक विवाद रहा है। पहले कुछ विद्वान शेबित्कू को शबाका से पहले मानते थे, किंतु नए पुरातात्त्विक और अभिलेखीय अध्ययनों के बाद अब अधिकांश विद्वान शबाका को पहले और शेबित्कू को उसका उत्तराधिकारी मानते हैं।\

तहारका (लगभग 690–664 ई.पू.)

तहारका पच्चीसवें राजवंश का सबसे प्रसिद्ध और शक्तिशाली शासक था। उसके शासन में कुशाइट साम्राज्य ने राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक और स्थापत्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की। नापाता कुश का धार्मिक केंद्र बना रहा, जबकि मेम्फिस और अन्य मिस्री नगर प्रशासनिक और सांस्कृतिक रूप से महत्त्वपूर्ण बने रहे।

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (The Twenty-fifth Dynasty of Egypt)
मिस्र के पच्चीसवें राजवंश का शासक तहारका

तहारका के काल की आर्थिक समृद्धि

तहारका का शासनकाल समृद्धि का युग था। इस दौरान नील में अच्छी बाढ़ आई, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ा। अनाज, अंगूर और मदिरा के उत्पादन में वृद्धि हुई। कृषि से मिले राजस्व का उपयोग मंदिरों, सार्वजनिक निर्माण और प्रशासन में किया गया। उसने मंदिरों को बड़ी मात्रा में सोना और अन्य बहुमूल्य वस्तुएँ दान कीं।

तहारका के मंदिर और स्थापत्य

तहारका ने कर्नाक, कावा, जेबेल बरकल और क़स्र इब्रिम जैसे स्थलों पर मंदिरों का निर्माण और विस्तार कराया। कर्नाक के आमुन मंदिर में उसने विशाल स्तंभों वाला प्रवेश-प्रांगण बनवाया, जिसमें खुले पपीरस-पुष्प के आकार के शीर्ष वाले स्तंभ विशेष प्रसिद्ध हैं।

कावा के आमुन मंदिर में बड़े पैमाने पर निर्माण कराए गए और कहा जाता है कि इसमें लेबनान से मँगवाई गई देवदार की लकड़ी का प्रयोग हुआ था, जो कुशाइट साम्राज्य के दूरस्थ व्यापारिक संबंधों का प्रमाण है। उसने जेबेल बरकल के धार्मिक परिसर का भी विस्तार किया और आमुन की उपासना को संरक्षण दिया।

नूरी का पिरामिड और शब्ती प्रतिमाएँ

तहारका के काल में पिरामिड-निर्माण परंपरा को नई ऊँचाई मिली। उसने नूरी में अपने लिए विशाल पिरामिड बनवाया, जो कुश के राजाओं के सबसे बड़े पिरामिडों में है। इसके आधार की लंबाई लगभग 52 मीटर है।

तहारका की समाधि से हज़ार से अधिक शब्ती प्रतिमाएँ मिली हैं, जिन्हें परलोक में मृतक की ओर से कार्य करने वाले सेवकों का प्रतीक माना जाता था। ये ग्रेनाइट, हरे पत्थर और अलबास्टर जैसी सामग्रियों से बनी थीं और उनसे उस काल की शिल्पकला और धार्मिक विश्वासों का ज्ञान होता है।

तहारका और असीरिया का संघर्ष

तहारका के काल में कुश और मिस्र का सामना नव-असीरियाई साम्राज्य से हुआ, जो सीरिया, फ़िलिस्तीन और फ़ोनीशिया में फैल रहा था। उसने असीरिया की अधीनता न चाहने वाले छोटे राज्यों को समर्थन दिया।

701 ईसा पूर्व में सन्हेरीब के यरूशलेम पर आक्रमण के समय यहूदा के राजा हिजकिय्याह को सहायता देने की परंपरा बाइबिल के द्वितीय राजा और यशायाह में मिलती है। किंतु इस संघर्ष में कुशाइट सेना की वास्तविक भूमिका और असीरियाई सेना की वापसी के कारणों पर इतिहासकारों में मतभेद है। साथ ही 701 ईसा पूर्व में तहारका की भूमिका की तिथि भी विवादित है, क्योंकि उस समय वह संभवतः राजा नहीं, राजकुमार या सेनापति था। असीरियाई अभिलेखों के अनुसार सन्हेरीब ने यहूदा के अनेक नगरों को जीत लिया और हिजकिय्याह से भारी कर वसूल किया, परंतु यरूशलेम पर अधिकार नहीं कर सका। इसलिए इस अभियान को न पूर्ण विजय कहा जा सकता है, न पूर्ण पराजय।

सन्हेरीब के बाद उसके उत्तराधिकारी एसरहद्दोन ने मिस्र की शक्ति समाप्त करने का प्रयास किया। लगभग 674–673 ईसा पूर्व का उसका पहला अभियान बेबीलोनियाई अभिलेखों के अनुसार असफल हो गया। परंतु 671 ईसा पूर्व में उसने मेम्फिस जीत लिया और तहारका को दक्षिण की ओर हटना पड़ा। असीरियाई सेना ने उत्तरी मिस्र में प्रभाव जमा लिया और स्थानीय शासकों से कर वसूल किया।

एसरहद्दोन के लौटने के बाद लगभग 669 ईसा पूर्व में तहारका ने मेम्फिस और डेल्टा पर फिर अधिकार करने की कोशिश की, जिससे संघर्ष दोबारा भड़क उठा। एसरहद्दोन की मृत्यु के बाद अशर्बनिपाल ने नए अभियान चलाए और लगातार संघर्षों से तहारका की शक्ति घटती गई। अंततः उसने मिस्र छोड़कर नूबिया में शरण ली और 664 ईसा पूर्व में उसकी मृत्यु हो गई।

तानुतामानी (लगभग 664–656 ई.पू.)

तहारका के बाद तानुतामानी (तन्वेतामानी) अंतिम प्रमुख कुशाइट फ़राओ था। असीरिया तब तक मिस्र के बड़े भाग पर नियंत्रण कर चुका था और निचले मिस्र में साइस के नेको प्रथम जैसे असीरिया-समर्थित स्थानीय शासक सत्ता में थे।

तानुतामानी नापाता से उत्तर की ओर बढ़ा, एलिफेंटाइन के रास्ते थीब्स पहुँचा और वहाँ धार्मिक अनुष्ठानों से उसका राज्याभिषेक हुआ। फिर उसने उत्तर बढ़कर मेम्फिस पर अधिकार किया और असीरिया-समर्थक नेको प्रथम को हराकर मार डाला। अनेक स्थानीय शासकों ने उसकी अधीनता स्वीकार कर ली।

तानुतामानी का स्वप्न-स्तंभ

अपनी विजय को उचित ठहराने के लिए तानुतामानी ने स्वप्न-स्तंभ बनवाया, जिसमें मिस्र की अव्यवस्था मिटाने और मंदिरों की व्यवस्था बहाल करने की बात कही गई है।

असीरिया का आक्रमण और थीब्स का पतन (663 ई.पू.)

तानुतामानी की सफलता से असीरिया चिंतित हो गया। नेको प्रथम के पुत्र सामटिक प्रथम ने असीरियाई सहायता लेकर अपनी सत्ता स्थापित करने  की कोशिश की। लगभग 664–663 ईसा पूर्व में अशर्बनिपाल की सेना ने मिस्र पर आक्रमण किया। तानुतामानी पहले थीब्स और फिर नूबिया की ओर पीछे हट गया।

असीरियाई सेना ने 663 ईसा पूर्व में थीब्स पर अधिकार कर नगर को भारी क्षति पहुँचाई, क्योंकि थीब्स लंबे समय से धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र था। किंतु पुरातात्त्विक साक्ष्यों से लगता है कि लूट के बावजूद थीब्स का धार्मिक और प्रशासनिक जीवन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था।

पच्चीसवें राजवंश का अंत और छब्बीसवें राजवंश की स्थापना

इसके बाद सामटिक प्रथम ने धीरे-धीरे उत्तरी मिस्र में अपनी स्थिति मज़बूत की, स्थानीय शासकों को अधीन किया और छब्बीसवें राजवंश की स्थापना की। 656 ईसा पूर्व में उसने थीब्स पर भी प्रभाव स्थापित कर लिया, जहाँ उसकी पुत्री नीटोक्रिस को ‘दिव्य उपासिका’ के पद पर प्रतिष्ठित किया गया। इसके साथ मिस्र में पच्चीसवें राजवंश का वास्तविक शासन समाप्त हो गया।

तानुतामानी को एल-कुर्रू के शाही समाधि-स्थल में दफ़नाया गया और बाद में तहारका के पुत्र अतलानेर्सा ने कुश में शासन किया।

पच्चीसवें राजवंश की सैन्य व्यवस्था

इस राजवंश की शक्ति का आधार संगठित सेना थी। कुश के शासकों ने मिस्र की सैन्य परंपराओं के साथ अपनी स्थानीय युद्धकला का भी विकास किया। सेना में पैदल सैनिक, धनुर्धर, घुड़सवार और रथ चलाने वाले सैनिक शामिल थे। नूबिया के धनुर्धर लंबी दूरी तक तीर चलाने की दक्षता के लिए प्रसिद्ध थे और मिस्र तथा पश्चिम एशिया के संघर्षों में उनकी विशेष भूमिका थी।

घोड़ों और रथों का भी महत्त्व था। एल-कुर्रू के शाही समाधि-क्षेत्र से मिले घोड़ों के अवशेषों से पता चलता है कि कुश में घोड़ों के प्रजनन और प्रशिक्षण की विकसित परंपरा थी। असीरियाई राजमहलों की उत्कीर्ण मूर्तिकला में कुशाइट सैनिकों को मिस्र के दुर्गों की रक्षा करते और बंदी बनाकर ले जाए जाते हुए दिखाया गया है। इनमें कुछ सैनिक विशिष्ट एक-पंख वाला शिरोभूषण पहने हैं। इन प्रमाणों से ज्ञात होता है कि इस सेना में नूबियाई कौशल और मिस्री सैन्य परंपरा का मिश्रण था।

राजवंश के बाद कुश राज्य : नापाटन काल से मेरोए तक

मिस्र से हटने के बाद भी कुश का अस्तित्व बना रहा। तानुतामानी और उसके उत्तराधिकारियों ने नापाता को राजनीतिक और धार्मिक केंद्र बनाए रखा, नूबिया पर शासन जारी रखा और मिस्र की धार्मिक तथा राजकीय परंपराएँ निभाईं। कई दशकों तक उन्होंने मिस्री राजत्व पर प्रतीकात्मक दावा भी बनाए रखा। इसी पृष्ठभूमि में नापाटन काल विकसित हुआ।

बाद में राजनीतिक केंद्र धीरे-धीरे मेरोए की ओर खिसक गया और लगभग 590 ईसा पूर्व के आसपास मेरोए प्रमुख राजधानी बन गया। वहाँ विकसित मेरोइटिक सभ्यता चौथी शताब्दी ईस्वी तक चली।

सामटिक द्वितीय का नूबिया अभियान

छब्बीसवें राजवंश के सामटिक द्वितीय (595–589 ई.पू.) ने अपने तीसरे वर्ष लगभग 593 ईसा पूर्व में नूबिया पर आक्रमण किया। उसका उद्देश्य कुश की सैन्य शक्ति कमज़ोर करना और भविष्य के संभावित ख़तरे को समाप्त करना था। इस अभियान में मिस्री सेना ने कुशाइट स्मारकों को क्षति पहुँचाई और पच्चीसवें राजवंश के शासकों के नाम तथा राजकीय चिह्न मिटाने का प्रयास किया, ताकि मिस्र में उनके शासन की स्मृति नष्ट हो जाए। इस अभियान की जानकारी हमें उस काल के विजय-अभिलेखों से मिलती है।

कुछ विद्वान मानते हैं कि मिस्री सेना नापाता तक पहुँची और वहाँ भी विनाश किया, किंतु इसके निर्णायक प्रमाण नहीं हैं। इस आक्रमण के बाद कुश के शासकों ने अपनी राजधानी और दक्षिण में मेरोए की ओर स्थानांतरित कर ली।

मिस्र में कुशाइट शासकों की स्मृति

पच्चीसवें राजवंश के पतन के बाद उसकी स्मृति तुरंत नहीं मिटी। सामटिक प्रथम ने कुशाइट स्मारकों को व्यवस्थित रूप से नष्ट करने का प्रयास नहीं किया और उसके काल के कुछ अभिलेखों में कुशाइट राजपरिवार की महिलाओं और धार्मिक परंपराओं का सम्मान से उल्लेख है। अमेनिर्दिस प्रथम और शेपनुपेत द्वितीय जैसी धार्मिक पदाधिकारी महिलाओं की थीब्स में महत्त्वपूर्ण भूमिका थी।

सामटिक द्वितीय के काल में स्थिति बदल गई और उसने कुशाइट स्मारकों से नाम मिटाने की कोशिश की। फिर भी शबाका और तहारका की स्मृतियाँ बनी रहीं। मेम्फिस में शबाका के नाम से जुड़ी एक सड़क का उल्लेख मिलता है और टॉलेमी काल में भी कुछ पुराने अभिलेखों की पुनर्स्थापना हुई।

कला और स्थापत्य

पच्चीसवाँ राजवंश कला और स्थापत्य के इतिहास में विशेष महत्त्व रखता है। इसके शासकों ने मिस्र की प्राचीन कलात्मक परंपराओं को पुनर्जीवित किया और नूबिया में मंदिर, पिरामिड और शाही समाधियाँ बनवाईं। उनकी स्थापत्य कला में मंदिर की योजना, स्तंभ और देव-प्रतिमाओं में मिस्री शैली का प्रभाव स्पष्ट है, जबकि समाधि-निर्माण और कुछ स्थानीय धार्मिक प्रतीकों में नूबियाई विशेषताएँ दिखाई देती हैं।

मिस्र का पच्चीसवाँ राजवंश (The Twenty-fifth Dynasty of Egypt)
मिस्र का पच्चीसवें राजवंश की कला

कुशाइट पिरामिड: पिरामिड-परंपरा का पुनरुद्धार

मिस्र में पिरामिड-निर्माण का स्वर्णकाल प्राचीन और मध्य साम्राज्य में था। नए साम्राज्य में राजाओं को चट्टान काटकर बनाई गई समाधियों में दफ़नाया जाने लगा। किंतु कुशाइट शासकों ने पिरामिड परंपरा को पुनर्जीवित किया और एल-कुर्रू तथा नूरी में अपने पिरामिड बनवाए। एल-कुर्रू में पिये का पिरामिड इसका प्रमुख उदाहरण है।

कुशाइट पिरामिड मिस्र के विशाल पिरामिडों से छोटे और अधिक तीव्र ढलान वाले थे। भीतर समाधि-कक्षों तक पहुँचने के लिए सीढ़ियाँ या भूमिगत मार्ग बनाए जाते थे। आज सूडान में मिस्र से अधिक पिरामिड मौजूद हैं, जो केवल समाधियाँ नहीं, बल्कि कुश के शासकों की राजनीतिक शक्ति और धार्मिक विश्वास के प्रतीक भी थे।

जेबेल बरकल और मूर्तिकला

जेबेल बरकल कुशाइट राजाओं का प्रमुख धार्मिक केंद्र था, जहाँ आमुन का विशाल मंदिर था। पिये और तहारका सहित अनेक शासकों ने यहाँ निर्माण और विस्तार-कार्य कराया। इसे कुश की राजकीय वैधता का केंद्र माना जाता था, क्योंकि राजा आमुन की कृपा से शासन का दावा करते थे।

मूर्तिकला में फ़राओ को पारंपरिक मुकुट, वस्त्र और प्रतीकों के साथ दिखाया गया। तहारका की प्रतिमाओं में कुशाइट शासकों की विशिष्ट शारीरिक विशेषताओं और मिस्री राजकीय प्रतीकों का मेल दिखता है, जिससे उनकी सत्ता को धार्मिक और सांस्कृतिक आधार मिला।

 साथ ही प्राचीन मिस्र और नूबिया के लोगों की पहचान को आधुनिक नस्लीय श्रेणियों से समझना ऐतिहासिक रूप से उचित नहीं है, क्योंकि दोनों क्षेत्रों में निरंतर संपर्क, प्रवास और सांस्कृतिक मिश्रण होता रहा है। इसलिए इस राजवंश को नस्लीय पहचान की बजाय नील घाटी की साझा सभ्यतागत परंपरा, राजनीतिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के संदर्भ में देखना चाहिए।

पच्चीसवें राजवंश का ऐतिहासिक महत्त्व

पच्चीसवें राजवंश ने नील घाटी के बड़े भाग को एक राजनीतिक सत्ता में संगठित किया। इसके शासकों ने मिस्र की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षण दिया और कुश की विशिष्ट पहचान भी बनाए रखी। कला, स्थापत्य, मूर्तिकला और धार्मिक चिंतन में इसका योगदान शबाका प्रस्तर, पिये के विजय-अभिलेख, तहारका के मंदिरों और नूरी तथा एल-कुर्रू के पिरामिडों के रूप में आज भी मौजूद है।

यह राजवंश इस तथ्य का साक्षी है कि प्राचीन अफ़्रीका में मिस्र और नूबिया की सभ्यताएँ अलग-थलग नहीं थीं, बल्कि उनके बीच लंबे समय तक राजनीतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान चलता रहा। इसी राजवंश के पतन से छब्बीसवें राजवंश के उदय का मार्ग प्रशस्त हुआ, जिसने मिस्र को फिर एकीकृत किया।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

पच्चीसवें राजवंश ने कब से कब तक शासन किया?

पच्चीसवें राजवंश ने लगभग 744 से 656 ईसा पूर्व तक शासन किया। इसका आरंभ पिये की मिस्र विजय से और अंत थीब्स पर सामटिक प्रथम के नियंत्रण से माना जाता है।

पच्चीसवें राजवंश के प्रमुख फ़राओ कौन थे?

पच्चीसवें राजवंश के प्रमुख फ़राओ पिये, शेबित्कू, शबाका, तहारका और तानुतामानी थे। कुछ विद्वान काश्ता को भी प्रारंभिक शासक मानते हैं।

पच्चीसवें राजवंश को ‘काले फ़राओ’ क्यों कहा जाता है?

इसके शासक नूबिया के कुश साम्राज्य से आए थे, इसलिए लोकप्रिय साहित्य में उन्हें काले फ़राओ कहा गया।

‘शबाका प्रस्तर’ क्या है?

शबाका प्रस्तर मेम्फिस की धार्मिक विचारधारा का ग्रंथ है, जिसे शबाका ने पत्थर पर खुदवाया। इसमें प्ताह को विचार और वाणी से सृष्टि रचने वाला बताया गया है।

पच्चीसवें राजवंश का अंत कैसे हुआ?

असीरियाई आक्रमणों, विशेषकर 671 ईसा पूर्व में मेम्फिस की विजय और 663 ईसा पूर्व में थीब्स की लूट ने कुशाइट सत्ता की कमर तोड़ दी। फिर सामटिक प्रथम ने मिस्र को एकीकृत कर छब्बीसवाँ राजवंश स्थापित किया।
error: Content is protected !!
Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks